छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ (21107)

जांजगीर-चांपा। रेस्ट हाउस को कुछ अफसर अपनी बफौती समझ लेते हैं। जब अफसरों को भवन अलॉट नहीं होता है तो उन्हें रेस्ट हाउस में आश्रय दिया जाता है। रेस्ट हाउस को जनप्रतिनिधियों के लिए सुरक्षित रखा जाता है लेकिन मालखरौदा के रेस्ट हाउस में कुछ अफसर लंबे समय से जमे हुए हैं। मामले में एसडीएम ने जांच करने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार ब्लाक मुख्यालय मालखरौदा में इन दिनों अधिकारियों का कब्जा है। बताया जाता है विगत 6 माह से रेस्ट हाउस में नायब तहसीलदार अनुराग भट्ट तथा डिप्टी कलेक्टर सुमित गर्ग का कब्जा है। इन दिनों ये लोग यहां पदस्थ कर्मचारियों से खूब सेवा कराने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे है, जबकि जनप्रतिनिधि के आगमन पर उन्हें कमरा मिलना मुश्किल हो जाता है। इधर सक्ती एसडीएम सुभाष राज का कहना है कि मामले में जांच कराई जाएगी। अफसरों को यदि कमरा अलाटमेंट हो गया है और वो फिर भी रेस्ट हाउस नहीं छोड़ रहे हैं तो कार्रवाई की जाएगी।

प्रयास गौसेवा संस्थान के जांबाजों ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर दी थी चेतावनी
जांजगीर-चांपा। चांपा के प्रयास गौसेवा संस्थान के जांबाजों ने आज एक दिवसीय भूख हड़ताल करते हुए शासन-प्रशासन को जगाने का प्रयास किया। आए दिन विभिन्न सड़कों पर डेरा जमाए मवेशियों की वजह से दुर्घटनाएं बढ़ रही है। ऐसे मवेशियों को सड़क से हटाकर व्यवस्थित किए जाने की गई।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का ड्रीम प्रोजेक्ट नरवा, गरवा, घुरवा, बारी का क्रियान्वयन शहरी क्षेत्र में नहीं हो पा रहा है, जिसके चलते सड़कों पर बैठे मवेशी जहां दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं तो वहीं इन मवेशियों की वजह से लोगों की भी जान जा रही है। आपकों बता दें कि प्रयास गौसेवा संस्थान विगत 4 वर्षों से गौसेवा के क्षेत्र में कर्मठ गौ सेवकों द्वारा दुर्घटना में घायल गायो का निःशुल्क इलाज के साथ ही गौसेवा के क्षेत्र में अनेक प्रयास किया जा रहा है। जिस तरह आए दिन सड़क पर बैठे मवेशियों के दुर्घटनाग्रस्त  होने से चिंतित होकर इस संस्थान के लोगों ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर इस समस्या का हल निकालने मांग की थी, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। आज चांपा में देना बैंक के सामने भूख हड़ताल किया। इस आंदोलन को चांपा के बहुत सारे लोगों ने समर्थन दिया। उन्होंने आंदोलन के जरिए जिले सहित चांपा नगर के मुख्यमार्ग व अन्य सभी मार्गों से सभी गायों व मवेशियों को उचित स्थान पर स्थान्तरित कर उनके चारा, पानी व चिकित्सा की उचित व्यवस्था करने की मांग की।

चांपा। शहर के रंगकर्मी अनंत थवाईत ने चांपा गोलीकांड मे शहीद हुए राजकरण दुग्गड़ की स्मृति मे नुक्कड़ नाटक का मंचन किया। अनंत थवाईत ने रामबांधा तालाब के रुप मे अभिनय करते हुए तालाब की बदहाली को लोगो के सामने रखा। जब उसने रोते बिलखते तालाब की भूमिका निभाते हुए मैं दुख ल काला बतावंव, काकर मेर गोहरावंव, सब झन ले पूछत हावंव मैं बंधवा तरिया गीत गाया तो उपस्थित लोग मंत्रमुग्ध हो गए।
