2500 लोगों के खानपान का इंतजाम, बीसियों फूड स्टॉल्स और सजावट, फिर भी सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित महोत्सव में पर्यावरण संरक्षण का अनूठा प्रयोग, कचरे को अलग-अलग संग्रहित कर किया गया निपटान

रायपुर. नवम्बर 2026. नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) द्वारा राजधानी रायपुर में आयोजित पीएम स्वनिधि महोत्सव ने बड़े सार्वजनिक आयोजनों में प्लास्टिक के इस्तेमाल की अनिवार्यता को चुनौती देते हुए पर्यावरण संरक्षण की नई मिसाल पेश की। करीब 2500 लोगों के खानपान, बीसियों फूड स्टॉलों, पेयजल और सजावट की व्यापक व्यवस्थाओं के बावजूद पूरे आयोजन में कहीं भी सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं हुआ। भोजन परोसने के लिए बांस की प्लेटें और लकड़ी के चम्मच अपनाए गए, तो पानी के लिए प्लास्टिक की बोतलों और पाउच का विकल्प तैयार किया गया। सजावट और सूचना पट्टों में भी दोबारा इस्तेमाल होने वाली सामग्री का उपयोग हुआ। यही नहीं, आयोजन के दौरान निकलने वाले कचरे को अलग-अलग संग्रहित कर उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था भी की गई। स्वनिधि महोत्सव ने नवाचार के जरिए मिसाल पेश की कि हजारों लोगों की भागीदारी वाले आयोजन भी प्लास्टिक मुक्त और पर्यावरण अनुकूल तरीके से संपन्न किए जा सकते हैं।

छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित पीएम स्वनिधि महोत्सव में प्रदेश के लगभग 2500 पथ विक्रेताओं और उनके परिजनों ने हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य पथ विक्रेताओं की उद्यमशीलता का सम्मान करने के साथ उन्हें आर्थिक एवं डिजिटल रूप से सशक्त बनाना तथा शहरी अर्थव्यवस्था में उनके योगदान को रेखांकित करना था।

खानपान से लेकर पेयजल तक बदली व्यवस्था

महोत्सव को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए खानपान की व्यवस्थाओं में विशेष नवाचार किया गया। बीसियों फूड स्टॉलों पर प्लास्टिक की डिस्पोजेबल प्लेटों के बजाय बांस से बनी प्लेटों और प्लास्टिक के चम्मचों की जगह लकड़ी के चम्मचों का उपयोग किया गया। प्लास्टिक के कप और गिलासों का भी इस्तेमाल नहीं हुआ। इसी तरह पानी के लिए प्लास्टिक की बोतलें और पाउच उपलब्ध कराने के बजाय वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में 2500 लोगों के खाने के लिए टेबल और बेंच की व्यवस्था कर बांस की थालियों में भोजन और कागज के गिलास में पानी परोसे गए। आवश्यकता के अनुसार जैव निम्नीकरणीय और कम्पोस्ट योग्य सामग्री को प्राथमिकता दी गई। इस व्यवस्था के जरिए दिखाया गया कि बड़ी संख्या में लोगों के भोजन और पेयजल का प्रबंध एकल उपयोग प्लास्टिक के बिना भी किया जा सकता है।

सजावट में भी नवाचार, कचरे के निस्तारण का भी इंतजाम

महोत्सव में पर्यावरण संरक्षण का प्रयोग केवल खानपान तक सीमित नहीं रहा। कार्यक्रम स्थल की सजावट और सूचना पट्टों में भी ऐसी सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिसका दोबारा उपयोग किया जा सके। आयोजन के दौरान कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन पर भी ध्यान दिया गया। गीले, सूखे और अन्य अस्वीकृत अपशिष्ट को निकलने के स्थान पर ही अलग-अलग संग्रहित करने की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के बाद कचरे के उचित संग्रहण और निस्तारण के इंतजाम किए गए। अपशिष्ट की मात्रा न्यूनतम रखने के साथ पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण को भी प्राथमिकता दी गई।

