ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
रायपुर. रायपुर लोकसभा सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी को लेकर आम सहमति तक बन जाने की खबर है. दिल्ली के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मेयर प्रमोद दुबे के नाम पर पार्टी के बड़े नेताओं में रज़ामंदी हो गई है. हालांकि इस पर अंतिम निर्णय केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में ही होना है.
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में कांग्रेस के बड़े नेताओं के बीच हुई चर्चा में प्रमोद दुबे के नाम पर सहमति बनी है. बताया जाता है कि बड़े नेताओं में रायपुर से चार नामों पर चर्चा हो रही थी. जिसमें प्रमोद दुबे भी शामिल थे. चर्चा थी कि ब्राह्मण वर्ग से सबसे मजबूत दावेदारी रायपुर से थे. जहां से तीन चार दावेदार रेस में थे. जिसमें महंत रामसुंदर दास, प्रमोद दुबे, पंकज शर्मा और राजेंद्र तिवारी का नाम चर्चाओं में था. ओबीसी का नाम होने की स्थिति में किरणमयी नायक या गिरीश देवांगन का नाम रेस में शामिल है .
हालांकि अभी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इन नामों का मिलान राहुल गांधी की टीम के सर्वे रिपोर्ट से किया जाएगा. उसके बाद भी नाम फाइनल होंगे. बैठक के बाद देर रात तक प्रत्शाशियों की घोषणा कभी भी की जा सकती है.
गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने छत्तीसगढ़ में तीन चरणों में चुनाव की घोषणा की है. जिसमें पहले चरण में बस्तर की सीट पर, 18 अप्रैल को द्वितीय चरण में राजनांदगांव, कांकेर और महासमुंद सीट पर और तीसरे चरण में 23 अप्रैल को रायपुर के साथ बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, रायगढ़, सरगुज़ा और जांजगीर लोकसभा सीटों में मतदान होगा. मतगणना 23 मई को होगी.
रायपुर- बीजेपी सत्ता में थी, तो रणबाकुंरे बन बेहतर राजनीतिक भविष्य की चाहत लिए पार्टी प्रवेश करने वाले रिटायर्ड डीजी राजीव श्रीवास्तव, रिटायर्ड आईएएस आर सी सिन्हा समेत एक दर्जन से ज्यादा रिटायर्ड अधिकारियों ने संगठन को अलविदा कह दिया है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी को भेजे गए इस्तीफा पत्र में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़े जाने का जिक्र हैं, लेकिन वजह स्पष्ट नहीं की गई है. बता दें कि विधानसभा चुनाव के ठीक पहले बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में जोर-शोर से रिटायर्ड अधिकारियों का पार्टी प्रवेश कराया गया था. खूब हल्ला किया गया कि पार्टी की रीति-नीति से प्रभावित होकर सेवामुक्त हो चुके अधिकारी बीजेपी में आ रहे हैं, हालांकि अब जब सरकार बदल गई तो बदली फिजा में पार्टी छोड़ना ही रिटायर्ड अधिकारियों ने बेहतर समझा है.
पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने वाले रिटायर्ड डीजी राजीव श्रीवास्तव, रिटायर्ड आईएएस आर सी सिन्हा, एन के एस ठाकुर, विमल चंद गुप्ता, एनटीपीसी के पूर्व महाप्रबंधक एच के धागमवार, पूर्व वन अधिकारी आर के तिवारी, बंशीलाल कुर्रे, आर के शर्मा, भोजेंद्र उके, प्रदीप मिश्रा, शमशीर खान, अजीत चौबे, डा.हेमू यदू, घनश्याम शर्मा, डा.नीता शर्मा और सुभाष वर्मा के नाम शामिल हैं.
लोकसभा चुनाव के ठीक पहले हाल ही में बीजेपी आलाकमान ने प्रदेश नेतृत्व बदलते हुए धरमलाल कौशिक की जगह विक्रम उसेंडी को कमान सौंपी थी. उसेंडी को लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने के साथ ही कमजोर होते कैडर को मजबूत करने की जवाबदारी दी गई थी, लेकिन नेतृत्व संभालते ही उन्हें यह पहला बड़ा झटका लगा है. जिस जोरशोर के साथ रिटायर्ड अधिकारियों का बीजेपी प्रवेश कराया गया, अब उन चेहरों ने ही पार्टी से अपने को किनारा कर लिया है. राजनीतिक प्रेक्षक मानते हैं कि लोकसभा चुनाव के ठीक पहले इस तरह से पार्टी छोड़ने की खबरें बीजेपी की सेहत के लिए ठीक नहीं है.


रायपुर/कोरबा। लोकसभा चुनाव को लेकर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़(जे) के अध्यक्ष अमित जोगी ने बड़ा ऐलान कर दिया है. उन्होंने कहा कि मैं नहीं पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अजीत जोगी कोरबा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे. अमित जोगी ने यह बयान ऐसे वक्त में यह बयान दिया जब वे खुद बीते काफी दिनों से कोरबा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे.
