मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश (9804)

भोपाल,  मध्यप्रदेश में 28 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं को भाजपा को वोट देने के लिए आकर्षित करने के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा भोपाल में रविवार को आयोजित ‘नव मतदाता टाउनहॉल' कार्यक्रम में नाबालिग स्कूली बच्चों के यूनिफॉर्म में पहुंचने पर विवाद शुरू हो गया है। इस कार्यक्रम को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संबोधित किया। यहां रविन्द्र भवन परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों के यूनिफॉर्म में आने पर कांग्रेस ने आपत्ति उठाई है और इसकी शिकायत सोमवार को निर्वाचन आयोग से करने के लिए कहा है। टीवी न्यूज चैनलों पर बड़ी तादाद में स्कूली छात्रों के यूनिफॉर्म में इस कार्यक्रम में शामिल होने के फुटेज दिखाये जाने के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस मीडिया सेल के उपाध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता ने इस पर आपत्ति उठाते हुए कहा, ‘‘भाजपा चुनावी फायदे के लिए सरकारी संसाधनों का दुरूपयोग कर रही है। हम आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए सोमवार सुबह चुनाव आयोग से इसकी शिकायत करेंगे।’’ उन्होंने बताया, ‘‘इस कार्यक्रम में बड़ी तादाद में स्कूली बच्चे मौजूद थे। इसका मतलब है कि भाजपा के पास युवा कार्यकर्ता एवं समर्थक नहीं हैं, जो इस कार्यक्रम में उपस्थित हो सकें।’’ गुप्ता ने कहा, ‘‘यह बताता है कि भाजपा ने अपना जनाधार खो दिया है। उनके पास रविन्द्र भवन जैसी छोटी सी जगह को भरने के लिए कार्यकर्ता नहीं हैं। भाजपा के पास अब केवल कुछेक हजार लोग ही बचे हैं।’’ वहीं, दूसरी ओर मध्यप्रदेश भाजयुमो के अध्यक्ष अभिलाष पांडे ने दावा किया कि इस कार्यक्रम के लिए स्कूली छात्रों को आमंत्रित नहीं किया गया था। पांडे ने बताया, ‘‘इस कार्यक्रम में 10,000 लोग थे। हो सकता है कि वे (स्कूली छात्र-छात्राएं) किसी के साथ आये हों। हमने उन्हें नहीं बुलाया था। कांग्रेस हतोत्साहित होकर यह आरोप लगा रही है।’’ हालांकि, एक टीवी चैनल पर बातचीत करती हुए एक छात्रा ने कहा कि शिक्षकों के कहने पर वह अपनी सहपाठियों के साथ इस कार्यक्रम में आई है। इस छात्रा ने कहा, ‘‘मेरी उम्र वोट देने लायक अभी नहीं हुई है। लेकिन शिक्षकों ने हमें बताया कि इस कार्यक्रम में जाओ और लेक्चर सुनो कि वोट कैसे दिया जाता है।’’ नाबालिगों के कार्यक्रम स्थल पर आने के बाद हुए विवाद के चलते इन छात्र-छात्राओं को वहां से जाने को कहा गया, जिसके बाद वे वहां से चले गये। भाजपा ने मुख्यमंत्री के इस भाषण का सीधा प्रसारण किया तथा प्रदेश की सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ एक समय 'नव मतदाता टाउन हॉल' में भी इसी तरह का आयोजन कर इसे नये मतदाताओं को दिखाया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री चौहान ने वर्ष 1993 से वर्ष 2003 के बीच 10 साल वाली दिग्विजय सिंह के नेतृत्व वाली तत्कालीन कांग्रेसनीत सरकार पर हमला करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में सड़क, बिजली एवं सिंचाई की हालत खस्ता थी। अब हमने इस ठीक कर दिया है।

  • कांग्रेस की सूची सीईसी में देर रात तक मंथन, 100 सीटों पर उम्मीदवार तय होना बाकी 
  • 110 में से 39 पुराने और 20 नए सिंगल नाम और जोड़े गए, अब 130 हुए  सिर्फ जीतने लायक नामों को ही आगे बढ़ा रहे नेता 

