ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
बस्तर संभाग के 7 जिलों के समग्र उत्थान के लिए 126.55 करोड़ रुपए की परियोजनाएं स्वीकृत
66.95 प्रतिशत जनजातीय आबादी के जीवन स्तर को सुधारने और संवारने के लिए चहुंमुखी विकास का खाका
रायपुर, नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग को एक मॉडल जनजातीय क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए सरकार ने व्यापक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का खाका तैयार किया है। संभाग के सात जिलों-बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा के समग्र उत्थान के लिए कुल 187.43 करोड़ रुपए की कार्ययोजना बनाई गई है, जिसमें से 126.55 करोड़ रुपए की परियोजनाओं को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। इस महत्वाकांक्षी पहल का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की 66.95 प्रतिशत जनजातीय आबादी (जो 20.69 लाख से अधिक है) के जीवन स्तर में सुधार लाना और उनकी समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करना है।
बुनियादी ढांचा और वन अधिकारों का सशक्तिकरण
बस्तर संभाग के 461 गांवों को ऑन-ग्रिड बिजली से जोड़ने के लिए 435 करोड़ रुपए की परियोजना (प्रथम चरण यानी वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 85 करोड़ रुपए) को लोक लेखा समिति द्वारा मंजूरी दी गई है, जिससे बिजली आपूर्ति सुव्यवस्थित होगी। वन अधिकार के लिए संभाग के 160 गांवों में सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए 16 करोड़ रुपए स्वीकृत कर राशि राज्य को हस्तांतरित कर दी गई है। अबूझमाड़िया समुदाय बस्तर-नारायणपुर क्षेत्र की विशेष रूप से विशेष पिछड़ी जनजातीय समूह अबूझमाड़िया समुदाय के पर्यावास अधिकारों की मान्यता के लिए 1.65 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं।
स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास
कुपोषण प्रभावित पीव्हीटीजी क्षेत्रों में 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों की देखभाल के लिए सामुदायिक प्रबंधित क्रेच स्थापित करने हेतु 7.15 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में सिकलसेल रोग के लिए 5 करोड़ रुपए की लागत से श्सेंटर ऑफ कॉम्पिटेंसश् बनाने और आईसीएमआर-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल रिसर्च के सहयोग से मलेरिया व टीबी उन्मूलन मिशन चलाने की योजना है। प्राथमिक स्कूलों और बालवाड़ियों में गोंडी, हल्बी, भतरी, धुरवी और दोरली जैसी स्थानीय जनजातीय भाषाओं में बहुभाषी शिक्षा सामग्री विकसित करने के लिए 6.75 करोड़ रुपए के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी मिली है। वयस्कों को डिजिटल और वित्तीय साक्षरता देने के लिए उल्लास कार्यक्रम के तहत 1 करोड़ रुपए का प्रस्ताव रखा गया है।
आजीविका और स्थानीय उद्यमिता (क्लस्टर विकास)
स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए वनोपज और कृषि आधारित क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं। इमली प्रसंस्करण क्लस्टर के लिए बस्तर और नारायणपुर (2.50 करोड़ रुपए), महुआ क्लस्टर के लिए बीजापुर व बस्तर (2.50 करोड़ रुपए), चिरौंजी और अन्य उत्पाद के लिए सुकमा में आम व छिंद-ताड़ी गुड़ तथा बीजापुर में चिरौंजी क्लस्टर (3.20 करोड़ रुपए), ट्राईफूड पार्क व शिल्प के लिए जगदलपुर में 5 करोड़ रुपए की लागत से ट्राईफूड पार्क और ढोकरा, बांस, काष्ठ व टेराकोटा शिल्प क्लस्टर के लिए 3 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसी प्रकार जगदलपुर-चित्रकोट-कांगेर घाटी कॉरिडोर में इको-टूरिज्म और होमस्टे को बढ़ावा देने के लिए 5 करोड़ रुपए प्रस्तावित हैं। जनजातीय युवाओं को उद्यमी बनाने के लिए जनजातीय उद्यमिता संवर्धन कार्यक्रम (4.58 करोड़ रुपए) के तहत 144 उद्यमों को 75,000 रुपए की सीड मनी दी जा रही है, जिसमें आईआईएम-कोलकाता स्टार्टअप इनक्यूबेशन में सहयोग कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने संगीत साधना के प्रति श्री चौहान के संघर्ष और समर्पण की सराहना की
टिन के पीपे से शुरू हुआ संगीत का सफर, आज सूफी गायकी में बनाई विशिष्ट पहचान
रायपुर, 18 नवंबर 2026/ संगीत सीखने की लगन सच्ची हो, तो साधन कभी राह का रोड़ा नहीं बनते। रियाज के लिए जब कोई वाद्य यंत्र नहीं मिला, तो टिन के पीपे को ही ढोलक बना लिया और उसी पर थाप देकर संगीत साधना शुरू कर दी। ढोलक से तबले तक का सफर तय किया और करीब 30 वर्षों तक तबला बजाने के बाद आज सूफी गायकी में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। यह कहानी है छत्तीसगढ़ के पद्मश्री से सम्मानित संगीत साधक श्री मदन सिंह चौहान की, जिन्हें लोग स्नेह से 'गुरुजी' कहते हैं।
नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आज आयोजित दीपावली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय स्वयं एक-एक टेबल पर पहुंचकर अतिथियों से मुलाकात कर रहे थे। इसी क्रम में उन्होंने श्री चौहान से आत्मीय भेंट की और उन्हें दीपावली की बधाई दी। मुख्यमंत्री ने संगीत साधना के प्रति उनके समर्पण और कला के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की। श्री चौहान ने सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी संगीत साधना जारी रखी। निरंतर अभ्यास और समर्पण के बल पर उन्होंने गजल एवं सूफी गायन के क्षेत्र में विशेष मुकाम हासिल किया। कला के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री सम्मान से अलंकृत किया।
छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में ली विभागीय समीक्षा बैठक, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर दिया जोर
