छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ (21107)

राजनांदगांव। शासकीय डॉ. बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर स्नातकोत्तर महाविद्यालय डोंगरगांव में 14 सितंबर को प्राचार्या डॉ. बीएन मेश्राम के मार्ग निर्देशन में महाविद्यालय में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्रों द्वारा महाविद्यालय के गार्डन में कचड़ा का साफ-सफाई किया गया तथा स्वच्छता एवंज ल संरक्षण के अंतर्गत जानकारियां दी गई। जिसमें प्लास्टिक मुक्त रखने का संदेश दिया गया। जल संरक्षण के महत्व को बताया गया। जिसमें मुकेश साहू, शिव कुमार नेताम, लुकेश्वर सार्वा, युवराज, नेमीचंद देवांगन, फलेश्वरी, शिवानी, रविना, एकलव्य, मनीष कुमार, मनीष कुमार, मकसूदन आदि उपस्थित थे।

राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के समापन में प्रभारी मंत्री अकबर के हाथों विजेता खिलाड़ी हुए पुरस्कृत
राजनांदगांव। वन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मोहम्मद अकबर ने 19वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के अंतर्गत आयोजित 6 विभिन्न खेल विधाओं के मुकाबलों के विजेताओं को पुरस्कृत किया। इन मुकाबलों में 50 अंक लेकर राजनांदगांव जोन ने ऑलओवर चैम्पियन का खिताब जीता। प्रभारी मंत्री श्री अकबर ने सर्वेश्वर दास नगर पालिक स्कूल मैदान में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि की आसंदी से संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की नई सरकार ने छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेल प्राधिकरण का गठन किया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्राधिकरण के अध्यक्ष और सभी मंत्री सदस्य हैं। खेल प्राधिकरण बनने से खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है। उम्मीद है कि खेल प्राधिकरण से यहां के खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधाओं और अन्य खेल संसाधनों की कोई कमी नहीं होगी।
उल्लेखनीय है कि 19वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के अंतर्गत राजनांदगांव शहर के विभिन्न स्कूलों के मैदानों में 11 सितम्बर से 14 सितम्बर तक नेहरू हॉकी (बालक 15-17 वर्ष बालिका 17 वर्ष), बास्केट बॉल (बालक-बालिका 17 वर्ष), टॉरगेट बॉल (बालक-बालिका 19 वर्ष), फ्लोर बॉल (बालक-बालिका 17-19 वर्ष), शूट बॉल (बालक-बालिका 19 वर्ष) तथा रोल बॉल (बालक-बालिका 17-19 वर्ष) के मुकाबले हुए। इन खेलों में प्रदेश भर के एक हजार 623 स्कूली खिलाड़ियों ने 12 जोन में बंटकर हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि मोहम्मद अकबर ने इन सामूहिक खेल मुकाबलों के विजेता खिलाड़ियों को जोन वाईज कप प्रदान कर उनका उत्साह वर्धन किया और उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी। डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू ने पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता की।
प्रभारी मंत्री अकबर ने अपने उद्बोधन में आगे कहा कि छत्तीसगढ़ बनने के बाद यहां राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताएं निरंतर आयोजित हो रही हंै। लेकिन परंपरागत खेलों से संबंधित प्रतियोगिताओं का आयोजन नहीं होने से कबड्डी, खो-खो, रस्सी कूद जैसे खेल छत्तीसगढ़ में विलुप्त होने की स्थिति में आ गए हैं। श्री अकबर ने कहा कि शारीरिक और मानसिक विकास के लिए परंपरागत खेलों का अधिक महत्व होता है। उन्होंने बताया कि चीन में हमारे देश के परंपरागत खेलों की प्रतियोगिताएं व्यापक स्तर पर होती हैं। प्रभारी मंत्री ने कहा कि नव गठित खेल प्राधिकरण छत्तीसगढ़ में खेल गतिविधियों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने में उपयोगी साबित होगा। प्राधिकरण के जरिए खिलाड़ियों को अच्छे कोच की सुविधा उपलब्ध कराने ठोस प्रयास किए जाएंगे। श्री अकबर ने राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे भविष्य में बेहतर खेल का प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रौशन करेंगे।
विधायक दलेश्वर साहू ने कहा कि राजनांदगांव को राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन का सौभाग्य मिलता रहा है। खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन और अच्छी खेल व्यवस्था राजनांदगांव की परंपरा बन गई है। यह परंपरा हमेशा बनी रहनी चाहिए। श्री साहू ने कहा कि हर विधा में उत्कृष्ट बनने के लिए मेहनत, लगन और अनुशासन की जरूरत होती है। उन्होंने शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ी बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ये खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के बूते भविष्य में राज्य का नाम रौशन करेंगे।
कलेक्टर जयप्रकाश मौर्य ने आयोजन समिति की ओर से सभी खिलाड़ियों और समापन समारोह के अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने स्वागत उद्बोधन में कहा कि राजनांदगांव में राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के अंतर्गत विभिन्न खेलों की प्रतिस्पर्धा के आयोजन की तैयारियों के लिए बहुत कम समय मिला। इसके बाद भी खेल प्रतियोगिता के बेहतरीन आयोजन की प्रतिबद्धता से कार्यक्रम कराए गए हैं। राजनांदगांव शहर के विभिन्न खेल मैदानों में स्कूली खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर खेल नगरी राजनांदगांव के लोगों का ध्यान आकृष्ट किया है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे जीवन में अनुशासन में रहकर सुनहरे भविष्य की ओर आगे बढेंगे।
मुख्य अतिथि श्री अकबर ने पुरस्कार वितरण समारोह के प्रारंभ में खिलाड़ियों के मार्च की सलामी ली। युगांतर पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने मधुर स्वर में स्वागत गान किया। एकलव्य आवासीय विद्यालय तथा राजेश्वरी करूणा हायर सेकेण्डरी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
समारोह में मोहला-मानपुर विधायक इंदरशाह मंडावी, खुज्जी विधायक श्रीमती छन्नी साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती विभा साहू सहित नवाज खान, कुलबीर छाबड़ा, रमेश खंडेलवाल, जितेन्द्र मुदलियार, रईस अहमद खान, सुश्री हेमा देशमुख सहित पुलिस अधीक्षक कमलोचन कश्यप, वनमंडलाधिकारी प्रणय मिश्रा, जिला पंचायत राजनांदगांव की सीईओ श्रीमती तनुजा सलाम, अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि, आम नागरिक, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और खेल प्रेमी उपस्थित थे।

