ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
Google Analytics —— Meta Pixel
लखनऊ। बसपा सुप्रीमो मायावती अयोध्या में अधिगृहित भूभाग राम जन्मभूमि न्यास को वापस लौटाने के लिए केन्द्र सरकार द्वारा उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर किए जाने को 'सरकारी हस्तक्षेप' मानती हैं। मायावती का कहना है कि लोकसभा चुनाव होने वाले हैं और यह चुनाव को प्रभावित करने की नीयत वाला 'विवादित' कदम है। बसपा सुप्रीमो ने बुधवार जारी एक बयान में कहा, 'इनकी (केन्द्र सरकार की) अयोध्या भूमि विवाद के सम्बंध में अधिगृहित भूमि का भूभाग रामजन्म भूमि न्यास को वापस लौटाने हेतु उच्चतम न्यायालय में अर्जी देने की कल की कार्रवाई जबर्दस्ती सरकारी हस्तक्षेप के साथ-साथ लोकसभा चुनाव को प्रभावित करने की नीयत वाला संकीर्ण सोच का विवादित कदम है।'
नोएडा (उत्तर प्रदेश)। पुलिस ने एक बड़े अभियान के तहत तीन पत्रकारों और एक पुलिस निरीक्षक को रिश्वत लेने एवं जबरन वसूली के आरोपों में यहां गिरफ्तार किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्णा ने बुधवार को बताया, ‘‘सेक्टर 20 पुलिस थाना प्रभारी मनोज कुमार पंत और पत्रकारों सुशील पंडित, उदित गोयल और रमन ठाकुर को गिरफ्तार किया गया।’’
नयी दिल्ली। राष्ट्र ने बुधवार को महात्मा गांधी की 71वीं पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया तथा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशवासियों ने राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि दी। राजघाट पर बापू के समाधि स्थल पर सुबह श्रद्धांजलि एवं प्रार्थना कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। यहां राष्ट्रपति कोविंद, उपराष्ट्रपति नायडू एवं प्रधानमंत्री ने बापू को पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण, शहरी आवास मंत्री हरदीप पुरी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी एवं अन्य गणमान्य लोगों ने भी महात्मा गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित किये। समारोह के दौरान बापू का प्रिय भजन ‘‘रघुपति राघव राजा राम...’’ भी बजाया गया।
नयी दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने कांग्रेस नेता पी चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम को बुधवार को न्यायालय की रजिस्ट्री में 10 करोड़ रुपए जमा कराने की शर्त पर विदेश जाने की अनुमति दी। शीर्ष अदालत ने कार्ति से आईएनएक्स मीडिया और एयरसेल मैक्सिस मामलों में पूछताछ के लिए पांच, छह, सात और 12 मार्च को प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया और कहा कि वह ‘‘कानून के साथ खिलवाड़ नहीं करें।’’
गुवाहाटी। असम में मुख्यमंत्री के एक कार्यक्रम में शामिल होने आई एक मां को सुरक्षा बलों के आदेश पर ठंड के बावजूद अपने तीन वर्षीय रोते बच्चे की काली जैकेट उतारनी पड़ी। बिश्वनाथ जिले में मंगलवार की सुबह मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल के कार्यक्रम में भाग लेने आई मां और बच्चे का वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है जिसमें मां अपने रोते हुए बच्चे की जैकेट उतार रही है। असम के स्थानीय टीवी चैनलों ने भी इसे प्रसारित किया है। इस घटना की कड़ी आलोचना होने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले की पुलिस जांच के आदेश दिए हैं। नागरिकता संशोधन विधेयक के खिलाफ असम में व्यापक प्रदर्शन हो रहे हैं।
बलिया (उप्र)। भाजपा विधायक सुरेन्द्र सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को 'रावण' और उनकी बहन प्रियंका गांधी को 'शूर्पणखा' बताया है। बैरिया से विधायक सुरेन्द्र सिंह ने मंगलवार को कहा, 'आप जानते हैं कि जब राम और रावण का युद्ध होने वाला था तो पहले रावण ने अपनी बहन शूर्पणखा को भेजा था।'
