छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ (21107)

रायपुर . स्कूल शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देशय से एलेट्स टेक्नोमीडिया के साथ डिजिटल लर्निंग पत्रिका 13वें स्कूल लीडरशिप समिट का आयोजन 27 सितम्बर 2019, को रायपुर छत्तीसगढ़ में ओपी जिंदल विश्वविद्यालय, रायगढ़ द्वारा संचालित किया जा रहा है। जिसे हाल ही में भारत के उभरते हुए विश्वविद्यालय और भारत के सबसे भरोसेमंद तकनीकी विश्वविद्यालय के रूप में मान्यता दी गई है। सम्मेलन का उद्घाटन माननीय उमेश नंदकुमार पटेल, उच्च शिक्षा मंत्री, छत्तीसगढ़ सरकार मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। प्रमोद दुबे, महापौर, रायपुर नगर निगम और शिव अनंत तायल (आईएएस) आयुक्त, रायपुर नगर निगम, श्री प्रवीण पुरंग, कुलाधिपति, ओपी जिंदल विश्वविद्यालय, रायगढ़, डॉ आर.डी. पाटीदार, कुलपति, ओपी जिंदल विश्वविद्यालय, रायगढ़ और डॉ बी के स्थापक, पूर्व-कुलाधिपति, ओपी जिंदल विश्वविद्यालय, रायगढ़, डॉ संजीव पी साहनी, जिंदल इंस्टीट्यूट ऑफ बिहेवियरल साइंसेज, जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी, सोनीपत, हरियाणा, जैसे प्रतिष्ठित व्यक्तित्व भी इस सम्मेलन का हिस्सा होंगे। इस सम्मेलन में शिक्षा क्षेत्र में सबसे अधिक चर्चित विषयो में से एक को सम्बोधित किया जाएगा। 

        ड्राफ्ट न्यू एजुकेशन पालिसी, एजुकेशनल अर्टिफिशल इंटेलिजेंस एंड बिग डाटा इन एजुकेशनल का अभूतपूर्ण विकास, एडुटेक समाधान प्रदाता डिजिटल शिक्षा को सरल बनाने, स्कूली शिक्षा में पुन: परिभाषित मूल्यांकन और भी बहुत से विषयो को सम्बोधित किया जाएगा। प्रदर्शनी में पारिस्तिथिकी तंत्र में नवीनतम और अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी का प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसके अलावा  इस सम्मेलन में - टीचर्स ग्लोरी अवार्ड्स का भी आयोजन किया जाएगा, जो शिक्षको को शिक्षा क्षेत्र में उनकी ताकत और जूनून का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित करेगा। इसके बाद एक वैधानिक सत्र होगा, जहाँ विभिन्न विद्यालयों के प्रतिष्ठित गणमान्य व्यक्तियों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित करेंगे। पिछले 12 संस्करणों में एलेट्स खुद के लिए एक जगह बनाने में सफल रहा है। स्कूल लीडरशिप समिट ने विभिन्न शिक्षा हितधारकों को तकनिकी हस्तक्षेपों द्वारा सशक्त बेहतरीन प्रथाओं पर विचार विमर्श करने के लिए एकत्रित किया गया है।              
        ओपी जिंदल विश्वविद्यालय के उप - कुलपति डॉ आर डी पाटीदार ने इस सम्मेलन के सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी तथा सम्मेलन को भव्य रूप से सफल बनाने हेतु ओपी जिंदल विश्वविद्यालय का पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया । 
 

दुर्ग। अविश एडुकॉम ड्रीम जोन की स्टूडेन्ट हिमांशी छेत्री ने कैनवास पेन्टिंग वर्कशॉप का आयोजन किया। डिजाइनिंग के स्टूडेन्ट्स ने इसमें बड़ी संख्या में भागीदारी दी तथा अपनी कल्पना के रंग और आकार को कैनवास पर उतारा। टी शीला, दीपाली हिरावत एवं भरत केशवानी ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार पर कब्जा किया।
हिमांशी ने बताया कि कला वह नहीं है जो आप देख पाते हैं। कला के माध्यम से कलाकार आपको वह दिखाता है जो वह दिखाना चाहता है। विभिन्न आकृतियों, आकारों एवं रंग संयोजन से कभी कभी वह एक ऐसा सृजन करता है जो आपको किसी और ही दुनिया में पहुंचा देता है। फैशन डिजाइनिंग हो या इंटीरियर डिजाइनिंग आपकी कल्पनाशीलता और लोगों के भावों को पकड़ने की आपकी क्षमता ही आपको सफल बनाती है।
अविश एडुकॉम के संचालक नीलेश पारख ने बताया कि यह रंगों का एक अद्भुत संसार है जो मूड ठीक कर सकता है। इसके साथ अनन्त प्रयोग किये जा सकते हैं। डिजाइन स्टूडेन्ट्स का इसी संसार से परिचय कराने के लिए प्रत्येक शनिवार को उन्हें इस तरह के एक्टिविटी में शामिल किया जाता है।

