मनोरंजन

मनोरंजन (5281)

मुम्बई। करीना कपूर खान फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ में सुपरस्टार आमिर खान के साथ मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। यह फिल्म पैरामाउंट पिक्चर्स की सिनेमा टॉम हंक्स अभिनीत ‘फॉरेस्ट गंप’ से प्रेरित है। करीना और आमिर इससे पहले फिल्म ‘3 इडियट्स’ और ‘तलाश’ में एकसाथ काम कर चुके हैं।

 
फिल्म ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ के निर्देशक अद्वैत चन्दन इसका निर्देशन करेंगे। वहीं अभिनेता अतुल कुलकर्णी ने इसकी कहानी लिखी है। फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’2020 क्रिसमस पर रिलीज होगी।

पंजाबी गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ और नीरू बाजवा अपनी आगामी रोमांटिक कॉमेडी पंजाबी फिल्म ‘शाडा’ का प्रमोशन करने के लिए दिल्ली पहुंचे। नई दिल्ली के द इंपीरियल होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों कलाकारों ने अपनी फिल्म से जुड़ी जानकारियां मीडिया के साथ साझा कीं। 

उल्लेखनीय है कि फिल्म ‘शाडा’ एक युवक के जीवन के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने माता-पिता के दबाव के बीच अपने आदर्श जीवनसाथी की तलाश करता है। एएंडए एडवाइजर और ब्रैट फिल्म्स के बैनर तले बनी और दिलजीत दोसांझ और नीरू बाजवा की मुख्य भूमिकाओं से सजी इस फिल्म का निर्देशन जगदीप सिद्धू ने किया है।

 
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपस्थित दिलजीत ने अपनी फिल्म ‘शाडा’ के शीर्षक के बारे में कहा, ‘‘शाडा’ का मतलब एक ऐसा व्यक्ति हैख् जो शादी करना चाहता है, लेकिन एक आदर्श लड़की नहीं ढूंढ पा रहा है। फिल्म में अपनी भूमिका के बारे में उन्होंने बताया, ‘फिल्म में मैं शादी समारोहों के फोटोग्राफर की भूमिका में हूं, जबकि नीरू बाजवा एक वेडिंग प्लानर की भूमिका निभा रही हैं। इस किरदार को जीवंत बनाने के लिए मैंने अपने एक दोस्त से मदद ली, जो खुद एक वेडिंग फोटोग्राफर है।’
 
अभिनेत्री नीरू ने दिलजीत की प्रशंसा करते हुए कहा, ‘मुझे हमेशा की तरह ‘शाडा’ में उनके साथ काम करने में बहुत मजा आया। यह हमारी एक साथ वाली छठी फिल्म है और मैं अब भी उन्हें वैसी ही शख्सियत के तौर पर पाती हूं, जैसा ये पहले थे।’

 

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत और अभिनेता ऋतिक रोशन के बीच तीन साल पहले शुरू हुई जुबानी जंग बुधवार को उस समय एक बार और बढ़ गई जब कंगना की बहन ने एक विवादास्पद ट्वीट कर दिया। कंगना की बहन रंगोली चंदेल का दावा है कि ऋतिक रोशन की बहन सुनैना के साथ उनका परिवार ठीक तरह से व्यवहार नहीं कर रहा है। इस ट्वीट पर टिपप्णी के लिए रोशन परिवार से लगातार संपर्क की कोशिश करने के बाद भी अब तक बात नहीं हो पाई।

