Google Analytics —— Meta Pixel
दुनिया

दुनिया (3537)

काठमांडू । केपी शर्मा ओली सत्तारूढ़ नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी की सरकार के बाकी के कार्यकाल हेतु नेपाल के प्रधानमंत्री बने रहेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री पद की साझेदारी पर बुधवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रचंड के साथ एक समझौता किया। उच्च स्तर के पार्टी सूत्रों के अनुसार, सत्तारूढ़ एनसीपी की उच्च स्तरीय बैठक के दौरान यह फैसला हुआ। इसके बदले में सत्तारूढ़ पार्टी के सह-अध्यक्ष पुष्प कमल दहल ‘‘प्रचंड’’ को पार्टी के मामलों की पूर्ण कार्यकारी शक्तियां मिलेंगी। यह समझौता ओली और पूर्व प्रधानमंत्री प्रचंड के बीच बुधवार को पार्टी की एक बैठक के दौरान हुआ। सत्तारूढ़ पार्टी के दो अध्यक्षों ओली और प्रचंड के बीच समझौता हुआ कि प्रचंड पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष बने रहेंगे तथा उनके पास संगठनात्मक मामलों की सभी कार्यकारी शक्तियां रहेंगी जबकि करीब 21 महीने पहले प्रधानमंत्री बने ओली पूरे पांच साल के कार्यकाल के लिए पद पर बने रहेंगे। जब पिछले साल प्रचंड और ओली की पार्टियों का विलय हुआ था तो दोनों नेता ढाई-ढाई साल के लिए प्रधानमंत्री पद पर बने रहने पर सहमत हुए थे।

बेरूत, सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद के सुरक्षा बलों और सहयोगी देश रूस द्वारा विद्रोहियों के कब्जे वाले क्षेत्र इदलिब में किए गए हमलों में 10 बच्चों समेत 21 नागरिकों की बुधवार को मौत हो गई। सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने बताया कि असद के बलों ने जमीन से जमीन पर मार करने वाली मिसाइल दागी जो तुर्की की सीमा से लगे काह गांव के निकट एक अस्थायी शिविर पर जा गिरी। इससे 15 नागरिकों की मौत हो गई, जिसमें छह बच्चे भी शामिल हैं।
इसके अलावा 40 लोग घायल हो गए हैं। उन्होंने बताया कि यह मिसाइल एक अस्पताल के निकट गिरी थी। इसके अलावा रूस के सैन्य विमानों ने मारेत-अल-नुमान को निशाना बनाया जिसमें चार बच्चों सहित छह नागरिकों की मौत हो गई। निगरानी संगठन के प्रमुख रामी अब्देल रहमान ने बताया कि कई लोग इस हमले में घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ कि स्थिति गंभीर है।

पाकिस्तान में आम नागरिक मंहगाई से किस कदर परेशान है इसका अनुमान इस बात से लग सकता हैं कि टमाटर के दाम एक दिन में 100 रुपए से उछलकर 400 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गए हैं। सोमवार को कराची में टमाटर का दाम 300 से 320 रुपए प्रति किलो था जो मंगलवार को 400 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गया। ईरान के टमाटर की कोई कीमत नहीं तय होने से स्थानीय व्यापारियों ने स्वात और सिंध में पैदा होने वाले टमाटर के दाम ईरान के टमाटर के बराबर कर मोटा मुनाफा काट रहे हैं। 
स्थानीय प्रशासन ने हालांकि पहले की ही तरह सोमवार को टमाटर के दाम 193 रुपए प्रति किलो बताए। जबकि कीमत 253 रुपए प्रति किलो थी। नवंबर के पहले सप्ताह में टमाटर का आधिकारिक मूल्य 117 रुपए प्रति किलो था और मंगलवार का सरकारी दाम यह स्पष्ट दर्शाता है कि सरकार भी कीमतों में बढ़ोतरी को दर्शा रही है। शहर में शायद ही कोई व्यापारी होगा जो तय दाम पर टमाटर बेच रहा हो।पाकिस्तानी अखबारों के मुताबिक थोक विक्रेताओं के प्रतिनिधि ने लोगों से आग्रह किया है कि वह कुछ व्यापारियों के एकाधिकार को खत्म करने के लिए टमाटर नहीं खरीदें। प्रतिनिधि ने कहा कि 13 से 14 किलो के टमाटर की पेटी गुणवत्ता के आधार पर 4200 से 4500 रुपए पर उपलब्ध है। दाम ऊंचा होने की वजह से बड़ी संख्या में व्यापारियों ने टमाटर खरीदना ही बंद कर रखा है। इमरान सरकार ने पिछले सप्ताह ईरान से 4500 टन टमाटर आयात करने का परमिट जारी किया था किंतु अभी आमद नहीं बढ़ी है। मांग की तुलना में आपूर्ति कम होने से टमाटर की कीमतों में अभूतपूर्व उछाल देखा जा रहा है। एक व्यापारी ने बताया कि ईरान से 4500 टन में से केवल 989 टन टमाटर ही पाकिस्तान पहुंचा है। व्यापारी ने कहा कि वह इस बात की पुष्टि नहीं कर सकता है कि मंगलवार को अफगान सीमा पर ईरान से और टमाटर आया है कि नहीं। 