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ पैरेंट्स एसोसियेशन के द्वारा शिक्षा विभाग द्वारा नियम विरूद्ध मान्यता दिये जाने की शिकायत कई महीनों से की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इस मामले में कोई कार्यवाही नहीं किया, तब राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग, दिल्ली द्वारा राजनांदगांव में 12 जुलाई को कलेक्टोरेट में लगाये गये शिविर में भी इस मामले मे लिखित शिकायत किया गया, तो जिला शिक्षा अधिकारी के द्वारा आयोग के समक्ष यह जानकारी दिया गया कि शिक्षा विभाग द्वारा निजी विद्यालयों को परीक्षण कराते हुये तथा शालाओं द्वारा शर्तो को पूर्ण कराते हुये नियमानुसार मान्यता देने की प्रक्रिया करायी है, इसलिये शिकायतकर्ता की शिकायत मिथ्या एवं बनावटी और निराधारा है। शताब्दी स्कूल को नियम विरूद्ध मान्यता दिये जाने का मामला प्रकाश में ंआने के बाद से शिक्षा विभाग के मान्यता विभाग की नीद उड़ गई है। शताब्दी स्कूल को वर्ष 2021 यानि 3 वर्षो के लिये मान्यता नवनीकरण दिया गया। इस स्कूल के पास ना तो आवश्यक अधोसंरचना है और ना ही पर्याप्त प्रशिक्षित शिक्षक है और ना ही पर्याप्त कमरे और ना अग्नि सुरक्षा प्रमाण पत्र तो फिर इस स्कूल को किस कानून और नियम के अंतर्गत मान्यता नवनीकरण कर दिया गया। सूत्रंो से मिली जानकारी के अनुसार ऐसी ही लगभग 30 निजी विद्यालय शहर में संचालित हो रही को आरटीई कानून के अंतर्गत वर्णित शाला संचालन हेतु निर्धारित मापदंड को पूर्ण नहीं करते है, जिन्हें 31 मार्च 2013 के बाद मान्यता नवनीकरण नहीं किया जाना चाहिए था, लेकिन इन सुविधाविहिन निजी विद्यालयों को भी वर्ष 2021 तक स्कूल संचालित करने की अनुमति दिया गया है।
मा. उच्च न्यायालय बिलासपुर के द्वारा दिनांक 16.11.2018 को यह स्पष्ट आदेश दिया जा चुका है कि जो निजी विद्यालय आरटीई कानून में वर्णित मान का मानको को पूर्ण नहीं करते उनके खिलाफ कार्यवाही किया जाये। शिक्षा सचिव छग शासन के द्वारा दिनांक 23.11.2016 को जिला शिक्षा अधिकारी को यह स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि सुविधाविहिन निजी विद्यालयों के खिलाफ सम्यक कार्यवाही किया जाये, लेकिन जिला शिक्षा अधिकारी और डिलिंग क्लर्क के द्वारा सारे नियम कानून और आदेशों और निर्देशों को ताक में रखकर सुविधाविहिन निजी विद्यालयों को वर्ष 2021 तक स्कूल संचालित करने की अनुमति दे दिया गया। शताब्दी स्कूल को मान्यता देकर फंसे शिक्षा विभाग के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अब कार्यवाही की मांग की जा रही है, तो शिक्षा विभाग स्कूल के खिलाफ कार्यवाही के मूड में है, यानि उलटा चोर कोतवाल को ड़ांटे।