रायपुर, 18 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त श्री आर. एस. विश्वकर्मा ने कहा कि अन्य पिछड़ा वर्ग सहित सभी पात्र हितग्राहियों के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक उत्थान के लिए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। योजनाओं का लाभ जरूरतमंद और पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग के विकास के लिए शिक्षा, रोजगार, कृषि, स्वरोजगार और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।
श्री विश्वकर्मा ने आज गौरेला पेंड्रा मरवाही जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों और विभागीय गतिविधियों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
कृषि एवं उद्यानिकी से किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष जोर
विभागवार समीक्षा के दौरान आयोग के अध्यक्ष ने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग को किसानों की आय में वृद्धि के लिए परंपरागत खेती के साथ दलहन एवं तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए अधिक से अधिक सिंचाई परियोजनाओं के निर्माण तथा सिंचित क्षेत्र बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही ऑयल पाम की खेती को प्रोत्साहित करने और आम, जामुन, लीची, पपीता एवं केला जैसी विभिन्न उद्यानिकी फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने कहा। उन्होंने कहा कि खेती के साथ कृषि आधारित आजीविका के विविध विकल्प विकसित करने से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और उनकी आय के नए स्रोत तैयार होंगे।
डेयरी, पशुपालन, मत्स्य पालन और लघु वनोपज से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
पशुधन विकास विभाग की समीक्षा करते हुए श्री विश्वकर्मा ने डेयरी विकास योजनाओं के माध्यम से किसानों एवं पशुपालकों की आय बढ़ाने तथा पशुपालन को लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वनांचल के ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए लघु वनोपजों के प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने तथा लाख की खेती को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही मत्स्य पालन व्यवसाय के विस्तार के माध्यम से ग्रामीणों के लिए अतिरिक्त आजीविका के अवसर सृजित करने कहा।
पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास सुविधाओं का होगा विस्तार
शिक्षा एवं आदिवासी विकास विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने स्कूलों, छात्रावासों एवं आश्रमों का समुचित रखरखाव, आवश्यक मरम्मत और रंगरोगन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को बेहतर आवासीय एवं शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रावासों की स्थापना के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने कहा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सामाजिक एवं शैक्षणिक उत्थान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
पेयजल, स्वास्थ्य, पोषण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को सामुदायिक नल-जल योजनाओं के निर्माण और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग को कुपोषित बच्चों को सुपोषित बनाने के लिए विशेष प्रयास करने तथा पोषण संबंधी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने कहा गया। वहीं समाज कल्याण विभाग को सभी पात्र हितग्राहियों तक पेंशन योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के आग्रह पर श्री मंडावी ने 12 अबूझमाड़िया युवाओं को दिया काष्ठ शिल्प का प्रशिक्षण
श्री मंडावी बोले- बस्तर के दूरस्थ गांवों तक पहुंचना अब हुआ आसान
रायपुर, 18 नवंबर 2026/नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में नारायणपुर के पद्मश्री से सम्मानित काष्ठ शिल्पकार श्री पंडीराम मंडावी भी आमंत्रित अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने महज 15 वर्ष की उम्र में लकड़ी पर आकृतियां उकेरने की शुरुआत की थी और अपना पूरा जीवन इस पारंपरिक कला को समर्पित कर दिया।
समारोह में अतिथियों से मुलाकात कर रहे मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने श्री मंडावी से आत्मीय भेंट कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने काष्ठ शिल्प के प्रति उनके दशकों के समर्पण और इस पारंपरिक कला को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की।
बस्तर के नारायणपुर निवासी श्री मंडावी की कृतियों में जनजातीय जीवन, संस्कृति और परंपराओं की जीवंत झलक दिखाई देती है। इसी उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
मुलाकात के दौरान श्री मंडावी ने बताया कि अबूझमाड़ प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने उनसे अबूझमाड़िया युवाओं को काष्ठ शिल्प का प्रशिक्षण देने को कहा था। मुख्यमंत्री के इस आग्रह पर उन्होंने करीब एक माह तक प्रशिक्षण देकर 12 अबूझमाड़िया युवाओं को इस पारंपरिक कला की बारीकियां सिखाईं। उनका मानना है कि कोई भी पारंपरिक कला तभी जीवंत रह सकती है, जब उसका ज्ञान और कौशल अगली पीढ़ी तक पहुंचे।
श्री मंडावी ने बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए बताया कि अब वहां सड़क, अस्पताल और धान खरीदी जैसी सुविधाएं पहले से अधिक सुलभ हुई हैं। गांवों तक बस सेवा शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिली है। पहले लंबी दूरी तय करने के लिए साइकिल ही सहारा होती थी, लेकिन अब बस सेवा से दूरस्थ गांवों तक पहुंचना आसान हो गया है। उन्होंने कहा कि सुविधाओं के विस्तार के साथ स्थानीय युवाओं को पारंपरिक कला और कौशल से जोड़ने के प्रयास उन्हें अपनी सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ाने का अवसर दे रहे हैं।
विकसित छत्तीसगढ़ @2047 के लक्ष्य को साकार करने राज्य नीति आयोग और यूनिसेफ की अभिनव पहल
राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष श्री गणेश शंकर मिश्रा की अध्यक्षता में यूनिसेफ के वैश्विक एवं राष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ उच्चस्तरीय गोलमेज बैठक
बस्तर और सरगुजा पर विशेष फोकस, साक्ष्य आधारित नीति निर्माण, विभागीय समन्वय और लक्षित बजट से बच्चों के विकास को मिलेगी नई दिशा
बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और सुरक्षा से जुड़े सूचकांकों के आधार पर तैयार होगा फ्रेमवर्क, पहले एक जिले में होगा पायलट क्रियान्वयन
रायपुर, 18 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं वित्त, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री श्री ओपी चौधरी के नेतृत्व में विकसित छत्तीसगढ़ @2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में छत्तीसगढ़ राज्य एक महत्वपूर्ण और अभिनव पहल कर रहा है। बच्चों के स्वस्थ, शिक्षित, सुरक्षित और समृद्ध भविष्य को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य नीति आयोग और यूनिसेफ के संयुक्त प्रयास से बाल कल्याण फ्रेमवर्क (Child Wellbeing Framework) तैयार किया जा रहा है। देश में अपनी तरह की इस पहली पहल के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए संचालित योजनाओं को अधिक प्रभावी, परिणामोन्मुखी और साक्ष्य आधारित बनाया जाएगा। विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों में बच्चों के विकास से जुड़ी चुनौतियों की पहचान कर आवश्यक सेवाओं और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।
इसी क्रम में आज नवा रायपुर स्थित राज्य नीति आयोग में आयोग के उपाध्यक्ष श्री गणेश शंकर मिश्रा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय गोलमेज बैठक आयोजित की गई। बैठक में यूनिसेफ के वैश्विक एवं राष्ट्रीय विशेषज्ञों, राज्य शासन के विभिन्न विभागों के सचिवों, विभागाध्यक्षों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान बाल कल्याण फ्रेमवर्क की आधारभूत रिपोर्ट, बच्चों के विकास से संबंधित सूचकांकों, विभागीय अभिसरण, लक्षित वित्तपोषण और परिणाम आधारित बजट व्यवस्था पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
आज के बच्चों का बेहतर भविष्य ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव : श्री गणेश शंकर मिश्रा
राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष श्री गणेश शंकर मिश्रा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ @2047 का सपना तभी साकार होगा, जब आज के बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पर्याप्त पोषण, सुरक्षित वातावरण और विकास के समान अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लगभग 97 लाख से अधिक बच्चे ही वर्ष 2047 में छत्तीसगढ़ के किसान, शिक्षक, चिकित्सक, इंजीनियर, वैज्ञानिक, उद्यमी और विभिन्न क्षेत्रों के कुशल मानव संसाधन बनेंगे। इसलिए बच्चों के विकास में आज किया गया निवेश राज्य के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत आधारशिला है।
श्री मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बच्चों के कल्याण और उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। विभिन्न विभागों के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में व्यापक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आवश्यकता इस बात की है कि इन प्रयासों को एकीकृत कर उनका वास्तविक प्रभाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा अंचल में बच्चों के विकास से संबंधित चुनौतियों पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने कहा कि बच्चों की आवश्यकताएं एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और जीवन स्तर में सुधार के लिए अलग-अलग विभागों के प्रयासों में प्रभावी समन्वय आवश्यक है। प्रस्तावित बाल कल्याण फ्रेमवर्क मुख्य रूप से तीन महत्वपूर्ण प्रश्नों का समाधान प्रस्तुत करेगा। कौन से बच्चे विकास की मुख्यधारा से पीछे छूट रहे हैं, क्या शासन की योजनाएं और सेवाएं उन तक प्रभावी ढंग से पहुंच रही हैं तथा क्या उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग हो रहा है।
श्री मिश्रा ने कहा कि राज्य नीति आयोग की भूमिका साक्ष्य आधारित नीति निर्माण को प्रोत्साहित करना, विकास संबंधी अंतरालों की पहचान करना और संबंधित विभागों को एक साझा मंच पर लाना है। उन्होंने सभी विभागों से इस महत्वपूर्ण पहल में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल करेंगे शिरकत
रायपुर के अटल बिहारी वाजपेई सभागार में 19 नवंबर को होगा भव्य आयोजन, प्रदेशभर के पदाधिकारी और स्काउट-गाइड होंगे शामिल
रायपुर, 18 नवंबर 2026/ भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ राज्य मुख्यालय, रायपुर के तत्वावधान में कल यानी 19 नवंबर 2026 को प्रातः 11रू00 बजे से मेडिकल कॉलेज रायपुर स्थित अटल बिहारी वाजपेई सभागार में एक दिवसीय सेमिनार एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह गरिमाममय आयोजन स्कूल शिक्षा मंत्री एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ राज्य के अध्यक्ष माननीय श्री गजेंद्र यादव तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल के मुख्य आतिथ्य में संपन्न होगा।
डॉ. के.के. खंडेलवाल का प्रथम छत्तीसगढ़ प्रवास
मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त के पद पर पुनः निर्वाचित होने के बाद डॉ. के.के. खंडेलवाल का यह पहला छत्तीसगढ़ प्रवास है। वे निर्धारित कार्यक्रम के तहत रायपुर पहुंच चुके हैं, जहाँ प्रदेश पदाधिकारियों द्वारा उनके इस दौरे को लेकर राज्यभर के स्काउट-गाइड परिवार में भारी उत्साह का माहौल है।
प्रदेशभर से जुटेंगे पदाधिकारी और स्वयंसेवक
