रायपुर, 17 नवंबर 2026/ राज्यपाल श्री रमेन डेका से आज लोक भवन में विख्यात लेखक एवं केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के सदस्य डॉ. यतीन्द्र मिश्र ने सौजन्य भेट की। इस अवसर पर पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ल उपस्थित थे।

 

छत्तीसगढ़ पवेलियन में दिख रही प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक शिल्प और स्थानीय उत्पादों की विविधता

VR जोन में चित्रकोट जलप्रपात का 3D अनुभव बना खास आकर्षण

रायुपर, 17 नवंबर 2026/ नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों की विविधता के कारण आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध कोसा सिल्क साड़ियां, हाथ से बुने वस्त्र, बेलमेटल की कलाकृतियां, जनजातीय आभूषण और वनोपज से तैयार उत्पादों की आकर्षक श्रृंखला प्रदर्शित की गई है। पवेलियन में पहुंच रहे आगंतुक इन उत्पादों को उत्सुकता से देख रहे हैं और खरीदारी में भी रुचि दिखा रहे हैं।

छत्तीसगढ़ की पारंपरिक बुनकरी कला को प्रदर्शित करने वाले स्टॉल विशेष रूप से लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। चांपा और रायगढ की प्रसिद्ध कोसा साड़ियां, आकर्षक डिजाइन वाले हथकरघा वस्त्र, दुपट्टे और अन्य परिधान आगंतुकों को पसंद आ रहे हैं। बिलासा हैंडलूम, शिल्प कुंज, शारदा कोसा और नवयुवक बुनकर सहकारी समिति सहित विभिन्न स्टॉलों पर प्रदेश के कुशल बुनकरों की कारीगरी देखने को मिल रही है। पारंपरिक बुनाई और आधुनिक डिजाइन का सुंदर मेल इन वस्त्रों को खास पहचान दे रहा है।

पवेलियन में प्रदर्शित छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध बेलमेटल शिल्पकला भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। धातु से निर्मित हिरण, हाथी, पक्षियों और अन्य पशु-पक्षियों की आकृतियां, पारंपरिक सजावटी वस्तुएं तथा जनजातीय आभूषण प्रदेश की समृद्ध शिल्प परंपरा को दर्शा रहे हैं। इन कलाकृतियों की बारीक कारीगरी और विशिष्ट डिजाइन आगंतुकों को प्रभावित कर रहे हैं। इसके साथ ही माटीकला, खादी और अन्य पारंपरिक हस्तनिर्मित उत्पाद भी प्रदर्शित किए गए हैं।

वनोपज उत्पादों में दिख रही छत्तीसगढ़ के जंगलों की समृद्धि

छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ के स्टॉल पर वनोपज आधारित विभिन्न उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। छत्तीसगढ़ हर्बल ब्रांड के अंतर्गत तैयार खाद्य पदार्थ, हर्बल उत्पाद और अन्य प्रसंस्कृत सामग्री आगंतुकों का ध्यान खींच रही है। कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के स्टॉलों में भी स्थानीय कृषि उत्पादों, मिलेट्स तथा खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी सामग्री को प्रदर्शित किया गया है। इन उत्पादों के माध्यम से प्रदेश की वन संपदा, स्थानीय संसाधनों और ग्रामीण आजीविका की संभावनाओं को सामने लाया जा रहा है।

VR जोन में चित्रकोट जलप्रपात का रोमांचक 3D अनुभव

छत्तीसगढ़ पवेलियन में आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदेश के प्राकृतिक सौंदर्य से परिचित कराने के लिए विशेष VR (वर्चुअल रियलिटी) जोन बनाया गया है। यहां आगंतुक छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात का 3D अनुभव प्राप्त कर रहे हैं। वर्चुअल रियलिटी तकनीक के जरिए जलप्रपात की विशाल जलधारा और आसपास के प्राकृतिक दृश्यों को जीवंत रूप में महसूस करने का अवसर मिल रहा है। यह अनुभव आगंतुकों को छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक खूबसूरती के करीब लाने के साथ ही प्रदेश के पर्यटन स्थलों के प्रति उनकी रुचि भी बढ़ा रहा है।

