मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश (8540)

भोपाल. मध्य प्रदेश में वोटिंग के बाद अब ईवीएम को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस ने ईवीएम मशीनों की जानकारी मांगी है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भोजपुर से कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश पचौरी ने भोपाल और रायसेन जिलों में रविवार को स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था देखी। उन्होंने ईवीएम की सुरक्षा को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। 

 रविवार को पचौरी सबसे पहले रायसेन पहुंचे। उन्होंने वहां पर एसपी जगत सिंह के साथ स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था देखी। उन्होंने कहा कि मतदान के बाद प्रदेश भर से लगातार शिकायतें मिल रही हैं। चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार ईवीएम मशीनें जिन स्ट्रांग रूम में रखी गई हैं, उनके मुख्य द्वार की विजिबिलिटी कैमरे के साथ प्रॉपर होनी चाहिए, जो कि रायसेन में नही है। 

 पत्र लिखकर मांगी आयोग से ईवीएम के नंबरों की जानकारी : कांग्रेस ने चुनाव आयोग से स्ट्रांग रूम के अंदर लैपटॉप ले जाने पर रोक लगाने की मांग की है। सागर, खंडवा, पंधाना की घटनाओं की जांच होनी चाहिए। सुरेश पचौरी ने आयोग को पत्र लिखकर ईवीएम की जानकारी मांगी गई है। पूरे चुनाव में इस्तेमाल हुई ईवीएम, उपयोग में लाई गई ईवीएम और बिना उपयोग वाली ईवीएम समेत खराब हुई ईवीएम के नंबरों की जानकारी मांगी गई है। आयोग को लिखे गए पत्र में पचौरी ने आशंका जताई गई है कि ईवीएम के जरिए गड़बड़ी हो सकती है। 

 बंद हो गई एलईडी टीवी और सीसीटीवी कैमरे: रायसेन जिला मुख्यालय पर बनाए गए स्ट्रांग रूम में एलईडी टीवी और सीसीटीवी कैमरे लाइट नहीं होने के कारण करीब आधे घंटे के लिए शाम 6 बजे बंद हो गए, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने स्ट्रांग रूम के बाहर हंगामा शुरू कर दिया था।

 प्रदेश के कई जिलों से मिली शिकायतें: पचौरी ने कहा कि भोपाल, अनूपपुर, सागर में भी मशीनों के मूवमेन्ट को लेकर शिकायतें मिली हैं। इससे सब से साफ है कि ईवीएम के साथ छेड़छाड़ और गड़बड़ी होने की आशंका बनी हुई है। वहीं, उन्होंने कहा कि 2013 में जिस तरह स्ट्रांग रूम के बाहर सोने की इजाजत थी, वैसी ही व्यवस्था इस बार भी की जाए। 

 मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने किया निरीक्षण : ईवीएम पर लगातार खड़े होते संदेह के सवालों के बीच आखिरकार चुनाव आयोग के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वी एल कांताराव ने भी भोपाल में स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। स्ट्रांग रूम के निरीक्षण के बाद कांताराव ने कहा कि चुनाव आयोग के 100 फीसदी नियमों का पालन ईवीएम की सुरक्षा में किया जा रहा है। 

कांग्रेस ने चुनाव आयोग से मिलकर स्ट्रांग रूम और मतगणना के दौरान ईवीएम की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है। कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयोग से मांग की है कि चुनावों और मतगणना के दौरान फूलप्रूफ व्यवस्था की जाए। कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को चुनाव आयोग से मिला।

 