चांपा। आज के दौर मे बेटियों की सुरक्षा करने के साथ ही उन्हें निर्भीक बनाना बहुत जरुरी है ताकि वे भी समाज मे स्वाभिमान के साथ रह सके। उक्त बातें बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की सहसंयोजिका संगीता पाण्डेय ने अपने कार्यालय के दो वर्ष पुरा करने के अवसर पर एक छोटे से कार्यक्रम मे कही। इस अवसर पर पूर्व पार्षद गणेश श्रीवास आराधना श्रीवास बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के संयोजक  अनंत थवाईत तथा कविता थवाईत ने संगीता पाण्डेय को पान का पौधा लगा गमला भेंट करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
संगीता पाण्डेय के दो वर्ष के कार्यालय की सराहना करते हुए भाजपा नेता  कमल देवांगन, कार्तिकेश्वर स्वर्णकार ,पार्षद कृष्णा देवांगन, पूर्व पार्षद नरेन्द्र ताम्रकार, गोविंद देवांगन, राजेश थावाणी तथा महिला मोर्चा की अन्नपूर्णा सोनी एवं पूनम राय ने भी बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
उल्लेखनीय है कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के सहसंयोजक का दायित्व निभाते हुए नवरात्रि पर कन्या पूजन नगर के तीन स्कूल शा बा उच्चतर  माध्यमिक शाला , पूर्व माध्यमिक शाला मे तथा आरक्षी केन्द्र स्कूल मे शहीद सुधीर पाठक की तस्वीर लगाना,कन्या प्राप्ति पर माता पिता को सम्मानित करने के साथ ही समाजिक साहित्यिक समारोहों मे भागीदारी निभाते हुए संगीता पाण्डेय ने नगर मे अपनी विशेष पहचान बनाई है।

चांपा। चाम्पा  नगर गौ सुरक्षा जैसे ज्वलंत समस्याओं को लेकर एकदिवसीय भूख हड़ताल एवम् यज्ञरूपी  आंदोलन किया गया , प्रयास गौ सेवा द्वारा विगत 4 वर्षों से निरंतर हजारों गायो और बीमार गायों की सेवा उपचार , बिना गौशाला के दुर्घटना ग्रस्त गायों को निस्वार्थ एवम् निशुल्क सेवा प्रयास सेवा संस्थान द्वारा किया जा रहा था पर नगरीय प्रशासन व जिला प्रशासन द्वारा कोई भी कदम नहीं उठाने पर आंदोलन किया गया जिसके समर्थन में पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा  कृष्ण देवांगन , परमेश्वर स्वर्णकार और नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे , प्रयास गौ सेवा संस्थान के भूख हड़ताल करने वाले सदस्य। पवन यादव, तिलेश केवट ,योगेश देवांगन, गणेश महंत,रूपेश देवांगन,अंकित देवांगन, विक्रांत बघेल ,पुरुषोत्तम देवांगन , सुधीर सोनी,नीशू दुबे , दंकेश्वर देवांगन, मनीष देवांगन, स्पर्श देवांगन, अमन देवांगन,यश देवांगन,अमन देवांगन ,कोमल देवांगन, कोमल देवांगन,रूपनारायण साहू,हर्ष देवांगन,दीपेश पाठक, श्रृषभ कसेर, नगर पालिका सीएमओ डॉ शशि शुक्ला सुध लेने पहुंचे।

रायपुर। रायपुर जिले के नगरीय निकाय चुनाव के लिए गुरुवार को वार्डों का आरक्षण तय किया गया. इसकी शुरुआत रायपुर नगर निगम से हुई, जिसमें सबसे पहले एसटी-एसटी वर्ग के लिए आरक्षित 12 सीटों और फिर ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित 18 सीटें वहीं 40 सीटें सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित किया गया.