भोपाल. मप्र चुनाव के लिए टिकट फाइनल करने में जुटी कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने शुक्रवार देर रात तक नई दिल्ली में बैठक कर 59 प्रत्याशियोंं के नाम फाइनल कर दिए। हालांकि इनकी घोषणा बाद में की जाएगी। इससे पहले हुई सीईसी की बैठक में 110 सिंगल नामों में से 71 नाम मंजूर किए गए थे। शुक्रवार की बैठक में बचे हुए 39 नामों को विचार के बाद मंजूरी दे दी गई। इसके अलावा 20 नये नाम सिंगल नामों में जोड़े गए।

 सूत्रों के अनुसार इन 39 में महू से अंतर सिंह दरबार और सांवेर से तुलसी सिलावट का नाम भी है। स्क्रीनिंग कमेटी ने पैनल शार्ट लिस्टेड करने के बाद 64 नाम सीईसी को भेजे थे, जिनमें से 5 सीटों पर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से दावेदारों के नाम सिंगल करने के लिए वापस भेज दिए गए। भोपाल और इंदौर शहर में अभी 6-6 सीटों पर स्थिति स्पष्ट नहीं है। 


यहां डबल नाम दे रहे टेंशन : देपालपुर से विशाल पटेल और सत्यनारायण पटेल में से एक नाम तय होना है। ग्वालियर ग्रामीण से सिंधिया के दो समर्थकों में रस्साकसी है। साहब सिंह गुर्जर पर गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज है, जिसके चलते कल्याण सिंह कंसाना के नाम को वरीयता दी जा सकती है। श्योपुर में पूर्व विधायक ब्रजराज सिंह चौहान और अतुल चौहान के बीच टक्कर है। पिछले तीन दिन में बदले समीकरणों के तहत अतुल चौहान का नाम पैनल में शामिल हुआ है। ग्वालियर क्रमांक 15 पर पूर्व विधायक प्रद्युमन सिंह तोमर और सुनील शर्मा का नाम है। इधर, सबलगढ़ से कार्यवाहक अध्यक्ष रामनिवास रावत के नाम पर मोहर लगने के बाद विजयपुर में पार्टी दुविधा में है। इस सीट पर प्रत्याशी चयन की जिम्मेदारी को रावत को दी गई है। 

स्क्रीनिंग कमेटी में बुंदेलखंड की 6 सीटों पर चर्चा : शुक्रवार को हुई स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में बुंदेलखंड के पांच जिलों की निवाड़ी, जतारा, सागर, बीना, हटा और दमोह सीट पर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। कमेटी शनिवार सुबह इस पर चर्चा करेगी। महाकौशल की नरसिंहपुर और गाडरवाड़ा और तेंदूखेड़ा सीट पर दावेदारों के नामों पर विचार होगा। 

 

अरुण ने मांगा खरगोन से टिकट  : देवास-शाजापुर संसदीय सीट के तहत आने वाली आठ सीटों में सोनकच्छ से सज्जन सिंह वर्मा के नाम को हरी झंडी दे दी गई है। उज्जैन संसदीय सीट के अंतर्गत आने वाली सीटों में आलोट से प्रेमचंद गुड्डू, बड़नगर से मोहन सिंह पवार, तराना से महेश परमार, खाचरौद-नागदा से दिलीप गुर्जर, घटिया से रामलाल मालवीय का नाम लगभग तय हैं।

 

वहीं, खरगोन संसदीय सीट से महेश्वर से विजय लक्ष्मी साधौ का नाम पक्का हो गया है। इस सीट से सुनील खांडे का नाम हट गया है। बड़वाह से सचिन बिड़ला का नाम तय है। इसी तरह अरुण यादव खरगोन से टिकट मांग रहे हैं, लेकिन पार्टी इसके लिए तैयार नहीं है। सिर्फ परिवार में एक ही व्यक्ति को टिकट देने के पक्ष में है। सूत्रों के मुताबिक यादव कसरावद से चुनाव लड़ें और पांच महीने बाद होने वाले लोकसभा चुनाव में उनके भाई सचिन यादव को खंडवा संसदीय सीट से उतारा जाए। अब तक 9 राउंड की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में प्रत्याशी चयन को लेकर क्राइटेरिया सिर्फ जीतने वाले उम्मीदवारों को टिकट देने तक सीमित रहा। 