टोक्यो । जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे वहां राजनीति के इतिहास में एक और इतिहास रच दिया है। शिंजो आबे प्रधानमंत्री पद पर सबसे लंबे समय तक आसीन रहने वाले नेता बन गए हैं। इस पद पर रहते हुए उन्हें बुधवार को आठ साल हो गए। समाचार के अनुसार, कंजर्वेटिव लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) के नेता व 65 वर्षीय आबे को इस पद पर रहते हुए बुधवार को 2887 दिन हो गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड साल 1901 से 1913 के बीच तीन बार प्रधानमंत्री पद को संभालने वाले तारो कैत्सुरा के नाम था। आबे साल 2006 में प्रधानमंत्री बने थे, हालांकि खराब स्वास्थ्य के कारण एक साल बाद ही उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद साल 2012 में वे दोबारा प्रधानमंत्री बने। एलपीडी पार्टी के नेता के तौर पर उनका तीसरा और आखिरी कार्यकाल सितंबर 2021 में खत्म हो जाएगा।

मास्को । रूस में एक पेट्रोल पंप ने अपनी बिक्री बढ़ाने के लिए आफर रखा कि अगर कोई पुरुष बिकिनी पहन कर पंप पर आएगा तो उसे गैस मुफ्त दी जाएगी। यह आफर केवल कुछ घंटों के लिए ही था, लेकिन घोषणा के बाद पेट्रोल पंप पर बिकनी पहन कर पहुंचने वाले पुरुषों की लाइन लग गई। रूस में समारा के ओल्वी गैस स्टेशन ने अपने प्रचार-प्रसार के लिए एक खास ऑफर निकाला। इस गैस स्टेशन की मार्केटिंग टीम ने बिजनेस बढ़ाने के लिए कहा कि यहां अगर कोई बिकनी पहनकर आएगा तो उसे फ्री में गैस मिलेगी, हालांकि यह ऑफर महज दिन में तीन घंटे के लिए था। गैस स्टेशन के लोग इस ऑफर के तहत बताना भूल गए कि किस जेंडर वालों को बिकिनी पहनना है। इस चीज का फायदा वहां के कुछ पुरुषों ने उठा लिया और वे बिकिनी पहन कर मुफ्त में गैस लेने के लिए जा पहुंचे। बिकिनी पहने ये पुरुष लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बन गए। इन्होंने बिकिनी के साथ-साथ हाई हील भी पहने थे।  

वॉशिंगटन । ई-कॉमर्स क्षेत्र की दिग्गज ऐमजॉन के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी जेफ बेजॉस ने कहा है कि ऐमजान भारत में ‘अच्छा’ प्रदर्शन कर रही है। बेजॉस से पूछा गया था कि डिजिटलीकरण को लेकर भारत की कुछ नीतियां क्या ऐमजॉन के लिए चिंता का विषय हैं, तो उन्होंने जवाब दिया हम हमेशा चाहते हैं कि भारत में नियामकीय स्थिरता बनी रहे। जो भी नियमन हों समय के साथ उनमें स्थिरता आनी चाहिए। हम इसी की उम्मीद कर रहे हैं। ऐसा होने पर कारोबार बढ़ेगा। एक कार्यक्रम के दौरान बेजॉस ने कहा कि ऐमजॉन भारत में काफी अच्छा प्रदर्शन कर रही है। भारत में हमारे कारोबार का प्रदर्शन काफी अच्छा है और यह तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने ऐमजॉन के भारतीय परिचालन के प्रमुख अमित अग्रवाल की सराहना करते हुए कहा कि वह असाधारण व्यक्ति हैं और काफी अच्छा काम कर रहे हैं। एक अन्य सवाल के जवाब में बेजॉस ने कहा कि वह ‘निश्चित रूप’ से अंतरिक्ष में जाना चाहेंगे। वह जो भी करते हैं उसका आनंद लेते हैं। 2020 में व्हाइट हाउस जाने की संभावना खारिज करते हुए बेजॉस ने कहा कि उनके पास करने को काफी कुछ है और फिलहाल वह उस पर ध्यान दे रहे हैं।