रालेगण सिद्धी। सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने केन्द्र और महाराष्ट्र सरकार पर लोकपाल नियुक्त करने और राज्य में लोकायुक्त कानून बनाने का वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाते हुए बुधवार से भूख हड़ताल शुरू कर दी। हजारे ने महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में अपने गांव रालेगण सिद्धी के पद्मावती मंदिर में सुबह पूजा की। इसके बाद उन्होंने छात्रों, युवाओं और किसानों के साथ यादवबाबा मंदिर तक यात्रा निकाली और फिर वहीं नजदीक में भूख हड़ताल पर बैठ गए।
भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाले अन्ना ने पीटीआई-भाषा से कहा कि वह महाराष्ट्र मंत्रिमंडल के उस फैसले का स्वागत करते हैं जिसमें राज्य के मुख्यमंत्री के कार्यालय को लोकायुक्त के दायरे में लाने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि यह हड़ताल तब तक जारी रहेगी जब तब सरकार सत्ता में आने से पहले किए गए अपने वादों जैसे लोकायुक्त कानून बनाने, लोकपाल नियुक्त किये जाने तथा किसानों के मुद्दे सुलझाने को पूरा नहीं कर देती।
इससे पहले महाराष्ट्र के मंत्री और सरकार तथा अन्ना हजारे के बीच दूत की भूमिका निभा रहे गिरीश महाजन ने मंगलवार को अन्ना से भूख हड़ताल को रद्द करने की अपील की थी। उन्होंने दावा किया था कि अन्ना की लगभग सभी मांगों को पूरा किया जा चुका है।
कानपुर। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज विपक्षी दलों से अपने प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने की मांग करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे देश के लिये बेहद महत्वपूर्ण साबित होने जा रहे अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा को इतनी संख्या में सीटें जिताएं कि विरोधियों के ‘दिल दहल‘ जाएं। शाह ने भाजपा बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में उत्तर प्रदेश में हुए सपा-बसपा गठबंधन और राष्ट्रीय स्तर पर एकजुट हो रहे विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष बताए कि आपका प्रधानमंत्री पद का प्रत्याशी कौन है। सुन लो! अगर गठबंधन बना तो सोमवार को मायावती, मंगलवार को अखिलेश यादव, बुधवार को ममता, बृहस्पतिवार को शरद पवार, शुक्रवार को देवगौड़ा प्रधानमंत्री बनेंगे। शनिवार और रविवार को देश छुट्टी पर चला जाएगा। ये लोग परिवर्तन करने चले हैं और नेता का पता नहीं।
उन्होंने कहा कि भाजपा के फोर बी हैं- बढ़ता भारत, बनता भारत। जो गठबंधन करने चले हैं उनके फोर बी हैं- बुआ, भतीजा, भाई और बहन। इन लोगों की सरकार देश को आगे नहीं ले जा सकती। हम चाहते हैं कि मोदी जी के नेतृत्व में एक मजबूत सरकार बने। विपक्षी दल चाहते हैं कि सरकार मजबूर हो। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘मैं कार्यकर्ताओं का आह्वान करता हूं कि यह लड़ाई देश के लिये महत्वपूर्ण है। यह लड़ाई जीतना भाजपा के साथ-साथ भारत के लिये भी जरूरी है। हमारा कार्यकर्ता 50 प्रतिशत लड़ाई जीतकर ही आएगा। सीटों की संख्या ऐसी हो कि विरोधियों के दिल दहल जाएं।’
उन्होंने एनआरसी का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि चुनाव में जाने से पहले गठबंधन के सभी नेताओं को इस मामले पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिये। भाजपा दोबारा सत्ता में आयी तो कश्मीर से कन्याकुमारी तक एक-एक घुसपैठिये को चुन-चुनकर बाहर निकाला जाएगा। शाह ने कहा कि वह कांग्रेस के सभी नेताओं का आह्वान करना चाहते हैं कि राम जन्मभूमि का नाम लेने का आपको कोई अधिकार नहीं है। वह उत्तर प्रदेश की जनता से कहने आये हैं कि राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर जल्द से जल्द बने इसके लिये भाजपा कटिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि न्यास की 42 एकड़ जमीन कांग्रेस सरकार ने अधिग्रहीत कर ली थी। न्यास ने वह जमीन वापस मांगी, तो हमने इसका फैसला कर लिया। वह बहुत बड़ा फैसला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साधुवाद है कि उन्होंने यह साहसी कदम उठाया है। हम आशा करते हैं कि जल्द से जल्द अयोध्या मामले का निपटारा हो और श्रीराम अपने भव्य मंदिर में विराजमान होकर जनता का कल्याण करें।