 प्रतिनिधिमंडल में शामिल वरिष्ठ कांग्रेस नेता और छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी पीएल पूनिया ने बताया कि उन्होंने चुनाव आयोग से शिकायत की है कि छत्तीसगढ़ में स्ट्रांगरूम के आसपास अनाधिकृत रूप से सीसीटीवी ठीक करने के बहाने लोग मोबाइल, लैपटॉप के साथ आते हैं और घंटों तक वहीं रहते हैं। उन्होंने आयोग से इस पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने आयोग को सुझाव दिया है कि ईवीएम मशीनों को स्ट्रांगरूम से मतगणना टेबल तक पहुंचाने के रास्ते तक राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निगरानी करने का अधिकार दिया जाए। साथ ही, यह भी सुझाव दिया है कि पहले चरण की मतगणना में मिले वोटों की संख्या प्रत्याशियों बताई जाए जिसके बाद ही दूसरे चरण की मतगणना शुरू हो। साथ ही, मतगणना स्थल पर कलेक्टरो को मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध लगाना चाहिए।

राज्यसभा सांसद और मध्य प्रदेश के कांग्रेस प्रभारी विवेक तन्खा ने चुनाव आयोग से शिकायत की कि शुक्रवार को भोपाल के स्ट्रांग रूम में डेढ़ घंटे तक बिजली नहीं थी। उनका कहना है कि इससे मतदाताओं और राजनीतिक दलों में ईवीएम गड़बड़ी का संदेह पैदा होता है। वहीं उन्होंने एमपी के खुरई विधानसभा का जिक्र करते हुए कहा कि वहां वोटिंग के 48 घंटे बाद वह बस में भरककर लाए जाते हैं। हालांकि चुनाव आयोग का कहना था कि वे ईवीएम रिजर्व थे और पुलिस कस्ट़डी में थे। तन्खा ने सवाल उठाते हुए कहा कि ईवीएम को पुलिस स्टेशन में रखने की बजाय डीआरओ की कस्टडी में रहते हैं। उन्होंने इस मामले पर आयोग से कार्रवाई करने की मांग की है।

उत्तर प्रदेश सरकार पर आरोप

कांग्रेस नेता मनु सिंघवी ने आरोप लगाया कि यूपी के सहारनपुर में 167 मतदान केन्द्रों में कई में नाम हटाने की साजिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि एक खास वर्ग विशेष के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं। सिंघवी का कहना है कि अगर एक पोलिंग बूथ में 100 नाम हटाए जाते हैं, तो पूरे जिले में यह संख्या 16 हजार तक पहुंच सकती है, वहीं पूरे उत्तर प्रदेश में 67 लाख वोटों का फर्क पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि आयोग ने भरोसा दिलाया है कि वह इस पर कार्रवाई करेंगे।

मध्यप्रदेश में किसकी सरकार बनेगी इसका फैसला जनता जनार्दन कर चुकी है। 11 दिसंबर को इसके नतीजे आ जाएंगे। इसी बीच पुलिस ने एक सरपंच को लोगों को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज करके गिरफ्तार किया है। सरपंच पर आरोप है कि उसने स्थानीय नागरिकों को कांग्रेस के पक्ष में वोट डालने की धमकी दी थी। यह घटना राजनगर विधानसभा क्षेत्र के छतरपुर जिले के जौराहा गांव की है। 

 

आश्चर्य की बात यह है कि आरोपी सरपंच का नाता भाजपा से है। गांववालों का आरोप है कि सरपंच ने उन्हें फोन पर धमकी दी थी कि वह 13 दिसंबर तक के लिए कहीं दूर चले जाएं। वरना उन्हें जान से मार दिया जाएगा। सरंपच ने इन सभी आरोपों से इनकार किया है। शिकायकर्ता भगीरथ कुशवाहा ने एसपी को दी शिकायत में कहा है कि सरपंच प्रदीप सिंह उसे मारने की धमकी दे रहा है।

आरोपी सरपंच और शिकायतकर्ता की कथित बातचीत का एक ऑडियो क्लिप वायरल हुआ है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। इस विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के अरविंद पटेरिया की कांग्रेस उम्मीदवार नाती राजा और समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार धीरज चतुर्वेदी सीधी लड़ाई है। धीरज राज्यसभा के पूर्व सांसद सत्यव्रत चतुर्वेदी के बेटे हैं। आरोपी सरपंच प्रदीप सिंह के भाई भाजपा नेता हैं। मगर उसपर कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में वोट करवाने के लिए लोगों को धमकी देने का आरोप लगा है।

पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल गौर ने कहा है कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन रही है। गौर ने यह टिप्पणी कांग्रेस नेता और दिग्विजय मंत्रिमंडल में सदस्य रहे आरिफ अकील से मुलाकात के दौरान की। अकील बृहस्पतिवार को गौर से मुलाकात करने उनके बंगले पहुंचे थे। दोनों ने मीडिया के सामने ही कुछ समय चर्चा की। गौर ने अकील से कहा कि कांग्रेस की सरकार बन रही है और आप मंत्री बन रहे हो। उल्लेखनीय है कि लगातार दस विधानसभा चुनाव जीतने का रिकॉर्ड बनाने वाले गौर का इस बार पार्टी ने टिकट काटकर उनकी बहू कृष्णा गौर को उम्मीदवार बनाया है। दोनों के बीच बातचीत का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है।

 

दिग्विजय का दावा, कांग्रेस ला रही 132 सीटें

दिग्विजय सिंह
दिग्विजय सिंह - फोटो : PTI
उधर, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने दावा किया कि कांग्रेस मध्य प्रदेश में 132 से अधिक सीट जीतकर अपनी सरकार बनाएगी। राज्य में 230 विधानसभा सीटें हैं। बुधवार को हुए मतदान में 75 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया था।

मतों की गिनती 11 दिसंबर को होगी। राज्य में 1993 से 2003 तक 10 साल मुख्यमंत्री रहे दिग्विजय सिंह से जब कहा गया कि कांग्रेस की 132 सीटें आ रही हैं तो उन्होंने कहा, प्रदेश में हम 132 से अधिक सीटों पर विजय हासिल कर सरकार बनाएंगे। बता दें कि प्रदेश में भाजपा पिछले 15 साल से सत्तारूढ़ है।

सिंह ने कहा, वर्ष 2013 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में प्रदेश में लगभग तीन फीसदी फर्जी मतदाता थे। इस बार विधानसभा चुनाव से पहले हमने मतदाता सूची से इनकी लगभग छंटनी करवा दी। उन्होंने कहा कि इस बार हुए चुनाव में जीत के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना दिल, दिमाग, शरीर और आत्मा सब कुछ लगा दिया, कोई कसर नहीं छोड़ी।

भोपाल। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सोमवार को दावा किया कि मध्य प्रदेश सरकार के ‘समग्र पोर्टल’ के रिकॉर्ड के अनुसार ‘मामा’ नाम से लोकप्रिय प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पैतृक गांव जैत में 90 प्रतिशत लोग गरीबी रेखा से नीचे रह रहे हैं। इसके अलावा, उन्होंने यह भी दावा किया कि राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-2017 के मुताबिक 2006 से 2016 तक मध्य प्रदेश में गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों में 27 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।

 
सुरजेवाला ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘शिवराज सिंह चौहान ने षड्यंत्र कर सबसे पहले ‘मामा’ के नाम का मुखौटा लगाया, फिर खुद को ‘किसान पुत्र’ बताया। फिर बने घोषणावीर, फिर आदिवासियों के भाई और टैक्स के सैकड़ों करोड़ खर्च कर कोरी प्रसिद्धि कमाई। लेकिन मामा ने जिस-जिस नाम से प्रसिद्धि कमाई, उन्हीं को धोखा दिया और उनकी लुटिया डुबाई।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मामा आये दिन ‘स्वर्णिम से समृद्ध’ मध्यप्रदेश का झूठा ढोल पीट रहे हैं। जानिए, करोड़पति मामा के दीये तले कितनी गरीबी का अंधेरा फैला है। करोड़पति मामा जिस जैत गांव (बुधनी विधानसभा क्षेत्रांतर्गत) से आते हैं, वहीं गांव के 90 प्रतिशत लोग गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) रह रहे हैं।’’
 