सिडनी । समुद्र के किनारे लहरों का मजा लेना हर कोई पसंद करता है, लेकिन यह कितना जोखिम भरा हो सकता है, इसका अनुमान नहीं लगाया जा सकता। पत्थरों के बीच मछली की शक्ल में मौत से भी सामना हो सकता है। समंदर में कई तरह के जीव-जंतु पाए जाते हैं। इनमें से कई ऐसे भी हैं जो इतने जहरीले होते हैं कि  जान ले सकते हैं। ऐसे ही जहरीले जीव में शुमार है स्टोन फिश नामक मछली। दुनिया में पाई जाने वाली तमाम मछलियों से यह बिलकुल अलग है। दिखने में ये मछलियों जैसी नहीं दिखती बल्कि पत्थर जैसी दिखती है। सभी मछलियों का शरीर बेहद कोमल होता है तो वहीं इसका शरीर पत्थर के समान होता है। इसका ऊपरी खोल एकदम पत्थर के जैसे सख्त होता है। मछली के ऊपर यह पत्थर का खोल कुछ-कुछ इंसानी चेहरे के जैसा नजर आता है।
स्टोन फिश ज्यादातर मकर रेखा के आसपास समुंद्र में पाई जाती है। पत्थर की तरह दिखती इस मछली को ज्यादातर लोग पहचान नहीं पाते और इसका शिकार हो जाते हैं। अगर गलती से भी इस मछली पर किसी का पैर पड़ जाए तो ये अपने ऊपर पड़ने वाले वजन की मात्रा में जहर निकालती है। यह जहर इतना खतरनाक होता है कि किसी ने भी इस पर पैर रख दिया तो पैर काटना ही पड़ेगा और जरा सी लापरवाही मौत का कारण भी बन सकती है। पैर रखते ही यह फिश 0.5 सेकेंड की तेजी से अपना जहर छोड़ती है। मछली का जहर इतना खतरनाक है कि इसकी एक बूंद अगर किसी शहर के पानी में मिला दी जाए तो शहर के हर इंसान की मौत हो सकती है। 

कोलंबो । श्रीलंका के नए चुने गए राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे 29 नवंबर को भारत दौरे पर आएंगे। गोटबाया का राष्ट्रपति के तौर पर यह संभवत: पहला विदेशी दौरा होगा। भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने खुद कोलंबो जाकर गोटबाया से मुलाकात कर उन्हें पीएम नरेंद्र मोदी की ओर से भारत आने का न्यौता दिया है, जिसे उन्होंने तत्काल स्वीकार कर लिया। 
एस. जयशंकर दो दिन के गैर-आधिकारिक दौरे पर श्रीलंका पहुंचे हैं। इससे पहले राजपक्षे के चुनाव में जीतने के तुरंत बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें फोन कर बधाई दी थी और उनसे पहले विदेशी दौरे पर भारत आने का आग्रह किया था। 
गोटबाया के राष्ट्रपति बनने के अगले ही दिन एस. जयशंकर के श्रीलंका दौरे के गहरे मायने हैं। श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के भाई गोटबाया को भी चीन का ही करीबी माना जाता है। कूटनीतिक जानकारों का कहना है कि श्रीलंका पर चीन के असर को कम करने के लिहाज से भारत ने यह पहल की है। गोटबाया ने सोमवार को ही राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी।
मंगलवार को राजपक्षे से मुलाकात के बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ट्वीट किया, 'श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे से मुलाकात की और उन्हें पीएम मोदी की ओर से शांति, प्रगति, सद्भाव और सुरक्षा के लिए साझीदारी का संदेश दिया। उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में श्रीलंका और भारत के संबंध नई ऊंचाइयों पर पहुंचेंगे।' 
गौरतलब है कि गोटबाया राजपक्षे श्रीलंका की सेना में कर्नल रहे हैं। लिट्टे के खिलाफ अभियान का नेतृत्व उन्होंने किया था और बर्बरता से उसे कुचलने के लिए कुख्यात रहे हैं। यही वजह है कि भारतीय मूल के तमिल नागरिकों में गोटबाया को लेकर आशंकाएं हैं। लिट्टे का खात्मा करने के चलते श्रीलंका में उन्हें उस दौर में 'टर्मिनेटर' उपनाम से भी बुलाया जाता था। 

