ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
Google Analytics —— Meta Pixel
रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र के बिरगांव, संतोषीपारा में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। कर्ज से परेशान एक परिवार के तीनों सदस्य मंगलवार की आधी रात खुदकुशी करने के लिए फांसी के फंदे पर झूल गए। सौभाग्य से जवान बेटे की जान इसलिए बच गई कि फंदा बड़ा होने से उसका पैर जमीन पर छू गया, जबकि दंपती की मौत हो गई। उसी ने घटना की जानकारी उरला पुलिस को दी। पुलिस ने दंपती के शव को फांसी के फंदे से उतारकर आंबेडकर अस्पताल भेजा। दोपहर में पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना से बिरगांव में सनसनी फैल गई है। परिवार में मातम का माहौल है।
उरला पुलिस के मुताबिक संतोषीपारा निवासी मोहन लाल साहू (45) और राधा साहू (35) अपने 18 साल के बेटे सेवकराम साहू के साथ रहते थे। मोहन लाल ने पिछले साल नमकीन पैक करने वाली मशीन लगाने के लिए 4 लाख रुपये का लोन बैंक से लिया था। इसके अलावा स्थानीय परिचित लोगों से भी लाखों का कर्ज ले रखा था। मशीन लगाने के बाद भी कारोबार नहीं चला। कमाई कम होने से पूरा परिवार आर्थिक तंगी के दौर से गुजरने लगा। ऊपर से बैंक समेत करीब 10 लाख से ज्यादा का कर्ज होने से लेनदार परेशान करने लगे थे। रोज-रोज के तगादे से साहू परिवार परेशान था।
खाना खाने के बाद लिया आत्मघाती फैसला
पुलिस का कहना है कि मंगलवार की रात में खाना खाने के बाद मोहन लाल साहू ने अपनी पत्नी राधा साहू और बेटे सेवकराम के साथ बातचीत कर एक साथ फांसी लगाकर जान देने का फैसला लिया। दंपती के साथ बेटे ने भी गले में नायलोन रस्सी का फंदा बांधा। बेटे का फंदा बड़ा होने से उसका पैर जमीन पर छू गया जिससे उसकी जान बच गई। दंपती की फंदे में लटकते ही दम घुटने से मौत हो गई। माता-पिता की लाश देख घबराए बेटे ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।
बिलासपुर। बिलासपुर हाईकोर्ट में गुरुवार को एक मामले की सुनवाई के दौरान बड़ी टिप्पणी की। मामले में फैसला सुनाते हुए न्यायाधीश ने कहा कि शादी करने से इंकार करना आत्महत्या के लिए बाध्य करना नहीं माना जा सकता। यदि शादी से इंकार करने पर कोई लड़की या लड़का आत्महत्या करता है, तो दूसरे पक्ष पर कोई मुकदमा नहीं हो सकता। ऐसे मामलों में यदि लड़की या लड़का आत्महत्या करते हैं, तो यह भारतीय दंड संहिता की धारा 306 के तहत दंडनीय अपराध का मामला नहीं माना जा सकता।
छत्तीसगढ़ के उच्च न्यायालय ने माना कि विवाह से इनकार केवल आत्महत्या के लिए उकसाने का कारण नहीं माना जा सकता। हाईकोर्ट में एक मामले की सुनवाई के दौरान यह टिप्पणी दी गई। जस्टिस अरविंद सिंह चंदेल ने दो वर्ष पूर्व हुई एक घटना से जुड़े मामले में यह फैसला दिया।
दरअसल दो वर्ष पूर्व धमतरी जिले के कोहका कोलियारी गांव की रहने वाली कुसुमलता नामकी युवती की शादी की बात मानसिंह नामक युवक से चल रही थी। इसी बीच लड़के वाले लड़की के घर उसे देखने आए। बाद में किन्हीं कारणों से लड़के वालों ने शादी के बाद इंकार कर दिया। इस बात से आहत होकर युवती ने आत्महत्या कर ली थी।
रायपुर। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आदिवासियों के खिलाफ दर्ज मामलों को लेकर राज्य सरकार ने एक बेहद अहम कदम उठाया है. सरकार ने आदिवासियों के खिलाफ दर्ज मामलों की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है. 6 सदस्यों वाली इस उच्च स्तरीय समिति के अध्यक्ष छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस एके पटनायक को बनाया गया है. सेवानिवृत्त जस्टिस पटनायक के नेतृत्व में कमेटी सभी मामलों की जांच करेगी और समीक्षा करेगी कि आदिवासियों के खिलाफ दर्ज मामले वास्तव में सही है या फिर फर्जी तरीके से दर्ज किया गया है. गौरतलब है कि कांग्रेस ने चुनाव में भी आदिवासियों के खिलाफ दर्ज मामलों को अपने चुनावी घोषणा पत्र में शामिल किया था.