भाजपा में भी माथापच्ची-  90 सीटों के सामाजिक व जातिगत समीकरणों पर चर्चा : सर्वे, संगठन के फीडबैक और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सुझावों को सामने रखकर भाजपा में प्रत्याशी चयन की कवायद तेज हो गई है। सीएम हाउस में शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे और संगठन महामंत्री सुहास भगत के साथ बड़े नेताओं के बीच हर सीट पर देर रात तक चर्चा चली। बताया जा रहा है कि पार्टी ने करीब 90 सीटों पर जातिगत व
सामाजिक समीकरण के साथ सभी विषयों पर बात की। शनिवार को नेता फिर बैठेंगे। रविवार को शाम चार बजे प्रदेश चुनाव समिति की बैठक बुलाई गई है, जिसमें ज्यादातर सीटों पर पैनल के नामों को सिंगल किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री व प्रदेश संगठन के नेता केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष चर्चा के लिए दिल्ली जा सकते हैं। भाजपा सूत्रों का कहना है कि प्रत्याशियों की पहली सूची 1 या 2 नवंबर को आ सकती है। 


बेटे के टिकट के लिए नेताओं से मिलीं ताई : लोकसभा अध्यक्ष व इंदौर से सांसद सुमित्रा महाजन ने शुक्रवार को भोपाल में प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे, प्रदेश अध्यक्ष व मुख्यमंत्री से मुलाकात की। साथ ही बेटे मंदार महाजन के लिए इंदौर-तीन सीट से दावेदारी रखी। बताया जा रहा है कि उन्होंने 2013 का भी हवाला दिया कि तब भी मंदार क्षेत्र में सक्रिय थे। अभी भी हैं। उन्हें टिकट दिया जा सकता है। 

  • चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश किया, फिर की ज्यादती 
  • मिसरौद इलाके में आश्रम के अंदर हुई घटना, पुलिस ने जांच शुरू की 

भोपाल. मिसरोद इलाके में एक साध्वी से उसके ही परिचित ने ज्यादती कर दी। आरोपी ने चाय में नशे की दवा मिलाकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता ने दो महीने बाद मिसरोद थाने पहुंचकर ज्यादती का मामला दर्ज कराया। 

 साध्वी का मिसरोद इलाके में आश्रम हैं। वे उसकी प्रमुख हैं। पुलिस के अनुसार 22 अगस्त की रात करीब 9 बजे उनका परिचित जसपाल सिंह घर पर आया। उसके अनुरोध पर वे चाय बनाकर ले आईं। उसके बाद वे बिस्किट लेने चली गईं। लौटने के बाद उन्होंने साथ में चाय पी। कुछ देर बाद उन्हें बेहोशी छाने लगी। इसी का फायदा उठाकर उसने उनसे गलत काम किया। वारदात के बाद आरोपी ने धमकाते हुए किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी।

 गुरु के पास मेरठ चली गई थीं साध्वी : घटना के बाद महिला अपने गुरु के पास मेरठ चली गई। यहां गुरु से बात कर उन्हें पूरी घटना के बारे में बताया। उनके कहने पर गुरुवार को भोपाल लौटने के बाद उन्होंने मिसरोद थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।

 मिसरोद टीआई संजीव चौकसे के अनुसार होशंगाबाद रोड की एक पॉश कॉलोनी में साध्वी का आश्रम है। इसमें 40 वर्षीय साध्वी अपने शिष्यों के साथ रहती हैं। दो साल पहले मिसरोद इलाके में भागवत कथा वाचन के दौरान मंडीदीप के इंदिरा नगर निवासी जयपाल सिंह राजपूत पिता ठाकुर सिंह से उनकी पहचान हुई थी। इसके बाद वह साध्वी को कथास्थल तक लाने-ले जाने का काम करने लगा। वह उन्हें दीदी कहता था।

 बिस्किट लेने गए तो चाय में मिलाया : मिसरोद टीआई संजीव चौकसे के अनुसार, बीते 22 जुलाई को जयपाल साध्वी के आश्रम में पहुंचा। उसने चाय पीने की इच्छा जाहिर की। साध्वी ने चाय बनाई और दोनों पीने लगे। इसी दौरान जयपाल ने बिस्किट मांगे, साध्वी बिस्किट लेने के लिए अंदर कमरे में गई। इस बीच आरोपित ने उनकी चाय में नशीला पदार्थ मिला दिया। इसे पीने से साध्वी बेसुध हो गई। जयपाल ने इसका फायदा उठाया और साध्वी के साथ दुष्कर्म कर भाग गया। होश आने पर साध्वी ने जब आरोपित को फोन किया तो वह धमकाने लगा।