इस महत्वपूर्ण सेमिनार और सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से भारत स्काउट्स एवं गाइड्स संघ के प्रमुख पदाधिकारी, एलटी, एएलटी, एचडब्ल्यूबी, वरिष्ठ स्काउटर-गाइडर तथा रोवर-रेंजर बड़ी संख्या में सम्मिलित होंगे। इस आयोजन का उद्देश्य राज्य में स्काउटिंग-गाइडिंग गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ करना तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों व स्वयंसेवकों को सम्मानित करना है।
‘बिहान’ योजना और स्व-सहायता समूह के सहयोग से ग्रामीण महिला ने खड़ा किया सफल उद्यम
सीमित संसाधनों से शुरू हुआ सफर, अब उत्पादन पहुंचा 700 पैकेट तक
रायपुर, 18 नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ शासन की बिहान योजना और महिला स्व-सहायता समूहों के सहयोग से प्रदेश की ग्रामीण महिलाएं लगातार आत्मनिर्भर बन रही हैं और लखपति दीदी बनकर सफलता की नई मिसाल कायम कर रही हैं। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में ग्रामीण महिलाएं अपनी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर सफलता की नई इबारत लिख रही हैं। बस्तर जिले के जनपद पंचायत बास्तानार के ग्राम पंचायत कोड़ेनार की रहने वाली श्रीमती कौशल्या सेठिया ने साबित कर दिया है कि पक्के इरादों और सही मार्गदर्शन से छोटे प्रयासों को भी एक बड़ा उद्यम बनाया जा सकता है। मशरूम उत्पादन को अपनी आजीविका का आधार बनाकर कौशल्या न केवल खुद आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं, बल्कि गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी एक मिसाल बन गई हैं।
समूह से जुड़ाव और प्रशिक्षण से मिली नई राह
श्रीमती कौशल्या सेठिया वर्ष 2017 से स्व-सहायता समूह से जुड़ी हुई हैं। समूह से जुड़ने के बाद उन्हें ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से मशरूम उत्पादन का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त हुआ। इस प्रशिक्षण ने उनके भीतर छिपी उद्यमी क्षमता को जगाया। अपने हुनर को पक्का कर उन्होंने वर्ष 2024 में अपने घर से ही छोटे स्तर पर मशरूम उत्पादन का कार्य शुरू किया।
बैंक ऋण और ‘बिहान’ का आर्थिक संबल
शुरुआती दौर में संसाधन सीमित थे, लेकिन बिहान (राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन) और स्व-सहायता समूह का साथ उन्हें हर कदम पर मिला। समूह के माध्यम से प्राप्त सामुदायिक निवेश निधि और बैंक लिंकेज की मदद से उन्होंने अपने काम को आगे बढ़ाया। अपने उद्यम को और विस्तार देने के लिए उन्होंने वर्ष 2026 में ग्रामीण बैंक कोड़ेनार से 1 लाख रुपये का ‘स्वयं सिद्धा ऋण’ प्राप्त किया। इस वित्तीय सहयोग से उन्होंने उत्पादन क्षमता में भारी वृद्धि की और आज उनका मशरूम उत्पादन बढ़कर 700 पैकेट तक पहुंच गया है।
स्थानीय बाजारों में बढ़ती मांग और शानदार आमदनी
कौशल्या के मशरूम उत्पादन का गणित काफी सफल साबित हो रहा है। प्रति पैकेट लागत लगभग 150 रुपये आती है और विक्रय मूल्य लगभग 400 रुपये प्रति किलोग्राम के मान से किया जाता है।
उनके द्वारा उत्पादित शुद्ध और ताजे मशरूम की पहुंच अब स्थानीय बाजारों तक बन चुकी है। वे अपने उत्पादों को बास्तानार और जगदलपुर के साथ-साथ पड़ोसी दंतेवाड़ा जिले के बाजारों में भी बेच रही हैं। घर से शुरू हुआ यह छोटा-सा प्रयास अब एक बेहतरीन और व्यवस्थित आजीविका गतिविधि का रूप ले चुका है, जिससे उनके परिवार को आर्थिक स्थिरता और संबल मिला है।
दूसरी महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा
कौशल्या सेठिया की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि ग्रामीण अंचलों में महिला उद्यमिता की अपार संभावनाएं हैं। उनकी लगन, मेहनत और सफलता को देखकर अब गांव की अन्य महिलाएं भी मशरूम उत्पादन और अन्य आजीविका गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित हो रही हैं। कौशल्या ने यह दिखा दिया है कि नारी शक्ति आत्मनिर्भर भारत की दिशा में कितनी मजबूत भूमिका निभा सकती है।
कठिन परिस्थितियों में पुलिसकर्मियों के परिवारों का सहारा बन रही सैलरी पैकेज बीमा योजना - उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा
दिवंगत आरक्षक के पुत्र को बाल आरक्षक के रूप में दी जा चुकी है अनुकंपा नियुक्ति
रायपुर, 18 नवम्बर 2026/ उप मुख्यमंत्री एवं गृह एवं जेल मंत्री श्री विजय शर्मा ने आज महानदी भवन नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17वीं वाहिनी, कबीरधाम में पदस्थ रहे दिवंगत आरक्षक स्वर्गीय श्री सोनवीर कुमार की पत्नी श्रीमती प्रीति देवी को बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज बीमा योजना के अंतर्गत 1 करोड़ 8 लाख रुपए की बीमा राशि का चेक प्रदान किया। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने दिवंगत आरक्षक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने सदस्य को खोने की क्षति अपूरणीय होती है, लेकिन ऐसी कठिन परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा की व्यवस्था परिवार को आगे बढ़ने का संबल प्रदान करती है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश के पुलिसकर्मी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनके परिवारों की सुरक्षा और कल्याण भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। पुलिसकर्मियों के वेतन खातों से जुड़ी बीमा सुविधाएं आकस्मिक परिस्थितियों में उनके आश्रित परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही हैं। उन्होंने कहा कि इस बीमा सुरक्षा व्यवस्था का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। विगत दिनों नगर सैनिकों एवं फायर फाइटर्स को भी सैलरी पैकेज बीमा योजना से जोड़ा गया है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में सेवाएं देने वाले इन जवानों और उनके परिवारों को भी बीमा सुरक्षा का लाभ मिल सके।