जांजगीर-चांपा। अंतागढ़ उपचुनाव में हुई लोकतंत्र की हत्या व नागरिक आपूर्ति निगम (नान) में पूर्व मुख्यमंत्री द्वय डॉ. रमन सिंह व अजीत जोगी का प्रत्यक्ष नाम आने पर दोनों नेताओं के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी 15 सितंबर को दोपहर 1 बजे कचहरी चौक जांजगीर में टेप चलाकर प्रदर्शन किया जाएगा।  
यह जानकारी देते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता द्वय रफीक सिद्दीकी व शिशिर द्विवेदी ने बताया कि प्रदेश के अंतागढ़ विधानसभा उप चुनाव में हुई लोकतंत्र की हत्या मामले में मंतूराम पवार और नागरिक आपूर्ति निगम (नान) घोटाला मामले में शिवशंकर भट्ट के बयान में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री द्वय डॉ. रमन सिंह व अजीत जोगी की संलिप्तता उजागर हुई है। कांग्रेस पार्टी हमेशा से उक्त प्रकरणों की मांग करते आ रही है। जांच प्रक्रिया आगे बढ़ने पर खुलासा हो रहा है। जिससे तिलमिलाए नेता द्वय द्वारा हास्यास्पद बयान दे रहे हैं। दोनों अपनी अपनी पार्टी के प्रमुख चेहरा हैं। उक्त प्रकरणों के उजागर होने से उनका चाल चरित्र उजागर हुआ है। दोनों नेताओं के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा टेप चलाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। सभी पदाधिकारियों व कांग्रेसजनों से उपस्थिति का आग्रह किया गया है।

जांजगीर-चांपा। राज्य के सर्वश्रेष्ठ खिलाडि़यांे को महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान दिया जायेगा। इसके लिए 30 सितंबर तक आवेदन पत्र आमंत्रित है। आवेदन पत्र संचालनालय खेल एवं युवक कल्याण अंतर्राष्ट्रीय हाकी स्टेडियम जीईरोड रायपुर अथवा खेल एवं युवा कल्याण के जिला कार्यालय में कार्यालयीन दिवसों में प्रस्तुत किया जा सकता है। आवेदन पत्र की प्रारूप विभागीय वेबसाइट से डाउनलोड किये जा सकता है।
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान ऐसे पात्र खिलाडि़यों को दिया जाएगा, जिन्होंने वर्ष 2018-19 में तीरंदाजी के राष्ट्रीय चौम्पियनशीप में (सीनियर वर्ग ) या राष्ट्रीय खेलों में छत्तीसगढ़ की ओर से भाग लेते हुए स्वर्ण पदक रजत पदक या कांस्य पदक प्राप्त किया हो या तीरंदाजी अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया हो। उन्होंने बताया कि यदि तीरंदाजी में उपरोक्त उपलिब्धयों वाले खिलाड़ी नहीं मिले तो विगत वर्षा तक तीरंदाजी की राष्ट्रीय शालेय प्रतियोगिता या राष्ट्रीय अंतर विश्वविद्यालयीन प्रतियोंगिता में पदक प्राप्त खिलाडि़यों को यह सम्मान देने के लिए समिति द्वारा चयन के लिए विचार किया जायेगा। उन्हांने बताया कि यदि तीरंदाजी में उपरोक्त उपलब्धि वाले खिलाड़ी नहीं मिले तो उस वर्ष अन्य ऐसे खेल जिन्हें भारत सरकार युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय स्तर के खेल अलंकरण के लिए समिति द्वारा विचार किया जायेगा। अधिक जानकारी के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

