छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ (21107)

जांजगीर-चांपा। बलौदा विकासखण्ड क्षेत्र के ग्राम पंचायत बुडग़हन के अंबेडकर चौक में स्व. बुढ़ाराम राठौर की स्मृति में शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन 10 अक्टूबर को किया जाएगा। शतरंज प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रथम पुरस्कार के रूप में 7 हजार एक रुपए एवं द्वितीय पुरस्कार के रूप में 3 हजार एक रुपए प्रदान किया जाएगा। वहीं तृतीय पुरस्कार 1501, चौथा पुरस्कार एक हजार एक रुपए और पांचवा पुरस्कार 501 रुपए से सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील समिति के अध्यक्ष डीसी राठौर, उपाध्यक्ष नवल किशोर सिंह, कोषाध्यक्ष भागवत दिनकर, रोहित देवांगन, रूपराम कैवत्र्य, रविवचन रात्रे ने की है।  
-----------

प्रवर्गवार आरक्षण अधिसूचना का अंतिम प्रकाशन 24 नवम्बर तक
जांजगीर-चांपा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2019-20 के लिए परिसीमन एवं क्षेत्र का निर्धारण तथा आरक्षण के लिए संशोधित समय-सारणी जारी की है। जिला पंचायत कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 नवम्बर तक ग्राम पंचायत के सरपंच, वार्ड, जनपद पंचायत के अध्यक्ष, निर्वाचन क्षेत्र एवं जिला पंचायत के निर्वाचन क्षेत्रों का प्रवर्गवार आरक्षण अधिसूचना का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
विगत 28 सितंबर को परिसीमन के लिए प्रकाशित अंतिम प्रकाशन को पुन: प्रारंभिक प्रकाशन मानकर परिसीमन कार्यवाही की जाएगी। संशोधित समय-सारणी के अनुसार 5 अक्टूबर तक वर्ष 2011 की जनगणना को आधार मानकार ग्राम पंचायतों का प्रथम प्रकाशन कर दिया गया है। ग्राम पंचायत परिसीमन के लिए दावा आपत्ति अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 14 अक्टूबर निर्धारित है। प्राप्त दावा आपत्ति का निराकरण कर कलेक्टर को प्रतिवेदन 15 अक्टूबर तक प्रेषित किया जाएगा। दावा आपत्ति के बाद ग्राम पंचायतों के परिसीमन का अंतिम प्रकाशन एवं ग्राम पंचायतों का नजरी नक्शा 16 अक्टूबर तक तैयार किया जाएगा एवं संबधित कार्यालयों में इसका प्रकाशन होगा। ग्राम पंचायतों का राजपत्र में प्रकाशन के लिए 21 अक्टूबर तक प्रेषित करने को कहा गया है। सांख्यिकीय प्रतिवेदन 25 अक्टूबर तक तैयार किया जाएगा।  राजस्व जिले अनुसार जिला-जनपद पंचायतों के निर्वाचन क्षेत्र एवं ग्राम पंचायतों के वार्डो का निर्धारण का प्रारंभिक प्रकाशन 18 अक्टूबर तक होगा।  प्रारंभिक प्रकाशन पर 25 अक्टूबर तक दावा आपत्ति प्राप्त कर उसका निराकरण किया जाएगा।

