देश

देश (9405)

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नोटबंदी को उचित ठहराने के एक दिन बाद वित्त मंत्री अरुण जेटली ने शनिवार को कहा कि नोटबंदी तथा माल एवं सेवा कर (जीएसटी) केवल राजनीतिक कदम नहीं थे, बल्कि अत्यधिक नीतिपरक कदम थे। इनसे विकास की गति बढ़ी है और प्रत्यक्ष रूप से देश के गरीब को लाभ हुआ है। नोटबंदी और जीएसटी पर पूछे गये सवालों के जवाब में जेटली ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ये नोटबंदी एवं जीएसटी केवल राजनीतिक कदम) नहीं हैं। ये अत्यधिक नीतिपरक कदम हैं।’’
 
उन्होंने आगे कहा, ‘‘इससे जब सरकार का साधन बढ़ता है तो प्रत्यक्ष रूप से देश के गरीब को उससे लाभ होता है।’’जेटली ने बताया कि नोटबंदी से आयकर रिटर्न भरने में कई गुना वृद्धि हुई है और इससे केन्द्र तथा राज्यों का राजस्व काफी बढ़ा है। उन्होंने आंकड़े देते हुए कहा, ‘‘जब मोदी जी की सरकार आई थी तो 3.8 करोड़ लोग आयकर रिटर्न भरते थे। पिछले चार साल में 6.86 (करोड़) हो गया। और शायद पांचवां वर्ष समाप्त होने तक वह 3.8 करोड़ के डबल के नजदीक होगा।’’
 
उन्होंने कहा कि यह बात छिपी हुई नहीं है कि भारत में अनेक लोग कर नहीं देते थे। उनके अघोषित पैसे को बैंकों में जमा करने के लिए नोटबंदी ने उन्हें मजबूर किया। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के देवरी, बरघाट एवं मंडला में कल तीन चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए आरोप लगाया था कि नोटबंदी भारत का सबसे बड़ा घोटाला था। इसके एक दिन बाद जेटली ने इसे अत्यधिक नीतिपरक कदम बताया है।वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नोटबंदी को उचित ठहराते हुए शुक्रवार को मध्य प्रदेश के शहडोल में एक चुनावी सभा में कहा था कि इससे दबा हुआ रुपया बैंकिंग प्रणाली में वापस लाया गया और इसका उपयोग सरकार जनहित के कार्यों में कर रही है।

 

नयी दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने कांग्रेस को निशाना बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर शनिवार को पलटवार करते हुए उन्हें नेहरू-गांधी परिवार के अलावा पार्टी के अध्यक्ष बने नेताओं का नाम गिनाते हुए पार्टी की विरासत की याद दिलाई। उन्होंने प्रधानमंत्री से कहा कि अब वह अपने कार्यकाल के दौरान हुए राफेल विमान सौदा, बेरोजगारी और किसानों की आत्महत्या पर बोलें। छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को एक चुनावी रैली में मोदी ने कांग्रेस से कहा था कि वह नेहरू-गांधी परिवार के बाहर के किसी योग्य कांग्रेसी को पांच साल के लिए पार्टी का अध्यक्ष बनाए।
 
चिदंबरम ने लगातार ट्वीट कर अध्यक्षों के नाम गिनाए और कहा कि कांग्रेस को स्वतंत्रता के बाद बाबासाहेब भीम राव आंबेडकर, लाल बहादुर शास्त्री, के. कामराज और मनमोहन सिंह जैसे सामान्य पृष्ठभूमि के नेताओं और आजादी से पहले कई अन्य हजारों नेताओं पर गर्व है। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी की याददाश्त सही करने के लिए : 1947 के बाद कांग्रेस अध्यक्षों में आचार्य कृपलानी, पट्टाभी सीतारमैया, पुरुषोत्तमदास टंडन, यू एन धेबर, संजीव रेड्डी, संजीवैया, कामराज, निजलिंगप्पा, सी सुब्रमण्यम, जगजीवन राम, शंकर दयाल शर्मा, डी के बरुआ, ब्रह्मानंद रेड्डी, पी वी नरसिम्हा राव और सीताराम केसरी हैं।’’
 

वॉशिंगटन। भारत अपनी नौसेना को मजबूत बनाने के लिए अमेरिका से 24 बहु-भूमिका वाले एमएच-60 ‘रोमियो' पनडुब्बी-रोधी हेलीकॉप्टर खरीदना चाहता है। यह सौदा करीब 2 अरब डॉलर में होने का अनुमान है। रक्षा उद्योग से जुड़े सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। भारत को एक दशक से अधिक समय से इस तरह के हंटर हेलीकॉप्टर की जरुरत है। 