अब तक 45 हजार किसानों का किया गया पंजीयन
जांजगीर-चांपा। खरीफ विपणन वर्ष 2019-20 में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करने वाले किसानों के पंजीयन का कार्य निरंतर जारी है। यह कार्य आगामी 31 अक्टूबर तक चलेगा। जिले में अब तक 45 हजार किसानों का पंजीयन किया जा चुका है।
कलेक्टर जेपी पाठक ने जिले के सभी किसानों से संबंधित समिति में उपस्थित होकर अपने पंजीकृत भूमि का खसरा नंबर एवं धान बोनी रकबा की जानकारी समिति प्रबंधक के पास जमा करने का आग्रह किया है, ताकि समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन किया जा सके। जिला खाद्य अधिकारी ने आज यहां बताया कि राज्य शासन द्वारा किसान पंजीयन की प्रक्रिया में इस बार संशोधन किया गया है। जिसमें विगत वर्ष 2018-19 में पंजीकृत किसानों को वर्ष 2019-20 के लिए नवीनीकृत माना गया है। किन्तु इन पंजीकृत किसानों के किसान पंजीयन में विगत वर्ष में दर्ज धान बोनी रकबा को हटाया जाकर किसान पंजीयन अंतर्गत भूमि का खसरा नंबर एवं नवीन धान बोनी रकबा की जानकारी दर्ज करने के लिए निर्देशित किया गया है। इस संबंध में समितियों में बेनर पोस्टर एवं अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से संबंधित समिमि में जाकर अपने भूमि का खसरा नंबर एवं धान बोनी का रकबा की जानकारी प्रस्तुत करने की आग्रह किया है। ताकि उनका नवीनीकरण का कार्य यथाशीघ्र किया जा सके।

जांजगीर-चांपा। जैजैपुर विधायक केशव चन्द्रा की अगुवाई में 16 सितंबर को सुबह 11 बजे सात सूत्रीय मांगों को लेकर नगर पंचायत के सामने धरना प्रदर्शन एवं घेराव किया जाएगा।
उनकी मांगों में जैजैपुर पंचायत द्वारा स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत निर्मित शौचालय कीी प्रोत्साहन राशि दिलाने, प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति, आबादी भूमि का पट्टा, नए पेंशन की स्वीकृति देना शामिल है। इसके अलावा नगर पंचायत में शाउमावि भवन जर्जर हो चुका जिसकी स्वीकृति डीएमएफ मद से होने के पश्चात भी कार्य प्रारंभ नहीं होने, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैजैपुर के विस्तार की स्वीकृति भी डीएमएफ मद से होने के तीन साल हो जाने के कब बाद भी निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया है। बस स्टैण्ड में सुलभ शौचालय एवं अन्य कार्य प्रारंभ नही होने, कार्यालय में सीएमओ के नहीं रहने के कारण नगर पंचायत जैजैपुर के आम नागरिक परेशान एवं अधिकार से वंचित हो रहे है। यह जानकारी देते हुए विधायक मीडिया प्रभारी रमेश साहू ने नगर पंचायत जैजैपुर के लोगों से उपस्थिति का आग्रह किया है।

शिविर में छात्र छात्राओं को नए मोटरयान अधिनियम और पॉक्सो एक्ट की दी गई जानकारी
जांजगीर-चांपा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा ज्ञानज्योति उमा विद्यालय जांजगीर में शनिवार को विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्र छात्राओं को नए मोटरयान अधिनियम और पॉक्सो एक्ट, गुड़ टच बेड टच और बाल विवाह संबंधी कानूनी जानकारी प्रदान की गई।
प्राधिकरण की प्रभारी सचिव एवं सीजेएम उदयलक्ष्मी सिंह परमार ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक्सीडेंट में बड़ी संख्या में वाहन चालकों की मौत हो रही है। इसे देखते हुए नए मोटरयान अधिनियम को कड़ा और सख्त बनाया गया है। यातायात नियमों का पालन करने से ही सड़क दुर्घटनाओ को रोका जा सकता है। सीजेएम परमार ने छात्र छात्राओं को गुड़ टच और बेड टच के विषय में जानकारी देते हुए बताया कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा गलत तरीके से या गलत नियत से स्पर्श करता है तो उसकी जानकारी अपने पालकों को देना चाहिए। उन्होंने पॉक्सो एक्ट के संबंध में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी। बाल विवाह की जानकारी देते हुए बताया कि अज्ञानता में बाल विवाह होते है जबकि बाल विवाह समाज की कुरीति है, जिसकी रोकथाम सामाजिक प्रयासो से संभव है।  इसके अतिरिक्त उन्होंने बालकों से संबंधित कानून एवं मौलिक अधिकारों व कर्तव्यों की जानकारी दी। शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा पूछे गए सवालों का भी सीजेएम उदयलक्ष्मी सिंह परमार ने जवाब दिया। इस अवसर पर अधिवक्ता राजेश पांडेय, विद्यालय का संचालक अनिल तिवारी, प्राचार्य श्रीमती उमा पांडेय सहित विद्यालय के शिक्षक और छात्र छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