एसबीआई प्रशिक्षण केंद्र्र में हो रहा आयोजन
जांजगीर-चांपा। जांजगीर के भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के स्व-रोजगार प्रशिक्षण संस्थान में दृष्टिबाधित दिव्यांगों को नि:शक्तजन अधिकार अधिनियम 2015 के तहत बाधा रहित सुविधाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से आज से पांच दिवसीय एंड्रायड एसेसिबिलिटी प्रशिक्षण प्रारंभ हुआ।
प्रशिक्षण शुभारंभ अवसर पर जांजगीर एसडीएम केएस पैकरा ने शुभकामनांए देते प्रशिक्षणार्थियों का संबोधित किया। लीड बैंक मैनेजर नीरंजन घरामी और आरसेटी के निदेशक अजय पंकज ने प्रशिक्षण एवं शासकीय ऋण योजनाओं के संबंध में जानकारी दी। शासकीय दृष्टिबाधित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जबलपुर के व्याख्याता टी शंकर कपूर ने प्रशिक्षण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। सुगम भारत सशक्त भारत अभियान के तहत दृष्टिबाधित नि:शक्तों को दिए जा रहे इस प्रशिक्षण में जांजगीर सहित बिलासपुर, कवर्धा और राजनांदगांव जिले के 35 दृष्टिबाधित दिव्यांग भाग ले रहे हैं। समाज कल्याण विभाग के सहायक संचालक भावे ने बताया कि इस प्रशिक्षण से दृष्टिबाधित दिव्यांगों में अनेक कानूनी और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता आएगी। इससे उन्हें सामाजिक जीवन में बाधा रहित सुविधाएं उपलब्ध होने में सहायता मिलेगी। उक्त प्रशिक्षण बोर्ड आफ टेक्निकल एजुकेशन दिल्ली के सुभाष वर्मा, शासकीय दृष्टिबाधित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जबलपुर के व्याख्याता टी शंकर कपूर और शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय इंदौर  के वरिष्ठ अध्यापक विनोद गढ़वाल द्वारा दिया जा रहा है। सभी प्रशिक्षाणार्थियों तथा ट्रेनर्स के लिए समाज कल्याण विभाग द्वारा भोजन एवं आवास की नि:शुल्क व्यवस्था की गई है।
---------------

जांजगीर-चांपा। जिले का एक बेटा फिर देश की सेवा में शहीद हो गया। बुधवार को उनके पार्थिव शरीर का दर्शन करने लोगों की भीड़ उमड़ी। गांव में अंतिम यात्रा निकालकर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई।
आपकों बता दें कि नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम बुढेना निवासी अजय यादव आर्मी में था। बताया जाता है वह आर्मी कैम्प मेरठ से राजस्थान के पोखरण के लिए निकला था। जवान अजय यादव मालगाड़ी के ऊपर चढ़कर छावनी और पानी मुहैया करा रहा था। इसी दौरान वह हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है जवान करंट से बुरी तरह झुलस गया। उसे तत्काल इलाज के लिए दिल्ली आर्मी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी मौत हो गई। मंगलवार की रात शहीद जवान के पार्थिव शरीर को उनके निवास लाया गया। बुधवार को बड़ी संख्या में लोगों ने अंतिम यात्रा में शामिल होकर उन्हें नम आंखों से श्रद्धा सुमन अर्पित किया।

मौके से भारी मात्रा में हथियार एवं नक्सली सामान बरामद  
जगदलपुर। दंतेवाड़ा जिले के कटेकल्याण थाना क्षेत्र में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में डीआरजी के जवानों ने एक नक्सली को मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान 8 से 10 नक्सलियों के हताहत होने की सूचना मिल रही है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर जिले के एसपी अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ पहुंच गए हैं।
बस्तर आईजी विवेकानंद सिंहा ने बताया कि डीआरजी के जवान सर्च ऑपरेशन के लिये कटेकल्याण इलाके के तुमकपाल की जंगल की ओर रवाना किए गए थे। अचानक ही जंगल में घात लगाए नक्सलियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस बल ने फौरन मोर्चा संभालते हुए गोलीबारी की। लगभग एक घंटे तक दोनों ओर से हुयी फायरिंग के बाद अंतत: नक्सलियों के हौसले पस्त हो गए और वे घने जंगल और पहाड़ी की आड़ लेकर भाग गए।
श्री सिंहा ने बताया कि घटना स्थल की सर्चिंग के दौरान एक वर्दीधारी नक्सली का शव बरामद किया गया है, जिसकी शिनाख्त की जा रही है। मुठभेड़ स्थल पर मौजूद परिस्थितिजन्य साक्ष्य, खून के धब्बे एवं घसीटे जाने के निशान से यह साबित होता है कि कम से कम 8-10 नक्सली मारे गए हैं और कई लहुलूहान हुए हैं, साथियों के शव नक्सली अपने साथ ले जाने में कामयाब रहे।
मौके से बैनर, पोस्टर, दवाईयां, गोला-बारूद, डेटोनेटर, बिजली के तार, बैटरी, पि_ïू, दैनिक उपयोग की सामग्रियां तथा नक्सली साहित्य का जखीरा बरामद किया गया है।
सुधीर जैन
००