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों से कहा कि बीमा राशि प्राप्त करने वाले परिवार को इसके सुरक्षित निवेश एवं समुचित वित्तीय प्रबंधन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाए, ताकि यह राशि परिवार की दीर्घकालिक आर्थिक सुरक्षा और बच्चों के भविष्य के लिए उपयोगी साबित हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दिवंगत आरक्षक के परिवार को शासन की ओर से देय शेष सहायता एवं अन्य सुविधाएं भी यथाशीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय श्री सोनवीर कुमार छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17वीं वाहिनी, कबीरधाम के अंतर्गत कैंप घाघरा में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। उन्होंने पुलिस बल में 12 वर्षों से अधिक समय तक अपनी सेवाएं दी थीं। विगत 22 दिसम्बर 2025 को गोली लगने की घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन के बाद परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा के सैलरी पैकेज के अंतर्गत उनकी पत्नी एवं नामिनी श्रीमती प्रीति देवी को 1 करोड़ 8 लाख रुपए की बीमा राशि प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त उनके पुत्र श्री दिवेश कुमार को बाल आरक्षक के रूप में अनुकंपा नियुक्ति भी प्रदान की जा चुकी है।
पुलिसकर्मियों के साथ नगर सैनिकों और अग्निशमन कर्मियों को भी बीमा सुरक्षा का लाभ
छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा अपने अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके आश्रित परिवारों की आर्थिक सुरक्षा के उद्देश्य से विभिन्न बैंकों के साथ सैलरी पैकेज संबंधी समझौते किए गए हैं। इन समझौतों के अंतर्गत पात्र पुलिसकर्मियों को वेतन खाते के साथ बीमा सुरक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। आकस्मिक मृत्यु अथवा दुर्घटना की स्थिति में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार उनके आश्रित परिवारों को बीमा सहायता प्रदान की जाती है। इसी क्रम में विगत दिनों नगर सैनिकों और फायर फाइटर्स को भी इस बीमा सुरक्षा व्यवस्था से जोड़ा गया है। इससे पुलिस बल के साथ-साथ आपदा प्रबंधन, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं में कार्यरत जवानों के परिवारों को भी आर्थिक सुरक्षा का संबल मिल सकेगा।
बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा अब तक पांच पुलिस बल के कर्मियों के प्रकरणों में सैलरी पैकेज के अंतर्गत बीमा सहायता प्रदान की जा चुकी है। यह व्यवस्था कठिन परिस्थितियों में आश्रित परिवारों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करने के साथ ही बच्चों की शिक्षा, भविष्य की आवश्यकताओं और परिवार की आर्थिक स्थिरता सुनिश्चित करने में सहायक हो रही है। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री प्रदीप गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री विवेकानंद सिन्हा, सीएएफ की 17वीं बटालियन के कमांडेंट श्री कमलेश चंदेल, बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक श्री दिवाकर प्रसाद सिंह, उप महाप्रबंधक श्री प्रभाकर कुमार एवं सहायक महाप्रबंधक श्री मधुसूदन कुमार उपस्थित रहे।
‘वंदे मातरम् राज्य युवा शिविर’ में राज्यपाल ने विभिन्न राज्यों से आए युवाओं से किया संवाद
रायपुर के लोक भवन में आयोजित सात दिवसीय शिविर में महाराष्ट्र, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर के युवा ले रहे हैं हिस्सा
रायपुर, 18 नवंबर 2026/ राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा है कि भारत युवाओं का देश है, जहाँ देश की लगभग 35 प्रतिशत आबादी युवा है। यही युवा शक्ति देश को वर्ष 2047 तक विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत बनाने में सबसे अहम भूमिका निभाएगी। युवाओं की शिक्षा, कौशल, कड़ी मेहनत और नवाचार से ही देश की प्रगति की दिशा तय होगी। राज्यपाल ने युवाओं से आह्वान किया कि वे जीवन में जो भी कार्य करें, उसे पूरी लगन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें ताकि समाज और राष्ट्र का भला हो।
राज्यपाल श्री डेका आज रायपुर के लोक भवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में ‘मेरा युवा भारत’ द्वारा आयोजित ‘वंदे मातरम् राज्य युवा शिविर’ में विभिन्न राज्यों से आए युवा स्वयंसेवकों को संबोधित कर रहे थे। 17 से 23 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस सात दिवसीय शिविर में महाराष्ट्र, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर के युवा प्रतिभागी शामिल हुए हैं।
राष्ट्रीय एकता और संस्कृति का आदान-प्रदान
राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि ऐसे युवा शिविर अलग-अलग राज्यों के युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं और विचारों को जानने-समझने का बेहतरीन अवसर देते हैं। इससे आपसी सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और नेतृत्व क्षमताओं का विकास होता है। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे मातृभूमि के प्रति प्रेम, समर्पण और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बताया।
सफलता का मूल मंत्र- धैर्य, अनुशासन और समय की पाबंदी
युवाओं को सफलता के सूत्र बताते हुए राज्यपाल ने धैर्य, दृढ़ता और स्पष्ट उद्देश्य को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि केवल लक्ष्य तय करना काफी नहीं है, बल्कि उसे पाने के लिए निरंतर प्रयास, कठोर परिश्रम और अनुशासन जरूरी है। उन्होंने कहा कि टालमटोल से बचें युवाओं को आज का काम कल पर टालने की आदत से बचना चाहिए। श्री डेका ने कहा कि समय की पाबंदी ही सफलता की असली नींव है।
गाँवों की ओर रुख और कृषि में नवाचार
