राजनीति

राजनीति (6273)

जालौन । यूपी विधानसभा चुनाव में भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शुक्रवार को राज्य की मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा और गुंडागर्दी एक दूसरे के पर्यायवाची हैं, और जहां सपा है, वहां गुंडागर्दी है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए यहां पहुंचे नड्डा ने शुक्रवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सपा के शासन में माफिया राज रहा, अपहरण उद्योग बन गया था, लेकिन योगी आदित्यनाथ के शासन में अपराध, लूट और दुराचार जैसी घटनाओं में काफी कमी आ गई है। उन्होंने कहा कि ''भाजपा के हम कार्यकर्ता गर्व से कहते हैं कि हमने जो कहा था, वो किया है, जो कहेंगे, वो करेंगे।''
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की केंद्र और राज्य की भाजपा नीत सरकारों की उपलब्धियों को आंकड़ेवार गिनाते हुए नड्डा ने कहा, 'आज भाजपा का नेता हो, कार्यकर्ता हो, पंच हो, सरपंच हो, विधान परिषद का सदस्य हो, वो सब चुनाव के समय छाती ठोक कर कहते हैं कि ये रहा हमारा रिपोर्ट कार्ड और इसके आधार पर हमें वोट दो, जबकि बाकी सारी पार्टियां कहती हैं कि हम ये करेंगे, हम ये करने वाले हैं।' भाजपा अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि क् या कभी सपा और बसपा ने कोई काम गिनाए हैं। नड्डा ने तंज किया कि ‘वो (सपा-बसपा) आपको गिनाएंगे कि मैंने उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया, मैंने उसके मकान पर कब्जा कर लिया, हां अगर वो बनवाएंगे तो जेल बनवा सकते हैं, क्योंकि उनके अधिकतर मित्र तो वहीं रहते हैं।’
बुंदेलखंड में पानी की समस्या का और भाजपा सरकारों के प्रयासों का जिक्र करते हुए नड्डा ने कहा कि इसके निराकरण के लिए लगभग 44,605 करोड़ रुपए के खर्च पर केन-बेतवा प्रोजेक्ट को स्वीकृति इस बजट में दी गई है और 1,400 करोड़ रुपये 2022-23 में ही खर्च होंगे और यहां 9।8 लाख हेक्टेयर भूमि की सिंचाई की व्यवस्था की जाएगी। नड्डा ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उप्र में पांच साल पहले तक माताओं-बहनों को घर से बाहर निकलने में डर लगता था, सामान्य व्यक्ति का जीना मुश्किल हो गया था, आज उसी प्रदेश में विकास की नई कहानियां लिखी जा रही हैं, एक के बाद एक विकास कार्य हो रहे हैं। कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने का सुझाव देते हुए उन्होंने कहा, मैं अपने साथियों से कहना चाहता हूं कि कोरोना के प्रोटोकॉल को हम जरूर पालन करें।