नगरीय निकाय के वार्डो के आरक्षण तय होने पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद सुनील सोनी ने कहा कि रायपुर नगर निगम के पार्षदों के आरक्षण तय हुआ है. आरक्षण के बाद चुनाव समिति बनेगी. इस समिति में फैसला लेंगे और रायपुर लोकसभा के अंदर नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत इन सभी पार्षदों के साथ महापौर और अध्यक्ष के चुनाव में भिड़कर काम करेंगे. हम जनता को विश्वास दिलाना चाहते है कि जो विकास के काम रुके हैं उसे फिर से चालू करवाएंगे. इस चुनाव में विकास हमारा प्रमुख मुद्दा रहेगा. सड़क बिजली पानी की समस्या का निदान पूरी ईमानदारी के साथ करेंगे.

वहीं रायपुर वार्डो के आरक्षण तय होने के बाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे ने कहा कि दिग्गज नेताओं के वार्ड में उलटफेर हुआ है. आरक्षण एक सामान्य प्रक्रिया है.लोकतंत्र के उत्सव में जो आरक्षण आज हो रहे है यह हमारे सामान्य कार्यकर्ता का चुनाव लड़ने का समय है. दिग्गजों के अनुभवों को उस वार्ड में उपयोग करते हुए वहां जो हमारे लोग जिनकी आरक्षण के व्यवस्था बनी है वो लोग चुनाव लड़ेंगे. दिग्गज लोग जिनकी व्यवस्था नहीं हो पायी है जो चुनाव नही लड़ सकेंगे वो लोग अनुभव का लाभ देंगे. संगठन और सरकार हमारा है उनकी वरिष्ठता और अनुभव का भविष्य में उपयोग किया जाएगा. अभी बैठकों का दौर चल रहा है. 70 वार्डो में एक दौर की बैठक कर ली गई है और फार्मूला तय करना पीसीसी के द्वारा निर्देशित किया जाता है.

भोपाल/रायपुर। प्याज के छिलकों की तरह मध्यप्रदेश में फूटे हनी ट्रैप मामले में हर दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं. खबरों की माने तो हनी ट्रैप के छत्तीसगढ़ कनेक्शन में कई बड़े नाम जल्द ही जांच के दायरे में आ सकते हैं. मध्यप्रदेश पुलिस से जुड़े सूत्र इस बात की तस्दीक कर रहे हैं कि मामले की जांच कर रही एसआईटी छत्तीसगढ़ के कई प्रभावशाली लोगों से पूछताछ कर सकती है.

सूत्रों के हवाले से आ रही जानकारी कहती है कि भोपाल-इंदौर से काॅल गर्ल्स लगातार छत्तीसगढ़ आती रही हैं. इस हाईप्रोफाइल रैकेट को चलाने वाली गैंग को एनजीओ के नाम पर करोड़ों रूपए के काम दिए जाते रहे हैं. उच्च पदस्थ सूत्रों के दावों की माने तो पिछली सरकार के एक मंत्री ने हाईप्रोफाइल रैकेट चलाने वाली महिला को ना केवल मोटी रकम दी, बल्कि लंदन दौरा भी उनकी डील में शामिल था, जिसका खुलासा जांच में सामने आए डायरी के पन्नों से होता है. डायरी के पन्ने लल्लूराम डाट काम के पास मौजूद है, हालांकि हम इसकी प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करते.

डायरी के पन्नों में पिछली सरकार के तीन मंत्री, दो आईएएस, एक आईपीएस  के अलावा एक वरिष्ठ पत्रकार का नाम भी शामिल हैं. इन पूर्व मंत्रियों में से एक का अक्सर मध्यप्रदेश जाना-आना लगा रहता था, लेकिन अन्य दो के नाम आने के पीछे की चर्चा यह है कि मध्यप्रदेश की राजनीति से जुड़े दोस्तों के जरिए यह हनी ट्रैप का शिकार बने. इस पन्ने में पूर्व मुख्यमंत्री के एक ओएसडी के नाम का भी जिक्र मिलता है.

इस पन्ने के सबसे ऊपर लिखा है छत्तीसगढ़ के पंछी. इसके साथ ही हनी ट्रैप में फंसी आरती दयाल, मोनिका यादव के नामों का जिक्र है, जिनसे बड़ी रकम का लेन-देन होना बताया गया है. इधर लल्लूराम डाट काम ने मध्यप्रदेश पुलिस की एसआईटी से संपर्क करने की लगातार कोशिश की है, लेकिन संपर्क नहीं हो सका है.