राज्यपाल ने युवाओं को गांवों की ओर जाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि गांवों में विकास और रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। युवाओं को गांवों की जरूरतें समझकर स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर तलाशने चाहिए। उन्होंने कृषि को पारंपरिक पेशे से आगे बढ़ाकर उद्यमिता और स्टार्टअप का माध्यम बनाने पर जोर दिया। युवाओं से जैविक खेती, प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने की अपील की गई।
बस्तर में आए सकारात्मक बदलावों का जिक्र
बस्तर का उदाहरण देते हुए राज्यपाल ने कहा कि जहाँ सुरक्षा होती है, वहीं शांति और विकास का माहौल बनता है। नक्सलवाद का प्रभाव कम होने और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने से बस्तर में शांति स्थापित हुई है और क्षेत्र तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। जिन इलाकों में कभी संचार साधनों का अभाव था, वहाँ अब मोबाइल टावर, रेडियो, और टेलीविजन की पहुँच बढ़ रही है तथा बच्चे नियमित रूप से स्कूल जा रहे हैं।
सम्मान और संवाद
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली युवा स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं के सवालों और जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें सफल जीवन के लिए बहुमूल्य मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम के प्रारंभ में ‘मेरा युवा भारत’ के राज्य निदेशक श्री अर्पित तिवारी ने शिविर के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना सहित लोकभवन के अधिकारी और विभिन्न राज्यों के अधिकारी एवं युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।
दिनांक : 18 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज यहां सिविल लाईन स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित कैबिनेट की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए -
1. मंत्रिपरिषद की बैठक में प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक परिवार को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। मंत्रिपरिषद ने ‘‘छत्तीसगढ़ पंचायत (ग्रामीण नलजल संचालन, संधारण एवं प्रबंधन) नियम, 2026’’ के प्रारूप का अनुमोदन किया है।
इसके अंतर्गत पूर्व में लागू वर्ष 2024 के नियमों को निरस्त कर जल जीवन मिशन के राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप नए नियम लागू किए जाएंगे। नवीन नियमों में भारत सरकार द्वारा सुझाए गए सभी 19 तकनीकी, प्रशासनिक एवं वित्तीय बिंदुओं को शामिल किया गया है। इससे ग्राम पंचायतों के माध्यम से नलजल योजनाओं का नियमित संचालन, रखरखाव और प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित होगा। विशेष रूप से एक हजार से कम आबादी वाली ग्राम पंचायतों में नलजल योजनाओं के संचालन एवं संधारण के लिए ‘मुख्यमंत्री नल जल अनुदान’ के माध्यम से वित्तीय सहायता देने का प्रावधान किया गया है। इसके लिए ग्राम पंचायतों को प्रतिमाह न्यूनतम 50 प्रतिशत जल प्रभार का संग्रहण करना होगा।
वार्षिक जल प्रभार की 75 प्रतिशत से अधिक राशि का संग्रहण करने वाली ग्राम पंचायतों को प्रतिवर्ष 50 हजार रुपये ‘मुख्यमंत्री नल जल प्रोत्साहन राशि’ दिए जाने का प्रावधान किया गया है।
राज्य सरकार के इस निर्णय से छोटी ग्राम पंचायतों पर न केवल आर्थिक भार कम होगा, साथ ही ग्रामीण परिवारों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
2. मंत्रिपरिषद द्वारा मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी की घोषणा के अनुरूप नारायणपुर में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह ( PVTG) के अबूझमाड़िया विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए रामकृष्ण मिशन आश्रम द्वारा संचालित रामकृष्ण मिशन स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय को तीन वर्षों के लिए आवर्ती एवं अनावर्ती अनुदान स्वीकृत करने का निर्णय लिया गया है।
इसके लिए छत्तीसगढ़ अशासकीय महाविद्यालय और संस्था (स्थापना एवं विनियमन) अधिनियम, 2006 के निर्धारित मापदण्डों में शिथिलीकरण को मंजूरी दी गई है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रारंभ इस महाविद्यालय के संचालन एवं अधोसंरचना विकास के लिए तीन वर्षों में लगभग 40.98 करोड़ रुपए का प्रावधान प्रस्तावित है। इस निर्णय से अबूझमाड़ सहित दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा की सुविधा मिलेगी तथा उनके शैक्षणिक एवं सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
3. मंत्रिपरिषद की बैठक में राजनांदगांव जिले में बाल सम्प्रेक्षण गृह भवन के निर्माण के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग को भूमि आबंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इसके अंतर्गत राजनांदगांव तहसील के ग्राम कौरिनभांठा में राजगामी संपदा की खसरा क्रमांक 284 की 0.223 हेक्टेयर अर्थात 24,090 वर्गफीट भूमि आबंटित की जाएगी। नवीन सम्प्रेक्षण गृह के निर्माण से विधि से संघर्षरत बालकों के लिए सुरक्षित आवास, देखभाल, परामर्श, शिक्षा एवं पुनर्वास की सुविधाओं को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।
4. मंत्रिपरिषद ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल के राजनांदगांव में संभागीय कार्यालय की स्थापना के लिए भूमि आबंटन का प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई है। इसके अंतर्गत राजनांदगांव शहर के बल्देव बाग स्थित स्टेट हाईस्कूल परिसर की 264 वर्गमीटर भूमि माध्यमिक शिक्षा मण्डल को आबंटित की जाएगी।
माध्यमिक शिक्षा मण्डल के संभागीय कार्यालय की स्थापना से विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शैक्षणिक संस्थाओं को मण्डल से संबंधित सेवाएं स्थानीय स्तर पर अधिक सुगमता से उपलब्ध हो सकेंगी।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में मंत्री परिषद की बैठक प्रारम्भ
गोपाष्टमी पर गौशाला में की पूजा-अर्चना, पक्षी घर का किया लोकार्पण