 जान से मारने की धमकी दी : तीन अगस्त को आश्रम पर आकर धमकाया साध्वी ने पुलिस को बताया है कि जयपाल को जब पता चला कि पुलिस में उसकी शिकायत करने वाली है, तो वह तीन अगस्त को उनके आश्रम आ धमका। यहां गाली-गलौज कर अपनी लाइसेंसी पिस्टल दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। टीआई चौकसे का कहना है कि जयपाल की तलाश में मंडीदीप पुलिस से भी सहयोग मांगा गया है।

वाशिंगटन। अमेरिकी सेना ने शुक्रवार को नए इंटरसेप्टर सिस्टम का परीक्षण किया और मध्यम दूरी की बैलेस्टिक मिसाइल को सफलतापूर्ण ध्वस्त कर दिया। अमेरिका ने यह नयी प्रणाली जापान के साथ मिल कर विकसित की है। इंटरसेप्टर सिस्टम के तहत ऐसी मिसाइलें आती हैं जो दुश्मन मिसाइल को लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही उसे रोक कर नष्ट कर देती हैं। मिसाइल डिफेंस एजेंसी (एमडीए) ने एक बयान में कहा कि ‘यूएसएस जॉन फिन’ में सवार सैनिकों ने लक्ष्य का सफलतापूर्वक पता लगाया, उसका पीछा किया और एसएम-3 ब्लॉक 11ए मिसाइल से रॉकेट दाग उसे नष्ट कर दिया। यह परीक्षण हवाई के पश्चिमी तट पर किया गया। इससे पहले जून 2017 और जनवरी 2018 में मिसाइल को रोक कर उसे नष्ट करने के दो परीक्षण असफल रहे थे। एमडीए के निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल सैम ग्रीव्स ने कहा, ‘‘ यह एक उम्दा उपलब्धि थी और एसएम-3 ब्लॉक 11 के लिए सुरक्षित वापस लौटना अहम मील का पत्थर है।’’

  • 1998 में इन्हीं सीटों पर फोकस कर कांग्रेस ने लगातार दूसरी बार बनाई थी सरकार
  • दो दिन में सात बैठकें व सभाएं, शहर के मध्य क्षेत्र में रोड शो और व्यापारियों से सीधा संवाद

 इंदौर . देश का दिल यानी मध्यप्रदेश जीतने के लिए कांग्रेस हरसंभव कोशिश कर रही है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी इस बार सत्ता हासिल करने के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही इंदौर-उज्जैन संभाग की 66 सीटों के साथ निमाड़ में अपना असर डालने दो दिन रहेंगे। राहुल के 29-30 अक्टूबर को होने वाले दौरे के लिए कांग्रेस ने प्लान भी उसी हिसाब से बनाया है।

 दो दिन में सात मीटिंग व सभाएं, इंदौर के मध्य क्षेत्र में रोड शो और व्यापारियों से सीधा संवाद होगा। 1998 में भी कांग्रेस ने इन्हीं सीटों पर फोकस कर प्रदेश में लगातार दूसरी बार अपनी सरकार बनाई थी। राहुल के इस दौरे के लिए दो महीने से तैयारियां चल रही थीं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ का कहना है इस बार भाजपा की विदाई की इबारत मालवा-निमाड़ से ही लिखी जाएगी। मालवा-निमाड़ पर हमारा खास फोकस है। प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है।

सीटों का हिसाब... 66 में से कम से कम 25 सीटें जीतने की कोशिश

  1.  

    इंदौर-उज्जैन संभाग में 66 सीटें हैं। इनमें से 9 सीटें कांग्रेस के पास हैं। भाजपा के इस अभेद्य गढ़ को भेदने के लिए राहुल की सभा, रोड शो और संवाद प्लान किया गया है। कांग्रेस चाहती है 66 सीटों में से कम से कम 25 सीटें उसकी झोली में आए। उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर दो दिनी दौरे की शुरुआत होगी। इससे भगवा वोट बैंक पर असर डालना है। महू में डॉ. आंबेडकर के दर्शन कर दलित वोट बैंक को रिझाना है। धार में आदिवासियों के बीच जयस के असर को कम करना है।

     

  2. मालवा का सेंटर पॉइंट, इसलिए यहां रोड शो और संवाद दोनों करेगी पार्टी

     