चंदेल अपनी अभिनेत्री बहन की तरफ से सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय रहती हैं। चंदेल ने अपना पहले वाला दावा दोहराया कि सुनयना उनके संपर्क में थीं और कंगना से मदद की भी मांग की थी। ऋतिक की पूर्व पत्नी सुजैन खान ने कहा कि वह रोशन परिवार का हिस्सा रही हैं और इसके आधार पर वह जानती हैं कि सुनैना काफी प्यारी, लोगों का ख्याल रखने वाली हैं और अभी दुर्भाग्यपूर्ण परिस्थितियों में हैं क्योंकि उनके पिता एक बड़ी स्वास्थ्य समस्या से गुजर रहे हैं और उनकी मां अभी कुछ कहने की स्थिति में नहीं हैं।
खान ने कहा कि एक परिवार के कठिन समय का ख्याल रखा जाना चाहिए क्योंकि प्रत्येक परिवार इस तरह के संकट से गुजरता है। उन्होंने कहा कि उन्हें यह कहने की जरूरत थी क्योंकि वह लंबे समय तक इस परिवार का हिस्सा रही हैं। मंगलवार को सुनैना के ट्वीटर अकाउंट पर एक ट्वीट हुआ, ‘‘मैं कंगना का समर्थन करती हूं।’’ हालांकि इस हैंडल पर ब्लू टिक (आधिकारिक) नहीं है। इसके साथ ही उस हैंडल पर यह भी लिखा था, ‘‘मेरा नर्क में जीना बरकरार है और अब मैं थक चुकी हूं।’’
कहते हैं सच्ची मोहब्बत कभी ख़त्म नहीं होती और जो ख़त्म हो जाये वो मोहब्बत नहीं होती। ऐसी ही मोहब्बत सदाबहार अभिनेत्री रेखा और अमिताभ की भी है। अमिताभ बच्चन-रेखा दोनों ही बॉलीवुड का बड़ा नाम हैं और अकसर ही इनकी प्रेम कहानियों के किस्से चर्चा का विषय बने होते हैं। हांलाकि, अमिताभ बच्चन ने कभी रेखा के प्रति अपना प्यार स्वीकारा हो न हो, पर रेखा लाख कोशिशों के बावज़ूद अपना प्यार नहीं छुपा पाईं। 
 
दरअसल, आजकल चारों ओर रेखा के एक इंटरव्यू की ख़ूब बातें की जा रही हैं। ये इंटरव्यू सिमी ग्रेवाल के टॉक शो में लिया गया था। इस टॉक शो में जब रेखा से उनके और बच्चन साहब के रिश्ते के बारे में बात की गई, तो उन्होंने सादगी और निडरता से इस बात का जवाब दिया। रेखा ने इंटरव्यू में कहा कि वो अमिताभ बच्चन को ख़ुद के लिये प्यार करती हैं, न कि दूसरों को दिखाने के लिये। रेखा ने ये भी कहा कि कई लोग उन्होंने अमिताभ के लिये पागल बोलते हैं, पर इन बातों से उन पर कोई फ़र्क नहीं पड़ता। 
 
इतना ही नहीं कहा ये भी जाता है कि रेखा और अमिताभ बच्चन ने गुपचुप तरीके से शादी रचाई थी। यही वजह है कि आज भी रेखा की मांग पर लाल सिंदूर देखा जाता है। रेखा किसी भी पार्टी में पहुंचे माथे पर बिंदी और सिंदूर ज़रूर होता है। हांलाकि, दोनों की शादी की सच्चाई अब तक सबके लिये एक रहस्य बनी हुई है, जिसके बारे में सिर्फ़ अमिताभ और रेखा ही जानते हैं। यही नहीं, अमिताभ और रेखा की बढ़ती नज़दकियों की वजह से ही जया बच्चन परेशान रहने लगी थी, जिसके बाद अमिताभ ने अपनी शादी बचाने के लिये रेखा से दूरी बना ली। 
 
अमिताभ बच्चन और रेखा ने कई फ़िल्में एक साथ की, जिसे दर्शकों ने ख़ूब सराहा भी। रियल लाइफ़ का पता नहीं पर हां रील में इस जोड़ी ने दर्शकों का दिल ज़रूर जीत लिया था। वैसे मानों न मानों पर दोनों ही स्टार्स के बीच कुछ तो ख़ास रहा होगा, वरना यूं ही हर जगह इनके इश्क के चर्चे नहीं हो रहे होते। अब जो भी है सबके सामने ही है, क्योंकि इश्क छिपता नहीं छिपाने से।