स्वनिधि महोत्सव में अपनाई गई इन व्यवस्थाओं ने बड़े सार्वजनिक आयोजनों को पर्यावरण अनुकूल बनाने का व्यावहारिक उदाहरण प्रस्तुत किया। आर्थिक सशक्तीकरण के उत्सव के साथ पर्यावरण संरक्षण का यह प्रयोग रायपुर में बड़े आयोजनों के लिए एक अनुकरणीय पहल के रूप में सामने आया।

 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धरमजयगढ़ से किया खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी का शुभारंभ, 3,095 उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए व्यापक व्यवस्था

21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी मिलेगी प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि, जनजातीय अंचलों के किसानों को बड़ी राहत

रायपुर, 15 नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का आगाज हो गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में शामिल होने धरमजयगढ़ पहुंचे और खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल की उपस्थिति में धान खरीदी का शुभारंभ किया। राज्य सरकार ने इस वर्ष किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने की व्यवस्था की है। किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि निर्धारित 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इस निर्णय से विशेष रूप से कम उत्पादन वाले जनजातीय एवं वनांचल क्षेत्रों के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कई बार कम उत्पादन अथवा अन्य परिस्थितियों के कारण किसान निर्धारित 21 क्विंटल प्रति एकड़ के अनुपात में धान नहीं बेच पाते। ऐसी स्थिति में भी पात्र किसानों को उनके सत्यापित रकबे के आधार पर पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी। उदाहरण के तौर पर यदि कोई पात्र किसान प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान बेचता है, तो शेष 6 क्विंटल के बराबर की आदान सहायता राशि भी उसे प्रदान की जाएगी। इस प्रकार किसानों को प्रति एकड़ 13 हज़ार 839 रुपये की पूरी निर्धारित सहायता मिलेगी। राज्य सरकार किसानों की आर्थिक समृद्धि और उनकी मेहनत का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रदेश के 3,095 उपार्जन केंद्रों में खरीदी की व्यापक व्यवस्था

राज्य सरकार द्वारा इस खरीफ विपणन वर्ष में प्रदेश के लगभग 27 लाख 50 हजार किसानों से धान खरीदी के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रदेश के 33 जिलों में कुल 3,095 धान उपार्जन केंद्रों की व्यवस्था की गई है। 15 नवंबर 2026 की स्थिति में इनमें से 2,805 केंद्रों में टोकन जारी किए जा चुके हैं, जबकि 1,606 केंद्रों में धान खरीदी प्रारंभ हो गई है। इन केंद्रों के माध्यम से अब तक कुल 1,98,364.80 क्विंटल धान का उपार्जन किया जा चुका है। इसमें 1,10,979.20 क्विंटल मोटा धान, 80,489.60 क्विंटल पतला धान तथा 6,896 क्विंटल सरना धान शामिल है।

धान खरीदी में बालोद और राजनांदगांव जिले सबसे आगे

जिलेवार आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में धान खरीदी की गतिविधियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं। बालोद जिले में 161 उपार्जन केंद्रों में से सभी 161 केंद्रों में टोकन जारी किए जा चुके हैं तथा 123 केंद्रों में खरीदी प्रारंभ हो गई है। यहां अब तक सर्वाधिक 24,676 क्विंटल धान का उपार्जन हुआ है। राजनांदगांव जिले के 122 उपार्जन केंद्रों में सभी केंद्रों में टोकन जारी किए गए हैं तथा 115 केंद्रों में खरीदी शुरू हो चुकी है। यहां 26,464.40 क्विंटल धान का उपार्जन दर्ज किया गया है। महासमुंद जिले में 202 केंद्रों में से 201 में टोकन जारी हुए तथा 176 केंद्रों में खरीदी प्रारंभ हुई है। यहां 20,444.80 क्विंटल धान खरीदा गया है। धमतरी जिले में 108 केंद्रों में सभी में टोकन जारी हुए तथा 99 केंद्रों में खरीदी शुरू हो चुकी है। यहां 19,829.20 क्विंटल धान का उपार्जन हुआ है।