पवेलियन में वन एवं इको-टूरिज्म से संबंधित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसमें कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, तीरथगढ़ जलप्रपात और प्रदेश के अन्य प्रमुख प्राकृतिक एवं पर्यटन स्थलों की जानकारी दी जा रही है। इसके माध्यम से छत्तीसगढ़ में प्रकृति आधारित पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण की संभावनाओं को प्रस्तुत किया गया है।

 

भारतीय दूतावासों के साथ मनाया “जनजातीय गौरव दिवस”

रायपुर, 17 नवंबर 2026/छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की गूंज इस वर्ष सात समंदर पार अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन तक सुनाई दी. भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस 2026 में नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (नाचा) (North America Chhattisgarh Association (NACHA) ने भारतीय दूतावासों, वाणिज्य दूतावासों, उच्चायोग और विभिन्न भारतीय सामुदायिक संगठनों के साथ मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती (15 नवंबर) को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया था। इस पहल का उद्देश्य भारत के जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को सम्मान देना और नई पीढ़ी को उनकी गौरवशाली विरासत से परिचित कराना है. इस वर्ष 1 से 15 नवंबर तक जनजातीय गौरव पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाचा के पदाधिकारियों और छत्तीसगढ़ी प्रवासी समुदाय ने विभिन्न देशों में भारतीय राजनयिक मिशनों के साथ मिलकर जनजातीय गौरव दिवस के आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाई।

गणेश कर के नेतृत्व में एक मंच पर आए विभिन्न राज्यों के संगठन

अमेरिका के शिकागो में भारतीय महावाणिज्य दूतावास द्वारा नेशनल इंडिया हब में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में अनेक भारतीय राज्यों के सामुदायिक संगठनों ने एकजुट होकर भारत की जनजातीय विरासत का उत्सव मनाया।


भारतीय महावाणिज्य दूत आनंद प्रकाश ने समारोह में देश के स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्र निर्माण और सांस्कृतिक विरासत में जनजातीय समुदायों के योगदान को रेखांकित किया। इस आयोजन के सामुदायिक समन्वय और नेतृत्व की जिम्मेदारी भारतीय वाणिज्य दूतावास की ओर से नाचा के वरिष्ठ प्रतिनिधि गणेश कर को सौंपी गई. उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के साथ ओडिशा, मणिपुर, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों के संगठनों को एक मंच पर लाया गया। इस अवसर पर नाचा के शिकागो चौप्टर अध्यक्ष तेजेंद्र साहू ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, स्वतंत्रता आंदोलन में आदिवासी समाज की भूमिका और महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह के अद्वितीय योगदान पर प्रकाश डाला।

भारतीय महावाणिज्य दूत ने दीपाली सरावगी को किया सम्मानित

शिकागो में भारत के महावाणिज्य दूत आनंद प्रकाश ने नाचा की वैश्विक अध्यक्ष दीपाली सरावगी को हाल ही में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रदान किए गए प्रतिष्ठित ‘छत्तीसगढ़ अप्रवासी सम्मान 2026’ के लिए बधाई दी और जनजातीय गौरव दिवस समारोह के मंच पर उनका अभिनंदन एवं सम्मान किया। दीपाली सरावगी इस सम्मान को प्राप्त करने वाली पहली महिला हैं. छत्तीसगढ़ की संस्कृति, प्रवासी भारतीय समुदाय को एकजुट करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की पहचान को मजबूत करने की दिशा में उनके योगदान को देखते हुए यह सम्मान विशेष महत्व रखता है।इस अवसर पर दीपाली सरावगी ने भगवान बिरसा मुंडा के साहस, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश साझा किया और छत्तीसगढ़ के महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।