तमन्ना भाटिया साउथ फिल्म इंडस्ट्री की सुपरस्टार एस्ट्रेस हैं ये एक फिल्म के लिए 3 से 5 करोड़ रूपए लेती हैं। लेकिन फिल्म बाहुबली ने तमन्ना भाटिया को इंडस्ट्री ने नया मुकाम दिया। एस. एस. राजामौली के निर्देशन में बनी फिल्म बाहुबली के किरदार को इस फिल्म ने नई पहचान दी। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचा था। आज तक कोई ऐसी फिल्म नहीं आई जो बाहुबली को टक्कर दे सके। फिल्म बाहुबली के तीसरे पार्ट का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

 

इसी पर जब तमन्ना भाटिया से सवाल किया गया कि क्या बाहुबली का तीसरा पार्ट बन रहा है? इस पर एक्ट्रेस ने जवाब दिया कि,  "सभी मुझसे बार-बार पूछ रहे हैं कि फिल्म बाहुबली का तीसरा पार्ट कब आ रहा है। एक्ट्रेस ने कहा कि मैं आपको बता दूं कि ये फिल्म कभी भी नहीं बनने जा रही है। एक्ट्रेस ने ये भी कहा कि यदि कभी तीसरा पार्ट बनाया गया, तो इसे केवल एस.एस. राजामौली ही बना सकते हैं।"

 
तमन्ना भाटिया के इस जवाब से बाहुबली के फैंस निराश हो गये हैं। काम की बात करें तो बाहुबली से पहले तमन्ना भाटिया ने बॉलीवुड में भी कई फिल्में की हैं। तमन्ना हिम्मतवाला, एंटरटेनमेंट, हमशक्ल और चांद सा रोशन चेहरा जैसी फिल्मों में दिख चुकी हैं।

मुम्बई। सलमान खान के उस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है जिसमें अभिनेता एक सुरक्षा गार्ड को एक प्रशंसक बच्चे से कथित रूप से ठीक व्यवहार नहीं करने को लेकर थप्पड़ मारते दिख रहे हैं। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि यह फिल्म ‘भारत’ के प्रीमियर के दौरान हुई जो कि बुधवार को रिलीज हुई। वीडियो में सलमान अपने वाहन की ओर चलते दिख रहे हैं जबकि एक सुरक्षा गार्ड उनके लिए रास्ता बना रहा है। अभिनेता कथित तौर पर सुरक्षा गार्ड द्वारा भीड़ में शामिल एक बच्चे से किये गए व्यवहार को लेकर नाराज हो गए। सलमान ने उस सुरक्षा गार्ड को थप्पड़ मार दिया।

 
कुछ सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने अभिनेता की उनके व्यवहार को लेकर आलोचना की, वहीं उनके प्रशंसक उनके समर्थन में उतर आये। एक सोशल मीडिया उपयोगकर्ता ने लिखा, ‘‘यह सलमान खान का अहंकार है, वह यह काम विनम्रता से भी कर सकते थे।’’ एक प्रशंसक ने लिखा, ‘‘बहुत अच्छा सलमान खान। नापसंद करने वाले कुछ नकारात्मक कहानियां बनाएंगे लेकिन आपकी जानकारी के लिए, सलमान खान ने अपने सुरक्षा गार्ड को थप्पड़ मारा जो छोटे बच्चों की देखभाल करने में असफल रहा जो भीड़ में दब रहे थे...।’’
एक अन्य प्रशंसक ने लिखा, ‘‘हे भगवान सलमान खान ने प्रशंसक बच्चे से रूखा व्यवहार करने के लिए एक सुरक्षा गार्ड को वस्तुत: थप्पड़ मार दिया।’’ सलमान खान के कई प्रशंसक अभिनेता को ईद की बधाई देने के लिए उनके बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर एकत्रित हुए थे।