सूत्रों ने पीटीआई- बताया कि अमेरिका के उप- राष्ट्रपति माइक पेंस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच सिंगापुर में हुयी बैठक के बाद हेलीकॉप्टर सौदे को कुछ महीनों में अंतिम रूप दिये जाने की उम्मीद है। सिंगापुर में एक क्षेत्रीय शिखर बैठक से इतर पेंस और मोदी के बीच यह बैठक हुई। बैठक में द्विपक्षीय रक्षा संबंधों का मुद्दा शीर्ष पर रहा। सूत्रों ने कहा कि भारत ने 24 बहु-भूमिका हेलीकॉप्टर-एमएच 60 रोमियो सीहॉक की "तत्काल आवश्यकता" को ध्यान में रखते हुये अमेरिका को अनुरोध-पत्र भेजा है।

हाल के महीनों में, भारत और अमेरिका के बीच रक्षा समझौतों में तेजी आयी है। अमेरिकी सरकार के भारत की रक्षा आवश्यकताओं के मद्देनजर अपने उच्च तकनीक सैन्य उपकरणों के दरवाजे खोल दिये हैं। सूत्रों के मुताबिक, एमएच-60 रोमियो सौदा ऑफसेट आधार पर होने की संभावना है। भारत की योजना अपनी दीर्घकालिक योजना के तहत यहीं (भारत) पर 123 हेलीकॉप्टरों के विनिर्माण की है। उद्योग सूत्रों ने कहा कि इस सौदे के साथ भारत और अमेरिका के बीच रक्षा व्यापार बढ़कर 20 अरब डॉलर से ऊपर चला जायेगा।

  • बंगाल की खाड़ी से तट की ओर 14 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ रहा था चक्रवात  
  • चक्रवात के असर से सात जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं से पेड़-खंभे उखड़े

चेन्नई. चक्रवाती तूफान गाजा गुरुवार देर रात तमिलनाडु के नागपट्टनम और वेदरन्नियम तट से टकराया। मौसम विभाग ने रात 3.15 बजे जारी बुलेटिन में कहा कि गाजा के असर से कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। 120 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक, 76 हजार से ज्यादा लोगों को तटीय इलाकों से हटाकर 300 राहत शिवरों में भेजा गया।

 कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप

  1.  

    तेज हवाओं और बारिश की वजह से बिजली के खंभे और पेड़ उखड़ गए। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई है। तटीय इलाकों के घरों को भी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने मदद के लिए एनडीआरएफ की नौ टीमें प्रभावित इलाके में तैनात की हैं। गुरुवार-शुक्रवार को ऐहतियातन सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई।

     

  2. 14 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ा चक्रवात

     

    मौसम विभाग ने गुरुवार को बताया था कि चक्रवात गाजा 14 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आगे बढ़ा। तमिलनाडु, दक्षिणी आंध्र और पुड्डुचेरी तट पर ऊंची लहरें उठने की आशंका है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई।

     

  3.  

    तमिलनाडु में एनडीआरएफ की नौ और पुड्डुचेरी में दो टीमें तैनात है। इसके अलावा 31 हजार बचाव कर्मियों और एसडीआरएफ को भी स्टैंडबाई पर रखा है, ताकि आपात स्थिति में उनकी मदद ली जा सके।

     

  4. सात जिलों में तेज बारिश 

     

    मौसम विभाग के मुताबिक, तमिलनाडु के उत्तरी और दक्षिणी तटीय इलाकों में गुरुवार रात से ही तेज बारिश हो रही है। कुड्डालोर, नागापट्टनम, तिरुवरूर, थंजावुर, पुड्डुकोट्टाई, तूतिकोरिन और रामनाथपुरम में मूसलाधार भारी बारिश हो रही है।

     

  5. परीक्षाएं रद्द, स्कूल-कॉलेज बंद रखे गए

     

    अन्ना यूनिवर्सिटी ने अपनी सेमेस्टर परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। वहीं, टेक्नीकल डिप्लोमा कोर्स की परीक्षाओं की तारीख 24 नवंबर तक बढ़ाई गई है। राज्य के तंजवुर, त्रिरुवरूर, नागपट्टनम, रामनाथपुरम, पुडुकोट्टाई और पुड्डुचेरी के कराईकल जिले में स्कूल-कॉलेज बंद रखे गए।

