Google Analytics —— Meta Pixel
दुनिया

दुनिया (3537)

रीलंका में आज घोषित हुए राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों में राजपक्षे ने जीत हासिल की है। मोदी ने ट्वीट किया कि राष्ट्रपति चुनावों में जीत के लिये आपको बधाई गोटबाया।
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को श्रीलंका के राष्ट्रपति पद के चुनाव में जीत दर्ज करने के लिये गोटबाया राजपक्षे को बधाई दी और कहा कि वह दोनों राष्ट्रों के बीच रिश्तों के और गहरे होने की उम्मीद करते हैं।
श्रीलंका में आज घोषित हुए राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों में राजपक्षे ने जीत हासिल की है। मोदी ने ट्वीट किया कि राष्ट्रपति चुनावों में जीत के लिये आपको बधाई गोटबाया। मैं, हमारे दोनों देशों और नागरिकों के बीच घनिष्ठ तथा भाइचारे वाले संबंधों को और अधिक मजबूत करने, शांति, समृद्धि और क्षेत्र में सुरक्षा के लिये आपके साथ मिलकर काम करने की आशा करता हूं।

ब्रासीलिया । रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि रूस की भारत को सतह से हवा में मार करने वाली एस-400 प्रक्षेपास्त्र प्रणाली की आपूर्ति तय कार्यक्रम के मुताबिक करने की योजना है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब इस सौदे को लेकर अमेरिका की तरफ से चेतावनी दी जा रही है। भारत ने 2015 में सतह से हवा में मार करने वाली प्रक्षेपास्त्र प्रणाली एस-400 'ट्रिम्फ' को हासिल करने की इच्छा जाहिर की थी। राष्ट्रपति पुतिन के पिछले साल हुए भारत दौरे के दौरान 5.43 अरब अमेरिकी डालर के इस करार पर दस्तखत किए गए थे। ब्राजील की राजधानी में संपन्न हुए ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के इतर संवाददाताओं से बात करते हुए गुरुवार को उन्होंने कहा, जब एस-400 की आपूर्ति की बात आती है तो सब कुछ तय योजना के मुताबिक होगा।
पुतिन ने कहा, भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसी भी चीज में तेजी लाने को नहीं कहा, क्योंकि सबकुछ ठीक चल रहा है। रूस के साथ 'एस-400' सौदे का अमेरिका विरोध कर रहा है और ट्रंप प्रशासन ने धमकी दी है थी कि वह रूस से हथियार और सैन्य सामग्री हासिल करने वाले राष्ट्रों पर पाबंदी लगाएगा। अमेरिका के वरिष्ठ अधिकारियों ने भारत को चेताया था कि अमेरिका के विरोधियों से निपटने के कानून (सीएएटीएसए) के तहत एस-400 सौदे को लेकर उस पर प्रतिबंध लग सकता है। यह कानून रूस, ईरान और उत्तर कोरिया से रक्षा खरीद पर रोक लगाता है। भारत ने हालांकि अमेरिका को बता दिया था कि रूसी' एस-400 वायु रक्षा प्रक्षेपास्त्र प्रणाली की खरीद को रद्द करने का उसका कोई इरादा नहीं है।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने जून में अपने अमेरिकी समकक्ष माइक पोम्पियो को दिल्ली में बताया था कि दूसरे देशों से लेनदेन करते समय भारत अपने राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखेगा। एस-400 लंबी दूरी की अत्याधुनिक वायु रक्षा प्रक्षेपास्त्र प्रणाली है जिसे 2007 से रूस की सेना इस्तेमाल कर रही है। एस-400, 400 किलोमीटर की दूरी और 30 किलोमीटर की ऊंचाई तक लक्ष्य पर निशाना साध सकती है। अधिकारी ने कहा, अनुबंध के क्रियान्वयन की शर्तें सबको पता हैं। सन 2023 तक हर हाल में इस प्रणाली की भारत को आपूर्ति की जानी है।