चार आईएफएस के नाम की भी चर्चा

उच्च पदस्थ सूत्र बताते हैं कि हनी ट्रैप मामले में चार आईएफएस अधिकारियों के नाम का भी जिक्र किया जा रहा है, जिनमें से एक बस्तर में बतौर डीएफओ तैनात रहे हैं. भोपाल-इंदोर से आने वाली काॅल गर्ल्स बस्तर भी जाती रही हैं. सरकारी गेस्ट हाउस के अलावा अधिकारियों के बंगलों में रातें हसीन होने की खबरें हैं. खबर है कि एक पूर्व मंत्री कि सिफारिश पर ही हाई प्रोफाइल रैकेट चलाने वाली गैंग की सरगना के एनजीओ को बस्तर में कई करोड़ रूपए का काम दिया गया था.

बता दें कि इंदौर के पलासिया थाने में 17 सितंबर 2019 को इंदौर नगर निगम के इंजीनियर हरभजन सिंह ने धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग की शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने भोपाल की रहने वाली आरती दयाल पर आरोप लगाया था कि उसने उनकी आपत्तिजनक वीडियो बनाई है, जिसके आधार पर वह ब्लैकमेल कर रही है. इस शिकायत के बाद पुलिस ने आऱती दयाल के साथ-साथ मोनिका यादव, श्वेता विजय जैन समेत कई लोगों की गिरफ्तारी की.

जांच में यह खुलासा हुआ था कि आरोपियों ने कई मंत्रियों, नेताओं और अफसरों को उनके वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया और मोटी रकम वसूली. इस मामले की जांच के लिए मध्यप्रदेश पुलिस ने एसआईटी का गठन किया है.

रायपुर। नान घोटाला मामले में राज्य सरकार को बड़ा झटका लगा है. न्यायालय ने आरोपी शिवशंकर भट्ट के शपथपत्र को खारिज कर दिया है. जिससे भट्ट के सरकारी गवाह बनने के प्रयासों को तगड़ा झटका लगा है. भट्ट ने धारा 164 के बयान के लिए न्यायालय में शपथ पत्र दिया था.

आपको बता दें आरोपी शिवशंकर भट्ट ने शपथ पत्र प्रस्तुत कर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, तत्कालीन खाद्य मंत्री पुन्नूलाल मोहिले, नान अध्यक्ष रहे लीलाराम भोजवानी, लेखाधिकारी चिंतामणि चंद्राकर पर नान घोटाला मामले में शामिल होने के गंभीर आरोप लगाए थे. भट्ट के शपथ पत्र सामने आने के बाद से सूबे की राजनीति गरमा गई थी. कांग्रेस ने इस मामले में भाजपा और पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह पर तीखा हमला बोल रही थी.

रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण, योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी एवं संस्कृति मंत्री तथा बालोद जिले के प्रभारी मंत्री श्री अमरजीत भगत की अध्यक्षता में बुधवार शाम जिला अस्पताल में जीवन दीप समिति की साधारण सभा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में समिति द्वारा जिला अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए जिला खनिज न्यास निधि से दो डॉक्टर, तीस स्टाफ नर्स की नियुक्ति और बीस एयर कंडीशनर की स्वीकृति दी गई। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती अनिला भेंडिया, बालोद विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा, गुण्डरदेही विधायक श्री कुंवर सिंह निषाद, कलेक्टर श्रीमती रानू साहू, पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित समिति के सदस्य इस अवसर पर मौजूद थे।

प्रभारी मंत्री श्री भगत ने जिला अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश चिकित्सकों को दिए। उन्होंने एन्टी रेबिज, एन्टी वेनम तथा अन्य दवाईयों की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में एम्बुलेंस सुविधा की भी जानकारी ली। कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने जिला अस्पताल की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में सिजेरियन ऑपरेशन निरंतर किया जा रहा है। जिला अस्पताल के अधीनस्थ मातृ शिशु अस्पताल में एस.एन.सी.यु. प्रारंभ किया गया है जिसमें पिछले माह तक 540 नवजात शिशु लाभान्वित हुए हैं। अस्पताल में डेंटल ओपीडी जांच की सुविधा उपलब्ध है जिसका ओपीडी प्रतिमाह लगभग 300 मरीजों की जांच एवं उपचार किया जाता हैै। पोषण पुनर्वास केन्द्र में दस बिस्तर है, जिसमें कुपोषित बच्चों का समुचित उपचार किया जा रहा है, जिसमें अगस्त 2019 तक 1035 बच्चे लाभान्वित हुए हैं। गर्भवती महिलाओं के लिए अलग से ए.एन.सी. क्लीनिक की सुविधा उपलब्ध है। मंत्री श्री भगत ने जिला चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली तथा अस्पताल में बिजली, पेयजल और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।   