मुख्यमंत्री ने तपकरा में छठ घाट निर्माण की घोषणा की, दराखारिका में 4 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा छठ घाट

रायपुर 15 नवंबर 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज जशपुर जिले के तपकरा में छठ महापर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने अस्ताचलगामी भगवान सूर्यदेव को संध्या अर्घ्य अर्पित कर छठी मैया से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और कल्याण की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने सभी को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने तपकरा में छठ घाट निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में छठ महापर्व के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कुनकुरी में 5 करोड़ रुपए की लागत से छठ घाट का सौंदर्यीकरण किया गया है, वहीं दराखारिका में 4 करोड़ रुपए की लागत से नए छठ घाट का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, तपस्या और समर्पण का अनुपम प्रतीक है, जो हमें प्रकृति, जल और सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस भी पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर श्रीमती कौशल्या साय, जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमन्ती साय, श्री भरत साय सहित जनप्रतिनिधि, छठ व्रती महिलाएं एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

स्वस्थ और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में प्रशिक्षित नर्सिंग कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जशपुर के आरा में नर्सिंग कौशल कॉलेज का किया शुभारंभ

जनजातीय एवं वंचित वर्गों की बेटियों को मिलेगा कौशल विकास और आत्मनिर्भरता का नया अवसर

कॉलेज में 120 छात्राओं को दिया जाएगा दो वर्षीय एएनएम नर्सिंग प्रशिक्षण, लगभग 90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों से

आधुनिक प्रयोगशालाओं और छात्रावास की सुविधाओं से सुसज्जित संस्थान में मिलेगा गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के बाद प्रतिष्ठित अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था

रायपुर 15 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले की ग्राम पंचायत आरा में नर्सिंग कौशल कॉलेज का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आरा में स्थापित यह संस्थान विशेष रूप से जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों की बेटियों के लिए आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य की नई राह खोलेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नर्सिंग केवल नौकरी या रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि मानवता की सेवा और पुण्य का कार्य है। मरीजों की देखभाल, उनके उपचार और जीवन की रक्षा में डॉक्टरों के साथ नर्सिंग कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राओं से पूरी लगन, अनुशासन, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया।

छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी एलुमनी रीच फॉर इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त उद्यम प्रचेत फाउंडेशन के माध्यम से स्थापित इस संस्थान में दो वर्षीय एएनएम नर्सिंग पाठ्यक्रम संचालित किया जा रहा है। कॉलेज की सभी 120 सीटों पर छात्राओं का प्रवेश पूर्ण हो चुका है। विशेष बात यह है कि यहां अध्ययनरत लगभग 90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों से हैं। आधुनिक प्रयोगशालाओं, छात्रावास और अन्य आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित इस संस्थान में छात्राओं को सैद्धांतिक शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद छात्राओं को प्रतिष्ठित अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

जनजातीय गौरव दिवस और छठ महापर्व के पावन अवसर पर बेटियों को मिली नई सौगात

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज का दिन दो महत्वपूर्ण पर्वों के कारण विशेष और पावन है। आज धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जा रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय सम्मान दिलाने के उद्देश्य से उनकी जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की पहल की है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्चुअल माध्यम से देशवासियों को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए छठ महापर्व की भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना का यह महान पर्व आस्था, श्रद्धा, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। ऐसे पावन अवसर पर नर्सिंग कौशल कॉलेज का शुभारंभ होना अत्यंत सुखद और सौभाग्य का विषय है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस महत्वपूर्ण संस्थान की स्थापना और संचालन में योगदान देने वाले पैन आईआईटी एलुमनी के चेयरमैन एवं सभी पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रथम बैच की सभी 120 छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह संस्थान उनके सपनों को साकार करने और जीवन में आगे बढ़ने का सशक्त माध्यम बनेगा।