मालखरौदा से डॉ. सिदार का दो साल पहले हुआ था तबादला
बड़े अफसरों के प्रश्रय से अब तक कार्यमुक्त नहीं हुए चिकित्सक
जांजगीर-चांपा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मालखरौदा में पदस्थ डॉ. कृष्णा कुमार सिदार का स्थानांतरण 12 अगस्त 2017 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती कर दिया गया है। इसके बावजूद उनका मालखरौदा सेे मोह नहीं छूट रहा है। उन्हंे बीते दो वर्ष से कार्यमुक्त नहीं किया गया है। शासन के बार-बार निर्देश के बावजूद उन्हें जिले के अफसरों का प्रश्रय है।
आपकांे बता दंे कि जिले के स्वास्थ्य महकमंे में दर्जन भर अधिकारी -कर्मचारियों का तबादला किया गया था, लेकिन ज्यादातर जगहों में तबादला आदेश की धज्जियां उड़ाते हुए यथावत बने हुए है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मालखरौदा में मजे की बात यह है कि यहां के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.एल उरांव के स्थानांतरण के बाद पुनः स्थान्तरित  कर चिकित्सा अधिकारी डॉ. केके सिदार को खण्ड चिकित्सा अधिकारी का प्रभार दिया गया है, जबकि मालखरौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वर्तमान में डॉ सिदार से वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संतोष पटेल की पदस्थापना है। उललेखनीय है कि छग शासन सामान्य प्रशासन विभाग ने यह स्पष्ट निर्देश जारी किया है कि विभागीय प्रमुख का प्रभार वरिष्ठता सहयोग्यता के आधार पर दिया जाए।  इस नियम को ताक पर रखकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने एक कनिष्ठ चिकित्साधिकारी को प्रभार दिया गया है। पूर्व में इसी तरह डॉ. केएल उरांव को वरिष्ठता के प्रभार से वंचित कर कनिष्ठ एवं परीक्षावधीन चिकित्सा अधिकारी के अधीन कार्य करने को मजबूर किया गया था। इसे देखते हुए प्रभार को लेकर डॉ उरांव द्वारा न्यायालय में अवमानना याचिका दायर किया था, जिसके जवाब में शासन की ओर से वरिष्ठ डॉ. उरांव को प्रभार में दिए जाने का निर्देश जारी किया गया था। इस प्रकार पुनः एक बार फिर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के द्वारा एक स्थानांतरित तथा कनिष्ठ चिकित्सक डॉ. केके सिदार को प्रभार देने के बाद उनकी कार्यशैली में एक बार फिर सवाल उठना शुरू हो गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी का कहना है कि डॉ. उरांव के स्थान्तरण के पश्चात डॉ सिदार को प्रभार दिया गया है।

जांजगीर-चांपा। चांपा की एक होनहार बेटी का आज गोल्ड मैडल से सम्मान हुआ। बिलासपुर में अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के दीक्षान्त समारोह में राज्यपाल अनुसुईया उइके, यूजीसी चेयरमैन एवं उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने यूनिवर्सिटी टॉपर व गोल्ड मेडलिस्ट श्रीया अग्रवाल का सम्मान किया। इस सम्मान से चांपा का भी गौरव बढ़ा है।
आपकों बता दें कि चांपा स्थित एमएमआर शासकीय महाविद्यालय की प्रतिभावान छात्रा श्रीया अग्रवाल को बीए आनर्स सत्र 2018 में पहला स्थान मिला है। इस वजह से आज बिलासपुर में अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित दीक्षान्त समारोह में उसे गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। छात्रा श्रीया अग्रवाल ने सत्र 2018 में बीए आनर्स में 72.66 फीसदी अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। श्रीया अग्रवाल शुरू से प्रतिभावान छात्रा रही है। साल 2015 में बारहवीं के मेरिट में उसने प्रदेश में द्वितीय स्थान हासिल किया था। श्रीया की इस उपलब्धि से परिजन, चांपा कालेज प्रबंधन और छात्र-छात्राओं में खुशी का ठिकाना नहीं है।

Ads

R.O.NO. 1399/63 Advertisement Carousel

MP info RSS Feed

फेसबुक