रायपुर, नवंबर 2026/ राज्यपाल श्री रमेन डेका आज गोपाष्टमी के अवसर पर विश्वगीता धेनु गोविंद पक्षी सेवा धाम, परसदा, कुम्हारी पहुंचे। उन्होंने भगवान श्री कृष्ण और गौ माता के दर्शन किए और उनकी पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने गौधाम में स्थापित पक्षी घर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव भी उपस्थित थे। राज्यपाल ने गौशाला का भ्रमण किया और गौ माता को चारा खिलाकर उनकी सेवा की।
राज्यपाल श्री डेका ने प्रदेशवासियों को गोपाष्टमी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गोपाष्टमी भगवान श्रीकृष्ण के गोपाल स्वरूप और गौ माता के प्रति हमारी श्रद्धा एवं आस्था का पर्व है। भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष स्थान है। हालांकि गौसेवा केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि बीमार, घायल, वृद्ध और बेसहारा गोवंश की देखभाल करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर बढ़ते यातायात के कारण गोवंश के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं सामने आती हैं। ऐसे में घायल गोवंश को समय पर उपचार उपलब्ध कराना आवश्यक है। इस दिशा में गौ अस्पताल और रेस्क्यू सेंटर महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था सदियों से गौवंश पर आधारित रही है। गांवों में गोबर का उपयोग अनेक कार्यों में किया जाता था। गोबर और मिट्टी से बने घर पर्यावरण के अनुकूल होते थे। समय के साथ हमारी पारंपरिक जीवनशैली में बदलाव आया है। हमें फिर से प्रकृति के अनुकूल जीवन पद्धति अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि गोबर से बायोगैस और जैविक खाद को बढ़ावा देने से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सकती है।
श्री डेका ने कहा कि गौ माता की सेवा और सतत विकास की अवधारणा एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। भारतीय अर्थव्यवस्था में गोवंश का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे गौशालाओं में आएं, कुछ समय बिताएं और गौ माता की सेवा में सहभागी बनें। इससे सेवा भाव विकसित होने के साथ मानसिक शांति भी मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक ऐसा कार्य अवश्य करना चाहिए, जिसमें किसी प्रकार के लेन-देन की भावना न हो और जिससे समाज का भला हो।
इस अवसर पर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि हमें जैविक और प्राकृतिक खेती को अपनाने का संकल्प लेना चाहिए। गोबर से बनी खाद के उपयोग से खेती की गुणवत्ता और मिट्टी की उर्वरता बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि गोबर खाद के उपयोग को बढ़ावा देने से गोवंश का महत्व बढ़ेगा और लोग उनकी बेहतर देखभाल के लिए प्रेरित होंगे। प्रेरक वक्ता श्री उज्ज्वल पाटनी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए गौसेवा के लिए प्रत्येक व्यक्ति से अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
गौधाम के संरक्षक श्री गोपाल प्रसाद सुल्तानिया ने कहा कि सड़कों पर गौ माताओं की दुर्दशा और उनकी देखभाल की आवश्यकता को देखते हुए इस गौधाम की परिकल्पना की गई थी, जिसे अब साकार रूप दिया गया है। प्रमुख ट्रस्टी श्री सुधीर सुल्तानिया ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस अवसर पर विधायक श्री अनुज शर्मा, श्री संपत अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सुल्तानिया परिवार के सदस्य, गौसेवक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
वित्त मंत्री ने अपने संघर्ष से सफलता तक की यात्रा साझा कर विद्यार्थियों में जगाया आत्मविश्वास
तखतपुर में 4.50 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा 250 सीटर नालंदा परिसर, वित्त मंत्री ने किया शिलान्यास
1.60 करोड़ रुपए से होगा परमेश्वरी तालाब का सौंदर्यीकरण, विद्यार्थियों के कैरियर मार्गदर्शन के लिए एक हजार पुस्तकें देने की घोषणा
प्रदेश के 22 स्थानों पर विकसित किए जा रहे नालंदा परिसर, युवाओं को मिलेंगी आधुनिक अध्ययन सुविधाएं
राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए शिक्षा और पुस्तकालयों में निवेश आवश्यक
रायपुर, नवंबर 2026/ वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए बड़े सपने देखना, मजबूत संकल्प रखना और लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर निरंतर मेहनत करना आवश्यक है। यदि व्यक्ति के भीतर अपने लक्ष्य को प्राप्त करने का दृढ़ विश्वास और जुनून हो तो कठिन परिस्थितियां और संसाधनों की कमी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकतीं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करें, सही दिशा में योजनाबद्ध तैयारी करें और असफलताओं से सीखते हुए निरंतर आगे बढ़ें। मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी ऊंचाई तक पहुंचा जा सकता है।
वित्त मंत्री श्री चौधरी आज बिलासपुर जिले के तखतपुर स्थित रामसदन में आयोजित शिलान्यास एवं भूमिपूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने लगभग 4 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 250 सीटर नालंदा परिसर का शिलान्यास तथा लगभग 1 करोड़ 60 लाख रुपए की लागत से परमेश्वरी तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन किया। नालंदा परिसर का निर्माण शहर के जीएमपी स्कूल के समीप किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता तखतपुर विधायक श्री धरमजीत सिंह ने की।
गांव के सरकारी स्कूल से आईएएस बनने तक का सफर विद्यार्थियों के लिए बना प्रेरणा