गणेश कर ने कहा, “मैं मूल रूप से बस्तर से हूं, इसलिए छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति की समृद्धि और उसकी ऐतिहासिक विरासत को करीब से जानता हूं. भारतीय वाणिज्य दूतावास द्वारा इस महत्वपूर्ण आयोजन के सामुदायिक समन्वय की जिम्मेदारी मिलना मेरे लिए गर्व और सम्मान का विषय है। हमारा उद्देश्य केवल एक राज्य की संस्कृति का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि मणिपुर, असम, ओडिशा, झारखंड, महाराष्ट्र और देश के अन्य राज्यों के समुदायों को एक मंच पर लाकर भारत के सभी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को सामूहिक श्रद्धांजलि देना था।”

रायपुर, 17 नवंबर 2026/राज्यपाल श्री रमेन डेका से आज रक्तवीर श्री ऋषि अग्रवाल ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को रक्तदान के क्षेत्र में किए जा रहे अपने सेवाभावी कार्यों की जानकारी दी।

श्री ऋषि अग्रवाल ने बताया कि वे नियमित रूप से जरूरतमंदों को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराते हैं। इसके साथ ही अपनी व्यक्तिगत बचत से जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए भी निरंतर सहयोग प्रदान करते हैं। इस वर्ष गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री के जयंती के अवसर पर उन्होंने 54वीं बार रक्तदान किया।

राज्यपाल श्री डेका ने श्री ऋषि के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंदों की सहायता और रक्तदान के माध्यम से मानव जीवन की रक्षा करना अत्यंत पुनीत कार्य है। उनका यह सेवाभाव समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायी उदाहरण है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल से अब तक 64 विशेष ट्रेनों के माध्यम से लगभग 54 हजार 400 श्रद्धालुओं को मिला श्री रामलला के दर्शन का सौभाग्य

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर तीर्थयात्रियों को किया रवाना

रायपुर,  नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी श्री रामलला दर्शन योजना प्रदेश के हजारों श्रद्धालुओं के लिए आस्था, विश्वास और आध्यात्मिक आनंद की अनुपम सौगात बन रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित इस योजना के माध्यम से प्रदेश के श्रद्धालुओं का अयोध्या धाम में प्रभु श्रीरामलला के दर्शन का सपना निरंतर साकार हो रहा है। इसी क्रम में आज 16 नवंबर को राजनांदगांव रेलवे स्टेशन से श्री रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत विशेष ट्रेन अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। इस अवसर पर रेलवे स्टेशन का वातावरण श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर रहा। तीर्थयात्रियों के चेहरों पर प्रभु श्रीरामलला के दर्शन की खुशी और उत्सुकता स्पष्ट दिखाई दी।

राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा, राजनांदगांव के महापौर श्री मधुसूदन यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, श्री कोमल सिंह राजपूत, पूर्व सांसद श्री प्रदीप गांधी एवं श्री खुबचंद पारख ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर विशेष ट्रेन को अयोध्या धाम के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने तीर्थयात्रियों को सुखद, मंगलमय और सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में श्रद्धालुओं को मिल रहा श्री रामलला के दर्शन का अवसर

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित श्री रामलला दर्शन योजना प्रदेशवासियों की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक भावनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम की यात्रा कर प्रभु श्रीरामलला के दर्शन करने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।

भगवान श्रीराम का छत्तीसगढ़ से गहरा सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंध रहा है। छत्तीसगढ़ को भगवान श्रीराम का ननिहाल माना जाता है। यहां के जनजीवन, लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक विरासत में भगवान श्रीराम के प्रति अगाध श्रद्धा समाहित है। ऐसे में श्री रामलला दर्शन योजना प्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखती है।

राज्य सरकार की इस पहल से उन श्रद्धालुओं को भी अयोध्या धाम की यात्रा करने का अवसर मिल रहा है, जिनके लिए विभिन्न कारणों से स्वयं तीर्थयात्रा की व्यवस्था करना कठिन होता है। यह योजना श्रद्धालुओं की धार्मिक आकांक्षाओं को पूरा करने के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं को भी सशक्त बना रही है।