तेहरान । ईरान में पेट्रोल कीमतों में वृद्धि के बाद उसके विभिन्न शहरों में लोग प्रदर्शन करते हुए सड़कों पर उतर आए हैं। एक दिन पहले पेट्रोल की राशनिंग और इसकी कीमतों में वृद्धि की घोषणा की गई है। इसके बाद मध्य ईरान के सिरजन में शुक्रवार रात से प्रदर्शन हिंसक हो गया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने ईंधन भंडार गृह पर हमला बोल दिया और आग लगाने की कोशिश की।
पुलिस के हस्तक्षेप के बाद प्रदर्शनकारियों को काबू में किया जा सका। कई अन्य शहरों मश्शद, बिरजंद, अहवाज, गचसारन, अबादन, खोरामशहर, महशहर, शिराज और बंदर अब्बास में भी प्रदर्शन किए गए। ईरान ने शुक्रवार को पेट्रोल की राशनिंग शुरू करने और इसकी कीमत में 50 प्रतिशत वृद्धि की घोषणा की है। ईरान ने कहा यह कदम नकदी की जरूरत को पूरा करने के लिए उठाया गया है। देश के योजना एवं बजट संगठन प्रमुख मोहम्मद बाघर नोबख्त ने कहा इस उपाय से 3,00,000 रियाल या 2.55 अरब डॉलर सालाना का राजस्व मिलेगा।

लॉस एंजलिस । महाभियोग के आरोपों से घिरे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को शुक्रवार को एक और बड़ा झटका लगा जब एक कोर्ट ने उनके सबसे लंबे समय तक सलाहकार रहे रोजर स्टोन को संसद की इंटेलीजेंस कमेटी के सामने झूठ बोलने, जांच में बाधा डालने और सुबूतों से छेड़छाड़ के मामले में दोषी करार दिया है। स्टोन को अगले साल छह फरवरी को सजा सुनाई जाएगी। उन्हें कई साल कैद की सजा हो सकती है। सात महिला और तीन पुरुष जजों की पीठ ने अमेरिका के 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में रूसी हस्तक्षेप की जांच करने वाले विशेष अभियोजक रॉबर्ट मुलर की जांच बाद लंबित मामले में यह फैसला दिया है। यह सिर्फ 67 वर्षीय स्टोन के लिए झटका भर नहीं है, बल्कि एक प्रत्याशी के रूप में ट्रंप की भूमिका को भी दोबारा जांच के दायरे में ला दिया है। ट्रंप ने फैसले की निंदा की है। फ‍िलहाल, स्‍टोन सात आरोपों का सामना कर रहे हैं जिनमें उन्‍हें 50 साल तक की कैद हो सकती है।
बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में रूसी हस्तक्षेप से जुड़े मामलों की जांच से जुड़े इस मामले में स्टोन को इस साल जनवरी में गिरफ्तार किया गया था। जांच रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप के चुनाव प्रचार सहयोगी रहे स्टोन को साल 2016 की गर्मियों में ही पता चल गया था कि ट्रंप के खिलाफ राष्ट्रपति चुनाव लड़ रही हिलेरी क्लिंटन के प्रचार अभियान से ई-मेल चुराए गए थे। यही नहीं स्टोन पर अमेरिकी कांग्रेस के निचले सदन प्रतिनिधि सभा की खुफिया समिति के सामने कथित गलतबयानी के आरोप भी थे। उधर, अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के महाभियोग की प्रक्रिया शुक्रवार को भी जारी रही। प्रतिनिधि सभा में दूसरी बार कैमरे के सामने हुई सुनवाई में यूक्रेन में अमेरिका की पूर्व राजदूत मैरी योवानोविच पेश हुईं। उन्हें ट्रंप के वकील रूडी गुलियानी के साथ मतभेदों के चलते मई में हटा दिया गया था। गुलियानी यूक्रेन में पूर्व राष्ट्रपति जो बिडेन के खिलाफ जांच शुरू कराने में सहयोग न करने के चलते मैरी से नाराज हो गए थे। यह जांच राष्ट्रपति ट्रंप को फायदा पहुंचा सकती थी।