    29 को राहुल गांधी उज्जैन से सीधे झाबुआ जाएंगे। वहां पर सभा करेंगे। अगले दिन यानी 30 अक्टूबर को वे धार जाएंगे। इस बार जयस भी मैदान में है। ऐसे में परंपरागत आदिवासी वोट बैंक पर पकड़ रखने के लिए एक दिन झाबुआ तो दूसरे दिन धार का दौरा रखा है। धार की सात सीटों में भी कांग्रेस को काफी संभावनाएं दिख रही हैं। पिछले चुनाव में सात में से दो सीटें ही कांग्रेस जीती थी। इंदौर मालवा का सेंटर पॉइंट है। रोड शो से विधानसभा क्षेत्र 1, 4 और 3 कवर होंगे। क्षेत्र 2 जो भाजपा का गढ़ है, वहां पर राहुल गांधी 30 अक्टूबर को व्यापारिक संवाद करेंगे।

     

  3. 1985 में अर्जुन सिंह, 1998 में दिग्विजय सिंह ने इन्हीं सीटों पर किया था फोकस, जीते भी थे

     

    1985 में वरिष्ठ कांग्रेस नेता अर्जुन सिंह और 1998 में दूसरी पारी में दिग्विजय सिंह ने इन सीटों पर फोकस किया था और जीत दर्ज की थी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष पं. कृपाशंकर शुक्ला ने कहा ये सीटें सत्ता के सफर में काफी महत्वपूर्ण हैं। शहर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष विनय बाकलीवाल के अनुसार रोड शो का रूट इस तरह से बनाया है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों के बीच से राहुल गांधी गुजर सकें। इंदौर में राहुल गांधी रात्रि विश्राम भी करेंगे। बरसों पहले राजीव गांधी ने रोड शो किया था, तब वे भी बड़ा गणपति से राजबाड़ा होकर गए थे।

  • पुलिस ने अारोपियों से 30 लाख का सोना और नकदी जब्त की
  • लुटेरों पर पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था
  • लूट में शामिल अन्य चार आरोपियों को पुलिस तलाश रही है

बड़वानी. पानसेमल क्षेत्र में 30 सितंबर की रात सराफा व्यवसायी से हुई लूट मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 30 लाख का सोना और नकदी जब्त की है। जांच के लिए एसपी ने एसआईटी गठित की थी, जिसने लूट के 24 दिन बाद मामले में सफलता हासिल की। लूट में शामिल अन्य चार आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है। एसपी ने लूटरों पर 10 हजार का इनाम भी घोषित किया।

आरोपियों के चार साथी अभी भी फरार

  1.  

    एसपी विजय कुमार खत्री के अनुसार वारदात पानसेमल क्षेत्र में 30 सितंबर को हुई थी। रात करीब साढ़े 8 बजे सराफा व्यवसायी राजेन्द्र सोनी अपने भांजे लवेश के साथ दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। उनके पास एक बैग में सोने की ज्वैलरी, जिसमें लेडीज व जेंट्स अगूठियां, झुमकी, टॉप्स, ईयर रिंग, पेंडल, बालियां, नेकलेस, गले की माला, सोने के मोती, सोने के बिस्किट, सोने के टुकड़े और एक लाख 70 हजार रुपए नकदी रखकर घर जा रहे थे।

     

  2.  

    व्यापारी जब खेतिया रोड बुरहानी हार्डवेयर के पास पहुंचे तो पीछे से आए एक व्यक्ति ने अपनी बाइक से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वे जमीन पर गिर गए। इसी बीच वहां खड़े एक अन्य व्यक्ति ने राजेन्द्र अौर लवेश पर लट्ठ से हमला कर उनसे बैग छीन लिया। हमले में राजेन्‍द्र और लवेश दोनों को सिर पर गंभीर चोटें आई थी। पुलिस ने राजेंद्र की शिकायत दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी खत्री ने एक टीम का गठन किया और जल्द आरोपियों को पकड़ने के निर्देश दिए। 

     

  3.  

    टीम ने मुखबीर की सूचना पर आरोपी रमेश पिता बिजिया परमार निवासी पिपल्या थाना कल्याणपुरा झाबुआ, रविन्द्र पिता सेलदार पावरा निवासी आजाद नगर लोनखेड़ा जिला नंदूरबार (महाराष्ट्र) और प्रहलाद पिता दगडु सोनी निवासी आजाद नगर लोनखेड़ा जिला नंदूरबार (महाराष्ट्र) को पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 लाख रुपए के सोने के जेवरात, नकदी और एक ट्रैक्टर जब्त किया। आरोपियों से पूछताछ में बताया कि लूट मामले में उनके साथ अन्य आरोपी जुवानसिंह, दीपू, थावरिया, रमेश ताहेड भी शामिल थे, जिनकी तलाश जारी है।

     

  4.  