सुरजेवाला ने कहा, ‘‘यह मैं नहीं कह रहा हूं। यह मध्यप्रदेश के ‘समग्र पोर्टल’ पर बताया गया है कि जैत गांव में कुल 327 परिवार हैं, जिनमें से 258 परिवार बीपीएल नीला कार्डधारी व 36 परिवार अंत्योदय अर्थात पीला बीपीएल कार्डधारी हैं। कुल मिलाकर जैत गांव में 327 परिवारों में से 294 परिवार गरीबी रेखा से नीचे हैं।’’ उन्होंने कहा कि यहां तक कि मामा की बुधनी विधानसभा का ‘बकतरा सेक्टर’, जिसमें जैत गांव भी आता है, की 32 में से 31 आंगनवाड़ियों में अभी भी बिजली नहीं है एवं 17 आंगनवाड़ियों में खाना पकाने के बर्तन नहीं हैं। यदि मामा के गांव व विधानसभा में ही बदहाली का यह आलम है, तो कल्पना कीजिए कि राज्य की स्थिति क्या होगी?
 
कांग्रेस पार्टी की 28 नवंबर को होने वाले मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में जीत का दावा करते हुए उन्होंने कहा, ‘’15 साल से चल रही ऐसी भाजपानीत सरकार को एक सेकेन्ड सत्ता में रहने की आवश्यकता नहीं है।’’ सुरजेवाला ने बताया कि रिजर्व बैंक आफ इंडिया (आरबीआई) की स्टैटिकल हैंडबुक-2017 की रिपोर्ट कहती है कि मध्य प्रदेश में 2.34 करोड़ लोग गरीबी से जूझ रहे हैं, जो प्रदेश की जनसंख्या का एक तिहाई यानी 33 प्रतिशत है।
 
प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘लाडली लक्ष्मी योजना’ पर निशाना साधते हुए सुरजेवाला ने कहा, ‘‘चौहान ने ‘लाडली लक्ष्मी योजना’ के माध्यम से बेटियों का मामा बन खूब ढोल पीटा। यह कहा कि हर बेटी, जो 12वीं कक्षा में जाएगी व 18 वर्ष की आयु तक शादी नहीं करेगी, उसे 1,18,000 रुपये का नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट (एनएससी) मिलेगा। मगर उनकी निगाह लाडलियों की एनएससी में जमा लक्ष्मी पर पड गयी। उन्होंने (चौहान ने) 24 दिसंबर 2014 को अपनी कैबिनेट में यह षड्यंत्र किया कि अब एनएससी सर्टिफिकेट की बजाय ‘कागजी प्रमाण पत्र’ जारी किया जायेगा।’’
 
उन्होंने आरोप लगाया कि चौहान की सरकार आदिवासियों के विकास के बजट पर भी कुठाराघात कर रही है। मध्यप्रदेश में 21 प्रतिशत आदिवासी हैं, जिसमें उनके बजट की हिस्सेदारी को 21 प्रतिशत से घटाकर वित्तीय वर्ष 2016-17 में मात्र 14 प्रतिशत कर दिया गया। सुरजेवाला ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान पूरे प्रदेश के एकमात्र ऐसे तथाकथित किसान पुत्र हैं, जो कभी फसल बेचने के लिए मंडी की कतारों में नहीं देखे गये। वहीं, मध्यप्रदेश में विशेषरूप से मंदसौर में हजारों किसान अपनी प्याज एवं लहसुन को 50 पैसे प्रति किलो में बेचने के लिए मजबूर हैं।
 

इंदौर। मध्यप्रदेश में 28 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिये प्रचार के अंतिम समय में सत्तारूढ़ भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने के लिये पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को सूबे की आर्थिक राजधानी इंदौर में रोड शो किया। उन्होंने राज्य में लगातार चौथी बार विधानसभा चुनाव जीतने की चुनौती से जूझ रही अपनी पार्टी के लिये मतदाताओं से समर्थन मांगा। 