 

राजधानी रायपुर स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के सभाकक्ष में आज गर्भधारण पूर्व और प्रसव पूर्व निदान तकनीक (पी.सी.पी.एन.डी.टी.) के राज्य सलाहकार समिति की बैठक संपन्न हुई। यह बैठक संचालक स्वास्थ्य सह राज्य समुचित प्राधिकारी गर्भधारण पूर्व और प्रसव पूर्व निदान तकनीक के निर्देशानुसार स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की अध्यक्ष डॉ. तृप्ति नागरिया की अध्यक्षता में ली गई।

    बैठक में गर्भधारण पूर्व एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक अधिनियम के तहत पंजीकरण तथा नवीनीकरण के लिए आवेदन के संबंध में विस्तार से चर्चा की। इसके तहत 6 माह प्रशिक्षण नियम 2014 के लिए प्रशिक्षण तथा सक्षमता आधारित परीक्षा विषय पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा राज्य पर्यवेक्षक मंडल की बैठक के एंजेडा के संबंध में भी चर्चा हुई। इस दौरान आगामी 11 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जिलों में विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के संबंध में आवश्यक निर्णय लिया गया। इस अवसर पर उप संचालक गर्भधारण पूर्व एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक डॉ. अल्का गुप्ता, रेडियोलॉजी के विभागाध्यक्ष डॉ. एस.बी.एस. नेताम, डॉ. संजय वर्मा, सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी श्री उत्तम सिन्हा तथा गर्भधारण पूर्व एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक के राज्य सलाहकार डॉ. वर्षा राजपूत उपस्थित थे।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री अमरजीत भगत ने छत्तीसगढ़ राईस मिलर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहा कि राईस मिलर्स राज्य सरकार के साथ-साथ प्रदेश के विकास में एक महत्वपूर्ण धुरी की तरह है। जो आम नागरिकों, किसानों और व्यापारियों के सहित समुचित विकास में सहभागी होते हैं। उक्त बाते आज राईस मिलर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कही। यह कार्यक्रम रायपुर के सिविल लाईन स्थित नवीन विश्राम भवन के सभा कक्ष मंे आयोजित थी। 
कार्यक्रम में एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा कस्टम मिलिंग, परिवहन, हमाली, संग्रहण केन्द्रों की संख्या बढ़ाने सहित विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग पर श्री भगत ने एसोसिएशन की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने अरवा राईस मिलर्स जो 2 माह से कम चावल कस्टम मिलिंग किया हो, उन्हें मार्कफेड द्वारा पुनः परीक्षण कर प्रोत्साहन राशि प्रदान करने के लिए मार्कफेड को निर्देशित करने की घोषणा की। श्री भगत ने वित्तीय वर्ष 2018-19 में राईस मिलर्स पर गुण-दोष के आधार पर ही पेनाल्टी लगायी जाने और अनुबंध अवधि बढ़ाने के लिए मार्कफेड को निर्देशित किए जाने की भी घोषणा की है।
श्री भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य के किसानों को ऋण-मुक्त करने और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए किसानों के धान को 2500 रूपए प्रति क्विंटल की मांग से खरीदा जा रहा है, साथ ही किसानों के अल्पकालीन कृषि ऋण को माफ किया गया है। परिणाम स्वरूप देश में मंदी की हालात के बावजूद भी छत्तीसगढ़ मंे इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। प्रदेश मंे चाहे वह कृषि बाजार हो, कपड़ा बाजार हो, ज्वैलरी बाजार हो या ऑटोमोबाइल क्षेत्र हो इन सभी क्षेत्रों मंे बेहतर ग्रोथ हुआ है। 
    मंत्री श्री भगत ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री बघेल और स्वयं छत्तीसगढ़ के किसानों, आमजनों और राईस मिलर्स के हित में केन्द्रीय स्तर पर विचार-विमर्श कर चुकी है। श्री भगत ने राईस मिलर्स को समय पर कस्टम मिलिंग करने, चावल जमा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सब मिलकर प्रदेश के विकास में सहभागी बने। इस मौके पर खाद्य विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, छत्तीसगढ़ राईस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री कैलाश रूंगटा सहित प्रदेशभर से आए राईस मिलर्स पदाधिकारी बैठक मंे शामिल थे।  

 

Ads

R.O.NO. 1399/63 Advertisement Carousel

MP info RSS Feed

फेसबुक