नयी दिल्ली। सरकार देश में बेचे जा रहे स्वर्ण आभूषणों के लिए शीघ्र ही हॉलमार्क अनिवार्य करने पर विचार कर रही है। खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी। पासवान ने भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) द्वारा विश्व मानक दिवस के उपलक्ष्य में मनाये जा रहे ‘वैश्विक मानक एवं चतुर्थ औद्योगिक क्रांति’ समारोह में कहा, ‘‘बीआईएस ने तीन श्रेणियों 14 कैरट, 18 कैरट और 22 कैरट के लिए हॉलमार्क के मानक तय किये हैं। हम इसे शीघ्र ही अनिवार्य करने वाले हैं।’’
 
अभी हॉलमार्क स्वैच्छिक है। यह सोने की शुद्धता का मानक है। इसका प्रशासनिक प्राधिकरण बीआईएस के पास है जो उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के तहत आता है। पासवान ने उपभोक्ताओं के हित में मानक अपनाने की जरूरत पर जोर दिया। हालांकि उन्होंने इसके क्रियान्वयन की तिथि के बारे में जानकारी नहीं दी। मंत्री ने कहा कि चौथी औद्योगिक क्रांति स्मार्ट प्रौद्योगिकियों की होगी और बीआईएस के समक्ष यह चुनौती है कि वह मानक तय करने का काम तेज करे ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि देश इस क्षेत्र में पीछे नहीं छूटेगा। पासवान ने इस मौके पर बीआईएस की नयी वेबसाइट की शुरूआत की और स्मार्ट विनिर्माण के बारे में मानक पूर्व रिपोर्ट जारी की।
 
उपभोक्ता मामलों के केंद्रीय राज्य मंत्री सी.आर.चौधरी ने भी इस बात पर जोर दिया कि समय की जरूरत कृत्रिम बुद्धिमता जैसी नयी स्मार्ट प्रौद्योगिकियों के लिये मानक तय करने पर चर्चा करना है। बीआईएस की महानिदेशक सुरीना राजन ने कहा कि चौथी औद्योगिक क्रांति में इस्तेमाल होने वाली स्मार्ट प्रौद्योगिकियों के मानकीकरण के अध्ययन के लिए समितियां पहले ही गठित की जा चुकी हैं। इस क्रांति में मशीन भी मानवों की तरह कार्य कर रहे होंगे।

बढ़ती आतंकी गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए देश में देश में आतंकी हमले का अलर्ट कर दिया हैं। रिपोर्ट के  मुताबिक पंजाब के फिरोजपुर में जैश ए मोहम्मद के 6 से 7 आतंकवादियों के होने का खुलासा हुआ है। माना जा रहा है कि ये आतंकी इसी इलाके में हैं और दिल्ली की तरफ बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। सूत्रों की माने की तो आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद के 6-7 आतंकी राजधानी दिल्ली में हमला करने की फ़िराक़ में हैं। 

जम्मू से चार हथियार बंद लोग एक इनोवा कार छीन कर पंजाब की ओर भागे थे। इन लोगों के फ़िरोज़पुर बॉर्डर एरिया में छिपे होने का अनुमान लगाया जा रहा है। फुलहाल सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियातन फ़िरोज़पुर का पूरा बॉर्डर एरिया सील कर दिया गया है और चौकसी बड़ा दी गई है।

पंजाब पुलिस इंटेलिजेंस के इनपुट के बाद भारत-पाक सीमा पर सख्ती और सतर्क रहने का अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को पंजाब के पठानकोट के माधोपुर से चार संदिग्धों के द्वारा लूटी गई कार को भी इसी आतंकी हमले की साजिश से जोड़कर देखा जा रहा है और पूरे पंजाब में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। 

नयी दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को राफेल विमान सौदे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फिर से निशाना साधा और आरोप लगाया कि लड़ाकू विमान की खरीद के संदर्भ में फ्रांस की तरफ से कोई ‘सरकारी गारंटी’ नहीं दी गई है। गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘राफेल मामले में ताजी कड़ी सामने आई है। (सौदे को लेकर) फ्रांस की सरकार ने कोई गारंटी नहीं दी है। लेकिन हमारे प्रधानमंत्री कहते हैं कि फ्रांस की सरकार ने भरोसेमंद बने रहने के लिए एक पत्र दिया है।’’उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या यह सरकारों के बीच समझौता कहे जाने का पर्याप्त आधार है?’’इससे पहले कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भी बैंक गारंटी/ सरकारी गारंटी के मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। सुरजेवाला ने दावा किया, 'प्रधानमंत्री ने बैंक गारंटी को माफ कर दिया जो देश की सुरक्षा से खिलवाड़ है। जबकि कानून मंत्रालय ने राय दी थी कि बैंक गारंटी फ्रांस की सरकार से ली जाए।"
 