इस कमेटी में जस्टिस पटनायक के अलावा महाअधिवक्ता/ अतिरिक्त महाअधिवक्ता, उच्च न्यायालय छत्तीसगढ़ सदस्य होंगे. इनके साथ ही गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव, सचिव आदिम जाति अनुसूचित जाति विकास विभाग, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) छत्तीसगढ़, आयुक्त बस्तर संभाग जगदलपुर होंगे. गृह विभाग के अपर सचिव इस कमेटी में सदस्य सचिव होंगे.
आपको बता दें कि विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस पिछली सरकार पर नक्सल मामलों को लेकर सवाल उठाते रही है. मानवाधिकार आयोग के सदस्य भी बस्तर में आदिवासियों के खिलाफ फर्जी कार्रवाई पर लगातार सरकार से जवाब तलब करते रहे हैं. सुप्रीम कोर्ट में आदिवासियों को नक्सली बताकर प्रताड़ित करने के कई मामलों में तत्कालीन सरकार को मुंह की खानी पड़ी और ऐसे मामलों को लेकर कोर्ट ने कई बार राज्य सरकार को लताड़ चुकी है.
आप नेता सोनी सोरी भी उन्हीं में से एक है. पुलिस ने सोनी सोरी और उनके रिश्तेदारों को नक्सली बताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की थी. सोनी सोरी पेशे से बस्तर के एक स्कूल में शिक्षिका थी. सोनी सोरी तब चर्चा में आई थीं जब अक्टूबर 2011 में वे पुलिस प्रताड़ना का शिकार हुईं. हिरासत में लिए जाने के एक हफ्ते के भीतर ही सोरी ने ये इल्ज़ाम लगाया था कि पुलिस हिरासत में उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया और उनके गुप्तांगों में पत्थर डाले गए. कोलकाता के एक अस्पताल के डॉक्टरों की टीम ने सुप्रीम कोर्ट को एक रिपोर्ट सौंपी थी जिसमें सोरी के जननांगों में बाहरी चीजें पाई गईं थी. बाद में सोनी सोरी के खिलाफ पुलिस कोई भी आरोप साबित नहीं कर पाई और कोर्ट ने उन्हें नक्सल आरोपों से बरी कर दिया था.
सत्रह साल की एक आदिवासी लड़की मारिया (बदला हुआ नाम) पर साल 2008 में नक्सलियों के साथ एक गांव पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. पुलिस आदिवासी लड़की के खिलाफ अदालत में कोई सबूत या गवाह नहीं पेश कर सकी. अदालत ने उसे बरी कर दिया. हालांकि उसे लगातार सात साल तक जेल में बंद रहना पड़ा.
सोनी सोरी, मारिया के अलावा बड़ी संख्या में ऐसे आदिवासियों जेलों में बंद हैं. पुलिस ने उन्हें नक्सली बताकर जेल में डाल दिया था लेकिन बताया जा रहा है कि इस तरह के 90 प्रतिशत मामलों में कोर्ट ने आरोपियों को बरी कर दिया.
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में छत्तीसगढ़ चुनाव समिति की अहम बैठक हुई. 15 गुरुद्वारा रकाबगंज रोड में तकरीबन ढाई घंटे तक बैठक चली जिसमें प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटों के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों के नाम पर चर्चाएं हुई.