इस करुणा भरी गीत के बाद रामबांधा तालाब की बदहाली की शुरुआत की। एक एक घटना को लोगो के सामने संवाद के माध्यम से प्रस्तुत करते हुए नाटक मे बताया गया कि नया जिला बनने के बाद सन उन्नीस सौ निनाबे मे नगर पालिका द्वारा बस स्टेंड आवासीय परिसर और उद्यान के लिए नजूल विभाग से रामबांधा तालाब की भूमि की मांग की गई थी जिस पर अधिवक्ता घनश्याम गोपाल ने आपत्ति लगाई थी लेकिन उनकी आपत्ति को न्यायालय कलेक्टर द्वारा खारिज कर दी गई थी और रामबांधा तालाब की लगभग तेरह एकड़ भूमि नगर पालिका को दिए जाने का आदेश देते हुए शर्त भी रखा गया था कि न्यायालय के आदेश के अनुसार सभी शर्तो का पालन छह महीने मे किया जाए अन्यथा यह आदेश निरस्त माना जाए। लेकिन नगर पालिका ने उक्त आदेश का पालन ही नहीं किया और भूमि आबंटन हो जाने की बात कहते न्यायालय और नगर की जनता से विश्वासघात करते हुए नियम विरुद्ध रामबांधा तालाब की भूमि पर पक्के भवनों के साथ ही अन्य निर्माण कार्य करा दिया। नाटक मंचन के दौरान शहीद स्मारक के पास नगर पालिका अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने नागरिकों को संबोधित किया और समस्यामूलक विषय रामबांधा तालाब पर नाटक मंचन के लिए अनंत थवाईत की प्रशंसा भी की। सुभाष चौक मे राजू महंत और राधाकृष्ण मंदिर चौक में कार्तिकेश्वर स्वर्णकार ने नागरिको को संबोधित किया। नगर के पांच स्थानों मे हुए इस नाटक मंचन के दौरान कमल देवागंन, पार्षद कृष्णा देवागंन विशेष रुप से उपस्थित थे। नाटक मंचन के लिए मो. इब्राहिम मेमन, पुरुषोत्तम शर्मा, सलीम मेमन, भवानी गुप्ता, राजेश थावाणी, नरेन्द्र ताम्रकार, करण भाटिया, रोहित कुर्रे आदि ने रंगकर्मी अनंत थवाईत की सराहना की। आपकों बता दें कि रंगकर्मी अनंत थवाईत ने नगर में पच्चीस वर्ष बाद नाटक का मंचन किया है।

अव्यवस्थित नाली निर्माण पर विरोध के बाद रोक, फिर नपा ने फेर लिया मुंह
पूरा मोहल्ला मलबा और गंदगी से अट गया, चुनाव में सबक सिखाने लामबंद मोहल्लेवासी
जांजगीर-चांपा। नगरपालिका के जिम्मेदारों की लापरवाही से वार्ड नंबर 23 के लोग खून के आंसू रोने मजबूर है। बताया जाता है बीते गर्मी के मौसम में गणेश होटल के पीछे मोहल्ले में नाली का निर्माण प्रारंभ हुआ, लेकिन ठेकेदार ने सड़क से काफी उपर ऐसी नाली बना दी, जिससे सभी दंग रह गए। इसका विरोध करने के बाद नपा ने काम रूकवा दिया, लेकिन इस लापरवाही से पूरा मोहल्ला गंदगी और मलबे से अट गया है।
अभी नगरपालिका चुनाव के लिए आरक्षण तय होने के बाद जिस तरह दावेदारों की कतार लग गई है लेकिन कुर्सी मिलने के बाद ये जनता के दुख दर्द पर कितना खरा उतरेंगे यह यक्ष सवाल है। चांपा नगरपालिका के वार्ड नंबर 23 के लोगों ने भी पांच साल पहले जिन्हें अपना प्रतिनिधि चुना था वही समय आने पर अपना रंग दिखाने कोई कसर नहीं छोड़े। मोहल्ले के कुछ लोगों ने बताया कि करीब पांच माह पहले पानी निकासी के लिए यहां नाली का निर्माण प्रारंभ हुआ था लेकिन ठेकेदार ने लापरवाही बरतते हुए सड़क और मकान से उपर नाली बना दी। इसका जब मोहल्ले के लोगों ने विरोध जताया और मामला मीडिया में आया, तब नगरपालिका ने काम बंद करा दिया। लेकिन इसके बाद नगरपालिका ने अधूरी बनी नाली को अपने हाल पर छोड़ दिया, जबकि व्यवस्थित नाली का नए सिरे से निर्माण कराया जाना था। इधर, नगरपालिका की लापरवाही से पूरा मोहल्ला मलबा, गंदगी और अव्यवस्था से अटा पड़ा है। बारिश का यह चार महीना यहां के