शाह यहां चिकमंगलूर चौराहे से रथ की शक्ल वाले भाजपा के विशेष वाहन पर सवार हुए। यह काफिला जुलूस के रूप में खातीपुरा, राजबाड़ा और सर्राफा बाजार समेत अलग-अलग वाणिज्यिक इलाकों से गुजरते हुए सीतलामाता कपड़ा बाजार में खत्म हुआ। ये इलाके शहर के दो विधानसभा क्षेत्रों-क्रमांक तीन और क्रमांक-चार का हिस्सा हैं। करीब दो घंटे चले रोड शो के दौरान भाजपा अध्यक्ष ने हाथ हिलाकर और हाथ जोड़कर जनता का अभिवादन किया। 
 
भाजपा के स्थानीय उम्मीदवारों के साथ पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राकेश सिंह भी शाह के करीब तीन किलोमीटर लम्बे रोड शो में शामिल हुए। शाह ने प्रदेश में भाजपा के चुनावी "महा जनसम्पर्क अभियान" की शुरूआत भी इंदौर से ही छह अक्टूबर को थी। इंदौर सत्तारूढ़ भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता है। इसकी शहरी सीमा में विधानसभा की कुल पांच सीटें हैं। वर्ष 2013 के पिछले विधानसभा चुनावों में भाजपा ने पांचों सीटें जीती थीं। 
 
बहरहाल, सत्ताविरोधी लहर को लेकर कांग्रेस के आरोपों के बीच शहर में बदले सियासी समीकरणों के कारण इस बार कांटे की चुनावी टक्कर है। इसके मद्देनजर सत्तारूढ़ भाजपा को अपना गढ़ बचाने के लिये एड़ी-चोटी का जोर लगाते देखा गया है। प्रदेश में चुनाव प्रचार मतदान के 48 घंटे पहले सोमवार शाम पांच बजे थम गया। राज्य की 230 विधानसभा सीटों पर 28 नवम्बर को मतदान होना है। मतों की गिनती 11 दिसंबर को की जाएगी।

छतरपुर/निवाड़ी। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन आज मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने छतरपुर और निवाड़ी से अपनी सभाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने मध्यप्रदेश वासियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने पिछले कार्यकाल में सर्वश्रेष्ठ करने का प्रयास किया है। और अब समृद्ध मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए हम कटिबद्ध हैं। मैंने जो कुछ भी अपने प्राणों से प्यारी जनता से कहा है उसे मैं जरूर पूरा करूंगा, यह मेरा वादा है। मुख्यमंत्री द्वारा यह कहे जाते समय सभा पांडाल में उपस्थित हजारों लोग भावुक हो उठे और गगनभेदी नारों के साथ उन्होंने शिवराज सिंह  चौहान  के प्रति अपनी आस्था का प्रदर्शन किया। 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेसियों को हमारी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों पर जमकर गुस्सा आ रहा है। सत्ता से दूर रहने पर गुस्सा आ रहा है। वे अपने गुस्से का इजहार टीवी कलाकारों के माध्यम से टेलीविजन पर दिखा रहे हैं और सभाओं में भी उनका गुस्सा साफ झलक रहा है। वे फर्जी वीडियो जारी करके भी मुझ पर गुस्सा उतार रहे हैं, लेकिन उनके गुस्से से मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। वे गुस्सा करते रहे, मैं तो विकास कार्य करता रहूंगा। यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चैहान ने छतरपुर जिले की विधानसभा बड़ा मलहरा के घुवारा में पार्टी प्रत्याशी श्रीमती ललिता यादव और विधानसभा निवाड़ी में पार्टी प्रत्याशी अनिल जैन के समर्थन में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही।

कांग्रेस बकवास करती है, हम वायदों को पूरा करते हैं

चौहान ने कहा है कि कांग्रेस ने कभी भी अपने वादे पूरे नहीं किए। उनके नेता बकवास करने में ज्यादा भरोसा रखते हैं, लेकिन भाजपा की सरकार ने जो भी वादा किया है, उसको हर हाल में पूरा किया है। उन्होंने कहा कि मैंने जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान यहां के लोगों से वादा करके गया था कि क्षेत्र को कॉलेज और अस्पताल दूंगा तो उस वादे को पूरा करके बताया भी है। अब वादा पूरा करने की बारी आप लोगों की है।