अमिताभ बच्चन हर रविवार को अपने निवास जलसा के गेट पर फैन्स से मिलते हैं
रविवार सुबह ट्वीट कर फैन्स को बताया था- 'आज मुलाकात नहीं हो पाएगी, तबीयत ठीक नहीं है
बॉलीवुड डेस्क. अमिताभ बच्चन पिछले 37 सालों से हर रविवार को जुहू स्थित अपने निवास जलसा के गेट पर फैन्स से मुलाकात करते हैं। लेकिन इस रविवार खराब तबीयत चलते अमिताभ फैंस से मिलने नहीं पहुंच पाए। उन्होंने खुद अपने ट्विटर हैंडल के जरिए इसकी जानकारी दी। अमिताभ 1982 से हर रविवार फैंस से अपने बंगले के बाहर मिलने आते हैं।
फैन्स ने दी आराम करने की सलाह
ट्वीट में अमिताभ ने लिखा- 'रविवार को मुलाकात नहीं हो पाएगी। तबीयत खराब हैं।' उनका ट्वीट पढ़ते ही फैंस को उनके स्वास्थ्य की चिंता होने लगी और सभी उनके जल्द ठीक होने की दुआ मांगने लगे। वहीं, कुछ ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। उन्होंने अपने ब्लॉग के जरिए भी खराब तबीयत जानकारी दी। उन्होंने लिखा- 'रविवार की मुलाकात मुमकिन नहीं। मैं बिस्तर पर हूं और दर्द में भी।'
सोमवार को फैंस का कहा धन्यवाद
फैंस की चिंता देख अमिताभ ने सोमावार को ट्वीट कर उनका शुक्रिया अदा किया।
T 3155 - मैं न जानता था की , एक दिन इतवार को अपने चाहने वालों से, जलसा के द्वार पे, न मिल पाने पर, इतनी बड़ी ख़बर बन जाएगी ! आप सब को स्नेह , मेरा आदर और सम्मान ?❤️

मलाइका अरोड़ा और अरबाज खान को अलग हुए लगभग दो साल होने वाला हैं। दोनों ने 18 साल तक साथ रहने के बाद अचानक तलाक लेकर सभी को चौका दिया था। इस तलाक की वजह सभी अपनी तरफ से अलग- अलग बता रहे थे। उनमें से कुछ सच्ची थी और कुछ झूठी। सच्ची ये थी कि मलायका और अर्जुन कपूर अफेयर में थे इस वजह से भी अरबाज़ और मलायका का तलाक हुआ। मलायका लंबे समय से अर्जुन के साथ अफेयर में है दोनों जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले है। अरबाज़ और मलायका ने कभी मीडिया से अकर तलाक की खबरों पर बात नहीं की। सही वजह नहीं बताई कि 18 साल पुराना रिश्ता आखिर क्यों अचानक खत्म हो गया।

दो साल बात अरबाज खान ने मलाइका अरोड़ा से तलाक क्यों हुआ इस पर बात की। अरबाज खान ने एक चैट शो में कहा कि मेरे और मलाइका के बीच में सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन अचानक से हमारा रिश्ता टूट गया। अगर कुछ भी गलत नहीं है, तो बेहतर है कि दो लोगों को अपना जीवन खुद चलाना चाहिए और यह इसका फैसला भी लेना चाहिए। हम ऐसी स्थिति में थे कि हम दोनों एक दूसरे को खुश नहीं रख पा रहे थे और इसकी वजह से हमारे आसपास के सभी लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा था। इससे पहले मलाइका अरोड़ा ने भी करीना कपूर खान के चैट शो में बताया था कि इस शादी से दोनों ही (मलाइका और अरबाज) खुश नहीं थे। वह अपने परिवार से सलाह-मशविरा करने के बाद ही तलाक के फैसले पर आगे बढ़ी थीं। हालांकि, दोनों आज भी एक-दूसरे के परिवार और अपने बच्चों के साथ मिलते रहते हैं।
खैर ये दोनों अपनी जिंदगियों में आगे बढ गये हैं मलायका अर्जुन कपूर से शादी करने वाली हैं वही अरबाज खान का नाम मॉडल जॉर्जिया एंड्रियानी से लगातार जोड़ा जा रहा है। जल्द ही ये दोनों भी शादी करने वाले हैं। 
 

