ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
Google Analytics —— Meta Pixel
भोपाल. ग्वालियर। मकर संक्रांति के बाद सर्दी से राहत की बात सोच रहे हैं तो ये बाद दिमाग से निकाल दे। क्योंकि इस बार संक्रांति के बाद भी कड़ाके की सर्दी के दो से तीन दौर और आ सकते हैं। इसका कारण, कश्मीर घाटी में बर्फबारी का दौर जारी है। सोमवार से हवाओं का रुख बदलने से एक बार फिर कंपाने वाली सर्दी का दौर शुरू हो जाएगा।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार एक दो दिन बाद उत्तरी हवा एक बार फिर पारे को गिराएगी। प्रति चक्रवात के कारण शनिवार को पूर्वी और दक्षिण पूर्वी हवा चलने से रात के तापमान में जरूर थोड़ा सा इजाफा हुआ है। क्या कहते हैं वैज्ञानिक: मौसम विज्ञानी डॉ. डीपी दुबे के अनुसार चक्रवात में हवाएं चारों तरफ से आकर एक जगह एकत्रित होती हैं। अगर कहीं से इन हवा के साथ नमी आ रही है तो वह बादल बन जाते हैं और बरसात की संभावना बढ़ जाती है। प्रति चक्रवात में हवा दूर-दूर हो जाती हैं। इससे बादल नहीं बनते तथा मौसम में गरमाहट आ जाती है।
भोपाल: वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि शनिवार को दिन का तापमान 25.1 डिग्री दर्ज किया गया। इसमें 1.3 डिग्री का इजाफा हुआ। यह सामान्य रहा। दिन में हल्की धूप निकली, लेकिन शाम चार बजे तक ठंडी हवा नहीं चली। शुक्रवार को दिन का तापमान 23.8 डिग्री दर्ज किया गया था। रात का तापमान 10.1 डिग्री दर्ज किया गया। इसमें भी 1.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। यह छह दिन बाद 10 डिग्री के पार पहुंचा। एक दिन पहले रात का तापमान 8.8 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विशेषज्ञ एसके नायक का कहना है कि 15- 16 और इसके एक दिन बाद 18 जनवरी को हिमालय के पश्चिमी हिस्से में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के पहुंचने का अनुमान है। अभी तापमान में ज्यादा बदलाव होने की संभावना नहीं है, लेकिन 19 जनवरी से यहां ठंड बढ़ सकती है। मिल रहे ट्रेंड के मुताबिक अभी आने वाले दिनों में ठंड के एक दो दौर और आ सकते हैं।
ग्वालियर: पूर्वी और दक्षिण- पूर्वी हवा चलने के कारण शनिवार को सुबह 8:30 बजे तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा। बीते रोज सुबह 8:30 बजे तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा था। इसी तरह शाम 5:30 बजे तापमान 19 डिग्री रहा है जबकि शुक्रवार को शाम 5:30 बजे तापमान 18.8 डिग्री रहा था। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
इंदौर: अभी हवा का रुख दक्षिण-पूर्व बना हुआ है। इस कारण दिन-रात का तापमान सामान्य से ज्यादा हो गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान 2 डिग्री बढ़कर 11.1 डिग्री रहा जो सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा है। सुबह 9 बजे तक ठंड रही, लेकिन दिन चढ़ते ही इसमें कमी आई। मौसम सुधरने से लोगों को राहत मिली। तेज ठंड होने से पत्ती, फली जलने की स्थिति में आ जाती है। सामान्य तापमान रहने से फसलों को फायदा होता है। हालांकि मावठा नहीं गिरने से किसानों को सिंचाई के इंतजाम करना पड़ रहे हैं। ठंड में भी देर रात से अलसुबह के बीच सिंचाई करने खेत में जाना पड़ता है। मौसम विभाग का मानना है 14 जनवरी के बाद ठंड का दौर फिर आएगा। उत्तर में बर्फबारी शुरू होने से मालवा में भी ठंडक बढ़ेगी। प्रदेश की बात की जाए तो खजुराहो में सबसे कम 3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।