 
किसानों को तिलक लगाकर एवं पुष्पमाला पहनाकर किया गया स्वागत
 
कम पैदावार के बावजूद मिलेगा प्रति एकड़ 13,839 रुपए का पूरा बोनस
 
सरकार के निर्णय से किसानों में हर्ष व्याप्त
 
धान खरीदी केन्द्रों में किसानों में उमंग एवं उत्साह, परंपरागत पूजा-अर्चना के साथ हुई धान खरीदी की शुरूआत
 
- 26 नवीन धान उपार्जन केन्द्र खुलने से किसानों को मिली बड़ी राहत
 
रायपुर, 15 नवम्बर 2026/ खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत राजनांदगांव जिले में आज समर्थन मूल्य पर धान खरीदी महाअभियान का आगाज उमंग, उत्साह और खुशी के माहौल में हुआ। जिले के 117 धान उपार्जन केन्द्रों में पहले दिन धान खरीदी की शुरूआत की गई। धान खरीदी के प्रथम दिन 805 किसानों को टोकन जारी किए गए। किसानों ने टोकन तुंहर द्वार मोबाइल एप के माध्यम से टोकन प्राप्त किया। धान खरीदी प्रारंभ होने से किसानों में प्रसन्नता रही। किसान सुबह से ही अपना धान लेकर उपार्जन केन्द्रों में पहुंचने लगे। जिला प्रशासन द्वारा किसानों की सुविधा के लिए धान उपार्जन केन्द्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
 
राज्य सरकार की किसान हितैषी महत्वपूर्ण निर्णय से किसानों में हर्ष व्याप्त है। अब निर्धारित अधिकतम मात्रा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी प्रति एकड़ के मान से एकसमान 13 हजार 839 रुपए की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। यदि कोई किसान प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम मात्रा में धान उपार्जन के लिए उपलब्ध कराता है, तब भी उसे प्रति एकड़ के मान से आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा। सरकार के इस निर्णय से विशेष रूप से कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के किसानों, लघु एवं सीमांत कृषकों तथा जनजातीय अंचलों के किसान परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। 
 
जिले में धान खरीदी का शुभारंभ राजनांदगांव विकासखंड के कन्हारपुरी धान उपार्जन केन्द्र से हुआ। इस अवसर पर परंपरानुसार कांटा-बांट की पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण कर धान खरीदी कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। महापौर श्री मधुसूदन यादव ने धान विक्रय करने पहुंचे किसानों को पुष्पमाला पहनाकर एवं गुलाल-तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया तथा उनका मुंह मीठा कराकर शुभकामनाएं दी। धान उपार्जन केन्द्र में किसानों के उत्साह एवं खुशी से उत्सव जैसा माहौल रहा। किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। धान खरीदी के पहले दिन जिले के विभिन्न उपार्जन केन्द्रों में किसान सुबह से ही ट्रैक्टर एवं अन्य छोटे मालवाहक वाहनों में धान लेकर पहुंचने लगे। किसानों ने अपनी मेहनत से उपजाए धान का उचित मूल्य मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। जिला प्रशासन द्वारा उपार्जन केन्द्रों में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए धान खरीदी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
 