मुंबई। ‘इंडियन साइकीऐट्रिक सोसाइटी’ (आईपीएस) ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) को पत्र लिखकर कहा है कि कंगना रणौत और राजकुमार राव अभिनीत फिल्म ‘मेंटल है क्या’ के पोस्टर मनोरोग को गलत तरीके से पेश करते हैं। आईपीएस ने सीबीएफसी प्रमुख प्रसून जोशी को लिखे पत्र में कहा कि उसे ‘‘कई मामलों पर’’ आपत्ति है और एकता कपूर के बालाजी मोशन पिक्चर्स की फिल्म मानसिक स्वास्थ्य देखभाल कानून 2017 की कई धाराओं का उल्लंघन करती प्रतीत होती है।

पत्र में कहा गया, ‘‘हमें फिल्म के शीर्षक पर गंभीर आपत्ति है जिसके जरिए मनोरोग और मनोरोगियों को अपमानजनक, भेदभावपूर्ण और अमानवीय तरीके से दिखाया गया है।’’ उसने कहा, ‘‘हम फिल्म का शीर्षक तत्काल प्रभाव से बदलने की मांग करते हैं ताकि मानसिक स्वास्थ्य सेवा लेने वालों की गैरत को और नुकसान न पहुंचे।’

आईपीएस ने कहा कि देश के हर नागरिक के लिए मानसिक स्वास्थ्य देखभाल कानून 2017 का पालन करना आवश्यक है और मानसिक स्वास्थ्य के बारे में जागरुक होना एवं इससे जुड़ी दकियानूसी सोच को बदलना कानूनी दायित्व है। उसने फिल्म से कानून का उल्लंघन करने वाली सामग्री हटाए जाने की भी मांग की।


होली एक ऐसा त्योहार है, जिसमें लोग खुलकर मस्ती करते हैं, लेकिन रंगों की मस्ती का सबसे अधिक नकारात्मक प्रभाव जिस चीज पर देखने को मिलता है, वह है आपकी स्किन। अगर होली पर बालों और स्किन का सही तरह से ख्याल न रखा जाए तो बाद में स्किन में कलर तो रह ही जाता है, साथ ही रंगों में मौजूद केमिकल्स अपने साथ कई तरह की परेशानी लेकर आते हैं। तो चलिए जानते हैं उन उपायों के बारे में, जो होली में आपकी सुंदरता का भी ख्याल रखेंगे−
प्रोटेक्शन है पहला कदम
रंगों के कारण आपकी स्किन को कम से कम से नुकसान हो, इसका सबसे बढि़या उपाय है कि आप पहले से उसकी सुरक्षा के लिए कुछ कदम उठा लें। इसके लिए जरूरी है कि आप अपने चेहरे के साथ−साथ पूरे शरीर पर क्रीम या मॉइश्चराइजर अवश्य लगाएं। साथ ही धूप से होली खेलने से पहले सनस्क्रीन लगाना भी बेहद आवश्यक है। वहीं शरीर के कुछ हिस्से जैसे कान के पीछे, नाखून या आंखों के आसपास पेटोलियम जेली का इस्तेमाल करें। आप चाहें तो नाखूनों पर नेलपेंट भी लगा सकती हैं।
 
कवरिंग आएगी काम
होली के रंगों से बचने के लिए आप ऐसे कपड़े पहनें, जिससे आपकी स्किन ज्यादा से ज्यादा कवर हो। शार्ट्स या टीशर्ट के स्थान पर फुल स्लीव्स कपडे, जींस या ट्राउजर्स आदि को प्राथमिकता दें। इससे कलर सीधे स्किन के संपर्क में नहीं आता, जिससे स्किन को नुकसान पहुंचने की संभावना भी काफी कम हो जाती है।
 