जांजगीर चांपा. जिले के सिटी कोतवाली थाने के ठीक सामने स्थित साइकिल स्टोर में रखे सिलेंडर रविवार सुबह फटने से आग लग गई। इसके बाद एक-एक कर सिलेंडरों में विस्फोट होना शुरू हो गया। इसके चलते इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं। आग बुझाने का प्रयास जारी है।
दुकान में रखे फटाखे फूटने से दो कर्मचारी घायल
जानकारी के मुताबिक, शहर के व्यस्त रिहायशी इलाके में सिटी कोतवाली के ठीक सामने नव दुर्गा साइकिल स्टोर है। दुकन में रविवार सुबह करीब 11.30 बजे तेज धमाका हुआ और आग लग गई। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, एक के बाद एक धमाके शुरू हो गए। इसके चलते पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
दुकान में लगी आग के दौरान मौके पर जमा लोगों की भीड़
कोतवाली के ठीक सामने विस्फोट और आग से पुलिस भी सकते में आग गई। तत्काल ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। इसके बाद मौके पर एक दमकल की गाड़ी आई, लेकिन विकराल आग देखकर तीन अन्य दमकलों को बुलाना पड़ा। इससे पहले कि दमकलकर्मी आग पर काबू पाते, उसने पड़ोसी के कपड़े की दुकान को भी चपेट में ले लिया।
जिस इलाके में यह दुकान है वह काफी रिहायशी इलाका है। इसके चलते आग बुझाने में दिक्कत हो रही है। बताया जा रहा है कि सिटी कोतवाली के ठीक सामने ही गैस का अवैध कारोबार चलता है फिर भी कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। जिस वजह से ऐसा हादसा हुआ है। वहीं बताया जा रहा है कि दुकान में अवैध रूप से फटाका भी रखा हुआ था। दुकान में रखे फटाखे फूटने से 2 कर्मचारियों को चोट आई है। फिलहाल दमकल की चार गाड़ियां आग बुझाने का प्रयास कर रही हैं। सिलेंडर में आग कैसे लगी यह अभी तक पता नहीं चल सका है।
रायगढ़. पीएम आवास योजना के लाभार्थियों से अंगूठे का निशान और आधार नंबर की डिटेल लेकर उनके खातों से रुपए निकालने वाले एक गिरोह के चार लोगों को पुलिस ने लैलूंगा से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी जनपद अधिकारी बनकर हितग्राहियों के घर जाते थे। आरोपियों ने जिले में ही लगभग 5 लाख रुपए की ठगी की है। जशपुर, बलरामपुर, अंबिकापुर सहित चार जिलों से लगभग 25 लाख रुपए ठगे हैं।
आस-पास के कई जिलों में लाेगों को बनाया शिकार
जिले में स्थानीय लोगों से बड़े स्तर पर इस तरह की संगठित ठगी का यह पहला मामला है। कियोस्क शाखा और मोबाइल सिम विक्रेताओं की भी ऐसी ठगी में भूमिका हो सकती है। 11 जनवरी को खरसिया के बानीपाथर, करपीपाली निवासी हेमलाल रौतिया और भारत राम कलार ने खरसिया पुलिस को बताया कि लगभग 12 हजार रुपये उनके खातों से निकाले गए हैं।
कुछ लोग उनके घर आए थे और पीएम आवास के सर्वे करने के नाम पर आधार नंबर लेकर मोबाइल के जरिए उनके खातों से रुपए निकाल लिए। इसकी सूचना मिलने के बाद खरसिया पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पूछताछ में आरोपियों का हुलिया तो नहीं मिला मगर उनकी गाड़ी का नंबर ट्रेस हो गया।