जिले में इस वर्ष स्थापित 26 नवीन धान उपार्जन केन्द्रों में भी किसानों का विशेष उत्साह देखने को मिला। राजनांदगांव विकासखंड के नवीन धान उपार्जन केन्द्र खैरझिटी में धान विक्रय करने पहुंचे किसान श्री गोविंद सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि उनके गांव के समीप नवीन धान उपार्जन केन्द्र खुलने से किसानों को बड़ी सुविधा मिली है। उन्होंने बताया कि पहले धान विक्रय करने के लिए लगभग 5 किलोमीटर दूर दूसरे उपार्जन केन्द्र जाना पड़ता था। इससे धान परिवहन में अतिरिक्त समय एवं खर्च लगता था। अब गांव के नजदीक ही धान खरीदी केन्द्र खुल जाने से किसानों को लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ रही है। इससे समय एवं परिवहन खर्च की बचत होने के साथ ही धान के परिवहन में होने वाली परेशानियों से भी राहत मिली है। किसान श्री गोविंद सिंह ने बताया कि वे आज 86 क्विंटल धान लेकर नवीन उपार्जन केन्द्र खैरझिटी पहुंचे थे, जहां उनका धान सरल एवं सुविधाजनक तरीके से खरीदा गया। उन्होंने कहा कि नवीन धान उपार्जन केन्द्र खुलने से क्षेत्र के किसानों में खुशी है। इस केन्द्र से ग्राम जोरातराई, खैरझिटी, डुमरडीह खुर्द एवं कलडबरी के किसानों को धान विक्रय करने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने किसानों के हित में नवीन धान उपार्जन केन्द्र प्रारंभ करने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी किए जाने से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है तथा उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।
 
उल्लेखनीय है कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में राजनांदगांव जिले में कुल 1 लाख 35 हजार 167 किसानों का पंजीयन किया गया है। विगत वर्ष जिले में 1 लाख 32 हजार 233 किसान पंजीकृत थे। इस प्रकार इस वर्ष गत वर्ष की तुलना में 2 हजार 934 अधिक किसानों का पंजीयन हुआ है। किसानों की सुविधा एवं धान परिवहन की दूरी कम करने के उद्देश्य से जिले में धान उपार्जन केन्द्रों की संख्या भी बढ़ाई गई है। विगत वर्ष जिले में 96 धान उपार्जन केन्द्र संचालित थे, जबकि इस वर्ष 26 नवीन धान उपार्जन केन्द्रों की स्थापना के साथ इनकी संख्या बढ़कर 122 हो गई है। नवीन उपार्जन केन्द्रों के प्रारंभ होने से किसानों को अपने गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में ही धान विक्रय करने की सुविधा मिलेगी। इससे किसानों के समय, श्रम एवं परिवहन व्यय की बचत होगी तथा धान खरीदी की प्रक्रिया और अधिक सुगम एवं सुविधाजनक बनेगी।

जनजातीय समाज का सम्मान, स्वाभिमान और समृद्धि हमारी सरकार का संकल्प : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

भगवान बिरसा मुंडा और जनजातीय जननायकों के संघर्ष एवं बलिदान से प्रेरणा लेकर विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण कर रहे हैं : मुख्यमंत्री श्री साय

किसानों के हित में बड़ा निर्णय : प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी मिलेगी पूरी आदान सहायता राशि

प्रदेश में आज से धान खरीदी प्रारंभ, 360 नए उपार्जन केंद्रों के साथ कुल संख्या बढ़कर हुई 3,100

धरमजयगढ़ में राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन, हजारों की संख्या में शामिल हुए जनजातीय समाज के लोग

मुख्यमंत्री ने पद्मश्री सम्मानित जनजातीय विभूतियों का किया अभिनंदन, जनजातीय नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को किया पुरस्कृत

मांझी-चालकी पदाधिकारियों को सम्मान राशि और तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस का वितरण, मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का किया अवलोकन

बस्तर की नई पहचान अब हिंसा नहीं, शिक्षा, खेल, संस्कृति और विकास : श्री नितिन नवीन

रायपुर, 15 नवंबर 2026/ भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अपनी संस्कृति, स्वाभिमान, अधिकारों और मातृभूमि की रक्षा के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। जनजातीय गौरव दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि महान जनजातीय नायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करने तथा उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। राज्यसभा सांसद श्री नितिन नवीन ने आज रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित ऐतिहासिक दशहरा मैदान में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए यह बात कही।