कोतवाली के सामने से चुरा ले गए रथ
जगदलपुर। बस्तर दशहरा के प्रमुख रस्मों में से एक भीतर रैनी रस्म मंगलवार की देर रात पूरी हो गई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रथ को दंतेश्वरी मंदिर के पास से चुराकर कु हड़ाकोट पहुंचा दिया गया। भीतर रैनी रस्म में शामिल होने के लिए गांव-गांव से लोग यहां पहुंचे। ऐसी मान्यता है कि राजा ने किलेपाल के लोगों को नवखानी पर्व में शामिल होने का निमंत्रण नहीं दिया था। इसी के चलते वे राजा के रथ को कुम्हड़ाकोट ले जाकर छिपा दिया था। इसके बाद दूसरे दिन राजा ने कुम्हड़ाकोट जाकर वहां नवाखानी की रस्में पूरी की और फिर रथ को वापस लाया था।
देर शाम से ही बड़ी संख्या में लोग दंतेश्वरी मंदिर के सामने जमा होना शुरू हो गए थे। पहले नए रथ को मंदिर के पास से गोलबाजार और फिर यहां से मिताली चौक होते हुए वापस दंतेश्वरी मंदिर के पास ले जाया गया। इसे देखने के लिए बस्तर संभाग के दूर-दूर से आए लोगों के साथ ही स्थानीय लोग भी बड़ी सं या में जुटे रहे। इसके बाद परंपरा अनुसार यहां माडिय़ा जनजाति के लोग इसे चुराकर कुम्हड़ाकोट ले गए। भीतर रैनी पर्व में शामिल होने के लिए इलाके के हजारों लोग पहुंचे थे।
बस्तर दशहरा में लोगों को उनकी कार्यक्षमता के अनुसार कार्य बांटे गए है। इसके लिए अलावा अलग-अलग परघना के लोगों को भी अलग-अलग जि मेदारी दी गई है। भीतर रैनी रस्म में किलेपाल परगना के लोगों की ही महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इसके अलावा विशाल रथ को बनाने में भी किसी आधुनिक तकनीक का उपयोग नहीं किया जाता है। इलाके के लोग अपने पारंपारिक औजारों के जरिए ही इसका निर्माण करते हैं। लकड़ी लाने से लेकर सारे काम पुराने तौर तरीके से ही किया जाता है।
किलेपाल परगना के 34 गांवों में खासा उत्साह है। दशहरा पर्व पर चलने वाले 8 चक्का वाले विशाल काष्ठ के रथ को खींचने का एकाधिकार केवल किलेपाल के माडिय़ा जनजाति के लोगों को ही है। हर गांव से परिवार के एक सदस्य को रथ खींचने जगदलपुर आना ही पड़ता है। इसकी अवहेलना करने पर परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए जुर्माना लगाया जाता है।
बस्तर दशहरा में किलेपाल परगना से दो से ढाई हजार ग्रामीण रथ खींचने पहुंचते हैं, इसके लिए पहले घर-घर से चावल नकदी तथा रथ खींचने के लिए सियाड़ी के पेड़ से बनी रस्सी एकत्र की जाती थी। पूरे दशहरा पर्व में सामाजिक और आर्थिक समरसता देखने को मिलती है। दशहरा पर्व की शुरूआत से लेकर इसके अंत तक इसमें बस्तर के हर जाति के लोग शामिल होते हैं। सभी लोगों को सहभागिता पर्व में हो इसके लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं हंै।
सुधीर जैन
००