इसके बाद सबसे पहले पुलिस ने चेतन यादव को पकड़ा। इसके बाद पूछताछ में उसने अपने अन्य साथी धमेंद्र महंत, संजय तिर्की, बबलू उर्फ श्रवण महंत का नाम बताया। चारों लैलूंगा थाना क्षेत्र के है। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने खरसिया, लैलूंगा, धरमजयगढ़ सहित आसपास के जिले जशपुर, अंबिकापुर, बलरामपुर में जाकर भी पीएम आवास के हितग्राहियों से ठगी की है।
आरोपी जनपद पंचायत अधिकारी बनकर घर जाते थे और सर्वे के नाम से अकाउंट का पैसा अपने खातों में ट्रांसफर करा लेते थे। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उनके पास से 15 एटीएम, 5 मोबाइल, 3 थंब इंप्रेशन मशीन, एक कंप्यूटर सेट और 5 हजार रुपए जब्त किए गए।
ग्रामीणों के घर जाकर लिए डिटेल
आरोपी सबसे पहले जनपद की साइट से हितग्राहियों की लिस्ट निकालते थे। इसके बाद उन ग्रामीणों के घर पहुंचकर उन्हें जनपद पंचायत अधिकारी बताकर सर्वे की बात कहते थे। सर्वे के दौरान मोबाइल से ही सामने वाले हितग्राही का आधार नंबर लेकर उसका अंगूठा मशीन में पंच कराते थे।
इसके बाद उसके खाते से अपने खातों में रुपए ट्रांसफर कर लेते थे। आरोपियों ने अधिकतर गरीब लोगों को टारगेट किया था, जिनके पास मोबाइल भी नहीं होता था। ऐसे में हितग्राही के खाते से रुपए निकलने की जानकारी जानकारी होने से पहले ही वे चले जाते थे।
बायो इनेबल्ड वॉलेट से करते हैं ठगी
जानकारी के अनुसार पे नियर बाई, भीम, पेटीएम इस तरह के सैकड़ों एप्लीकेशन आते हैं। ये आपकी फिंगरप्रिंट के जरिए रुपए ट्रांजेक्शन की अनुमति देते हैं। ऐसे ही एप्लीकेशन में आरोपी आईडी बनाकर रखते थे। इसके अलावा आरोपियों ने मार्केट से मार्फो मशीन ले रखी थी।
इसमें भी पहले आईडी जनरेट करनी पड़ती है। इस आईडी के जरिए ही आरोपियों ने कहां से ट्रांजेक्शन किया है। यह पता चल जाता है, इन्हीं दो संसाधनों के जरिए आरोपी अकाउंट से रुपए ट्रांसफर कर लेते थे।
गरीबों के पैसे से खरीदी जेसीबी
आरोपी लगभग एक साल से ठगी कर रहे थे। गांव-गांव घूमकर इन लोगों ने इतने रुपए ठगे की 12 लाख रुपयों की नई जेसीबी, डेढ़ से दो लाख रुपए की बुलेट और बाइक खरीदी थी। जेसीबी लैलूंगा में ही किराए पर चला रहे थे। पुलिस ने इसे भी जब्त किया है। आरोपियों के पास ग्रीन एटीएम कार्ड भी था।
पुलिस को हालांकि शिकायत नहीं मिली हैं लेकिन आरोपियों के बयान और जब्त सामानों के आधार पर पुलिस मान रही है कि इन लोगों ने 25 लाख रुपए से अधिक की ठगी की है।
राहफ कुवैत से ऑस्ट्रेलिया भागने के दौरान बैंकॉक एयरपोर्ट पर पकड़ ली गई थी
ह्यूमन राइट्स वॉच की अपील के बाद कनाडा उसे शरण देने के लिए तैयार हुआ
ओटावा. कुवैत से भागी सऊदी अरब की 18 साल की राहफ मोहम्मद अल कुनुन को कनाडा ने शरण दी है। शनिवार को टोरंटो अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर राहफ को लेेने कनाडा की विदेश मंत्री क्रिस्टिया फ्रीलैंड पहुंची। उन्होंने राहफ को बहादुर कनाडाई बताकर उसका स्वागत किया।
इस्लाम छोड़ने के बाद सऊदी नहीं लौटना चाहती थी राहफ
राहफ इसी हफ्ते सोशल मीडिया के जरिए खबरों में आई थी। उसे कुवैत से ऑस्ट्रेलिया भागने के दौरान बैंकाॅक एयरपोर्ट पर हिरासत में ले लिया गया था। एयरपोर्ट प्रशासन राहफ को वापस सऊदी भेजने की तैयारी में था। इसी बीच, राहफ ने अपील की थी कि उसने इस्लाम छोड़ दिया है, इसलिए सऊदी लौटने पर उसकी हत्या हो सकती है।
ह्यूमन राइट्स वॉच ने की राहफ को बचाने की अपील