किसानों को मिलेगा सिंचाई के लिए पानी

CM शिवराज ने कहा कि किसान हमेशा से भाजपा सरकार की पहली प्राथमिकता रहा है। हमने पिछले 15 वर्षों में किसानों के हितों में कई योजनाएं चलाईं हैं, आगे भी काम होते रहेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जमाने में किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलता था। खासकर बुंदेलखंड क्षेत्र की स्थिति तो बेहद दयनीय थी, लेकिन भाजपा की सरकार ने बुंदेलखंड के विकास में कोई कमी नहीं रखी और यहां पर किसानों के लिए कई सिंचाई परियोजनाओं का काम किया है। इससे यहां के क्षेत्रों की लाखों एकड़ जमीन पर सिंचाई हो सकेगी।

कांग्रेस को आ रहा गुस्सा

शिवराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस की सरकार तो 54 वर्षों में कुछ कर नहीं पाई, लेकिन हमने 15 वर्षों में मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य से निकालकर विकसित राज्य बना दिया है तो इस पर उन्हें गुस्सा आ रहा है। उन्होंने कहा कि हम बेटियों को लाड़ली लक्ष्मी बना रहे हैं तो इस पर भी उन्हें गुस्सा आ रहा है, हम बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन करा रहे हैं तो इस पर भी उन्हें गुस्सा आ रहा है, हम गरीबों को अंतिम संस्कार के लिए 5 हजार रूपए उपलब्ध करा रहे हैं, तो इस पर भी कांग्रेस के लोगों को गुस्सा आ रहा है। उन्होंने आगे कहा कि सबसे ज्यादा गुस्सा उन्हें 15 वर्षों से सत्ता से दूर रहने पर आ रहा है। इसके लिए वे रातभर करवटें बदलते रहते हैं कि ये कुर्सी हमें कब मिलेगी। उन्होंने कहा कि रातभर में भी नहीं सोता हूं, लेकिन मैं जनता की सेवा के लिए नहीं सोता हूं, और वे मेरे कारण रातभर जागते रहते हैं।

जिला बनाकर पूरा किया वचन

मुख्यमंत्री ने निवाड़ी की सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमने निवाड़ी को जिला बनाकर अपना वचन पूरा किया है। अब बारी यहां की जनता की है। जनता अपने वचन को पूरा करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस बार वचन-पत्र लेकर आई है, लेकिन वे सिर्फ वचन देते हैं उनको पूरा करने का काम भाजपा की सरकार करती है। उन्होंने पंजाब, कर्नाटक में भी किसानों को कई वचन दिए थे, लेकिन उनके वचन आज तक पूरे नहीं हुए हैं। अब वे मध्यप्रदेश की जनता के लिए वचन पत्र लेकर आए हैं, लेकिन उनके वचनों को पूरा भाजपा की सरकार ही करेगी। मुख्यमंत्री की सभा के दौरान घुवारा में देवेंद्र यादव, सुरेंद्र राय, प्रवीण नापित, विश्वनाथ सिंह, सुनील मिश्रा, ताज मोहम्मद कादरी, निवाड़ी में अखिलेश अयासी, नंदकिशोर नापित, कमलेश्वर देवलिया सहित बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। 

छतरपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को छतरपुर में चुनावी सभा की। उन्होंने इस दौरान राज बब्बर के मां वाले और ज्योतिरादित्य सिंधिया के शकुनि मामा वाले बयान का जिक्र कर कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा, "विपक्षियों के पास खासकर कांग्रेस के पास अब मुद्दे नहीं बचे तो उन्होंने मेरी मां को राजनीति में घसीट लिया। जिस मां को राजनीति का 'र' नहीं आता, जो मां अपने पूजा पाठ, घर में भगवान के स्मरण में अपना समय बिता रही है उस मां को राजनीति में ले आए।"
पिछले दिनों कांग्रेस नेता राज बब्बर ने इंदौर में कहा था कि रुपए की कीमत इतनी गिर गई है कि यह उनकी (नरेंद्र मोदी) मां की उम्र की ओर बढ़ रही है। मोदी की मां हीराबा की उम्र (97) साल है। इस पर मोदी के छोटे भाई प्रहलाद ने कहा कि मेरी मां की लंबी उम्र भगवान की कृपा से है और इसको लेकर कांग्रेस को संभवत: जलन है। असल बात तो यह है कि कांग्रेस पार्टी नरेंद्रभाई की वजह से परेशान है और उन्हें मेरी ही मां ने जन्म दिया है।
मोदी ने कहा, ‘‘पिछले 17-18 से आपको हरा रहा हूं और यहां तक पहुंचा हूं। मुझसे लड़ने-भिड़ने की बजाय अब आप मेरी मां को गाली देने लगे? क्या कांग्रेस को यह शोभा देता है?’’ कांग्रेस पार्टी अगर सोच रही है कि मोदी की मां को गाली देने से उनकी जमानत बच जायेगी तो वो समझ लें कि मध्यप्रदेश की जनता कांग्रेस पार्टी को मुंहतोड़ जवाब देगी।
मोदी भी पहले मनमोहन की उम्र से डॉलर की तुलना करते थे : राज बब्बर
राज बब्बर ने गुरुवार को इंदौर में एक चुनावी सभा में कहा था, "यूपीए सरकार के दौरान डॉलर के मुकाबले रुपए की कीमत गिरने पर नरेंद्र मोदी रुपए की तुलना मनमोहन सिंह की उम्र से करते थे। आज रुपए की कीमत इतनी गिर गई है कि यह उनकी मां की उम्र की ओर बढ़ रही है।" प्रधानमंत्री मोदी की मां हीराबा अपने चौथे और सबसे छोटे बेटे पंकज मोदी के साथ गांधीनगर के रायसण इलाके में रहती हैं।
मोदी ने कहा- कांग्रेसी अब जमानत बचाने की सोच रहे
"चुनाव के आखिरी दौर में हम प्रवेश कर रहे हैं, जैसे-जैसे आखिरी दौर निकट आ रहा है, भाजपा का उत्साह और कांग्रेस के खेमे में बैचेनी बढ़ रही है। अब वहां सरकार बनाने का सपना नहीं है। वहां कौन किसकी जमानत बचाएगा? ये चिंता का विषय है।"  "मध्यप्रदेश की जनता राज्य में आए बदलाव की साक्षी है और ये बदलाव न तो राजा लाए हैं, न ही महाराजा लाए हैं, ये बदलाव तो शिवराज लाए हैं।"
"झूठे और खोखले वादों पर विश्वास न करें, सरकार काम करने वाली ही चुनें। विकास का साथ दें, भाजपा को वोट दें। इसकी वजह कि हमने दिल्ली में सरकार बनने के बाद मध्यप्रदेश की 14 बड़ी सिंचाई योजनाएं निकालीं और अब लाखों हेक्टेयर में पानी पहुंच रहा है। हमने 10 योजनाओं को पूरा करके डेढ़ लाख हेक्टेयर पर पानी पहुंचाने का काम किया है।"

विदिशा (मध्य प्रदेश)। राफेल लड़ाकू विमान सौदे में अपने आरोप दोहराते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि विमान बनाने वाली सरकारी कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) को इस करार में ‘ऑफसेट पार्टनर’ नहीं बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्योगपति अनिल अंबानी के पक्ष में सौदा कराया और उन्हें 30,000 करोड़ रुपए का फायदा पहुंचाया। राहुल ने कहा कि यहां तक कि यशवंत सिन्हा और अरूण शौरी जैसे भाजपा नेताओं ने भी कहा कि ‘‘राफेल सौदे में साफ भ्रष्टाचार हुआ है, प्रक्रिया का पालन नहीं होकर कुछ न कुछ तो यहां हुआ है।’’ 