नेचुरल कलर्स
अगर संभव हो तो होली खेलने के लिए नेचुरल कलर्स का ही इस्तेमाल करें। दरअसल, इस तरह के रंग स्किन को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाते। आप चाहें तो घर पर ही कई तरह के मसालों जैसे हल्दी, सब्जी, फल और फूल आदि से प्राकृतिक रंग तैयार कर सकते हैं और होली में जमकर इंजॉय कर सकते हैं।
 
न करें यह गलती
कुछ लोग होली तो जमकर खेलते हैं, लेकिन जब बारी रंगों को हटाने की आती है तो वह अपनी स्किन के साथ काफी हार्श हो जाते हैं। वह रंगों को हटाने के लिए उसे बेहद जोर से रगड़कर साफ करते हैं। ऐसा करने की गलती न करें। इससे स्किन पर रैशेज व जलन होने लगता है। बेहतर होगा कि आप रंगों को हटाने के लिए कुछ प्राकृतिक उपाय जैसे दही आदि का प्रयोग करें। अगर आपकी स्किन गीली नहीं है तो पहले उसे झाड़कर गुलाल आदि को हटाएं। उसके बाद पानी की मदद से स्किन को साफ करें। लेकिन इस दौरान केमिकल्स युक्त साबुन का प्रयोग न करें। इसके स्थान पर क्लीजिंग युक्त साबुन या क्लींजर की मदद से स्किन की सफाई करें। साथ ही नहाने के बाद स्किन की खोई नमी को वापिस लौटाने के लिए उसे मॉइश्चराइज करना न भूलें। 
बालों की देखभाल
स्किन की ही तरह बालों को भी होली के दौरान अतिरिक्त देखभाल की आवश्यकता होती है। इसके लिए होली से एक रात पहले बालों को अच्छे से वॉश करें ताकि उसकी सारी गंदगी निकल जाए और फिर नारियल, ऑलिव या सरसों के तेल से बालों की अच्छी तरह मसाज करें। हालांकि इस बात का भी ध्यान रखें कि तेल को जड़ों में न लगाए। इससे कलर उतनी ही गहराई से जड़ों तक चिपका रहेगा जो कि बालों के लिए बहुत नुकसानदेह है। 
 
अगर आप होली खेलने जा रहे हैं तो स्किन के साथ−साथ बालों को कवर करना न भूलें। इसके लिए आप हैट, कैप, प्लास्टिक शॉवर कैपे या स्कार्फ आदि की मदद ले सकती हैं। वहीं जिन महिलाओं के बाल लंबे हैं, वह बालों को खुला रखने के स्थान पर जूड़ा या पोनीटेल बनाएं ताकि रंग बालों की जड़ों में न जाए।
 
होली खेलने के बाद पहले सूखे बालों में कंघी कर लें ताकि सारा सूखा रंग आसानी से बाहर आ जाए। इसके बाद शैंपू की मदद से बालों को वॉश करें। हालांकि शैंपू के लिए किसी हर्बल शैंपू का ही चयन करें। बालों को शैंपू करने के बाद एक अच्छे कंडीशनर का प्रयोग करना न भूलें।
होली के बाद कुछ दिनों तक किसी भी तरह के केमिकल या हेयर प्रॉडक्ट जैसे हेयर कलर्स, हेयर डायर आदि का इस्तेमाल न करें। इससे बाल और भी अधिक रूखे व बेजान हो जाते हैं।
 
बालों की खोई चमक लौटाने व उन्हें फिर से मजबूत बनाने के लिए बालों को अतिरिक्त पोषण दें। इसके लिए आप घर पर या पार्लर में हेयर स्पा ट्रीटमेंट अवश्य करें।
 
मिताली जैन

Ads

R.O.NO. 1399/63 Advertisement Carousel

MP info RSS Feed

फेसबुक