इसके बाद ह्यूमन राइट्स वॉच की अपील पर थाईलैंड ने राहफ को वापस नहीं भेजने का फैसला किया। संगठन का कहना था कि सऊदी से भागी लड़कियों को लौटने के बाद अपने परिवार और रिश्तेदारों से हिंसा और प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है। ऐसे में मर्जी के खिलाफ राहफ को वापस भेजेने पर उसे गंभीर नुकसान हो सकता है।
थाईलैंड ने राहफ को संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी उच्चायुक्त (यूएनएचसीआर) की शरण में भेजा था। यहां कनाडा उसे शरण देने के लिए तैयार हो गया। शुक्रवार को उसे कनाडा के लिए रवाना कर दिया गया।
राहफ के मुताबिक, वह पहले ऑस्ट्रेलिया ही जाना चाहती थी, लेकिन दस्तावेजी कार्रवाई और दूसरे कामों में ज्यादा समय लगने की वजह से उसने कनाडा में शरण लेना ठीक समझा
उत्तरप्रदेश में सपा-बसपा गठबंधन ने 38-38 सीटों पर लड़ने का फैसला किया है
राहुल गांधी ने कहा- इस गठबंधन का सम्मान करते हैं, लेकिन हमें कम न आंकें
नई दिल्ली. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने भराेसा जताया है कि उत्तरप्रदेश में हुए सपा-बसपा गठजोड़ पर लोकसभा चुनाव से पहले दोबारा विचार किया जाएगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि राज्य में उनकी पार्टी को कमतर नहीं समझा जा सकता। जरूरत पड़ने पर वह अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।
गठबंधन में कांग्रेस को शामिल नहीं किया गया
चिदंबरम का यह बयान शनिवार को उत्तरप्रदेश में हुए सपा-बसपा गठबंधन के बाद आया है। इस गठबंधन में कांग्रेस काे शामिल नहीं किया गया।
चिदंबरम ने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर हुआ समझौता अंतिम नहीं है।
चुनाव तक बड़ा गठबंधन बनेगा
चिदंबरम ने कहा कि चुनाव नजदीक आने पर उत्तरप्रदेश में एक बड़े आधार वाला गठबंधन बनाया जाएगा। वे यहां लोकसभा चुनाव के घोषणा पत्र के लिए जुटाई जा रहीं आम लोगों की राय से संबंधित एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। उन्होंने इस कार्यक्रम से इतर कहा कि लक्ष्य भाजपा को हराना है और उम्मीद है कि सभी धर्मनिरपेक्ष और उदारवादी दल चुनाव लड़ने के लिए एकजुट होंगे।
हार्दिक-राहुल को चैट शो में आपत्तिजनक बयान पर टीम से सस्पेंड किया गया था
विजय ऑस्ट्रेलिया में ही टीम से जुड़ेंगे, शुभमन न्यूजीलैंड दौरे के लिए चुने गए
नई दिल्ली. ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे और टी-20 के लिए ऑलराउंडर विजय शंकर और बल्लेबाज शुभमन गिल को टीम में जोड़ा गया है। दोनों हार्दिक पंड्या और लोकेश राहुल का स्थान लेंगे। हार्दिक-राहुल को करण जौहर के टीवी चैट शो 'कॉफी विद करण' में आपत्तिजनक बयान देने के कारण टीम से सस्पेंड कर दिया गया है। विजय ऑस्ट्रेलिया में जारी वनडे सीरीज में ही टीम से जुड़ जाएंगे। वहीं, शुभमन न्यूजीलैंड सीरीज में टीम के साथ जुड़ेंगे।
राहुल की जगह पहले चुने गए थे मयंक
चयन समिति के मुताबिक, "पहले मयंक अग्रवाल को राहुल और विजय को हार्दिक की जगह टीम में शामिल करने का सुझाव दिया गया था, लेकिन मंयक अनफिट हैं। बाद में मयंक की जगह शुभमन को टीम में लिया गया।"