अमेरिका ,अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड वॉर एक बार फिर बढ़ने की आशंका है. दरअसल, अमेरिकी राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप ने कहा है कि अगर चीन के साथ व्यापार समझौता नहीं होता है तो उस पर और शुल्क लगाए जाएंगे. डोनाल्‍ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा, ‘‘अगर हम चीन के साथ कोई समझौता नहीं करते हैं तो मैं शुल्क और बढ़ा दूंगा. ’’ ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब दोनों आर्थिक महाशक्तियों के बीच सुलह के संकेत मिल रहे थे.
सार्थक बातचीत के मिल रहे थे संकेत
इससे पहले रविवार को चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने अमेरिका से व्यापार समझौते को लेकर सार्थक बातचीत की बात कही थी.चीनी वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार उप प्रधानमंत्री लिऊ ही ने अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि राबर्ट लाइथाइजर और वित्त मंत्री स्टीवन न्यूचिन से बातचीत की. दोनों पक्षों के बीच पहले चरण के समझौते में अपनी-अपनी चिंताओं को लेकर बातचीत सार्थक रही.मंत्रालय ने कहा कि दोनों पक्ष लगातार बातचीत कर रहे हैं. हालांकि, इस बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया गया. बता दें कि अमेरिका और चीन के बीच लंबे समय से चल रहे ट्रेड वॉर का वैश्विक अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है और बाजार में गिरावट आयी है.
भारतीय बाजार पर भी पड़ेगा असर!
बहरहाल, अमेरिकी राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप के ताजा बयान का असर भारत समेत दुनियाभर के शेयर बाजार पर पड़ सकता है. बता दें कि सप्‍ताह के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्‍स 185.51 अंक की तेजी के साथ 40,469.70 अंक के स्‍तर पर बंद हुआ. वहीं निफ्टी 55.60 अंक की बढ़त के साथ 11,940.10 अंक पर रहा.
वहीं रुपये की बात करें तो मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 16 पैसे कमजोर होकर 72 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर आ गया. इससे पहले रुपया सोमवार को 71.84 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था.
 

लाहौर,पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ मंगलवार को उपचार के लिए एयर ऐंबुलेंस से लंदन रवाना हो गए। लाहौर उच्च न्यायालय ने कई रोगों से ग्रस्त शरीफ को 4 हफ्तों के लिए विदेश जाने की इजाजत दे दी थी। कोर्ट ने इमरान खान सरकार के क्षतिपूर्ति बांड पर हस्ताक्षर करवाने की शर्त को खारिज कर दिया था। शरीफ (69) के साथ उनके छोटे भाई शहबाज शरीफ और निजी डॉक्टर अदनान खान भी गए हैं।
लाहौर हाई कोर्ट ने नवाज को दी इजाजत
पूर्व प्रधानमंत्री के लिए अत्याधुनिक एयर ऐंबुलेंस दोहा से मंगवाई गई थी, उसी में सवार होकर वह कतर से लंदन के लिए रवाना हुए। पीएमएलएन की प्रवक्ता मरियम औरंगजेब ने पीटीआई-भाषा को बताया कि शरीफ को इलाज के लिए लंदन के हार्ले स्ट्रीट क्लिनिक ले जाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर अमेरिका (बोस्टन) भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि रवाना होने से पहले चिकित्सकों ने शरीफ की लाहौर के जटी उमरा आवास पर जांच की और यात्रा के दौरान उनकी हालत स्थिर बनाए रखने के लिए उन्हें स्टीरॉइड और दवाईयों के भारी डोज दिए।
लंदन जाने से पहले नवाज ने बॉन्ड भरने से किया इनकार
एयर ऐंबुलेंस में आईसीयू और ऑपरेशन कक्ष स्थापित किए गए हैं। इसमें चिकित्सक और उनके सहायक भी मौजूद रहेंगे। इमरान खान सरकार ने नवाज शरीफ को इलाज कराने के लिए ब्रिटेन जाने के वास्ते 700 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति बॉन्ड जमा कराने की शर्त रखी थी। शरीफ ने इमरान खान सरकार की मांग मानने से बुधवार को इनकार कर दिया था और कहा था कि यह गैरकानूनी है।
परिवार ने लगाया इलाज में राजनीति का आरोप
पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के सुप्रीमो ने कहा था कि यह प्रधानमंत्री खान द्वारा राजनीतिक लाभ के लिए उन्हें इस्तेमाल करने के लिए फंसाने का एक तरीका है। शरीफ ने सरकार की इस मांग को अदालत में चुनौती दी थी। लाहौर उच्च न्यायालय ने इमरान खान सरकार की बांड जमा करने की शर्त को दरकिनार करते हुए शरीफ को इलाज के वास्ते चार सप्ताह के लिये विदेश जाने की अनुमति दी थी।
 

Ads

R.O.NO. 13784/149 Advertisement Carousel

MP info RSS Feed

फेसबुक