उन्होंने कहा, 'सात मार्च 2016 को तत्कालीन रक्षा मंत्री ने कानून मंत्रालय की राय से अलग राय रखने से इनकार कर दिया। एयर अक्वेजिशन विंग ने साफ कहा कि बैंक गारंटी के बगैर सौदा नहीं हो सकता। लेकिन मोदी जी कहते हैं कि बैंक गारंटी की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कानून मंत्रालय, एयर अक्वेजिशन विंग और अपने रक्षा मंत्री की राय को खारिज कर दिया।' उन्होंने सवाल किया कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय हित से समझौता क्यों किया?। कांग्रेस एवं राहुल गांधी के ताजा आरोपों पर सरकार या भाजपा की तरफ से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

अमेरिका ने भारत पर रूस से एस-400 ट्रायम्फ मिसाइल खरीदने को लेकर कुछ राहत दे ही है। इसके बाद अमेरिकी प्रशासन से अपने रिश्तों को नियंत्रित करने के लिए भारत ने अमेरिका के साथ एक मेगा सुरक्षा सौदा करने के लिए औपचारिक कदम आगे बढ़ा दिए हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक गुरुवार को एनडीए सरकार ने अमेरिकी सरकार को एक पत्र लिखा है जिसमें 13,400 करोड़ रुपये कीमत के 24 एमएच-60 रोमियो हेलीकॉप्टर का सौदा करने की बात कही गई है। ये हेलीकॉप्टर कई भूमिकाओं में काम कर सकते हैं। साथ ही ये तारपीडो और मिसाइल सिस्टम से भी लैस हैं। ऐसा माना जा रहा है कि ये सौदा भारतीय नौसेना को और मजबूत कर सकता है। 

 

2020-2024 तक यह हेलिकॉप्टर भारत को मिल सकते हैं जो भारतीय नौसेना को मजबूत बनाने का कार्य करेंगे। यह फैसला ऐसे समय पर लिया गया है जब चीन के परमाणु और डीजल-इलेक्ट्रिक सबमरीन प्रशांत महासागर के क्षेत्र में नियमित अंतराल पर नजर आते रहते हैं। एमएच-60 चॉपर की यह डील सरकार से सरकार के बीच होगी। इनका निर्माण सिरलोस्की-लॉकहीड मार्टिन कंपनी अमेरिका के सैन्य बिक्री कार्यक्रम के अंतर्गत करती है। माना जा रहा है कि इस साल के अंत तक इस सौदे पर हस्ताक्षर हो जाएंगे। 2007 से भारत ने अमेरिका से होने वाले सैन्य रक्षा सौदे को 17 बिलियन डॉलर तक बढ़ा दिया है।

ग्लोबल टेंडर प्रक्रिया के बजाए फ्लेक्सिबल मैनुफैक्चरिंग सिस्टम (एफएमएस) को आसान और साफ-सुथरा माना जाता है। टेंडर प्रक्रिया में काफी समय लगता है और कई बार यह सौदा भ्रष्टाचार के आरोप लगने की वजह से पटरी से उतर जाता है। भारत ने अपने ज्यादातर हथियार सिस्टम अमेरिका से खरीदे हैं। जिसमें एफएमएस कार्यक्रम के तहत सी-17 ग्लोबमास्टर-3 स्ट्रैटिजिक एयरलिफ्टर्स, सी-130 जे सुपर हरक्युलिस विमान और एम-777 अल्ट्रालाइट होवित्जर शामिल हैं। हेलिकॉप्टर अधिग्रहण करने का यह कार्य लगभग एक दशक से लंबित था। 

हेलिकॉप्टर को खरीदने के लिए भारत सरकार ने अमेरिकी प्रशासन को 13,500 करोड़ रुपये का 'लेटर ऑफ रिक्वेस्ट' भेज दिया है। यदि पिछले एक दशक का आकलन किया जाए तो बीते 3-4 सालों में अमेरिका भारत को रूस से ज्यादा सैन्य उपकरणों की आपूर्ति कर रहा है। भारत इन लड़ाकू हेलिकॉप्टर की डील को जल्द से जल्द करना चाहता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या की साजिश रचने वाले कुछ माओवादियों के खिलाफ पुणे पुलिस ने बृहस्पतिवार को चार्जशीट दाखिल कर दी। आरोपपत्र के मुताबिक माओवादियों ने मोदी की हत्या के अलावा देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने के लिए हथियारों की खरीद की भी साजिश रच रहे थे।