चयन समिति ने कहा, "टीम प्रबंधन ने ऑस्ट्रेलिया खिलाफ सीरीज के लिए एक खिलाड़ी को मांगा था। इसलिए विजय को पहले वहां भेजा जा रहा है। वहीं, शुभमन को रणजी ट्रॉफी और इंडिया ए की ओर से बेहतरीन प्रदर्शन का इनाम मिला।" विजय ने भारत के लिए पांच टी-20 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 17 रन बनाए और तीन विकेट लिए। वहीं, शुभमन ने 36 लिस्ट ए मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 47.78 की औसत से 1529 रन बनाए। उनके नाम चार शतक और सात अर्धशतक है।
शिमला/श्रीनगर. हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में शनिवार रात जोरदार बर्फबारी हुई है। जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद कर दिया गया है। इससे राज्य का देश के बाकी हिस्सों से संपर्क टूट गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि ताजा बर्फबारी से मैदानी इलाकों में पारा तीन डिग्री तक नीचे आ सकता है।
शिमला के आसपास भी हुआ हिमपात
मौसम विभाग के मुताबिक, डलहौजी में 30 सेमी, मनाली में 23 सेमी, केलंग में 9 सेमी, कुफरी और कल्पा में 8-8 सेमी और शिमला में 3.5 सेमी बर्फबारी दर्ज की गई।
सोमवार को राज्य में मौसम खुला रहने का अनुमान है, ऐसे में सैलानियों की तादाद बढ़ने के आसार हैं। शिमला में जनवरी में यह दूसरा और मौसम का तीसरा हिमपात है। इससे पहले यहां 6 जनवरी और 12 दिसंबर को बर्फ गिरी थी।
कुफरी, फागू, नारकंडा और खड़ा पत्थर हल्की बर्फबारी हुई है, लेकिन इससे इन इलाकों का शिमला के ऊपर इलाकों से सड़क संपर्क टूट गया है। राहत की बात ये है कि रविवार को मौसम खुला होने से इन मार्गों के जल्द खुलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के मुताबिक, धर्मशाला में रविवार को 2.2 डिग्री, कल्पा में माइनस 4.8 डिग्री और मनाली में माइनस 1.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद
जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार और शनिवार को हुई बर्फबारी की वजह से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है। इससे राज्य का देश केक बाकी हिस्सों से संपर्क कट गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पाकिस्तान और आसपास के इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसका सबसे ज्यादा असर जम्मू-कश्मीर में नजर आ रहा है।
प्रयागराज (इलाहाबाद). कुंभ मेला क्षेत्र में किन्नर अखाड़ा जूना अखाड़े का हिस्सा बना। मौजगिरि आश्रम में शनिवार देर रात तक चली चर्चा और पूजा-पाठ के बाद दोनों अखाड़ों के प्रमुखों ने एक मंच पर आने की हामी भरी। कागजी कार्रवाई के बाद तय हुआ कि किन्नर अखाड़ा वर्तमान स्वरूप में ही जूना अखाड़े का हिस्सा बना रहेगा। दोनों अखाड़े 15 जनवरी को शाही स्नान में मौजूद रहेंगे।
किन्नर अखाड़ा प्रमुख लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने कहा कि इसे अखाड़े में विलय नहीं माना जाए। जूना और किन्नर अखाड़ा एक हुए हैं। हमारे अखाड़े ने जो भी आचार्य महामंडलेश्वर, महामंडलेश्वर और महंत जैसे पद दिए हैं वे बरकरार रहेंगे। हमारा अखाड़ा जूना के सारे नियमों को मानेगा।
करीब 11 घंटे चलेगा 13 अखाड़ों का शाही स्नान
कुंभ का पहला शाही स्नान 15 जनवरी को मकर संक्रांति पर है। प्रशासन ने सभी 13 अखाड़ों के शाही स्नान का वक्त तय कर दिया है। अखाड़ा परिषद के महामंत्री हरि गिरि ने बताया कि परंपरा के मुताबिक, अखाड़ों का जुलूस निकलेगा। सबसे पहले महानिर्वाणी और सबसे अंत में निर्मल अखाड़े का जुलूस निकलेगा। अखाड़ों का शाही स्नान सुबह 5:15 बजे से शुरू होकर शाम 4:20 बजे तक चलेगा।