रायपुर.  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास पर आयोजित जनचौपाल भेंट मुलाकात में बलौदा बाजार जिले के लवन से आए नागरिकों के आग्रह पर लवन उप तहसील को पूर्ण तहसील का दर्ज देने की घोषणा की।  नागरिकों ने मुख्यमंत्री को बताया कि उप तहसील में 70 ग्राम पंचायतें हैं। अकसर नागरिकों को तहसील के कार्य से बलौदाबाजार जाना पड़ता है, लवन क्षेत्र के कई गांवों से काफी अधिक दूरी होने से ग्रामीणों को असुविधा होती है। लवन में तहसील कार्यालय खुलने से काफी आसानी होगी। लवन में कार्यालय के लिये लगभग 40 एकड़ शासकीय जमीन उपलब्ध है।
    मुख्यमंत्री ने नागरिकों की बातें सहानुभूतिपूर्वक सुनीं और लवन को पूर्ण तहसील का दर्जा देने की घोषणा की। नागरिकों ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। लवन से आए प्रतिनिधिमंडल में लवन की सरपंच श्रीमती शकुंतला साहू सहित सर्वश्री अनुराग पाण्डेय, देवीलाल बरवे, प्रताप डहरिया, मनुराम बाजरे सहित अनेक नागरिक शामिल थे।

रायपुर. मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज यहां निवास में आयोजित जनचौपाल भेंट-मुलाकात में बड़ी संख्या में जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की। मुख्यमंत्री ने कवर्धा जिले के रेवाबनपारा निवासी श्री भद्दू राम साहू को 5 हजार रूपए रायपुर तरूण नगर निवासी दिव्यांग श्री विनोद रजक को 5 हजार रूपए रायपुर संजय नगर निवासी रेणु शर्मा को 10 हजार रूपए असद खान को शिक्षा के लिए 5 हजार रूपए मौहदापारा निवासी श्रीमती माला बाई को 5 हजार रूपए श्रीमती शबनम बानो को 5 हजार रूपए श्रीमती रिजबाना बेगम को 5 हजार रूपए और राजनांदगांव के शंकरपुर निवासी श्रीमती प्रीति शर्मा को 5 हजार रूपए गिर्रा पलारी के बलाराम फेकर को 5 हजार रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है।
      इसी तरह जनचौपाल में मुख्यमंत्री ने बलौदाबाजार भाटापारा के श्री कामता यादव को 5 हजार रूपए रायपुर मौहदापारा की श्रीमती जहगीरा बेगम को 5 हजार रूपए मोहम्मद वकील को 5 हजार रूपए बसना दरूगपाली के श्री जगबन्धू को 5 हजार रूपए मठपुरैना निवासी श्रीमती सरस्वती साहू को 5 हजार रूपए महासमुन्द अमावश के श्री राजकुमार जोशी को 5 हजार रूपए अभनपुर खोला के श्री केवलचंद को 5 हजार रूपए रायगढ़ के श्री सरोज सिंह को 10 हजार रूपए और टाटीबंध बस्ती के श्री निरजंन पठारी को 5 हजार रूपए की आर्थिक सहायता राशि की स्वीकृति प्रदान की है।

रायपुर. कंपनी सामाजिक दायित्व (सीएसआर) निर्वहन में उत्कृष्ट कार्यों के लिए जेएसपीएल फाउंडेशन की सह-अध्यक्ष श्रीमती शालू जिन्दल को अमेरिका में स्थापित संस्था ‘लाइव वीक’ की ओर से महात्मा गांधी जयंती के 150 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में महात्मा अवार्ड से सम्मानित किया गया है।

गांधी जयंती के उपलक्ष्य में गुरुग्राम के एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में श्रीमती शालू जिन्दल को यह अवार्ड पद्म भूषण सम्मान प्राप्त समाजसेवी राजश्री बिरला ने प्रदान किया। श्रीमती जिन्दल लगभग 3 दशक से ग्रामीण अंचल में रहने वालों की सेवा में समर्पित हैं। उन्होंने ग्रामीणों का जीवन स्तर ऊपर उठाने एवं उनके लिए कई सामाजिक कार्यों में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। श्रीमती जिन्दल ने यह सम्मान प्राप्त होने के बाद कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे ऐसे लोगों की सेवा करने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन के प्रयासों से लगभग 20 लाख लोगों ने अपने जीवन में सुधार किया है और अपनी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य बेहतर बनाने का काम किया है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि वह मुझे और शक्ति एवं सामर्थ्य प्रदान करे।