    अारोपी रमेश परमार ने इसके पहले सेंधवा में गवाड़ी पेट्रोल पंप लूट, मुंबई के ठाणे में एक सोनार से लूट, कल्याणपुरा में एक सोनार से लूट और मेघनगर में पेट्रोल पंप में लूट की वारदात को अंजाम दे चुका है। आरोपी रविन्द्र पावरा इसके पहले खेतिया और शहादा में चोरी की वारदात को अंजाम दे चुका है। वहीं प्रहलाद सोनी पूर्व में शहादा (महा.) में टाडा के प्रकरण का आरोपी था।

     

     

  5.  

    आरोपी रमेश परमार और आरोपी रविन्द्र पावरा की दोस्ती सेंधवा जेल में हुई थी। वहीं पर दोनों ने लूट की योजना बनाई थी। जेल से छूटने के बाद अपने साथियों के साथ योजना बनाकर पानसेमल में लूट की वारदात को अंजाम दिया। पानसेमल की लूट में प्रयुक्त बिना नंबर की बाइक को पानसेमल में छोक़कर भाग गए थे, जिसे उन्‍होंने पेटलावद जिला झाबुआ से चोरी किया था। आरोपी रमेश परमार ने लूट के रुपए से एक ट्रैक्टर खरीदा था, जिसे जब्त कर लिया गया है।

भोपाल। विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की प्रतिक्षा कर रहे लोगों को अभी करीब सात दिन और इंतजार करना होगा। कांग्रेस की सूची प्रदेश में 29-30 को राहुल गांधी के दौरे के बाद घोषित होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं प्रत्याशियों के चयन के लिए भोपाल में 29 अक्टूबर को भाजपा की अंतिम बैठक होगी। 30 को प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सूची लेकर दिल्ली जाएंगे। इसी दिन केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में नामों का फैसला हो जाएगा। 
 

 

कांग्रेस: प्रत्याशी चयन को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही हर कदम फूंक-फूंक कर रख रही है। कांग्रेस के 110 नाम तय हो गए हैं। लेकिन बाकी के 120 नामों को लेकर पार्टी मुश्किल में यहां तीन से चार नाम का पैनल है। केंद्रीय नेतृत्व को इन्हीं 120 नामों को अंतिम रूप देने में सबसे ज्यादा मशक्कत करनी पड़ी है। स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा तय किए गए 110 सिंगल नामों में 46 मौजूदा विधायकों के नाम शामिल हैं। इसके अलावा 2013 के विधानसभा चुनाव में 3 हजार से कम वोटों से हारने वाले उम्मीदवारों को दोबारा मौका देने के लिए उनके नामों पर सहमति बनी है। दिल्ली में तीन चली स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में सीटों के लिए तैयार किए गए पैनल में नाम तय करने का काम पूरा कर लिया गया है। जिन सीटों पर पैनल में पांच नाम थे, उनमें से तीन नाम हटा दिए गए हैं और अब सिर्फ दो ही नाम रह गए हैं। जबकि जहां दो से तीन नाम थे वहां पर एक नाम पर सहमित बन गई है। 

 भाजपा: भारतीय जनता पार्टी की चुनाव सूची में इस बार बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है। करीब 80 के करीब नए उम्मीदवार पार्टी मैदान में उतार सकती है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रत्याशी चयन में मुख्यमंत्री को फ्री हैंड दिया गया है। ऐसे में करीब 11 मंत्री और 50 विधायकों के टिकट कट सकते हैं। भाजपा सूत्रों ने बताया कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की लोकप्रियता बरकरार है और प्रदेश में शीर्ष पद के लिए मतदाताओं की वह पहली पसंद हैं। ऐसे में सरकार का मुख्य चेहरा जब लोकप्रिय है, तो कुछ अलोकप्रिय विधायकों को दोबारा मैदान में नहीं उतारने से पार्टी को लाभ होगा। 