लखनऊ. लोकसभा चुनाव में सपा-बसपा के गठबंधन के ऐलान के बाद रविवार को कांग्रेस ने भी साफ कर दिया कि पार्टी उत्तरप्रदेश की सभी 80 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि हमारी तैयारी पूरी है। हम सभी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा को राष्ट्रीय स्तर पर केवल अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस ही हरा सकती है।
इससे पहले शनिवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन का ऐलान किया था। उप्र में दोनों पार्टियां 38-38 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। हालांकि, मायावती ने कहा था कि वे कांग्रेस से गठबंधन किए बिना भी उनके लिए अमेठी और रायबरेली सीट पर प्रत्याशी नहीं उतारेंगे। अमेठी से राहुल गांधी और रायबरेली से सोनिया गांधी सांसद हैं।
कांग्रेस ने टुकड़ों में बंटे देश को अखंड भारत बनाया- आजाद
आजाद ने कांग्रेस की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि हमारी पार्टी ने ही टुकड़े-टुकड़े में बंटे भारत को अखंड भारत बनाया। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने में कांग्रेस का महत्पवूर्ण योगदान रहा है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से लेकर नेहरू तक सभी ने अपना-अपना योगदान दिया, जिसकी वजह से देश अखंड बन पाया।
अखिलेश-माया को गठबंधन का हक: राहुल गांधी
राहुल ने दुबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गठबंधन के सवाल को लेकर शनिवार को कहा था, ''सपा-बसपा को गठबंधन का हक है, लेकिन वहां पर कांग्रेस अपनी विचारधारा की लड़ाई पूरे दम से लड़ेगी। मायावती-अखिलेश ने जो फैसला लिया, मैं उसका आदर करता हूं। ये उनका फैसला है। कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में खुद को खड़ा करना है। हम ये कैसे करेंगे, यह हमारे ऊपर है। हमारी लड़ाई भाजपा की विचारधारा से है और हम यूपी में पूरे दम से लड़ेंगे।''
नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सिखों के 10वें गुरु गोबिंद सिंह की 352वीं जयंती पर उनकी याद में सिक्का जारी किया। इस मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी उनके साथ मंच पर मौजूद थे। मोदी ने करतारपुर कॉरिडोर को लेकर केंद्र सरकार की पहल को सराहा। उन्होंने कहा कि अब श्रद्धालु बिना वीजा के गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव में शामिल होने के लिए पाकिस्तान स्थित नरोवाल जा सकेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा, “1947 में हमसे जो चूक हुई थी, यह उसका प्रायश्चित है। हमारे गुरु का सबसे महत्वपूर्ण स्थल सिर्फ कुछ ही किलोमीटर दूर था, लेकिन उसे भी अपने साथ नहीं लिया गया। यह कॉरिडोर उस नुकसान को कम करने का प्रमाण है।” इससे पहले मोदी ने ट्वीट कर गुरु गोबिंद सिंह जी को नमन किया।
मोदी जारी कर चुके हैं डाक टिकट
दो साल पहले भी नरेंद्र मोदी ने पटना में गुरु गोबिंद सिंह की याद में डाक टिकट जारी किया था। पिछले साल 30 दिसंबर को मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में उनके गुरु गोबिंद सिंह के बलिदान और देशप्रेम की तारीफ की थी। गुरु गोबिंद सिंह जब सिखों के धर्मगुरु बने तब उनकी उम्र महज नौ साल थी। वे अध्यात्म के ज्ञानी, योद्धा, कवि और दार्शनिक थे।