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने विद्यार्थियों के साथ अपने जीवन के संघर्ष और सफलता की प्रेरक यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा रायगढ़ जिले के एक गांव के सरकारी स्कूल में हुई। उस समय विद्यालय में शिक्षकों की कमी थी और पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन भी सीमित थे। बारहवीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद जब वे भिलाई पहुंचे, तब सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए आवश्यक किताबें जुटाना भी बड़ी चुनौती थी। कई महत्वपूर्ण किताबों की तलाश में उन्हें दिल्ली तक जाना पड़ा, लेकिन उन्होंने परिस्थितियों के सामने हार नहीं मानी और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहे।
श्री चौधरी ने मसूरी स्थित प्रशासनिक प्रशिक्षण अकादमी से जुड़ा एक प्रेरक प्रसंग सुनाते हुए बताया कि एक बार वे अकादमी देखने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें भीतर प्रवेश नहीं मिल सका। उसी समय उन्होंने संकल्प लिया कि वे अब इस अकादमी में आईएएस अधिकारी बनकर ही आएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में परिस्थितियां कैसी भी हों, अपने सपनों को कभी छोटा नहीं करना चाहिए। मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर परिश्रम से कठिन से कठिन लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है।
नालंदा परिसर युवाओं के सपनों को देगा नई उड़ान
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि अध्ययन के दौरान किताबों और बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं की कमी को उन्होंने स्वयं अनुभव किया है। इसी अनुभव ने उन्हें युवाओं के लिए आधुनिक पुस्तकालय और अध्ययन केंद्र विकसित करने की प्रेरणा दी। रायपुर कलेक्टर के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने लगभग 19 करोड़ रुपए की लागत से नालंदा परिसर का निर्माण कराया था, जहां आज लगभग तीन हजार युवा अध्ययन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी गांव, शहर, प्रदेश और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए शिक्षा और पुस्तकालयों में निवेश अत्यंत आवश्यक है। नालंदा परिसर केवल अध्ययन का केंद्र नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने और उनके भविष्य को नई दिशा देने का माध्यम है। तखतपुर में बनने वाला नालंदा परिसर भी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण और आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
जनजातीय गौरव दिवस समारोह में उपमुख्यमंत्री ने जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की दी जानकारी
नारागांव बनेगा प्रदेश का पहला शत-प्रतिशत सौर ऊर्जा से संचालित गांव, पेयजल और आवास योजनाओं पर भी दिया जोर
रायपुर, नवंबर 2026/ जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में बालोद में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा शामिल हुए। इस समारोह में कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने भगवान बिरसा मुंडा सहित देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले जनजातीय वीर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन, संघर्ष और समाज के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों पर चलते हुए छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, उत्थान और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
भगवान बिरसा मुंडा का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने समारोह में बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक एवं संगीतमय कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में समाज और देश के लिए जो योगदान दिया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने जनजातीय समाज के संघर्ष, साहस और बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा कि बस्तर सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों के जनजातीय वीरों ने देश की स्वतंत्रता और समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
शासकीय योजनाओं से गांवों में पहुंच रही विकास की रोशनी
उप मुख्यमंत्री ने जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक गांव और प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचें। उन्होंने बताया कि जिले में पेयजल के लिए कनेरी-धनोरा मल्टी विलेज स्कीम का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। इस योजना से अनेक गांवों के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि बालोद जिले का नारागांव प्रदेश का पहला ऐसा गांव बनने की दिशा में अग्रसर है, जहां सभी घरों और शासकीय कार्यालयों को सौर ऊर्जा से संचालित करने की पहल की जा रही है। इससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ बिजली पर निर्भरता भी कम होगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें और परिवार की जरूरतों को पूरा करने में अपनी भागीदारी बढ़ा सकें।
बस्तर में लौट रही शांति और विकास की रौनक
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बस्तर क्षेत्र में हो रहे बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि माओवाद के प्रभाव में कमी आने के साथ ही क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण मजबूत हो रहा है। आज बस्तर के गांवों में दशहरा जैसे पारंपरिक पर्वों में देवी-देवताओं और श्रद्धालुओं की भागीदारी बढ़ रही है। गांवों में फिर से मेले, उत्सव और सामाजिक मेल-मिलाप की परंपराएं उत्साह के साथ जीवंत हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए वहां के लोगों को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनजातीय समाज का हो रहा चहुंमुखी विकास - सांसद श्री भोजराज नाग
समारोह में सांसद श्री नाग ने जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना, जनजातीय उत्कर्ष अभियान और महतारी वंदन योजना से जनजातीय क्षेत्रों में विकास को नई गति मिल रही है।