अब तक 64 विशेष ट्रेनों से लगभग 54 हजार 400 श्रद्धालु कर चुके हैं श्री रामलला के दर्शन

श्री रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ से अयोध्या धाम की तीर्थयात्रा निरंतर जारी है। योजना के तहत अब तक कुल 64 विशेष ट्रेनों के माध्यम से लगभग 54 हजार 400 श्रद्धालु अयोध्या धाम पहुंचकर प्रभु श्रीरामलला के दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त कर चुके हैं।

यह उपलब्धि प्रदेश में योजना के व्यापक क्रियान्वयन और श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था को दर्शाती है। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से श्रद्धालुओं को विशेष ट्रेनों के माध्यम से अयोध्या धाम की यात्रा कराई जा रही है। योजना के प्रति श्रद्धालुओं में लगातार उत्साह देखा जा रहा है।

प्रदेश के हजारों श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या धाम की यात्रा जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण आध्यात्मिक अनुभव है। प्रभु श्रीरामलला के दर्शन का अवसर मिलने से श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी अभिलाषा पूरी हो रही है।

4.25 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को मिलेगा 62.27 करोड़ रुपये का बोनस

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से भी हजारों परिवारों को भी लाभ

रायपुर,  नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में 15 नवंबर को आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में तेंदूपत्ता संग्राहकों को प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) वितरण का शुभारंभ किया। इसके तहत संग्रहण वर्ष 2024 में लाभ अर्जित करने वाली 386 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के 4 लाख 25 हजार 507 संग्राहकों को कुल 62.27 करोड़ रुपये को प्रोत्साहन राशि वितरण की प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री केदार कश्यप, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार वनांचल में रहने वाले आदिवासी एवं परंपरागत वनवासी परिवारों की आर्थिक समृद्धि और सामाजिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। तेंदूपत्ता संग्रहण से जुड़े परिवारों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता संग्रहण प्रदेश के लाखों वनवासी परिवारों की आजीविका का महत्वपूर्ण साधन है। राज्य सरकार द्वारा संग्रहण पारिश्रमिक के साथ प्रोत्साहन राशि और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि संग्राहक परिवारों की आय बढ़े और उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिल सके। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार वन आधारित आजीविका को प्रोत्साहित करने तथा संग्राहक परिवारों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

देश में सर्वाधिक 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा संग्रहण पारिश्रमिक

प्रदेश में लगभग 13.50 लाख तेंदूपत्ता संग्राहक परिवार पंजीकृत हैं। राज्य सरकार द्वारा तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से पारिश्रमिक दिया जा रहा है, जो देश में सर्वाधिक है। संग्रहण वर्ष 2026 में 11.53 लाख संग्राहक परिवारों ने कुल 13.85 लाख मानक बोरा तेंदूपत्ता का संग्रहण किया। इसके एवज में संग्राहकों को 761.90 करोड़ रुपये का संग्रहण पारिश्रमिक भुगतान किया गया।

बोनस और सामाजिक सुरक्षा का भी मिल रहा लाभ

राज्य सरकार केवल संग्रहण पारिश्रमिक तक सीमित नहीं है, बल्कि लाभ में रहने वाली समितियों के माध्यम से संग्राहकों को प्रोत्साहन राशि भी उपलब्ध करा रही है। वन मंत्री श्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ द्वारा तेंदूपत्ता एवं अन्य अराष्ट्रीयकृत लघु वनोपज के संग्रहण और विपणन की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के प्रयास किए जा रहे हैं। संग्रहण वर्ष 2023 में लाभ वाली समितियों के 7.12 लाख संग्राहकों को जुलाई 2026 में 161 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन पारिश्रमिक दिया गया था। अब संग्रहण वर्ष 2024 की लाभांश राशि के रूप में 62.27 करोड़ रुपये के बोनस वितरण का शुभारंभ किया गया है। इसके साथ ही राजमोहिनी देवी तेंदूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के अंतर्गत वर्ष 2026 में अब तक 1,556 प्रकरणों में 21.92 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। इसी कड़ी में 300 नए प्रकरणों में 3.60 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि का वितरण भी किया जा रहा है।

जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत का संरक्षण और सर्वांगीण विकास हमारी सरकार का संकल्प : मुख्यमंत्री

बिलासपुर में जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री, लगभग 120 करोड़ रुपए के 16 विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन

शिक्षा, खेल, कला और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 28 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

जनजातीय नायकों के शौर्य, संघर्ष और बलिदान से नई पीढ़ी को प्रेरणा लेने का आह्वान

रायपुर  नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनजातीय समाज का गौरवशाली इतिहास साहस, स्वाभिमान, संघर्ष और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं की रक्षा का इतिहास है। देश की स्वतंत्रता और समाज के अधिकारों के लिए जनजातीय नायकों ने जो त्याग और बलिदान दिया है, वह हमारी अमूल्य धरोहर है। हमें अपने महान जननायकों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर शिक्षा, आत्मनिर्भरता और विकास के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाना है तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी है। मुख्यमंत्री श्री साय आज बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर लगभग 120 करोड़ रुपए की लागत के 16 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी को जनजातीय गौरव दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के महान जनजातीय नायकों को नमन किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही अंग्रेजी शासन की दमनकारी नीतियों के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल फूंका और जनजातीय समाज को अपनी संस्कृति, परंपराओं तथा अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित किया। उन्होंने तीर-कमान के बल पर अंग्रेजी सत्ता को चुनौती देकर साहस और स्वाभिमान का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कर जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए जनजातीय समाज ने 1857 की क्रांति से पहले ही संघर्ष शुरू कर दिया था। छत्तीसगढ़ के अमर शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल के समय भूख से व्याकुल लोगों की सहायता की और अन्याय एवं शोषण के विरुद्ध आवाज उठाई। ऐसे महान जननायकों का संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय में प्रदेश के जनजातीय नायकों के गौरवशाली इतिहास और उनके संघर्ष की स्मृतियों को संजोया गया है। मुख्यमंत्री ने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से इस संग्रहालय का अवलोकन कर अपने महान पूर्वजों के योगदान को जानने और उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी ने जनजातीय समाज के कल्याण के लिए पृथक जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन कर विकास को नई दिशा दी। उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर प्रदेशवासियों की वर्षों पुरानी आकांक्षाओं को भी साकार किया। आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकारों की रक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं के माध्यम से दूरस्थ जनजातीय अंचलों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। विशेष पिछड़ी जनजातियों की बसाहटों तक मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना और महतारी वंदन योजना जैसी जनकल्याणकारी पहलों से भी बड़ी संख्या में जनजातीय परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।

सेंदरी में 75 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा सीबीजी संयंत्र, प्रतिदिन 130 टन कचरे से होगा लगभग 5 टन बायोगैस और 16 टन जैविक खाद का उत्पादन

रायपुर नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान ग्राम सेंदरी में गोवर्धन योजना अंतर्गत भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) द्वारा विकसित किए जा रहे कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) संयंत्र का अवलोकन किया। उन्होंने परियोजना की प्रगति, कचरा प्रसंस्करण की प्रस्तावित व्यवस्था तथा गैस एवं जैविक खाद उत्पादन की प्रक्रिया की जानकारी ली। लगभग 75 करोड़ रुपए की स्वीकृत लागत से विकसित हो रहे इस संयंत्र में प्रतिदिन 130 टन नगरीय ठोस अपशिष्ट का प्रसंस्करण कर लगभग 5 टन कंप्रेस्ड बायोगैस और 16 टन ठोस जैविक खाद का उत्पादन प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कचरे के उपयोग से स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन की दिशा में की जा रही इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऊर्जा की बढ़ती जरूरतों और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को प्रोत्साहित करना आवश्यक है। कचरे से बायोगैस और जैविक खाद बनाने जैसी परियोजनाएं शहरों की स्वच्छता के साथ संसाधनों के बेहतर उपयोग का मार्ग प्रशस्त करती हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और किसानों को उपयोगी जैविक खाद भी उपलब्ध हो सकेगी। ऐसी पहल स्वच्छ एवं हरित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही यह परियोजना बिलासपुर नगर निगम एवं छत्तीसगढ़ बायोफ्यूल डेवलपमेंट अथॉरिटी के सहयोग से आकार ले रही है। संयंत्र में नगरीय ठोस अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण किया जाएगा। इससे कचरे के निस्तारण का दबाव कम होने के साथ ही अपशिष्ट से ऊर्जा एवं जैविक खाद जैसे उपयोगी उत्पाद तैयार किए जा सकेंगे।