लोग किस कदर गुजार रहे हैं इसका शब्दों में बया करना मुश्किल है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि इस समस्या से बार-बार नगरपालिका के अफसरों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया, लेकिन उन्होंने इस ओर ध्यान ही नहीं दिया। यहां अव्यवस्था के चलते बारिश का पानी कई लोगों के घरों में ंघुस रहा है तो वहीं इस मोहल्ले में दाखिल होना भी मुश्किल है। फिर भी जैसे तैसे गुजारा किया जा रहा है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि जिस समस्या से वो गुजर रहे हैं उसका शायद अंदाजा भी नपा के जिम्मेदारों को नहीं है। उनका कहना है कि जब नपा के कर्ताधर्ता उनकी बातों को नहीं सुन रहे हैं तो इस बार चुनाव में सबक सिखाया जाएगा।

डेंगू की रोकथाम के लिए घर घर दस्तक दे रहा नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग भिलाई सेक्टर 1 और तालपुरी क्षेत्र में नष्ट किए डेंगू मच्छर पनपने के स्त्रोत
दुर्ग. डेंगू रोकथाम के लिए बनी ब्रीडिंग चेकर टीम ऐसे स्थलों से लार्वा खोजकर नष्ट कर रहीं जहां आमतौर पर लोगों को यकीन करना मुश्किल है कि यहां भी इनके पनपने की आशंका हो सकती है। भिलाई में सेक्टर 1 के निवासी श्री केएन राव ने अपने आंगन में खूबसूरत नीलकमल लगाया था। डेंगू की रोकथाम करने वाली ब्रीडिंग चेकर टीम जब पहुंची तो उसने उस छोटी सी टंकी का निरीक्षण भी किया जिसमें नीलकमल लगाया गया था। उन्होंने राव दंपत्ति को दिखाया कि किस प्रकार इसमें मच्छर के लार्वा पैदा हो रहे हैं। राव दंपत्ति ने कहा कि वे सोच भी नहीं सकते थे कि साफ पानी में भी लार्वा पनप सकते हैं। शहरों में नीलकमल, मनीप्लांट आदि पौधे लगाए जाते हैं जिसमें साफ पानी भरा होता है।बीते दिनों हुई बारिश के बाद इस संबंध में आशंका और बढ़ी है कि घर के कोनों पुराने टायर, घड़ों,गमलों,टंकियों में जलभराव फिर हो गया हो। ब्रीडिंग चेकर टीम द्वारा इन सबको बारीकी से देख कर डेंगू नियंत्रण के अपने कार्यक्रम पर प्रभावी रूप से अमल किया जा रहा है। इसके बाद ब्रीडिंग चेकर दस्ते द्वारा टब में टेमीफास दवा डाली गई और डेंगू बचाव के उपाय भी बताए गए।इस घटना के बाद राव दंपत्ति ने उनको आगाह करने के न केवल टीम का शुक्रिया अदा किया। श्रीमती राव ने कहा कि नील कमल तो फिर आ जाएगा मगर जिंदगी वापिस नहीं मिलेगी। इस परिवार की तरह ही कई लोगों ने सोचा ही नहीं होगा कि कमल और मनीप्लांट का जो पौधा उन्होंने अपने गार्डन और घर की खूबसूरती के लिए लगाया लगाया है वो डेंगू के मच्छर के प्रजनन की जगह होगा। श्रीमती राव ने कहा कि नील कमल तो फिर आ जाएगा मगर जिंदगी वापिस नहीं मिलेगी। इस दौरान एक घर से एक बाल्टी मिली जिसमें बारिश का पानी जमा हुआ था और सैकड़ों लार्वा मौजूद थे। ब्रीडिंग चेकर्स द्वारा आसपास के सभी लोगों को दिखाया गया कि ये लार्वा कैसे होते हैं। उनके लिए यकीन कर पाना मुश्किल था कि वो अपने घर में ही डेंगू के मच्छर के लिए दावत का इन्तजाम कर रहे हैं।
कैसे काम करता है ब्रीडिंग चेकर दस्ता