 प्रत्याशी की छवि मुख्य आधार: भाजपा ने टिकट के लिए जो गाइडलाइन बनाई गई है उसमें दागदार, आपराधिक पृष्ठभूमि या बाहुबली दावेदारों को टिकट नहीं दिया जाएगा। मौजूदा विधायकों में भी सिर्फ उन्हीं विधायकों को टिकट मिलने की उम्मीद है जिनकी छवि अच्छी होगी। भाजपा ने जो सर्वे कराए हैं उनमें टिकट के संभावित दावेदारों की छवि को लेकर बारीकी से जांच कराई गई है। 

कम अंतर से जीते विधायकों से किनारा करेगी पार्टी : विधानसभा क्षेत्र में जिस जाति विशेष के अधिक वोट होंगे। उस जाति के प्रत्याशी को टिकट में प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही पिछले विधानसभा चुनाव में जिन विधायकों की जीत का अंतर एक हजार या उससे भी बहुत कम रहा है ऐसे प्रत्याशियों को दोबारा चुनाव मैदान में उतारने से पार्टी परहेज करेगी। जिन सीट पर पार्टी 20 हजार या उससे अधिक वोटों से जीती है उन प्रत्याशियों को दोबारा टिकट दी जा सकती है।

 सख्त होगा अनुशासन: भाजपा सूत्रों का कहना है कि किसी प्रत्याशी की टिकट काटे जाने की स्थिति में उसके द्वारा बगावत करने या पार्टी का माहौल खराब करने की कोशिश की गई अथवा निर्दलीय चुनाव लड़ने के लिए नामांकन दाखिल किया गया तो उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा। 

विदिशा. श्री दुर्गा उत्सव चल समारोह के दौरान 19 अक्टूबर की रात में हुए पुलिस के लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को विदिशा बंद का ऐलान सनातन श्री हिंदू उत्सव समिति और हिंदू संगठनों ने किया है। मंगलवार दोपहर में बालविहार के पास स्थित लक्ष्मीबाई धन्नालाल अग्रवाल धर्मशाला में सनातन श्री हिंदू उत्सव समिति और हिंदू संगठनों के सदस्यों की बैठक हुई।

 

बैठक में सभी सदस्यों ने बुधवार को बंद करने पर अपनी सहमति दी। एकराय होने के बाद सभी सदस्य वाहनों से शहर में निकले और बंद करने के व्यापारियों का समर्थन मांगा। समिति के सदस्यों का कहना है कि पेट्रोल पंप, सब्जी मंडी और दुकानें बंद रहेंगी। सनातन श्री हिंदू उत्सव समिति के बंद के आह्वान पर कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रमसिंह का कहना है कि हमने 20 स्क्वायड टीम गठित की हैं। ये टीमें पूरी नजर रखेंगी।

 

जिले में धारा 144 लागू है और यदि दुकानों को जबरिया बंद कराया तो जेल भेजने की कार्रवाई होगी। एसपी विनीत कपूर का कहना है कि बंद को लेकर शहर में 200 से ज्यादा का बल तैनात किया जाएगा। हर चौराहे और तिराहे पर नजर रखी जाएगी। एसपी ने बताया कि एएसपी ने सभी पक्षों के लोगों के बयान भी दर्ज किए हैं। 

