Google Analytics —— Meta Pixel
newscreation

newscreation

रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को नौसेना के दो स्टेल्थ फ्रिगेट (रडार की नजर में पकड़ नहीं आने वाले युद्धपोतों) के लिये ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलें और सेना के मुख्य युद्धक टैंक ‘अर्जुन’ के लिये बख्तरबंद रिकवरी वाहन सहित 3,000 करोड़ रुपये मूल्य की सैन्य खरीद को मंजूरी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। सेना के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दोनों खरीद के लिये रक्षा अधिग्रहण परिषद (डीएसी) से अनुमति मिली। डीएसी रक्षा खरीद को लेकर निर्णय लेने वाली रक्षा मंत्रालय की शीर्ष संस्था है।

उन्होंने कहा, ‘‘रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में डीएसी ने करीब 3,000 करोड़ रुपये के रक्षा उपकरणों की खरीद के लिये मंजूरी दी।’’ भारत एक अरब डॉलर की कीमत के दो स्टेल्थ फ्रिगेट खरीद रहा है और दोनों जहाज स्वदेश निर्मित ब्रह्मोस मिसाइलों से लैस होंगे। अधिकारी ने बताया, ‘‘देश में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइल एक जांची-परखी और प्रमाणिक सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल है और इसे इन जहाजों पर प्राथमिक हथियार के तौर पर रखा जायेगा।’’ 
 
अधिकारी ने बताया कि डीएसी ने भारतीय सेना के मुख्य युद्धक टैंक ‘अर्जुन’ के लिये बख्तरबंद रिकवरी वाहन (एआरवी) की खरीद की भी स्वीकृति दी। एआरवी का डिजाइन और विकास डीआरडीओ ने किया है और इसका निर्माण रक्षा क्षेत्र की सार्वजनिक कंपनी बीईएमएल करेगी।

पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल गौर ने कहा है कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन रही है। गौर ने यह टिप्पणी कांग्रेस नेता और दिग्विजय मंत्रिमंडल में सदस्य रहे आरिफ अकील से मुलाकात के दौरान की। अकील बृहस्पतिवार को गौर से मुलाकात करने उनके बंगले पहुंचे थे। दोनों ने मीडिया के सामने ही कुछ समय चर्चा की। गौर ने अकील से कहा कि कांग्रेस की सरकार बन रही है और आप मंत्री बन रहे हो। उल्लेखनीय है कि लगातार दस विधानसभा चुनाव जीतने का रिकॉर्ड बनाने वाले गौर का इस बार पार्टी ने टिकट काटकर उनकी बहू कृष्णा गौर को उम्मीदवार बनाया है। दोनों के बीच बातचीत का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है।

 

दिग्विजय का दावा, कांग्रेस ला रही 132 सीटें

दिग्विजय सिंह
दिग्विजय सिंह - फोटो : PTI
उधर, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने दावा किया कि कांग्रेस मध्य प्रदेश में 132 से अधिक सीट जीतकर अपनी सरकार बनाएगी। राज्य में 230 विधानसभा सीटें हैं। बुधवार को हुए मतदान में 75 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया था।

मतों की गिनती 11 दिसंबर को होगी। राज्य में 1993 से 2003 तक 10 साल मुख्यमंत्री रहे दिग्विजय सिंह से जब कहा गया कि कांग्रेस की 132 सीटें आ रही हैं तो उन्होंने कहा, प्रदेश में हम 132 से अधिक सीटों पर विजय हासिल कर सरकार बनाएंगे। बता दें कि प्रदेश में भाजपा पिछले 15 साल से सत्तारूढ़ है।

सिंह ने कहा, वर्ष 2013 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में प्रदेश में लगभग तीन फीसदी फर्जी मतदाता थे। इस बार विधानसभा चुनाव से पहले हमने मतदाता सूची से इनकी लगभग छंटनी करवा दी। उन्होंने कहा कि इस बार हुए चुनाव में जीत के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना दिल, दिमाग, शरीर और आत्मा सब कुछ लगा दिया, कोई कसर नहीं छोड़ी।