डीएमओ डॉ एस के मंडल ने बताया ब्रीडिंग चेकर्स दस्ते पहला उद्देश्य है सोर्स रिडक्शन अर्थात डेंगू के मच्छर का प्रजनन रोकना ताकि रोग का फैलाव रोका जा सके।इसके लिए टीम ने आस पास के सभी घरों में दस्तक दी और घर का हर वो कोना खंगाला जहाँ भी डेंगू के लार्वा होने की संभावना होती है। ब्रीडिंग चेकर्स घर घर जाकर साफ पानी की टंकियां,छतों में पड़े खाली मटके और बर्नियां, टायर, बोतलें , बाल्टियां कूलर आदि में जमा पानी की जांच करते हैं।जमा हुए पानी में लार्वा की मौजदूगी की जांच की जाती है। फिर उस पानी में टेमीफास दवा मिला दी जाती है ताकि लार्वा नष्ट हो जाए।साथ ही घर में चारों तरफ मच्छर नाशक दवा का छिड़काव किया जाता है। ब्रीडिंग चेकर्स के 4 दस्ते हर सुबह घर घर जाकर इस काम को अंजाम दे रहे हैं।
नगर निगम भिलाई द्वारा एक लाख से अधिक टेमीफास की बोतल का वितरण
नगर निगम भिलाई के स्वास्थ्य अधिकारी श्री धर्मेंद्र मिश्र ने बताया कि डेंगू के लार्वा नष्ट करने के लिए निगम द्वारा टेमीफास दवा को तरल घोल रूप में घर घर जाकर वितरित किया जा रहा है। अब तक 1 लाख से अधिक बोतलों का वितरण किया जा चुका है। इसके अलावा निगम के कर्मचारी व्यस्क मच्छर को नष्ट करने के लिए मेलाथियान का छिड़काव भी कर रहे हैं।
जागरूकता अभियान में शामिल होने आगे आ रहे हैं नागरिक
डेंगू के खिलाफ लड़ाई के लिए लोगों को एकजुट होना होगा। जब ब्रीडिंग चेकर दस्ता भिलाई सेक्टर 1 निवासी श्री नसीम के घर पंहुचा तो उन्होंने भी डेंगू के लिए जागरूकता अभियान में शामिल होने की इच्छा जाहिर की है।उन्होंने बताया कि वे एक रक्तदाता समूह से जुड़े हैं जिसमें 500 सेअधिक सदस्य हैं। सभी सदस्य नियमित रूप से रक्तदान करते तो कते ही हैं लेकिन अब वो अपने समूह के साथ मिलकर डेंगू के प्रति लोगों को जागरूक भी करेंगे। उन्होंने स्वयंसेवी समूहों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से भी अपील की है कि इस अभियान में सहयोग करें ताकि बड़ी आबादी को कवर किया जा सके।
रुका हुआ साफ पानी है डेंगू का घर, लोगों को मिल रही सीख
सेक्टर 1 निवासी श्रीमती रंजीत कौर ने बताया कि पिछले साल उनकी बेटी को डेंगू हुआ था। उन्होंनेभी इस घटना से सबक लिया और अपने घर में जाकर जमा पानी,कूलर,मनी प्लांट की बोतल,फ्रिज के पीछे का का कंटेनर का पानी फेंका। सेक्टर-1 की ही शोभा दुबे ने बताया कि उनके पति को भी पिछले साल डेंगू हुआ था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जब उनको बचाव के उपाय बताए उन्होंने दुबारा चूक नहीं की। श्रीमती दुबे एक दिन के अंतराल में घर में साफ पानी के सभी बर्तनों, टंकियों कूलरों की सफाई कर पानी बदलती हैं और मच्छरदानी का उपयोग करती हैं। एक छोटी बच्ची परी भी इस अभियान में जुड़ीं, 7 साल की नन्हीं परी ने कहा कि वो अपने दोस्तों को बताएंगी कि डेंगू से बचने के लिए जब खेलने जाएं तो पूरी बाँह के कपड़े पहने और मच्छरदानी के अंदर सोएँ।
लंबे समय से खाली पड़े मकान हैं डेंगू मच्छर का ठिकाना
डॉ मंडल बताते हैं कि वर्षों से बंद पड़े सूने मकान इस अभियान में बड़ी चुनौती बनकर उभरे हैं।  इन बंद घरों में अंधेरे कोनों, झाड़ियों पानी की टंकियों में डेंगू के मच्छर के पनपने लिए अनुकूल वातावरण होता है। इसलिए उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि अगर उनका का किसी परिचित का मकान वर्षों से खाली हैं तो घर की साफ सफाई करा लें। इन मकानों में अनिवार्य रूप से नल कनेक्शन कटवा लें ताकि पानी जमा न हो सके।
बारिश के बाद रखें सावधानी