भोपाल. नोबल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी, टीवी कलाकार दिव्यांका त्रिपाठी, सागर के गोविंद नामदेव और मध्य प्रदेश की चाइल्ड टीवी आर्टिस्ट माही सोनी सहित 9 कलाकार चुनाव आयोग के ब्रांड एंबेसडर होंगे। ये सेलीब्रिटी लोगों से मतदान की अपील करेंगे। चुनाव आयोग ने इन्हें इस काम के लिए चुना है।
भोपाल की टीवी आर्टिस्ट दिव्यांका त्रिपाठी, शुभांगी अत्रे, फिल्म कलाकार और चरित्र अभिनेता गोविंद नामदेव और गायक पलक मुछाल को चुनाव आयोग ने अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया है। ये लोग मतदताओं को जागरुक करेंगे। मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक जाने के लिए प्रदेश की जनता से मतदान करने की अपील करेंगे।
80 फीसदी मतदान का लक्ष्य
चुनाव आयोग ने हर क्षेत्र के कलाकारों को इस जागरुकता अभियान से जोड़ा है। आयोग ने 2018 के विधानसभा चुनाव में 80 फीसदी से ज़्यादा मतदान का लक्ष्य रखा है। मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाना आयोग की बड़ी ज़िम्मेदारी है। आयोग को लगता है कि सेलेब्रिटी की अपील का मतदाताओं पर असर होता है। इससे वह मतदान केंद्रों तक जरूर आएंगे। इसलिए चुनाव आयोग ने टीवी फेम, समाज सेवी, दूसरे क्षेत्रों के सेलिब्रिटीज के साथ ही मूक बधिर लोगों को भी ब्रांड एंबेसडर बनाया है।
नौ कलाकारों को बनाया ब्रांड एंबेसडर
चुनाव आयोग ने पहली बार नौ कलाकारों को ब्रांड एंबेसडर बनाया है। चाइल्ड आर्टिस्ट माही सोनी के साथ बाकी 8 कलाकार लोगों ने वोट डालने की अपील करेंगे। भोपाल की टीवी कलाकार दिव्यांका त्रिपाठी, सागर के गोविंद नामदेव, लोगों से मतदान की अपील करेंगे। उनके साथ होंगे नोबेल पुरस्कार विजेता विदिशा के कैलाश सत्यार्थी जिन्हें चुनाव आयोग ने चुना है। इंदौर की गायिका पलक मुछाल भी लोगों से मतदान केंद्र तक जाने की अपील करेंगी। राजीव वर्मा और प्रहलाद टिपानिया पिछली बार की तरह इस बार भी चुनाव आयोग के ब्रांड एंबेसडर हैं। दृष्टि बाधित नेशनल अवॉर्ड विजेता जूडो खिलाड़ी रानू प्रधान भी दिव्यांगों से वोट करने की अपील करेंगे।

इंदौर. राऊ से विधायक और प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी का एक वीडियो वायरल हो गया है। जनसंपर्क के दौरान पटवारी यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि अाप मेरा ध्यान रखना। आपको मेरी इज्जत रखनी है, पार्टी जाए तेल लेने। पटवारी का वीडियो सामने आने के बाद राजनीति गरमा गई है। जनसंपर्क के दौरान विधायक पटवारी बुजुर्ग से मिले थे।
मॉर्निंग वॉक के दौरान लोगों से मिल रहे पटवारी
आगामी चुनाव को लेकर जीतू पटवारी अपने क्षेत्र में सघन जनसंपर्क कर रहे हैं। मंगलवार सुबह भी पटवारी ने क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक के दौरान लोगों से मिलकर चुनाव में उन्हें वोट देने का अनुरोध किया। इस दौरान पटवारी कई घरों में पहुंचे और बुजुर्गों के पैर छूकर, गले मिलकर उनसे आशीर्वाद लिया।
पटवारी ने एक बुजुर्ग से गले मिलते हुए कहा कि आप चुनाव में हमें वोट दें। बुजुर्ग ने विपक्षी पार्टी का हाेने की बात कही तो उन्होंने कहा कि अाप मेरा ध्यान रखना, आपको मेरी इज्जत रखनी है पार्टी जाए तेल लेने।दैनिक भास्कर इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
पार्टी को अलग रखकर लोगों से मिलता हूं
मामले पर सफाई देते हुए पटवारी ने कहा, "राजनीतिक क्षेत्र में इस प्रकार की बातें होती रहती हैं। जब हम जनसंपर्क में निकलते हैं तो विपक्षी पार्टी के कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात होती है। विधायक होने के नाते राऊ विधानसभा क्षेत्र का हर नागरिक मेरे परिवार का सदस्य है। इसलिए पार्टी को अलग रखकर लोगों से मिलता हूं।''
पटवारी के मुताबिक, "जनसंपर्क के दौरान एक बुजुर्ग ने कहा कि मैं विपक्षी पार्टी का कार्यकर्ता हूं। आप व्यक्ति अच्छे हैं, इसलिए हम आपके साथ हैं। इस पर मैंने भावनात्मक रूप से जुड़ते हुए यह बात विपक्षी पार्टी (भाजपा) के लिए कही थी। मेरे लिए मेरी पार्टी (कांग्रेस) और मेरा परिवार (मेरा क्षेत्र) पहली प्राथमिकता है।'' 2013 के विधानसभा चुनाव में पटवारी ने राऊ सीट पर भाजपा के जीतू जिराती को हराया था।

Ads

R.O.NO. 1399/63 Advertisement Carousel

MP info RSS Feed

फेसबुक