चंडीगढ़ । मोहाली से आप पार्टी के उम्मीदवार कुलवंत सिंह राज्य के सबसे अमीर उम्मीदवार हैं।उनके पास 251 करोड़ की संपत्ति है। कुलवंत सिंह मोहाली के पूर्व मेयर भी रह चुके हैं और उनकी गिनती पंजाब के बड़े रियल स्टेट टायकून में होती है। कुलवंत के पास एक बेंटले कार है, जिसकी कीमत लगभग पांच करोड़ है। अकाली दल के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ चुके कुलवंत सिंह पिछले साल दिसंबर महीने में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। आप में शामिल होने के बाद उन्हें मोहाली शहर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। चुनाव आयोग के सामने दायर हलफनामे में उन्होंने बताया कि उनके और उनकी पत्नी के पास 250 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति है। जिसमें से 204 करोड़ की चल और करीब 47 करोड़ की अचल संपत्ति है। अपने हलफनामें में कुंलवत ने बताया कि उनके नाम सिर्फ एक बुलेट है, जबकि पत्नी के नाम चारपहिया वाहन है। हालांकि उनकी कंपनी के नाम पर लग्जरी बेंटले कार है। कुलवंत सिंह पांच कंपनियों के डायरेक्टर है। उनकी कंपनियों का सालाना टर्न ओवर करीब 1200 करोड़ का है।
रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने मोहाली से सटे खरर इलाके में पंजाब की पहली आवासीय कॉलोनी बनाई थी। इसके बाद उन्होंने राज्य के अलग अलग जिलों में रियल एस्टेट का काम किया।उन्होंन 1995 में पहली बार राजनीति में कदम रखकर स्थानीय निकाय का चुनाव लड़ा। निकाय चुनाव में जीत मिलने के बाद वे नगर निकाय में उपाध्यक्ष बने और बाद में अध्यक्ष भी बने। वे 2005 तक निकाय अध्यक्ष रहे। इसके बाद उन्होंने साल 2014 में फतेहगढ़ साहिब से अकाली दल के टिकट पर लोकसभा का चुनाव भी लड़ा लेकिन वे हार गए। बाद में वे मोहाली के पहले मेयर भी बने।
मोहाली शहर सीट से आप उम्मीदवार कुलवंत सिंह के खिलाफ अकाली दल से परविंदर सोहाना और कांग्रेस के टिकट पर बलबीर सिंह मैदान में हैं। वहीं किसान संगठनों ने रवनीत बरार को मोहाली शहर से चुनाव मैदान में उतारा है।

नई दिल्ली । बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया से डीएमके नेता वेलुस्‍वामी पी. ने सवाल पूछा। सवाल इंग्लिश में था।सवाल यह था कि क्या उड़ान स्‍कीम के तहत मोदी सरकार पलानी को एयरपोर्ट देगी, ताकि हिंदू तीर्थ यात्रियों को सुविधा मिल सके? सिंधिया ने इसका जवाब हिंदी में दिया।इस पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि मंत्री इंग्लिश और हिंदी दोनों में बोल सकते हैं, चूंकि सवाल तमिलनाडु के सांसद ने पूछा है,इसकारण जवाब इंग्लिश में दिया जाना चाहिए। इस पर सिंधिया ने कहा कि हिंदी में प्रॉब्‍लम क्‍या है? यहां ट्रांसलेटर्स हैं, यह बहुत ही हैरानी वाली बात है।इस पर डीएमके के दयानिधि मारन ने थरूर को याद दिलाया कि सिंधिया ने अब बीजेपी जॉइन कर ली है।
टीआरएस सांसद के. केशव राव ने तेलंगाना के सीएम के चंद्रशेखर राव के उस बयान को दोहराया, जिसमें उन्‍होंने मौजूदा सरकार के कार्यकाल में सेक्‍युलरिज्‍म के लिए खतरा बताया,तब कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे भड़क उठे और बोले कि अगर टीआरएस संविधान में बदलाव करना चाहती है,तब कांग्रेस सबसे पहले पार्टी होगी जो विरोध में खड़ी होगी।