बारिश के बाद अक्सर पुराने मटकों टायरों, आसपास के गड्ढों,कंस्ट्रक्शन साइटों में पानी जमा ही जाता है । लार्वा को पनपने से रोकने के लिए जला हुआ तेल या टेमीफास दवाई डालें। डॉ मंडल ने बताया कि आने वाले 2-3 महीनों में सजग रहना जरूरी है। रुक रुक कर हो रही बारिश भी एक चुनौती है। बारिश से दवा बह जाती है। इसलिए बारिश के फिर से मेलाथियान और टेमीफास का छिड़काव जरूरी है।
आम नागरिकों से है सहयोग की अपील
ब्रीडिंग चेकर दस्ते के सुपरवाईजर लकी दुबे बताते हैं कि कई बार उनको लोगों के रोष का सामना भी करना पड़ता है।ऐसी स्थिति में संयम बरकरार रखना पड़ता है। कई बार जब दस्ता दवा का छिड़काव करने या जांच करने पंहुचता है तो लोग कहते हैं परेशान करने आ जाते हो। हमको दवाई की बदबू आती है। इसके टीम सदस्य समझाते हैं कि ये अभियान उनकी सुरक्षा के लिए है। यह बात समझनी जरूरी है कि डेंगू से सुरक्षा का उपाय स्वयं घर से ही शुरू होता है। डेंगू से बचाव और रोकथाम के लिए शासन और प्रशासन के प्रयास तभी सफल होंगे जब नागरिकों का सहयोग मिलेगा।

मोबाइल मेडिकल यूनिट ने पिछले महीने साढ़े पांच हजार मरीजों का किया इलाज
स्लम एरिया में जाकर लोगों का उपचार कर रही टीम
दुर्ग. गवर्नेंस का एक माॅडल ऐसा होता है जिसमें नागरिक शासकीय संस्थाओं में पहुंचकर सेवाओं का लाभ लेते हैं। एक ऐसा माडल भी होता है जिसमें कोशिश की जाती है कि अधिकारी खुद लोगों तक पहुंचे, उनसे शासकीय सेवाओं से जुड़े फीडबैक लें, एवं उनकी समस्या हल करें। दुर्ग जिले में मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की मंशानुरूप प्रशासन मौके पर पहुंचकर लोगों को सेवाएं प्रदान करने की दिशा में कार्य कर रहा है। दीगर विभागों के साथ ही हेल्थ में भी इस पहल को अपनाया गया है। जिले में इसकी मिसाल स्लम एरिया में कार्य कर रही मोबाइल मेडिकल यूनिट हैं।
हेल्थ के मामले में सजग रहना और रिस्पांस टाइम सबसे अहम-
स्वास्थ्य विभाग की निरंतर समीक्षाओं में यह बात सामने आई कि स्वास्थ्य के मामले में रिस्पांस टाइम बेहद अहम है। मसलन कोई स्वास्थ्यगत समस्या प्रारंभिक रूप से पनपती है और इसकी उपेक्षा की जाए तो धीरे-धीरे बढ़ने लगती है। सही समय पर यह पकड़ में आ जाए तो इसे पूरी तरह से ठीक भी किया जा सकता है और नियंत्रित भी किया जा सकता है। अक्सर लक्षण गंभीर होने पर ही लोग अस्पतालों में चेकअप के लिए जाते हैं। स्लम एरिया में जहां जागरूकता की कमी है वहां यह पाया जाता है कि कई बार मरीज प्रारंभिक रूप से समस्या की उपेक्षा कर देते हैं और समस्या गंभीर होने पर इसका इलाज मुश्किल हो जाता है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के कार्य करने से इस दिशा में लोगों का चिन्हांकन करना आसान हो गया है। मौके पर ही टेस्ट, वहीं पर दवाइयां- मोबाइल मेडिकल यूनिट में चिकित्सक के साथ ही लैब टेक्निशियन, फार्मासिस्ट एवं एएनएम होती हैं। ये लोगों को हेल्थ चेकअप के लिए प्रेरित करते हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. गंभीर सिंह ठाकुर ने बताया कि बीपी, शुगर, एनीमिया जैसी बीमारियों का चिन्हांकन इससे आसान हो जाता है। कभी-कभी यह होता है कि लोग सामान्य स्वास्थ्य जांच के लिए आते हैं और उनकी एनीमिया या डायबिटीज जैसी समस्या का पता चल जाता है। फिर इसका इलाज शुरू हो जाता है। डा. ठाकुर ने बताया कि जल्द चिन्हांकन से इलाज आसान हो जाता है। उदाहरण के लिए यदि टीम पाती है कि किसी व्यक्ति को लंबे समय से खांसी है तो इसके सैंपल एकत्र कर लेती है। इससे टीबी जैसे रोगों की रोकथाम में भी मदद मिलती है।