बैठक में एआईसीसी के छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया, दोनों प्रभारी सचिव डॉ चंदन यादव और डॉक्टर अरुण उरांव, पीसीसी अध्यक्ष व सीएम भूपेश बघेल के साथ ही चुनाव समिति के सदस्य मौजूद थे.
नई दिल्ला के गुरुद्वारा रकाबगंज रोड पर स्थित बंगला नंबर 15 कांग्रेस के वॉर-रूम के तौर पर जाना जाता रहा है. पिछले कई सालों से यह जगह कांग्रेस के बंद दरवाजों के पीछे होने वाली अहम राजनीतिक बैठकों के लिए चर्चित रहा है.
बर्मिंघम। भारत की साइना नेहवाल और किदांबी श्रीकांत ने यहां ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप में सीधे सिटों में जीत दर्ज करते हुए महिला और पुरुष एकल के दूसरे दौर में प्रवेश किया। पूर्व उप विजेता साइना ने बुधवार रात स्काटलैंड की क्रिस्टी गिल्मोर को 35 मिनट में 21-17 21-18 से हराया जबकि श्रीकांत ने फ्रांस के ब्राइस लेवरडेज को एकतरफा मुकाबले में 21-13 21-11 से शिकस्त दी।
गुवाहाटी। भारतीय महिला क्रिकेट टीम को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा जिससे मेहमान टीम ने तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 की विजयी बढ़त बना ली। भारत की इस प्रारूप में यह लगातार छठी हार है। भारत के 112 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने 19.1 ओवर में पांच विकेट पर 114 रन बनाकर जीत दर्ज की। सलामी बल्लेबाज डेनियली वाट ने इंग्लैंड की ओर से 55 गेंद में सर्वाधिक नाबाद 64 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान छह चौके मारे। लारेन विनफील्ड ने उनका अच्छा साथ निभाते हुए 29 रन की पारी खेली। वाट ने अपने चौथे टी20 अर्धशतक के दौरान एक छोर संभाले रखा। भारत हालांकि एक समय मैच में बना हुआ था लेकिन विनफील्ड ने लगातार तीन चौके जड़कर इंग्लैंड का पलड़ा भारी कर दिया। टास जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरे इंग्लैंड ने बारसापाड़ा क्रिकेट स्टेडियम पर मेजबान टीम को बड़ा स्कोर खड़ा करने से रोका। कैथरीन ब्रंट टीम की सबसे सफल गेंदबाज रही जिन्होंने 17 रन देकर तीन विकेट चटकाए। लिन्से स्मिथ ने भी 11 रन देकर दो विकेट चटकाए।
लाहौर। पाकिस्तान के अपदस्थ प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने परिवार के लोगों के अनुरोध के बावजूद उपचार के लिए दूसरे अस्पताल में जाने से इनकार कर दिया। शरीफ ने कहा कि इलाज के नाम पर सरकार द्वारा की जा रही राजनीति के सामने घुटने टेकने की बजाए वह मरना पसंद करेंगे। अल अजीजिया स्टील मिल्स भ्रष्टाचार मामले में शरीफ (69) दिसंबर 2018 से कोट लखपत जेल में सात साल जेल की सजा काट रहे हैं।
शरीफ ने कोट लखपत जेल में अपने छोटे भाई शाहबाज शरीफ से कहा, ‘‘इलाज के नाम पर एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल भेजने को लेकर सरकार के उपेक्षापूर्ण व्यवहार को मैं बर्दाश्त नहीं करूंगा। इमरान खान की सरकार के अपमानजनक बर्ताव के सामने घुटने टेकने की बजाए मैं मरना पसंद करूंगा।’’
न्यूयॉर्क। वैज्ञानिकों ने धातु का एक ऐसा सांचा तैयार किया है जो सौर सेल में कैद की गई सूरज की रोशनी की मात्रा को बढ़ा कर उसके ऊर्जा उत्पादन को लगभग एक तिहाई तक बढ़ा सकता है। शोधकर्ताओं ने कहा कि विकासशील देशों के साथ-साथ मूलभूत सुविधाओं से वंचित दूरस्थ क्षेत्रों के लिए कैद की गई सौर ऊर्जा इस साधारण, सस्ते एवं सरल तरीके से बढ़ाने में मदद मिल सकती है। अमेरिका की कोलगेट यूनिवर्सिटी की सह-प्राध्यापक बेथ पार्क्स ने कहा, “युगांडा में 20 से 25 प्रतिशत लोगों के पास बिजली नहीं है।”पार्क्स ने कहा, “एक सौर सेल इतनी ऊर्जा देता है कि लाइट जल सके और सेलफोन एवं रेडियो चार्ज हो सकें। जीवन में सुधार का यह बेहद उम्दा रास्ता है।”