सैंटियागो. बोलीविया के कोचाबांबा में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच झड़प में मरने वालों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। इस दौरान कई लोग जख्मी भी हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय के प्रमुख मिशेल बाशेलेट ने शनिवार को बोलीविया संकट पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि अगर अधिकारी इस संकट को संवेदनशील तरीके से और अंतर्राष्ट्रीय मानदंडों के अनुसार नहीं सुलझाते हैं तो स्थिति नियंत्रण से बाहर हो सकती है।
सुरक्षाबलों ने पूर्व राष्ट्रपति इवो मोरालेस के इस्तीफे के बाद खुद को अंतरिम राष्ट्रपति घोषित करने वाली जीनिन अनेज के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर आंसू गैस के गोले दागे और उन्हें हिरासत में ले लिया।
‘पैजिना 7’ अखबार ने शुक्रवार को बताया था कि प्रदर्शनकारियों की मौत गोली लगने के कारण हुई। हालांकि, पुलिस ने कहा कि उसने प्रदर्शनकारियों पर गोलियां नहीं चलाई, बल्कि उन्हें खदेड़ने के लिए केवल रसायनों पदार्थों का इस्तेमाल किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर गोलियां चलाने के लिए सेना को जिम्मेदार ठहराया है।
इस्तीफे के बाद राष्ट्रपति मोरालेस ने मैक्सिको में शरण ली
बोलीविया में चल रहे विरोध-प्रदर्शन के बीच मोरालेस और उपराष्ट्रपति अलवारो गार्सिया लिनेरा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वे मैक्सिको में शरण लिए हुए हैं। राष्ट्रपति चुनाव में मोरालेस दूसरी बार विजयी रहे। इसके चलते 20 अक्टूबर से वहां विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। बोलीविया की विपक्षी पार्टी ने चुनाव नतीजों में धांधली का आरोप लगाते हुए इसे मानने से इनकार कर दिया था।
वेनेजुएला के राजनयिकों को देश छोड़ने का आदेश
इस बीच, बोलीविया ने वेनेजुएला के राजनयिकों को देश छोड़ने का आदेश दिया है। बोलीविया के नव नियुक्त विदेश मंत्री करेन लॉन्गरिक ने देर शुक्रवार को इसकी घोषणा की। कैम्बियो अखबार के अनुसार, लॉन्गरिक ने कहा, “बोलीविया के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने के कारण उन्होंने वेनेजुएला के राजनयिकों को देश छोड़ने के लिए एक निश्चित समय सीमा निर्धारित की है।

लाहौर: पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद हफीज (Mohammad Hafeez) ने कहा है कि वे राष्ट्रीय टीम में मजबूरी में उन खिलाड़ियों के साथ खेले थे जो गलत काम कर रहे थे. हफीज ने अपने पूर्व साथी शोएब अख्तर (Shoaib Akhtars) के यूट्यूब चैनल पर कहा कि वे आवाज उठाना चाहते थे लेकिन पाकिस्तान (Pakistan) का प्रतिनिधित्व करने की चाहत में वह कुछ बोल नहीं पाए. 39 साल के मोहम्मद हफीज ने पाकिस्तान के लिए 218 वनडे मैच खेले हैं. उन्होंने इन मैचों में 6614 रन बनाए और 139 विकेट भी झटके.
मोहम्मद हफीज ने कहा, ‘वो खिलाड़ी मेरे भाइयों की तरह हैं. मैं उनके लिए दुआ भी करता था लेकिन उन्होंने जो किया उसके खिलाफ था. जब मैंने आवाज उठाई, तो मुझसे कहा गया कि वे पाकिस्तान के लिए खेलेंगे और अगर तुम्हे भी खेलना है तो फैसला कर लो कि क्या करना है. मैं इससे सदमे में था.
मोहम्मद हफीज ने कहा, ‘इसके बाद मैं घर गया. मैंने सलाह ली क्योंकि मैं पाकिस्तान के लिए अपनी सकारात्मक ऊर्जा जाया नहीं करना चाहता था. वे लोग गलत थे इसके बाद भी मैं उनके साथ खेलता रहा.’ मोहम्मद हफीज ने पाकिस्तान के लिए 55 टेस्ट और 89 टी20 मैच खेले हैं.
 ऑलराउंडर हफीज ने कहा, उन्होंने कहा, ‘मैं अभी भी कहूंगा कि यह गलत फैसला था और यह पाकिस्तान के लिए कभी भी सही नहीं होगा. इस तरह के खिलाड़ियों को वापस लाना पाकिस्तान के लिए अच्छा नहीं होगा.’ हफीज पाकिस्तान के पाकिस्तान के बेहतरीन ऑलराउंडर में से एक रहे. उन्होंने वनडे में 11 और टेस्ट क्रिकेट में 10 शतक लगाए. इसके अलावा उन्होंने वनडे में 139 और टेस्ट में 53 विकेट भी लिए.