संयंत्र से उत्पादित सॉलिड फ्रैक्शन ऑफ ऑर्गेनिक मैन्योर (एसएफओएम) का उपयोग जैविक खाद के रूप में किया जा सकेगा, जिससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने और कृषि में जैविक संसाधनों के उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना स्थल पर प्रमुख सिविल कार्यों एवं आधारभूत संरचनाओं का निर्माण जारी है। निर्माण कार्यों के दौरान प्रतिदिन लगभग 150 श्रमिकों को रोजगार मिल रहा है।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, विधायक श्री अमर अग्रवाल, श्री सुशांत शुक्ला, श्री धरमलाल कौशिक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, महापौर श्रीमती पूजा विधानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

 

इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की पूजा-अर्चना कर स्वयं तौला धान, किसानों ने धान से किया मुख्यमंत्री का तुलादान

21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी मिलेगी प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपए की पूरी आदान सहायता राशि : मुख्यमंत्री श्री साय

किसानों की मेहनत का सम्मान और उनकी आर्थिक समृद्धि हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री

3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, किसानों की सुविधा के लिए प्रदेश में 360 नए उपार्जन केंद्र

रायपुर 16 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान ग्राम सेंदरी स्थित धान उपार्जन केंद्र में विधिवत पूजा-अर्चना कर धान खरीदी का शुभारंभ किया। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की पूजा की और स्वयं धान तौलकर खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत की। इस अवसर पर किसानों ने मुख्यमंत्री श्री साय का धान से तुलादान कर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने उपार्जन केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर किसानों की सुविधा के लिए की गई तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने परिसर स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सेंदरी की पावन भूमि से धान खरीदी का शुभारंभ करना उनके लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनकी आर्थिक समृद्धि के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की गारंटी के अनुरूप प्रदेश के किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रदेश में 360 नए धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए गए हैं। इसके साथ ही राज्य में धान खरीदी केंद्रों की कुल संख्या लगभग 3100 हो गई है।

कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी मिलेगी पूरी आदान सहायता राशि

मुख्यमंत्री श्री साय ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण बात स्पष्ट करते हुए कहा कि निर्धारित अधिकतम सीमा से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी उनके सत्यापित रकबे के आधार पर आदान सहायता की पूरी निर्धारित राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि वे स्वयं किसान के बेटे हैं और खेती-किसानी की परिस्थितियों एवं किसानों की चुनौतियों से भलीभांति परिचित हैं। कई बार मौसम, कम उत्पादन अथवा अन्य परिस्थितियों के कारण किसान प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल धान नहीं बेच पाते। ऐसी स्थिति में भी पात्र किसानों को आर्थिक नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने उदाहरण देते हुए बताया कि यदि कोई पात्र किसान प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान बेचता है, तो उसे शेष 6 क्विंटल के समतुल्य आदान सहायता का लाभ भी दिया जाएगा। इस प्रकार पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपए की पूरी निर्धारित आदान सहायता राशि प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत का सम्मान करना, उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना और खेती को लाभकारी बनाना राज्य सरकार का संकल्प है।