स्वास्थ्य जागरूकता भी-
मोबाइल मेडिकल यूनिट स्वास्थ्य जागरूकता के लिए भी कार्य करती हैं। ये विभिन्न बीमारियों से बचने के संबंध में एवं ऐसी बीमारियां हो जाने पर रखी जाने वाली सावधानियों के संबंध में पैंफलेट आदि भी वितरित करती हैं। डाक्टर ठाकुर ने यह भी बताया कि मेडिकल टीम के माध्यम से हमें उस क्षेत्र से जुड़े फीडबैक भी मिलते हैं। किसी खास तरह के रोगों के मरीजों की संख्या का चिन्हांकन होने से इसे पूरी तरह से क्षेत्र में समाप्त करने के लिए कार्ययोजना बनाने में आसानी होती है।
अगस्त माह में 5601 मरीजों ने कराया इलाज-
अगस्त माह में निगम क्षेत्रों में पांच हजार छह सौ एक मरीजों ने अपना इलाज मोबाइल मेडिकल यूनिटों के माध्यम से कराया। भिलाई में 36 जगहों पर मोबाइल मेडिकल यूनिट गई और 1843 मरीजों का इलाज किया। चरौदा में 24 जगहों पर यूनिट गई और यहां 2042 मरीजों का इलाज किया। दुर्ग में 21 जगहों पर मोबाइल मेडिकल यूनिट गई और 1716 मरीजों का इलाज किया। एनीमिया का पता चला, दवा अब चालू कर दूंगी- भिलाई में मोबाइल मेडिकल यूनिट में सर्दी-खांसी के इलाज के लिए पहुंची शकुंतला का चिकित्सकों ने एचबी काउंट भी टेस्ट किया। उनका हीमोग्लोबिन कम पाया गया और हीमोग्लोबिन की दवा भी प्रारंभ की गई। यहां की चिकित्सक ने बताया कि अनेक लोग तात्कालिक रिलीफ के लिए आते हैं लेकिन लक्षणों की जांच के दौरान बुनियादी समस्या भी समझ आती है और हम इनके ट्रीटमेंट के लिए आगे की दिशा में कार्रवाई करते हैं।

नवीनीकृत राशन कार्ड के वितरण कार्यक्रम छावनी में सम्मिलित हुए खाद्य मंत्री अमरजीत भगत
दुर्ग। नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र अंतर्गत बीपीएल राशन कार्ड के पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरण करने का कार्य प्रारंभ किया जा चुका है! आज राशन कार्ड वितरण समारोह में खाद्य मंत्री छत्तीसगढ़ शासन अमरजीत भगत खुर्सीपार क्षेत्र के वार्ड 28 छावनी मंगल बाजार पहुंचे जहां पर महापौर एवं विधायक देवेंद्र यादव ने मंत्री जी का भव्य स्वागत किया! इनके साथ ही माननीय खाद्य मंत्री श्री भगत जी का स्वागत निगम भिलाई के महापौर परिषद के सदस्य तथा खाद्य विभाग के प्रभारी लक्ष्मीपति राजू, वार्ड पार्षद तुलसी पटेल, महापौर परिषद के सदस्य दुर्गा प्रसाद साहू, पार्षद सत्येंद्र बंजारे वार्ड क्रमांक 38, खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा, निगम के खाद्य विभाग के नोडल अधिकारी टी.पी. लहरें, कार्यपालन अभियंता संजय बागड़े ने किया!
बीपीएल राशन कार्ड प्राप्त करने के लिए कार्यक्रम में उपस्थित हितग्राही उर्मिला देवी, श्यामा बाई साहू, मीना साहू, चमेली साहू, गायत्री वैष्णव, सत्यवती बारले, अनारकली, कुंती बाई वर्मा, दलबीर कौर, वीणा मिश्रा, सुशीला वर्मा, नंदिनी साहू,रुकमणी बेनिया, दुर्गावती गुप्ता, कांति सोनी, शकुन वैद्य, शुभा चैरे तथा हीराबाई को मंत्री श्री अमरजीत भगत ने तथा महापौर एवं विधायक श्री देवेंद्र यादव ने राशन कार्ड प्रदाय कर शिवाजी नगर क्षेत्र में वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया तत्पश्चात उपस्थित शेष हितग्राहियों को बीपीएल राशन कार्ड का वितरण किया गया!
खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने कहा की बीपीएल परिवार के साथ ही एपीएल परिवार को भी राशन कार्ड प्रदाय करने की योजना मे शामिल किया गया है, कुपोषण से निपटने के लिए ऐसे क्षेत्रों में चावल एवं गुढ़ भी प्रदाय किया जा रहा है, उन्होंने उपस्थित महिलाओं को नवीनीकृत राशन कार्ड प्राप्त करने पर बधाई दी। श्री देवेंद्र यादव ने अपने उद्बोधन में कहा शिवाजी नगर में टंकी की समस्या थी जिसका निर्माण हमने कराया साथ ही जल प्रदाय के लिए नल कनेक्शन को आसान किस्तों में विभाजित किया और आज बीपीएल के पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड का नवीनीकरण कर प्रदाय करने का कार्य कर रहे हैं व्यस्ततम कार्यक्रम के बीच खाद्य मंत्री श्री भगत जी हम सभी के मध्य राशन कार्ड वितरण कार्यक्रम में उपस्थित है मैं उनका आभार प्रकट करता हूं! निगम भिलाई क्षेत्र अंतर्गत बीपीएल राशन कार्ड नवीनीकरण के कुल 79462 पात्र हितग्राही है तथा जोन क्रमांक 4 शिवाजी नगर क्षेत्र के 12 वार्डों में बीपीएल राशन कार्ड नवीनीकरण के कुल 18801 पात्र हितग्राही है एवं विभिन्न शिविरों के माध्यम से निगम क्षेत्र में एपीएल राशन कार्ड के कुल 41313 फार्म वितरित किए जा चुके हैं! बीपीएल राशन कार्ड नवीनीकरण के वितरण समारोह में हितग्राही काफी उत्साहित नजर है आए, बारिश होने के बाद भी बड़ी संख्या में हितग्राही मौजूद रहे। राशन कार्ड वितरण कार्यक्रम में महापौर परिषद के सदस्य एवं निगम के खाद्य विभाग के प्रभारी लक्ष्मीपति राजू, महापौर परिषद के सदस्य दुर्गा प्रसाद साहू, वार्ड पार्षद तुलसी पटेल, पार्षद सत्येंद्र बंजारे, डीकॉम राजू, खाद्य विभाग से भूपेंद्र मिश्रा, पवित्रा अहिरवार, दीपा शर्मा निगम के खाद्य विभाग के नोडल अधिकारी टीपी लहरें, कार्यपालन अभियंता संजय बागड़े, सहायक अभियंता अखिलेश चंद्राकर, उप अभियंता रेवती रमन शर्मा एवं बड़ी संख्या में बीपीएल राशन कार्ड के हितग्राही मौजूद रहे।

रायपुर,। जिन्दल स्टील में कार्यरत श्रीमंत झा रवाना हुए स्विस पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप के लिए । स्विस पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप स्विट्जरलैंड में 26 सितंबर से 2 अक्टूबर 2019 के बीच खेली जानी है । आज श्रीमंत स्विट्जरलैंड के लिए रवाना हो गए हैं। निकलते समय में श्रीमंत ने अपना उत्साह इन शब्दों में प्रदर्शित किया कि उन्हें इस स्विट्जरलैंड की प्रतियोगिता से अपने कैरियर के लिए एक नई उत्तेजना प्राप्त होगी, आगे उन्होंने कहा की इस संदर्भ में मेरे सभी मित्रों की शुभकामनाएं, मोरल सपोर्ट के साथ ही यह संभव होता है। मुख्यतः जिंदल स्टील पावर लिमिटेड जहां में कार्य करता हूं, वहां से आर्थिक  निश्चितता के चलते मैं यह कार्य सुचारू रुप से कर पा रहा  हूं। 
श्रीमंत इसके पूर्व में भी छत्तीसगढ़ एवं अपने देश भारत के लिए पदक जीत चुके हैं जिसमें कुछ गोल्ड एवं कुछ सिल्वर स्तर के भी पदक हैं। यात्रा प्रारंभ करने के पूर्व लगभग 7 दिनों से उन्होंने अपनी फिटनेस और अपनी पूरी तैयारी इस प्रतियोगिता के लिए लगाई है और विशेषत: इसमें उन्होंने अपना ध्यान जीत के लिए केंद्रित रखा है। 