 

सांता क्लेरिटा (अमेरिका)। सदर्न कैलिफोर्निया के एक स्कूल में एक छात्र ने गोलीबारी की जिसमें दो छात्रों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। इसके बाद हमलावर छात्र ने खुद के सिर में भी गोली मार ली। यह गोलीबारी लॉस एंजिलिस से करीब 30 मील दूर सांता क्लेरिटा के सौगस हाई स्कूल में बृहस्पतिवार को स्थानीय समयानुसार सुबह करीब साढ़े सात बजे हुई। लॉस एंजिलिस काउंटी के शेरिफ एलेक्स विलानुएवा ने बताया कि 16 वर्षीय संदिग्ध समेत छह लोगों को गोली लगी है। हमलावर का बृहस्पतिवार को जन्मदिन था। इस हमले के पीछे के कारण के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है।
गोलीबारी के एक वीडियो में हमलावर अपने सिर में गोली मारते दिखाई दे रहा है। प्राधिकारियों ने बताया कि हमलावर के पास .45 कैलिबर की पिस्तौल थी। इस गोलीबारी में मारे गए छात्रों की आयु 16 वर्ष और 14 वर्ष है। उनके नाम जारी नहीं किए गए हैं। सौगस हाई स्कूल समेत इलाके के सभी स्कूलों में लोगों के आने-जाने पर रोक लगा दी गई है। लॉस एंजिलिस काउंटी के अंडरशेरिफ टिम मुराकामी ने छात्रों के अभिभावकों से माफी मांगते हुए कहा कि जांचकर्ताओं को छात्रों से पूछताछ करनी है जिसके बाद उन्हें स्कूल से जाने दिया जाएगा।

संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियों द्वारा 2020 में किये जाने वाले विकास कार्यों में भारत ने एक करोड़ 35 लाख डॉलर का सहयोग देने का संकल्प जताया है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन के सलाहकार अंजनी कुमार ने संयुक्त राष्ट्र महासभा की विकास कार्यों के संकल्प सम्मेलन में भारत के इस पेशकश की घोषणा की। कुमार ने कहा कि भारत हमेशा से संयुक्त राष्ट्र द्वारा किए जाने वाले विकास कार्यों में सहयोग देता आया है। 2020 में किए जाने वाले विकास कार्यों में भारत एक करोड़ 35 लाख डॉलर का सहयोग देगा। कुमार ने बुधवार को बताया कि भारत फलस्तीन शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र राहत और निर्माण एजेंसी को 50 लाख अमेरिकी डॉलर और संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम के लिए 45 लाख अमेरिकी डॉलर का सहयोग करेगा।
विश्व खाद्य कार्यक्रम में 19.2 लाख अमेरिकी डालर, संयुक्त राष्ट्र बाल कोष में नौ लाख अमेरिकी डालर, संयुक्त राष्ट्र के जनसंख्या कोष में पांच लाख अमेरिकी डालर, तकनीकी सहयोग के लिए संयुक्त राष्ट्र के स्वैच्छिक कोष में दो लाख अमेरिकी डालर और संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार आयोग को एक लाख 50 हजार अमेरिकी डॉलर दिए जाएंगे।

भारत यूनिवर्सल पीरियडिक रिव्यू के कार्यान्वयन के लिए वित्तीय और तकनीकी सहायता देने वाले संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम और अपराध और नशा संबं‍‍धी संयुक्त राष्ट्र कार्यालय को एक-एक लाख अमेरिकी डॉलर का स्वैच्छिक सहयोग देगा। कुमार ने यह भी बताया कि आने वाले समय में भारत अन्य संस्थाओं के साथ भी प्रतिबद्धताएं निभाएगा।
कुमार ने कहा कि भारत शुरू से ही संयुक्त राष्ट्र में नियमित योगदान देता रहा है। भारत का मानना है कि संयुक्त राष्ट्र के पास अपनी गतिविधियों को वित्तपोषित करने के लिए उचित एवं आवश्यक संसाधन होने चाहिए। कुमार ने जोर दिया कि 2030 के विकास एजेंडा को पूरा करने के लिए स्थायी वित्त प्राप्त करना प्रमुख चुनौती है। संयुक्त राष्ट्र महासभा के विकास कार्यों के प्रतिज्ञा सम्मेलन में लगभग 16 देशों ने 51 करोड़ 60 लाख डॉलर के वित्तीय सहयोग की घोषणा की है।