नई दिल्ली । संसद के बजट सत्र के दौरान अभी तक दोनों सदनों की कार्यवाही बिना किसी खास हंगामे के सही से चल रही है। गुरुवार को पेगासस स्पाइवेयर मामले में कांग्रेस सदस्य केसी वेणुगोपाल सहित 3 राज्यसभा सांसदों ने सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है। वहीं लोकसभा में बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने गुरुवार को राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन को नोटिस देने का ऐलान किया है। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान गुरुवार को मुख्तार अब्बास नकवी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बुधवार के भाषण पर पलटवार किया। नकवी ने कहा, आज कहा जा रहा हैं, कि दो हिंदुस्तान हो गया है। आज देश में दो भारत चल रहा है। हमारी समझ में हमारा भारत एक भारत है, श्रेष्ठ भारत है। हिंदुस्तान को समझने के लिए, संस्कृति और संस्कार को समझने के लिए हमें इंडिया इज इंदिरा और इंदिरा इज इंडिया, कांग्रेस इज कंट्री और कंट्री इज कांग्रेस के शुरूर और सोच से बाहर आना होगा। जब तक हम इसके सुरूर के हैंगओवर में रहने वाले हैं, तब तक हम हिंदुस्तान की गौरवशाली संस्कृति को समझ नहीं पाएंगे।'
लोकसभा में बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने गुरुवार को लोकसभा में राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस देने का ऐलान किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'लोकसभा में राहुल के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दूंगा। राहुल गांधी ने संसद में केन्द्र और राज्य के संबंध में गलत बयानबाजी कर देश को तोड़ने की साजिश की है। भारत में राज्य की सीमा संसद तय करती है, विधानसभा को राज्य की सीमा निर्धारित करने का अधिकार नहीं है। यह अमेरिका नहीं भारत है, जिसमें राज्य, केंद्र शासित प्रदेश व नए मिले भूभाग को मिलाकर देश बना है। राहुल गांधीजी संविधान पढ़िए, जब आंध्र प्रदेश को काटकर तेलंगाना बना,तब आपने विधानसभा के विरोध को किस आधार पर दरकिनार कर राज्य बनाया? बाबा साहब के संविधान का यह अपमान?'

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव दिन-प्रतिदिन दिलचस्प होते जा रहे हैं। इस सियासी समर में चुनाव शुरू होने से पहले ही भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने अपने हथियार डालने शुरू कर दिए हैं। माकपा अब गौतमबुद्ध नगर जिला में दादरी तथा जेवर विधानसभा सीट पर विधानसभा चुनाव लड़ रहे राष्ट्रीय लोक दल और समाजवादी पार्टी गठबंधन के प्रत्याशियों को अपना समर्थन देगी। माकपा के जिला प्रभारी ने इसकी घोषणा की है।

ग्रेटर नोएडा के स्वर्ण नगरी में स्थित प्रेस क्लब में गुरुवार को पत्रकार वार्ता के दौरान माकपा के जिला प्रभारी गंगेश्वर दत्त शर्मा ने मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शासन में गरीब मजदूर और किसान के हालात बद से बदतर हो गए हैं। प्रदेश में दोबारा भाजपा को सरकार में आने से रोकना है। इस दौरान माकपा की जिला कमेटी के सदस्य रूपेश वर्मा भी मौजूद थे।

शर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है, जो भाजपा को सत्ता में आने से रोक सकती है, इसलिए माकपा दादरी एवं जेवर से सपा-रालोद के संयुक्त प्रत्याशियों को अपना समर्थन देगी। माकपा के जिला प्रभारी ने कहा कि नोएडा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे रालोद-सपा के संयुक्त प्रत्याशी को पहले ही माकपा अपना समर्थन दे चुकी है।

देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 403 सीटें हैं। वर्ष 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में भाजपा को शानदार सफलता मिली थी। उत्तर प्रदेश में मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 14 मई 2022 को समाप्त हो जाएगा। गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर जिले की सभी 8 सीटों पर पहले चरण में 10 फरवरी को मतदान होगा।

गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गोरखपुर सदर सीट से चुनाव लड़ने के लिए पर्चा दाखिल कर दिया है। पांच बार से सांसद योगी पहली बार गोरखपुर में शहर सीट से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर 33 सालों से भाजपा का कब्जा है। योगी के नामांकन में खुद गृह मंत्री अमित शाह और यूपी चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान मौजूद रहे। यह पहली बार है, जब शाह किसी के नामांकन में शामिल हुए। नामांकन के जरिए पूर्वांचल में बड़ा सियासी शो दिखाने की कोशिश हो रही है।