जेएसपीएल फाउंडेशन श्री नवीन जिन्दल के नेतृत्व वाली कंपनी जिन्दल स्टील एंड पावर लिमिटेड (जेएसपीएल) की सामाजिक सेवा शाखा है, जिसने पंक्ति के आखिरी व्यक्ति के जीवन में प्रकाश लाकर कंपनी सामाजिक दायित्व का एक अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया है। 

चाम्पा- सोशल मीडिया मे मजाक का विषय भी बना हुआ है यह सड़क  बेरियर चौक स्थित केबीसी बिल्डिंग के सामने बाईपास चौराहे पर सड़क मे पाटे गए गिट्टी मुरुम की तस्वीर देखकर सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह कार्य प्रगति का है या दुर्गति का .इस सड़क पर इस तरह की गिट्टी मुरुम एक महीने मे करीब पांच छै बार डाली जा चुकी है इस गिट्टी मुरुम के कारण आसपास के दुकानदार एवं निवासी बहुत परेशान है सड़क मे जब भी गिट्टी मुरुम डाला जाता है वह पानी के कारण कीचड़ बन जाता है और जहां तेज धूप होता है तो यही मुरुम गिट्टी धुल बन कर लोगों के सांसो मे पहुंच रहा है और उनका स्वास्थ्य खराब कर रहा है यहां के रहवासी  नारकीय जीवन जीने के लिए मजबूर है इस सड़क से मंत्रीयों विधायको के साथ ही आला  अधिकारियों का हमेशा आना जाना लगा रहता है इसके बावजूद इस सड़क को बनवाने मे किसी की रुचि नहीं है 
यह बदहाल सड़क प्रशासन के अधिकारियों के लिए चारागाह साबित हो रहा है क्योंकि हर हफ्ते यहां गिट्टी मुरुम डाला जा रहा है और यह गिट्टी मुरुम फ्री मे तो आता नहीं.
 
प्रकाश स्पंज आयरन से निकलने  वाली भारी वाहन के साथ ही सैकड़ो टन वजनी अन्य वाहन भी इसी मार्ग से आते जाते है जिसके कारण सड़क मे डाले गए गिट्टी और मुरुम चकनाचूर हो जाते हैं और धूल बनकर हवा मे घुल कर उड़ रहे हैं जिससे आसपास के नागरिकों को सांस की बीमारी के साथ ही चर्म रोग जैसे समस्या से जुझना पड़ रहा है 
 
छोटी छोटी बातों पर आंदोलन छेड़ने वाले नगर के आंदोलन वीर लोग भी निकट मे होने वाले नगर पालिका चुनाव के गुड़ा भाग मे लगे हुए है और इस भयंकर समस्या से आम नागरिकों को निजात दिलाने कोई आगे आता दिखाई नहीं दे रहा है.
सड़क की यह बदहाली केवल बेरियर चौक के पास ही नहीं है बल्कि नदी के उस पार लछनपुर चौक से लेकर चांपा रेल्वे स्टेशन तक के सड़क की है .
 
 सोशल मिडिया के वाट्स एप मे एक ग्रुप भी बना हुआ है इस ग्रुप का नाम "भयानक धुर्रा बिक्कट खचवा" है जो सड़क की बदहाली को बयां करता है इस ग्रुप मे लोग नगर के सड़कों की हालात और अन्य समस्याओं पर अपना अपना विचार प्रगट करते है और मजे ले ले कर पोस्ट पढ़ते रहते हैं 
इस तरह नगर की सड़कें एक ओर विकराल बदहहाली की आंसू बहा रहा है तो दूसरी ओर यह सड़क लोगों के लिए मजाक का विषय भी बन गया है

Ads

R.O.NO. 1399/63 Advertisement Carousel

MP info RSS Feed

फेसबुक