जगदलपुर, 30 नवंबर । छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में कल देर शाम पुलिस और नक्सलियों के बीच हुयी मुठभेड़ के बाद पुलिस ने भागते हुए 8 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। मौके से एक 303 बंदूक समेत बम बनाने का सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने नक्सलियों का कैम्प भी ध्वस्त कर दिया है।
बस्तर आईजी विवेकानंद सिंहा ने बताया कि सूचना मिली थी कि किरंदुल थाना क्षेत्र के हिरोली गांव के दोक्कापारा के जंगल में नक्सलियों ने कैम्प बना रखा है। फौरन ही डीएफ, डीआरजी और सीआरपीएफ के 50 जवानों की टुकड़ी रवाना की गयी, जिसने योजनाबद्ध तरीके से इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस की मौजूदगी भांपकर नक्सलियों ने गोलीबारी प्रारंभ कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस बल ने अविलंब मोर्चा संभालते हुए फायरिंग की। लगभग एक-डेढ़ की मुठभेड़ बाद नक्सलियों के हौसले पस्त हो गए और वे जंगल की ओर भागने लगे, जिनका पीछा कर 4 महिला एवं 4 पुरूष नक्सलियों को दबोच लिया गया। गिरफ्तार नक्सलियों की शिनाख्त की जा रही है, जो मलांगिर एरिया कमेटी के सदस्य बताए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल की सर्चिंग के दौरान एक भरमार बंदूक, दो तीर बम, एक हेंड ग्रेनेड, दो डेटोनेटर, एक स्विच, कॉर्डेक्स वायर, पटाखे एक मोबाइल और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गयी है।

कोरबा 30 नवम्बर । आयुक्त रणबीर शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि डोर-टू-डोर अपशिष्ट संग्रहण के कार्य में और अधिक कसावट लाएं, जिन वार्डो में निगम द्वारा यह कार्य किया जा रहा है, वहां के शत प्रतिशत घरों, दुकानों से अपशिष्ट संग्रहित हों, यह अंतिम रूप से सुनिश्चित करें, साथ ही अपशिष्ट के सेग्रीग्रेशन, गीले व सूखे कचरे के प्रसंस्करण व समापन कार्य को बेहतर स्वरूप में संपादित कराएं।
आयुक्त श्री रणबीर शर्मा ने आमनागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि घरों एंव दुकानों से निकले हुए अपशिष्ट को सार्वजनिक स्थानों, सड़क, नाली, चौक-चौराहों आदि में न डालें, सूखे एवं गीले कचरे को पृथक-पृथक डस्टबिन में संग्रहित करके रखें तथा डोर-टू-डोर अपशिष्ट संग्रहण हेतु पहुंचने वाले निगम के सफाईमित्र के वाहन में ही कचरे को डालें एवं शहर को साफ-सुथरा रखने व निगम की सफाई व्यवस्था के सुचारू संचालन में अपना सहयोग दें।

राजनांदगांव, 30 नवंबर । जिले के सोमनी इलाके से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। खबर है कि सोमनी के पास पार्वती लुब्रिकेंट फैक्ट्री के आयल टैंक में धमाका हो गया। जिसके चपेट में आने से एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर बनी हुई है। फैक्ट्री में ब्लास्ट की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेट और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद फैक्ट्री में लगी आग पर काबू पाया गया है।

रायगढ़, 30 नवंबर । थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक युवराज तिवारी के नेतृत्व में हमराह स्टाफ द्वारा दिनांक 28.11.2018 के शाम करीब 07.30 बजे मुखबिर सूचना पर इंदिरा विहार के पास ट्रक क्रमांक डब्लयूबी 23 डी 3256 को रोककर चेक किया गया, जिसमें करीब 19 टन कबाड समान (लोहा, टिन के टुकडे) को अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था, मौके पर ट्रक चालक से पूछताछ कर ट्रक को मय कबाड सहित जप्त कर ट्रक के चालक के विरूद्ध इस्तगासा क्रमांक 07/18 धारा 41(1+4)सीआरपीसी/379 आईपीसी की कार्यवाही की गई है ।

दंतेवाड़ा, 30 नवंबर । छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में आज सुबह नक्सलियों द्वारा बिछाए गए प्रेशर बम विस्फोट में एक सहायक आरक्षक रैनू भास्कर गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अरनपुर थाने से आज सुबह पुलिस का संयुक्त बल गश्त सर्चिंग के लिए रवाना किया गया था। ग्राम ककाड़ी के समीप जंगल में नक्सलियों द्वारा बिछाए गए पे्रशर बम में पैर पडऩे पर विस्फोट हो गया। धमाके में जिला बल का सहायक आरक्षक रैनू भास्कर गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। रैनू को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया जा रहा है।