ब्रासीलिया । भारत के प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिक्स बिजनेस फोरम के समापन समारोह में संबोधित करते हुए कहा कि  भारत में निवेश करने की असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने भारत को दुनिया की सबसे "खुली एवं निवेश के लिए अनुकूल" अर्थव्यवस्था बताते हुए ब्रिक्स देशों की कंपनियों और कारोबारियों से भारत में निवेश करने और वहां मौजूद "असीम" संभावनाओं तथा "अनगिनत" अवसरों का लाभ उठाने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिक्स बिजनेस फोरम के समापन समारोह में कहा कि वैश्विक आर्थिक सुस्ती के बावजूद ब्रिक्स देशों ने आर्थिक वृद्धि को गति दी है। अपने संबोधन में उन्होंने कह, " व्यापार अनुकूल सुधारों, जरूरत के अनुरूप नीतियों, राजनीतिक स्थिरता की वजह से भारत दुनिया की सबसे खुली और निवेश के लिए अनुकूल अर्थव्यवस्था है। हम 2024 तक भारत को 5,000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना चाहते हैं। बुनियादी ढांचा क्षेत्र में अकेले 1,500 अरब डॉलर के निवेश की जरूरत है। " मोदी ने भारत में "असीमित" संभावनाओं और "अनगिनत" अवसरों पर जोर देते हुए ब्रिक्स देशों के कारोबारी दिग्गजों से इनका लाभ उठाने के लिए कहा। उन्होंने कहा, "मैं ब्रिक्स देशों की इकाइयों से भारत में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने और उसे बढ़ाने का आग्रह करता हूं। "प्रधानमंत्री ने कहा, "विश्व की आर्थिक वृद्धि में ब्रिक्स देशों का हिस्सा 50 प्रतिशत है। वैश्विक सुस्ती के बावजूद , ब्रिक्स देशों ने आर्थिक वृद्धि को रफ्तार दी , करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकाला और प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के क्षेत्र में नई सफलताएं हासिल कीं। ब्रिक्स की स्थापना के 10 साल बाद अब भविष्य में हमारे प्रयासों की दिशा पर विचार करने के लिए यह फोरम एक अच्छा मंच है। "मोदी ने कहा कि बिक्स देशों की इकाइयों के बीच कारोबार को सरल बनाने से आपसी व्यापार और निवेश बढ़ेगा। 
उन्होंने कहा, "हम पांच देशों के बीच कर और सीमाशुल्क से जुड़ी प्रक्रियाएं सरल हो रही हैं। बौद्धिक संपदा अधिकार और बैंकों के बीच सहयोग से कारोबारी माहौल आसान हो रहा है। ब्रिक्स बिजनेस फोरम से मेरा अनुरोध है कि वह इस प्रकार उत्पन्न अवसरों का पूरा लाभ उठाने के लिए जरूरी कारोबारी पहलों का अध्ययन करे। "प्रधानमंत्री ने कहा, "मैं यह भी अनुरोध करना चाहूंगा कि अगले दस सालों के लिए हमारे बीच कारोबार में प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की पहचान की जाए और उनके आधार पर ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग की रूपरेखा तैयार की जाए।" मोदी ने कहा कि शिखर बैठक के दौरान ‘इनोवेशन ब्रिक्स नेटवर्क’ और ‘ब्रिक्स इंस्टीट्यूशन फॉर फ्यूचर नेटवर्क’ जैसी महत्वपूर्ण पहलों पर विचार किया जाएगा। निजी क्षेत्र से मेरा अनुरोध है कि वे मानव संसाधन पर केन्द्रित इन प्रयासों से जुड़ें। युवा उद्यमियों को इन पहलों से जोड़ना भी कारोबार और नवाचार को ताकत देगा। उन्होंने कहा, "मैं भारतीयों को बिना वीजा के ब्राजील आने देने के निर्णय के लिए ब्राजील के राष्ट्रपति को धन्यवाद देता हूं। हम पांच देशों को सामाजिक सुरक्षा समझौते पर भी विचार करना चाहिए।"

Ads

R.O.NO. 13784/149 Advertisement Carousel

MP info RSS Feed

फेसबुक