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सीबीआई निदेशक आलोक कुमार वर्मा राफेल घोटाले की जांच करने वाले थे लेकिन रात के दो बजे उन्हें पद से हटा दिया गया। उन्होंने कहा, ‘‘यदि जांच हुई तो केवल दो नाम सामने आएंगे। नरेंद्र मोदी और अनिल अंबानी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मोदी जी सर्जिकल स्ट्राइक की बात करते हैं। सर्जिकल स्ट्राइक में जिन हेलीकाप्टरों में हमारे जवान गए थे, वह सरकारी कंपनी एचएएल ने बनाए थे लेकिन अनिल अंबानी को विमान बनाने का कोई अनुभव नहीं है।’’ राहुल ने कहा कि अनिल अंबानी पर सरकारी बैंकों का 45,000 करोड़ रुपए का कर्ज है जो कि उन्हें चुकाना है।
 
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान सरकार के कार्यकाल में हुए व्यापमं घोटाले से प्रदेश का शिक्षा ढांचा खत्म हो गया। इसमें 50 लोगों की मौत हो गई लेकिन कोई जेल नहीं गया। उन्होंने कहा कि ई-टेंडरिंग घोटाले में मुख्यमंत्री के रिश्तेदारों को ठेके दिए जाते हैं। राहुल ने राफेल लड़ाकू विमान सौदे में अनिल अंबानी की कंपनी को ‘ऑफसेट साझेदार’ बनाने की आलोचना करते हुए इस करार में भ्रष्टाचार के आरोप दोहराए।
 
देश में पैसे की कोई कमी नहीं, लेकिन ऊपर से नीचे तक होती है धन की चोरी: राहुल गांधी
 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर झूठ बोलने के आरोप लगाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि देश में पैसे की कोई कमी नहीं है, लेकिन ऊपर से नीचे तक हर स्तर पर धन की चोरी कर ली जाती है।

मध्यप्रदेश पुलिस में कार्यरत एक लाख से ज्यादा कर्मचारियों के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बड़ा एलान किया है। कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा है कि पुलिस कर्मचारियों को सप्ताह में एक दिन का अवकाश दिया जाएगा। 

 कमलनाथ ने सोशल मीडिया ट्विटर पर लिखा है कि पुलिसकर्मियों का आवास भत्ता 1400 रुपये से बढ़ाकर पांच हजार रुपये कर देंगे। कमलनाथ ने लिखा है, "सप्ताह में एक दिन का अवकाश, 50,000 नये पुलिसकर्मियों की भर्ती, आवास भत्ता 5000 रुपया प्रतिमाह, प्रतिदिन के ड्यूटी समय में कमी, बजट मे बढ़ोतरी कर 9600 करोड़, 40,000 नये आवास का निर्माण।    

कमलनाथ ने 50,000 पुलिसकर्मियों की भर्ती कर पुलिस बल की कमी को दूर करने की बात की है। साथ ही हरदिन के ड्यूटी समय को कम करने की भी बात की है। कमलनाथ ने पुलिस को काम करने के लिये तनावमुक्त वातावरण देने की घोषणा की है। 

पुलिस महकमा बहुत तनाव में काम करता है। ऐसे में कमलनाथ का पुलिस कर्मचारियों के लिए किए गए कई एलान से पुलिसकर्मियों में उम्मीद जग सकती है। राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर पुलिसकर्मियों को यह फायदे मिलेंगे। 
 

  • RO no 13073/67 " C
  • R.O.NO.13073/67 " B
  • R.O.NO.13073/67 " A
  • R.O.NO.13073/51 " D

Ads

RO no 13073/67 " C
R.O.NO.13073/67 " B
R.O.NO.13073/67 " A
R.O.NO.13073/51 " D

MP info RSS Feed

फेसबुक