सेंदरी में पहले दिन तीन किसानों से 52 क्विंटल धान की खरीदी

सेंदरी सेवा सहकारी समिति में धान खरीदी के पहले दिन तीन किसानों से कुल 52 क्विंटल धान की खरीदी की गई। इनमें किसान श्री खेमचरण पटेल से 24.80 क्विंटल, श्री संदीप ध्रुव से 20.80 क्विंटल तथा श्री संजय यादव से 6.40 क्विंटल धान खरीदा गया। तीनों किसान मोटा सरना किस्म का धान लेकर उपार्जन केंद्र पहुंचे थे।

उल्लेखनीय है कि सेंदरी सेवा सहकारी समिति से सेंदरी, रमतला, कछार, गतौरी, अमतरा एवं नवगंवा के कुल 1,149 किसान सदस्य जुड़े हुए हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, विधायक श्री धरमलाल कौशिक, श्री अमर अग्रवाल एवं श्री सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष श्री राजा पांडे, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, पूर्व सांसद श्री लखन लाल साहू, सहकारी बैंक अध्यक्ष श्री रजनीश सिंह, संभागायुक्त श्री सुनील जैन, आईजी श्री रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल एवं एसएसपी श्री रजनेश सिंह सहित श्री दीपक ठाकुर, श्री मोहित जायसवाल तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

 

केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के आतिथ्य में स्वनिधि महोत्सव का आयोजन

पथ विक्रेताओं से करेंगे संवाद, स्ट्रीट वेंडर्स के ई-पंजीयन का होगा शुभारंभ

रायपुर. 16 नवम्बर 2026. पथ विक्रेताओं से सीधा संवाद, डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहन और उत्कृष्ट कार्य करने वाले हितग्राहियों, बैंकों तथा नगरीय निकायों का सम्मान करने 17 नवम्बर को बिलासपुर में स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और सूडा (राज्य शहरी विकास अभिकरण) द्वारा लालबहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित महोत्सव में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू मुख्य अतिथि होंगे। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। महोत्सव में पथ विक्रेताओं के ई-पंजीयन की शुरुआत के साथ वित्तीय साक्षरता, डिजिटल भुगतान और स्वरोजगार से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

स्वनिधि महोत्सव में स्ट्रीट वेंडर्स द्वारा फूड स्टॉल्स लगाए जाएंगे। विभाग द्वारा योजना पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव स्वनिधि चौपाल में पथ विक्रेताओं से संवाद करने के साथ ही उन्हें चेक और निःशुल्क यूपीआई पेमेंट बॉक्स वितरित करेंगे। लाभार्थियों के प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित भी किया जाएगा।

बैंक शाखाओं और हितग्राहियों का सम्मान

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने बताया कि स्वनिधि महोत्सव में योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बैंकों एवं उनकी शाखाओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा। संभाग के नौ लाभार्थियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में पथ विक्रेताओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित और डिजिटल लेन-देन के प्रति जागरूक किया जाएगा। स्ट्रीट वेंडर्स के ई-पंजीयन का शुभारंभ भी इस दौरान किया जाएगा।

वित्तीय साक्षरता, डिजिटल अभियान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी

महोत्सव में भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारी स्ट्रीट वेंडर्स को वित्तीय समावेशन एवं वित्तीय साक्षरता की जानकारी देंगे। डिजिटल पेमेंट एग्रीगेटर्स द्वारा डिजिटल भुगतान अभियान के संबंध में जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।

ये जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी होंगे शामिल

स्वनिधि महोत्सव में विधायकगण सर्वश्री अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया और अटल श्रीवास्तव, बिलासपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत बिलासपुर के अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सवन्नी, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री राजा पाण्डेय, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर के अध्यक्ष श्री रजनीश सिंह तथा बिलासपुर नगर निगम के सभापति श्री विनोद सोनी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

Page 4 of 4766

Ads

R.O.NO. 14150/89

MP info RSS Feed

फेसबुक