 पुलिस ने चार्जशीट में यह भी दावा किया कि पुणे में पिछले साल दिसंबर में यलगार परिषद सम्मेलन का आयोजन और दलितों के ध्रुवीकरण व उन्हें भड़काने की कोशिश इसी रणनीति का हिस्सा थे। चार्जशीट में कहा गया है कि माओवाद समर्थित सम्मेलन ने 1 जनवरी को भीमा कोरेगांव में हिंसा को बढ़ावा दिया था। 5000 पन्ने से ज्यादा की चार्जशीट में सुरेंद्र गाडलिंग, महेश राउत, शोमा सेन, रोना विल्सन और सुधीर धावले सहित 10 लोगों के नाम हैं। पांच लोगों को 6 जून को गिरफ्तार किया गया था। 


माना जाता है कि इन पांच नामों के अलावा अन्य माओवादी नेता दीपक उफ मिलिंद तेलतुंबाडे, किशन दा उफ प्रशांत बोस, प्रकाश उर्फ रितुपर्णा गोस्वामी, दीपू और मंगलू भूमिगत हैं। चार्जशीट में कहा गया है कि रोना विल्सन और भगोड़ा किशन दा ने प्रधानमंत्री की हत्या की साजिश रची थी।

नयी दिल्ली। भाजपा ने मंगलवार को आरोप लगाया कि दसॉल्ट एविएशन के सीईओ एरिक ट्रैपियर के राफेल सौदे पर किये गये दावों ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के झूठ को उजागर कर दिया है जिनका व्यवहार भारत की सुरक्षा जरूरतों के प्रति गैर-जिम्मेदाराना होता जा रहा है। केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि ट्रैपियर के साक्षात्कार ने कंपनी की ऑफसेट प्रतिबद्धताओं के बारे में फैल रहे झूठ को उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि सीईओ ने साफ कर दिया है कि अनिल अंबानी की रिलायंस और 30 अन्य कंपनियों के साथ इस तरह की प्रतिबद्धता केवल दसॉल्ट की होगी और भारत सरकार की इसमें कोई भूमिका नहीं है। गांधी राफेल सौदे में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते आ रहे हैं और उन्होंने दावा किया है कि अंबानी को लाभ पहुंचाने के लिए हेराफेरी की गयी। सरकार और रिलायंस इन आरोपों को खारिज कर चुके हैं। प्रसाद ने कहा, ‘‘साक्षात्कार ने कांग्रेस और उसके अध्यक्ष के सारे झूठ का पर्दाफाश कर दिया है।’’
 
उन्होंने कहा कि राफेल लड़ाकू विमान को भारतीय वायुसेना की सुरक्षा जरूरतों में सहयोग के लिए शामिल किया गया है। उन्होंने गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में उनका व्यवहार देश की सुरक्षा जरूरतों के हिसाब से गैर-जिम्मेदाराना और लापरवाही वाला होता जा रहा है। हैरानी की बात नहीं है कि राहुल गांधी और पाकिस्तान में उनके दोस्तों की भाषा एक जैसी है।’’ भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने जबलपुर में संवाददाताओं से कहा कि राहुल गांधी का झूठ एक और बार पकड़ा गया है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘झूठ, कपट और षड्यंत्र की राहुल गांधी की राजनीति एक बार फिर सामने आ गयी है। वह इस हद तक बेशर्म हो गये हैं जिसकी कल्पना नहीं की जा सकती।’’ ट्रैपियर ने एक मीडिया इंटरव्यू में सौदे का बचाव करते हुए दावा किया था कि 58 हजार करोड़ रुपये के सौदे में कोई गड़बड़ी नहीं की गयी और यह साफ-सुथरा करार है। उन्होंने दावा किया कि उनकी कंपनी ने ऑफसेट साझेदार के रूप में रिलायंस को चुना।कांग्रेस ने ट्रैपियर के दावों को खारिज करते हुए उन्हें ‘सोचा-समझा झूठ’ करार दिया।

Ads

R.O.NO. 13895/62 Advertisement Carousel

MP info RSS Feed

फेसबुक