राज्यसभा सांसद श्री नितिन नवीन ने समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस की प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ वीरों, बलिदानियों और समृद्ध जनजातीय संस्कृति की पावन धरती है। श्री नवीन ने कहा कि उनकी हार्दिक इच्छा इस ऐतिहासिक आयोजन में प्रत्यक्ष रूप से शामिल होने की थी, लेकिन प्रतिकूल मौसम के कारण वे उपस्थित नहीं हो सके।

श्री नवीन ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को भव्य आयोजन के लिए विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और परंपराओं को सम्मान मिल रहा है। मुख्यमंत्री श्री साय सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना के साथ प्रदेशवासियों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह ने पूरे छत्तीसगढ़ में गौरव और आत्मसम्मान का वातावरण निर्मित किया है।

उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, शहीद गेंद सिंह, तिलका मांझी, बुधु भगत, टंट्या भील और लक्ष्मण नायक सहित देश के महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। श्री नवीन ने कहा कि जनजातीय समाज सदैव भारत की संस्कृति, सभ्यता, स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता का सशक्त प्रहरी रहा है। प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर जीवन जीने की जनजातीय परंपरा आज पूरी मानवता के लिए प्रेरणादायी है।

उन्होंने छत्तीसगढ़ के गोंड, उरांव, कंवर, बैगा, कमार, हल्बा, मुरिया और माड़िया सहित सभी जनजातीय समुदायों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि इन समुदायों की लोककलाएँ, लोकनृत्य, पर्व और परंपराएँ छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान हैं। बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों के माध्यम से जनजातीय संस्कृति को देश-दुनिया में नई पहचान मिल रही है।

श्री नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय समाज के सम्मान, सशक्तिकरण और विकास को राष्ट्रीय प्राथमिकताओं में प्रमुख स्थान दिया है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समाज की बेटी राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का विराजमान होना पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और लगभग 24 हजार करोड़ रुपये के प्रावधान वाली पीएम-जनमन योजना के माध्यम से जनजातीय बहुल गाँवों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका के अवसरों का विस्तार किया जा रहा है।

रायपुर, 15 नवंबर 2026/राज्यपाल श्री रमेन डेका ने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और जनजातीय अस्मिता के महानायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन किया है। लोक भवन में राज्यपाल ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। साथ ही उनकी जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस की प्रदेश एवं समस्त देशवासियों को विशेष रूप से सभी जनजातीय भाई-बहनों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना सहित लोक भवन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे ।

० पत्रकारिता की गरिमा, निष्पक्षता और सामाजिक सरोकारों को बनाए रखने पर दिया जोर
भिलाई। दैनिक न्यूज क्रिएशन के स्थापना दिवस के अवसर पर सुपेला स्थित होटल इंडिया इंडियन कॉफी हाउस में गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता जगत से जुड़े वरिष्ठ पत्रकारों, संपादकों, लेखकों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर संस्थान की यात्रा और पत्रकारिता के दायित्वों पर अपने विचार व्यक्त किए। समारोह के मुख्य अतिथि दैनिक श्रम बिंदु के संपादक शिव श्रीवास्तव थे, जबकि अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार शिवनाथ शुक्ल ने की। इस अवसर पर वक्ताओं ने पत्रकारिता की बदलती परिस्थितियों, उसकी सामाजिक जिम्मेदारी और लोकतंत्र में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों के प्रकाशन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को सही दिशा देने, जनसमस्याओं को सामने लाने और आमजन की आवाज को जिम्मेदारी के साथ उठाने का सशक्त माध्यम है। वर्तमान समय में पत्रकारिता की विश्वसनीयता, निष्पक्षता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। मुख्य अतिथि शिव श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में क्षेत्रीय पत्रकारिता के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा की छोटे एवं मझोले अख़बारों ने सामाजिक परिवर्तन में बड़ा योगदान दिया है । यह समय के साथ बदल रहा है और पत्रकारिता नए स्वरुप में सामने आ रही है । श्रीवास्तव ने कहा कि आज पत्रकारों के ऊपर जिम्मेदारियां पहले से बढ़ गयी हैं । अध्यक्षीय उद्बोधन में वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार शिवनाथ शुक्ल ने पत्रकारिता के मूल्यों और सामाजिक सरोकारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पत्रकारिता की वास्तविक पहचान उसकी विश्वसनीयता, निर्भीकता और जनपक्षधरता से होती है। पत्रकारों को बदलते दौर की चुनौतियों के बीच अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से करना चाहिए। उन्होंने प्रतिबद्ध और ईमानदार पत्रकारिता पर जोर देकर कहा कि यही सुन्दर समाज के निर्माण में सहायक होंगे । विशिष्ट अतिथियों के रूप में वरिष्ठ पत्रकार विमल थापा, प्रदीप सान्याल, सतीश बौद्ध, राजेश मिश्रा एवं निर्भय पांडेय ने भी अपने उद्भोदन ने पत्रकारिता के महत्व को रेखांकित किया ।
इसके पूर्व दैनिक न्यूज़ क्रिएशन के सम्पादक ईश्वर दुबे ने अतिथियों का स्वागत करते हुए अख़बार के विकास यात्रा से लोगों को अवगत कराया । समारोह में शुभम शर्मा, बबलू, पुरेंद्र देशमुख, श्रीमती किरण दुबे, मनोज श्रीवास्तव सहित अनेक पत्रकार एवं लेखक उपस्थित रहे।