माफिया आजम-अतीक और मुख्तार जेल में ही रहेंगे

इससे पहले महाराणा प्रताप कॉलेज में आयोजित जनसभा में अमित शाह ने कहा, 'योगी के शासन में माफिया जेल में हैं। अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी, आजम खान जेल में ही रहेंगे। आज हम योगी का पर्चा भरवाने आए हैं। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। उनको तो लगता है कोरोना के कारण सभाएं सीमित हो गई हैं, लोगों के बीच जाना नहीं पड़ रहा है। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि भैया जो प्रचार करना है कर लो, उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा के साथ है, भाजपा को फिर से 300 के पार सीटें मिलने वाली हैं'।

'उत्तर प्रदेश के इतिहास में फिर से एक बार भाजपा इतिहास दोहराने जा रही है। 2014, 2017 और 2019 तीनों चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता ने पीएम मोदी के नेतृत्व में यूपी के विकास का रास्ता तैयार कर प्रचंड बहुमत दिया है'।

और क्या बोले शाह?

उत्तर प्रदेश की महान जनता ने 2017 के विधानसभा चुनाव में भी 300 से अधिक सीटों के साथ हमें बहुमत दिया। फिर भाजपा ने योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाया।
2 साल तक योगी जी ने यहां सुशासन की नींव डालने का काम किया, उसको देखते हुए 2019 के लोकसभा चुनाव में सारे विपक्षी दलों ने एकत्र होकर महागठबंधन बनाया।
गोरखपुर में जापानी बुखार से सैकड़ों बच्चे मरते थे। 2014 के चुनाव में मैंने यहां प्रेस कान्फ्रेंस किया तो योगी ने सटीक जवाब दिया था। आज 90 फीसदी केस कम हो गए हैं।
नरेंद्र मोदी भी उत्तर प्रदेश से ही सांसद बनकर गए हैं। वह हमेशा कहते हैं कि जब तक उत्तर प्रदेश का विकास नहीं होता, देश का विकास असंभव है। पीएम मोदी हमेशा गरीब, पिछड़े, दलित, आदिवासी इनके उत्थान के लिए लगे रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में अपना नामांकन दाखिल किया। पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान गोरखपुर के महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा में शामिल हुए।

 

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे। गोरखपुर शहर विधानसभा सीट बीजेपी के साथ सीएम योगी का गढ़ रही है। इस मौके पर अपने संबोधन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सीएम योगी के नामांकन में गोरखपुर से सहारनपुर तक आवाज जानी चाहिए कि भाजपा इस बार 300 सीटें पार कर रही है। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान गोरखपुर के महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा में शामिल हुए। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गोरखपुर में कहा कि मैं यह बात गर्व के साथ कह सकता हूं कि योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को माफिया मुक्त कर दिया है। उत्तर प्रदेश में 25 वर्ष बाद योगी आदित्यनाथ ने कानून का राज कायम कराया है। 2014,2017 और 2019 तीनों चुनाव में प्रदेश की जनता ने मोदी जी के नेतृत्व में यूपी के विकास का रास्ता तैयार कर प्रचंड बहुमत दिया। आज योगी जी के नामांकन भरने के साथ ही फिर से एक बार BJP यहां से 300 पार के संकल्प के साथ प्रदेश में आगे बढ़ रही है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि हमने अपने संगठन को मजबूत करने के लिए बहुत काम किया है। उत्तर प्रदेश में पिछले 2 सालों में जमीन पर सिर्फ कांग्रेस ही दिखी है, कांग्रेस ने हर तरह का मुद्दा उठाया है। जनता के साथ सिर्फ कांग्रेस ही खड़ी हुई है।

 