बिलासपुर, 30 नवंबर । हाईकोर्ट ने किसी भी शासकीय कर्मचारी के निधन पर मृतक के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति व अन्य सहायता दिलाए जाने का दायित्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारी की है। अधिकारी को आश्रितों को नियमों की जानकारी दी जानी चाहिए। कोर्ट ने मामले में याचिकाकर्ता के आवेदन को स्वीकार कर नियमानुसार अनुकंपा नियुक्ति देने का आदेश दिया है।
याचिकाकर्ता डिगेश्वर प्रसाद के पिता विशेलाल बालोद में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। सेवाकाल के दौरान 1999 में उनका निधन हो गया। पिता के निधन के समय याचिकाकर्ता की उम्र नौ साल थी। मृतक सहायक शिक्षक के आश्रितों को विभाग की ओर से अनुकंपा नियुक्ति के नियम के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई।
याचिकाकर्ता डिगेश्वर बालिग होने पर शिक्षा विभाग में अनुकंपा नियुक्ति दिए जाने आवेदन पेश किया। विभाग ने शासकीय कर्मचारी के निधन होने के बाद तीन वर्ष के अंदर ही अनुकंपा नियुक्ति दिए जाने का नियम होने का हवाला देते हुए आवेदन को निरस्त कर दिया।
याचिकाकर्ता ने शिक्षा सचिव को भी आवेदन दिया। शिक्षा सचिव द्वारा भी आवेदन निरस्त किए जाने पर हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की। इसमें कहा गया कि पिता का निधन होने के समय वह नाबालिग था। अनुकंपा नियुक्ति के संबंध में उसे कोई जानकारी नहीं थी। इसके अलावा विभाग की ओर से भी उसकी मां को कुछ नहीं बताया गया। बालिग होने पर आवेदन दिया गया है।
याचिका में जस्टिस पी सेम कोशी के कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि यदि किसी शासकीय कर्मचारी का निधन होता है तो विभाग के वरिष्ठ अधिकारी का यह दायित्व है कि तीन माह के अंदर मृतक के आश्रित या उत्तराधिकारी को यह बताए कि अनुकंपा नियुक्ति कैसे मिलेगी। इसके अलावा मिलने वाले अन्य लाभ की भी जानकारी दी जानी चाहिए। याचिकाकर्ता के पिता का जब निधन हुआ तो वह अबोध बालक था। विभाग की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई। याचिकाकर्ता अनुकंपा नियुक्ति प्राप्त करने का हकदार है। कोर्ट ने शासन को याचिकाकर्ता के आवेदन पर नियमानुसार निर्णय लेते हुए अनुकंपा नियुक्ति देने का आदेश दिया है।

कबीरधाम(कवर्धा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के गृह जिले कबीरधाम(कवर्धा ) के तहत दो विधानसभा सीट आती हैं पंडरिया और कवर्धा । कवर्धा में अभी भाजपा का ही कब्जा है, कवर्धा से अशोक साहू और पंडरिया से मोतीराम चंद्रवंशी भाजपा विधायक हैं। कवर्धा और पंडरिया विधानसभा पर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, सांसद अभिषेक सिंह और परिवार के सदस्यों का सीधा दखल रहता है। यही नहीं, भाजपा उम्मीदवार को चुनाव जिताने के लिए मुख्यमंत्री का कुनबा खुद डेरा डालता है और वोटरों से सीधा संपर्क करता है। चुनाव में हर बार कवर्धा और पंडरिया से विधायक होने के बावजूद भाजपा नए उम्मीदवार पर दांव लगाती है। कवर्धा और पंडरिया से कांग्रेस भी कड़ी टक्कर देने के लिए मजबूत दावेदार मैदान में उतारती रही है। पंडरिया से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोहम्मद अकबर ने वर्ष 2008 के चुनाव में जीत दर्ज की थी। लेकिन उनके बाद से दोनों सीटों पर कांग्रेस को जीत नहीं मिल पाई। इस बार भाजपा हैट्रिक लगाने की तैयारी में है।