सौर पैनल भले ही नवीकरणीय ऊर्जा का शुद्ध स्रोत हैं लेकिन आम तौर पर वह एक निश्चित सांचे में ढले होते हैं और दिन के कुछ खास घंटों में सूरज की तरफ सबसे बेहतर तरीके से मुड़े रहते हैं। पार्क्स ने युगांडा की मंबारारा यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के छात्रों के साथ काम कर धातु की एक ट्यूब के प्रयोग से एक डिजाइन तैयार किया जिसे स्थानीय वेल्डर आसानी से हासिल कर सकता है एवं फिट कर सकता है।
इसे भी पढ़ें: लाहौर जेल में बंद नवाज शरीफ की हालत नाजुक, डॉक्टरों को नहीं मिली चेकअप की मंजूरी
पार्क्स ने कहा, “हमने सस्ती वस्तुओं से एक सांचा तैयार किया है जो दिनभर सूरज की रोशनी की दिशा का पता लगाने में सौर पैनल के लिए मददगार साबित होंगे।”उन्होंने कहा, “इस तरीके से विकासशील देशों के घरों एवं छोटे कारोबारों के लिए सौर ऊर्जा अधिक सस्ती और सुलभ बन सकती है।”
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में आतंकवादियों एवं सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में एक आतंकी ढेर हो गया। एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि सुरक्षा बलों को उत्तर कश्मीर जिले में हंदवाड़ा के क्रालगुंड इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी जिसके बाद बुधवार देर रात इलाके को घेरकर तलाश अभियान चलाया गया।
उन्होंने कहा कि रात में घेराबंदी की गई और सुरक्षा बलों ने सुबह आतंकवादियों के ठिकाने पर निशाना साधा। अधिकारी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच कुछ देर मुठभेड़ हुई। उन्होंने बताया कि इलाके में तलाश अभियान जारी है। विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। हालांकि नाजुक हालातों को देखते हुए उत्तरी कश्मीर से इंटरनेट सेवाओं को फिलहाल के लिए बंद कर दिया गया है।
नयी दिल्ली। राफेल मामले में राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा ने बृहस्पतिवार को कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष को वायु सेना और कैग पर भरोसा नहीं है, तो क्या वह पाकिस्तान पर भरोसा करना चाहते हैं? भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने संवाददाताओं से कहा कि वह इस मामले (राफेल) में राहुल गांधी के झूठ की निंदा करते हैं। उन्हें (राहुल) भारतीय वायु सेना पर भरोसा नहीं है, कैग (नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक), उच्चतम न्यायालय पर भरोसा नहीं है।
उन्होंने सवाल किया कि क्या वह पाकिस्तान पर भरोसा करना चाहते हैं। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राफेल विमान सौदे से जुड़े दस्तावेज रक्षा मंत्रालय से चोरी होने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और दावा किया कि यह स्पष्ट रूप से भ्रष्टाचार का मामला है और इसके लिए प्रधानमंत्री के खिलाफ जांच एवं कार्रवाई होनी चाहिए। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने इस बारे में अपने ट्वीट में कहा कि ये पीसी था? देखते देखते पीसी ग़ायब हो गया...2019 में कांग्रेस ग़ायब हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारत के इतिहास में सबसे छोटा प्रेस कांफ्रेंस करने का गिनीज या लिम्का बुक आफ रिकार्ड बनाने निकले हैं। पात्रा ने कहा कि नरेन्द्र मोदी की उपलब्धियों के विस्तार के सामने राहुल गांधी की संक्षिप्तता परस्पर विरोधी है।