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी जी-तोड़ मेहनत कर रही हैं। महिला सशक्तिकरण और रोजगार जैसे विषयों को आधार बनाते हुए कांग्रेस नेता सूबे में समर्थन जुटाने में लगे हैं। एक तरफ जहां उन्होंने बुलंदशहर में बारिश के बावजूद प्रचार किया तो आज गाजियाबाद में डोर-टू-डोर प्रचार कर रही हैं। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने गाजियाबाद में घर-घर जाकर चुनाव प्रचार किया। प्रियंका गांधी ने कहा कि हमने अपने संगठन को मजबूत करने के लिए बहुत काम किया है। उत्तर प्रदेश में पिछले 2 सालों में जमीन पर सिर्फ कांग्रेस ही दिखी है, कांग्रेस ने हर तरह का मुद्दा उठाया है। जनता के साथ सिर्फ कांग्रेस ही खड़ी हुई है।

इस बीच उन्होंने ट्विटर पर एक युवक के साथ बातचीत का वीडियो भी शेयर किया है, जो सेना में भर्ती होना चाहता है। प्रियंका ने गन्ना लेकर जा रहे नौजवान के ट्रैक्टर पर बैठक बातचीत की। जिसका वीडियो साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि कल आपने उप्र के मुख्यमंत्री की झूठे आंकड़ों वाली प्रेस कांफ्रेंस देखी। अब देखिए जनता की प्रेस कांफ्रेंस। ये नौजवान किसान का बेटा है और आर्मी की भर्ती व अन्य भर्तियों को लेकर दुखी है। किसान और नौजवान की परेशानी बयां कर रहा है। यही है उत्तरप्रदेश की असली आवाज।

दुआ-सलाम वाला अंदाज वायरल

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार करने पहुंचे कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का बृहस्पतिवार को बुलंदशहर में आमना-सामना हुआ। दोनों नेताओं का काफिला जब अमने-सामने से गुजरा तो उन्होंने अपने-अपने वाहनों से हाथ हिलाकर दुआ-सलाम किया। दोनों नेताओं की इस दुआ-सलाम से उनके समर्थक काफी खुश नजर आए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अखिलेश ने अपने ट्विटर हैंडल से इस नजारे की फोटो साझा करते हुए लिखा है एक दुआ-सलाम ~ तहज़ीब के नाम। प्रियंका और अखिलेश का यह अंदाज चर्चा का विषय बना हुआ है। सपा और कांग्रेस इस इस बार साथ मिलकर विधानसभा चुनाव नहीं लड़ रहे हैं लेकिन दोनों के बीच राजनीतिक तालमेल जरूर नजर आ रहा है। यही वजह है कि कांग्रेस ने करहल सीट से अखिलेश यादव के खिलाफ अपना उम्मीदवार नहीं उतारा है। इसी तरह जसवंत नगर सीट पर भी कांग्रेस ने अखिलेश के चाचा शिवपाल सिंह यादव के खिलाफ कोई उम्मीदवार नहीं खड़ा किया है।

पीएम मोदी ने कहा कि कल बसंत पंचमी का महत्वपूर्ण त्योहार है, मां सरस्वती के पूजन का दिन है। मैं आप सभी को बसंत पंचमी के इस पावन पर्व के लिए अग्रिम शुभकामनाएं देता हूं।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, हापुड़ और नोएडा के मतदाताओं को संबोधित कर रहे। पीएम मोदी ने कहा कि आज  मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, हापुड़ और नोएडा के सभी नागरिक भाइयों-बहनों को मुझे वर्चुअली आपको नमन करने का आपसे बात करने का मौका मिला है। पीएम मोदी ने कहा कि कल बसंत पंचमी का महत्वपूर्ण त्योहार है, मां सरस्वती के पूजन का दिन है। मैं आप सभी को बसंत पंचमी के इस पावन पर्व के लिए अग्रिम शुभकामनाएं देता हूं। मुझे याद है, इस साल की शुरुआत में, मेरा पहला दौरा मेरठ का ही हुआ था। उस दिन मौसम खराब था, इसलिए मुझे सड़क मार्ग से आना पड़ा था। लेकिन मेरठ एक्सप्रेसवे की वजह से मैं एक घंटे से भी कम समय में दिल्ली से मेरठ पहुंच गया था।