पंडरिया विधानसभा
छत्तीसगढ़ की पंडरिया विधानसभा सीट 2008 के परसीमन के बाद वजूद में आई है। एक बार कांग्रेस और एक बार बीजेपी इस सीट पर जीत चुकी है। मौजूदा समय में बीजेपी का कब्जा है। जबकि कांग्रेस दोबारा से वापसी के लिए बेताब है। पंडरिया विधानसभा के वनांचल का इलाका आज भी बुनियादी सुविधाओं से जूझ रहा है और यहां पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा समस्या प्रमुख है। कांग्रेस और बीजेपी दोनों पार्टियों ने यहां से जीत हासिल की है, लेकिन समस्याएं जस की तस बनी हुई है।2013 के विधानसभा चुनाव में पंडरिया सीट पर 15 उम्मीदवार मैदान में उतरे थे। बीजेपी के मोतीराम चन्द्रवंशी ने कांग्रेस के लालजी चन्द्रवासी को मात देकर कब्जा किया था।बीजेपी उम्मीदवार को 81685 वोट मिले थे। जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को 74412 वोट मिले थे। इसके अलावा जीजीपी के निर्मल सलूजा को 7377 और सीएसएम के रामकृष्ण साहू को 5502 वोट मिले थे।2008 के नतीजे में कांग्रेस उम्मीदवार अकबर को 72397 वोट मिले थे। बीजेपी के लालजी चंद्रवासी को 70536 वोट मिले थे
कवर्धा विधानसभा
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह के गृह जिले कवर्धा की विधानसभा सीट वीआईपी सीट है। यहां पर पिछले दो चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की है। यानी इस बार नज़र हैट्रिक पर होगी।रमन सिंह का गृह जिला होने की वजह से इस सीट पर सभी की नज़रें टिकी होती हैं और सीएम की साख भी इससे जुड़ जाती है।हालांकि, बीजेपी के लिए चिंता का विषय ये है कि पिछला चुनाव यहां से विधायक अशोक साहू ने मात्र 2000 वोटों के अंतर से ही जीता था। ऐसे में रमन सिंह पर अपने ही घर में बीजेपी को जीत दिलाना ही चुनौती बन सकता है।2013 विधानसभा चुनाव में अशोक साहू, बीजेपी को 93645 वोट मिले अकबर भाई, कांग्रेस, को 91087 वोट मिले थे। 2008 विधानसभा चुनाव में सियाराम साहू, बीजेपी को 78817 वोट मिले और योगेश्वराज सिंह, कांग्रेस को 68409 वोट मिले थे। 2003 विधानसभा चुनाव में योगेश्वराज सिंह, कांग्रेस को 51092 वोट मिले थे जबकि सियाराम साहू, बीजेपी ने 46904 वोट पाए थे। इस सीट की चर्चा करना इसलिए भी लाजिमी है क्योंकि इस विधानसभा सीट पर जीत-हार के अंतर से नोटा को मिले वोटों की संख्या तीन गुना से भी ज्यादा थी। इस सीट पर बीजेपी के प्रत्याशी अशोक साहू ने 93,645 से वोटों के साथ जीत दर्ज की थी। वहीं, कांग्रेस की ओर से उम्मीदवार रहे अकबर भाई को 91,087 वोट मिले थे। इस सीट पर जीत-हार का अंतर 2,558 मत का रहा था। वहीं इस सीट पर नोटा को मिले वोटों की संख्या 9,229 थी।

ब्यूनस आयर्स । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी-20 शिखर सम्मेलन से इतर गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस से मुलाकात की। दोनों ने वैश्विक स्तर पर जलवायु परिवर्तन से निपटने में भारत की भूमिका पर चर्चा की। पीएमओ सूत्रों ने बताया बैठक इस बात का प्रतीक है कि दोनों नेता जलवायु परिवर्तन के मुद्दे को काफी महत्व देते हैं। दोनों के बीच यह बैठक पोलैंड के कैटोविस में कोप 24 की होने वाली बैठक से एक सप्ताह पहले हुई। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने अपने ट्वीट में कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने ब्यूनस आयर्स में जी-20 शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
वैश्विक स्तर पर जलवायु परिवर्तन से निपटने में भारत की एकजुट करने वाली भूमिका और पोलैंड के कैटोविस में कोप 24 की आगामी बैठक के विशेष संदर्भ में चर्चा की। पीएमओ सूत्रों ने बताया संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने पिछले दो महीने में दूसरी बार प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की है।
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां जी-20 शिखर सम्मेलन से इतर सऊदी अरब के वली अहद (क्राउन प्रिंस) मोहम्मद बिन सलमान से मुलाकात की। दोनों ने आर्थिक, सांस्कृतिक और ऊर्जा संबंधों को बढ़ावा देने पर चर्चा की। बता दें कि दो दिन तक चलने वाले 13 वें जी-20 शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे त्रिपक्षीय बैठक करने वाले हैं।
यह बैठक सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन के अपने प्रभाव का विस्तार करने के बीच होने वाली है। त्रिपक्षीय बैठक ट्रंप और आबे के बीच होने वाली द्विपक्षीय बैठक का विस्तार होगी। अमेरिकी राष्ट्रपति 30 नवंबर और एक दिसंबर को जी-20 शिखर सम्मेलन से इतर कई और देशों के नेताओं के साथ बैठक करेंगे।

Ads

R.O.NO. 13784/149 Advertisement Carousel

MP info RSS Feed

फेसबुक