 

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में बिखेरें उत्सव के रंग

रायपुर, नवंबर 2026/लोकभवन में राज्यपाल श्री रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। राज्यपाल ने इस अवसर पर सभी अतिथियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री सहित आमंत्रित अतिथियों ने राज्यपाल को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी भी उपस्थित रहीं।

समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, कला और परंपराओं की आकर्षक झलक देखने को मिली। आदर्श ग्राम तुलसी के कान्हा ग्रुप द्वारा छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकनृत्या राउत नाचा और महिलाओं द्वारा सुवा नृत्य और पंडवानी गायन की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, छत्तीसगढ़ गर्ल्स बैंड चिन्हारी की संगीत प्रस्तुति ने समारोह में उत्साह और उमंग का वातावरण बनाया। कुमारी भूमिसुता मिश्रा द्वारा शास्त्रीय नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने भी उपस्थित अतिथियों को मंत्रमुग्ध किया।

गायक श्री पृथ्वी तांड़ी एवं श्री गौतम विस्वास, द्वारा असम के प्रसिद्ध गायक डॉ. भूपेन हजारिका के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति ने समारोह को विशेष भावनात्मक रंग दिया। उनके गीतों के गायन से अतिथि भावविभोर हो उठे। इस अवसर पर राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा तथा पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने भी गायन की प्रस्तुति दी।

समारोह में उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती ममता साहू, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, श्री रिकेश सेन, श्री संपत अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना एवं अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

 

मुख्यमंत्री ने राज्यपाल श्री रमेन डेका को दी दीपावली की शुभकामनाएँ

दीपावली प्रेम, सद्भाव और नई आशाओं का पर्व : मुख्यमंत्री श्री साय

रायपुर  नवम्बर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज लोकभवन में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने राज्यपाल श्री रमेन डेका से सौजन्य भेंट कर उन्हें दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि दीपावली का पावन पर्व हमारे जीवन में प्रेम, उत्साह, सद्भाव और नई आशाओं का संचार करता है। यह पर्व हमें आपसी भाईचारे, एकता और सामाजिक समरसता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने समारोह में प्रस्तुत छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति हमारी गौरवशाली पहचान है। हमारे तीज-त्योहार और परंपराएँ सामाजिक एकता तथा सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करती हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने समस्त प्रदेशवासियों को दीपावली की पुनः शुभकामनाएँ देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

Page 7 of 4766

Ads

R.O.NO. 14150/89

MP info RSS Feed

फेसबुक