पीएम मोदी ने कहा कि आज़ादी के बाद यूपी ने अनेक चुनाव देखे हैं, अनेक सरकारें बनती-बिगड़ती देखी हैं। लेकिन ये चुनाव सबसे अलग है। ये चुनाव यूपी में शांति के स्थायित्व के लिए है, विकास की निरंतरता के लिए है, प्रशासन में सुशासन के लिए है, यूपी के लोगों के तेज़ विकास के लिए है। 2017 में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद गरीब के घर बनाने की स्पीड कई गुना बढ़ी है। कनेक्टिविटी के इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण की स्पीड डबल हुई है। मेट्रो कनेक्टिविटी इक्का-दुक्का शहरों से आज उत्तर प्रदेश के 10 शहरों तक पहुंच रही है।

नई दिल्ली । आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लमीन (एआईएमआईएम) ने गुरुवार को नौ और उम्मीदवार घोषित किए हैं। इस लिस्ट में एआईएमआईएम ने एक बार फिर ब्राह्मण कार्ड खेलकर सबको हैरान कर दिया है। दरअसल, लिस्ट के अनुसार लखीमपुर से उस्मान सिद्दीकी, शिकोहाबाद से प्रीति मिश्रा और डुमरियागंज से इरफान अहमद मलिक उम्मीदवार बनाया गया है। इससे पहले असदउद्दीन ओवैसी की पार्टी आल इण्डिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लमीन (एआईएमआईएम) ने अपने चार और उम्मीदवार घोषित थे। इस लिस्ट के अनुसार बस्ती जिले की रुदौली विधान सभा सीट पर डॉ। निहालुद्दीन, कुशीनगर जिले की पडरौना सीट पर जावेद यूनुस खान, फिरोजाबाद सीट पर बाबू सिंह उर्फ गोल्डी और कानपुर नगर सीट की शीशामऊ सीट से रिया सिद्दीकी को उम्मीदवार बनाया गया। मालूम हो कि एआईएमआईएम अब तक अपने 66 उम्मीदवारों के नाम ऐलान कर चुकी है। शिकोहाबाद विधानसभा सीट सपा का गढ़ मानी जाती है। 1993 में मुलायम सिंह यादव इसी सीट से जीते थे। शिकोहाबाद स्‍थित आदर्श इंटर कॉलेज में मुलायम सिंह यादव ने शिक्षा भी ग्रहण की थी। मुलायम सिंह यादव के रिश्‍तेदार हरिओम यादव भी यहां से जीतकर विधानसभा पहुंच चुके हैं। वर्ष 2017 के चुनाव में इस सीट पर बीजेपी के डॉ. मुकेश वर्मा ने जीत दर्ज की थी। भाजपा को पहली बार 1996 में अशोक यादव ने इस सीट पर जीत दिलाई थी। इसके बाद अशोक यादव 2007 में निर्दलीय प्रत्‍याशी के रूप में भी यहां से जीतने में सफल रहे हैं। छह निर्दलीय प्रत्याशियों को भी शिकोहाबाद के मतदाता विधानसभा भेज चुके हैं। बहुजन समाज पार्टी का यहां अब तक खाता नहीं खुला है। 2017 में भाजपा की जीत का परचम फहराने वाले डॉ। मुकेश वर्मा को 87851 वोट मिले थे, जबकि दूसरे नंबर पर रहे सपा के संजय कुमार को 77074 वोट मिले थे। मुकेश वर्मा ने 2012 का चुनाव बसपा से लड़ा था और दूसरे नंबर पर रहे थे। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में 403 विधानसभा क्षेत्रों के लिए सात चरणों में मतदान 10 फरवरी से शुरू होगा। उत्तर प्रदेश में मतदान 10 फरवरी, 14, 20, 23, 27 फरवरी और 3 और 7 मार्च को सात चरणों में होंगे। मतों की गिनती 10 मार्च को होगी।

Ads

फेसबुक