चांपा -चाम्पा  नगर गौ सुरक्षा जैसे ज्वलंत समस्याओं को लेकर 25.9.2019 को एकदिवसीय भूख हड़ताल एवम् यज्ञरूपी  आंदोलन किया गया , प्रयास गौ सेवा द्वारा विगत 4 वर्षों से निरंतर हजारों गायो और बीमार गायों की सेवा उपचार , बिना गौशाला के दुर्घटना ग्रस्त गायों को निस्वार्थ एवम् निशुल्क सेवा प्रयास सेवा संस्थान द्वारा किया जा रहा था पर नगरीय प्रशासन व जिला प्रशासन द्वारा कोई भी कदम नहीं उठाने पर आंदोलन किया गया जिसके समर्थन में पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा  कृष्ण देवांगन , परमेश्वर स्वर्णकार और नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे , प्रयास गौ सेवा संस्थान के भूख हड़ताल करने वाले सदस्य। पवन यादव, तिलेश केवट ,योगेश देवांगन, गणेश महंत,रूपेश देवांगन,अंकित देवांगन, विक्रांत बघेल ,पुरुषोत्तम देवांगन , सुधीर सोनी,नीशू दुबे , दंकेश्वर देवांगन, मनीष देवांगन, स्पर्श देवांगन, अमन देवांगन,यश देवांगन,अमन देवांगन ,कोमल देवांगन, कोमल देवांगन,रूपनारायण साहू,हर्ष देवांगन,दीपेश पाठक, श्रृषभ कसेर,
नगर पालिका सीएमओ डॉ शशि शुक्ला सुध लेने पहुंचे
अखिल भारतीय भाषा गौरव सम्मान से विभूषित की गई कई  विभूतियांगांधी जी की 150वीं जयंती के अवसर पर हिंदी अध्ययन शाला, राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना, हिंदुस्तानी भाषा अकादमी का हुआ शानदार संयुक्त आयोजनमहात्मा गांधी की  स्वर्ण जयंती के शुभ अवसर पर विक्रम विश्वविद्यालय की हिंदी अध्ययन शाला के वाघ  भवन में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी, जिसका विषय महात्मा गांधी: शिक्षा संस्कृति और भारतीय भाषाएं रहा, के एक संयुक्त आयोजन में राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना के पदाधिकारियों को अखिल भारतीय भाषा गौरव सम्मान से विभूषित किया गया. हिंदी अध्ययन शाला, राष्ट्रीय शिक्षक सचेतना और हिंदुस्तानी भाषा अकादमी के संयुक्त तत्वाधान में अखिल भारतीय भाषा गौरव सम्मान डॉक्टर कंचन वीर, सुनीता खोकर, डॉक्टर संजीव कुमारी, पुष्पा गरौठिया, डॉ रचना पांडे, अंजना दुबे, योगाचार्य डॉक्टर निशा जोशी, राजकुमार यादव, अनिल ओझा, हरे राम बाजपेई, बृज किशोर शर्मा आदि को प्रदान किया गया. सम्मान स्वरूप प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिन्ह प्रदान किए गए. मुख्यतः राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर प्रभु चौधरी, विक्रम विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रोफेसर बालकृष्ण शर्मा, कुलानुशासक प्रोफ़ेसर शैलेंद्र शर्मा, हिंदुस्तानी भाषा अकादमी के अध्यक्ष सुधाकर पाठक, डॉ राकेश पांडे, हरियाणा साहित्य अकादमी की पूर्व निदेशक, वरिष्ठ कवि समाजसेवी यशवंत भंडारी यस, मुख्य समन्वयक प्रोफेसर प्रेमलता चुटैल, प्रोफ़ेसर गीता नायक, राष्ट्रीय महासचिव राकेश छोकर, भगवानदास गरोठया, सूबेदार मेजर वीआर जाधव आदि की  उपस्थिति रही.
इससे पूर्व कार्यक्रम में महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर मुख्य अतिथियों के द्वारा संयुक्त रूप से महात्मायनी  नामक स्मारिका का विमोचन किया गया. इस अवसर पर कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी  के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया. कार्यक्रम में विद्वत्ता जनों के द्वारा  शोध पत्र भी प्रस्तुत किए गए. काव्य पाठ का भी आयोजन किया गया. इस मौके पर बड़ी संख्या में विशिष्ट गण उपस्थित रहे.
***
विशेष
***
एक अन्य विशेष मौके पर केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ थावरचंद गहलोत ने स्मारिका महात्मा यनी का विमोचन किया. इस अवसर पर राष्ट्रीय शिक्षक संचेतना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर प्रभु चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव राकेश छोकर आदि गणमान्य उपस्थित रहे.
 
 
 

Ads

R.O.NO. 1399/63 Advertisement Carousel

MP info RSS Feed

फेसबुक