अमित जोगी ने कहा कि हमारा बसपा के साथ गठबंधन है. गठबंधन और पार्टी कोर कमेटी ने फैसला किया है कि कोरबा सीट से विधायक अजीत जोगी चुनाव लड़े. यह निर्णय गठबंधन और पार्टी हित में है
लोकसभा चुनाव के तारीखों की घोषणा के बाद से ही सत्ताधारी भाजपा अलग-अलग रणनीति पर काम करने में जुट गई है। इस रणनीति में सबसे ज्यादा जोर प्रचार-प्रसार पर दिया जा रहा है। भाजपा ने एक प्रचार-प्रसार समिति का भी गठन किया है जो इस चुनाव के लिए प्रचार की रणनीति पर काम करेगी। लगभग दो महीने तक चलने वाले लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा के बड़े नेता 2000 से ज्यादा रैलियां करेंगे। खुद प्रधानमंत्री और भाजपा के स्टार प्रचारक नरेंद्र मोदी 200 से ज्यादा चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे।
बिलासपुर। पूर्व मंत्री राजेश मूणत की जमानत याचिका पर अब एक सप्ताह के बाद सुनवाई होगी। अंतागढ़ टेप मामले में अग्रिम जमानत याचिका के लिए राजेश मूणत ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इस याचिका में डिफाल्ट की वजह से अब याचिका पर सुनवाई एक सप्ताह के लिए टल गई है।
अंतागढ़ टेप मामले में राजेश मूणत सहित चार लोगों के खिलाफ रायपुर के पंडरी थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। इस मामले में राजेश मूणत और पुनित गुप्ता की याचिका पहले ही जिला अदालत में खारिज हो चुकी है।
जिसके बाद राजेश मूणत और पुनित गुप्ता ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। आज उसी याचिका के आधार पर अग्रिम जमानत पर सुनवाई हुई। अब इस मामले में एक सप्ताह के बाद सुनवाई होगी।
रायपुर । लोकसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच एक सवाल लगातार उठ रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह चुनाव लड़ेंगे या नहीं। यही सवाल सोमवार को एकात्म परिसर में पत्रकारों ने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह से किया। डॉ रमन ने बड़े सधे अंदाज में कहा कि मैं चुनाव में टिकट बांटने के लिए अधिकृत नहीं हूं। अब तक मैंने अपनी जिम्मेदारी कभी तय नहीं की।
डॉ रमन ने कहा कि अभी तक केंद्रीय संगठन ने लोकसभा चुनाव लड़ने के बारे में न तो मुझसे पूछा है, न ही कोई जानकारी दी है। केंद्रीय संगठन जो भी फैसला करेगा, उसे मैं स्वीकार करूंगा। दरअसल, डॉ रमन के चुनाव लड़ने का सवाल इसलिए भी महत्वपूर्ण हो जाता है कि केंद्र में मोदी की दोबारा सरकार लाने के लिए एक-एक सांसद की जीत को पार्टी जरूरी मान रही है।
विधानसभा चुनाव में राजनांदगांव लोकसभा की सिर्फ एक विधानसभा में भाजपा की जीत हुई है। वह सीट पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह की राजनांदगांव विधानसभा है। यही नहीं पूर्व मुख्यमंत्री के गृह जिले कवर्धा की दो विधानसभा कवर्धा और पंडरिया में पार्टी उम्मीदवार की हार का अंतर करीब एक लाख वोट है।
ऐसे में डॉ रमन को राजनांदगांव से मजबूत उम्मीदवार के रूप में देखा जा रहा है। वर्तमान में राजनांदगांव लोकसभा से डॉ रमन के बेटे अभिषेक सिंह सांसद हैं। पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो अभिषेक के मुकाबले डॉ रमन मजबूत उम्मीदवार हो सकते हैं।
ऐसे में एक बड़ा वर्ग डॉ रमन को उम्मीदवार बनाने की वकालत कर रहा है। नये चेहरों पर पार्टी लगाएगी दांव पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा कि केंद्रीय संगठन ने लोकसभा उम्मीदवारों के चयन के लिए सर्वे कराया है। इसमें कुछ सीटों पर नए चेहरे उतारे जा सकते हैं।
पिछले तीन चुनाव में भाजपा ने पांच लोकसभा छोड़कर बाकी पर नए उम्मीदवारों को मैदान में उतारा और सफलता मिली है। ऐसे में यह संकेत मिल रहे हैं कि इस बार भी नये और युवा चेहरों पर पार्टी भरोसा कर सकती है।
70 दिन में जनता हो गई निराश लोकसभा चुनाव के मुद्दे पर डॉ रमन ने कहा कि भाजपा का एक ही मुद्दा है कि आखिर देश का नेतृत्व कौन करेगा। देश के मान, सम्मान और गौरव बढ़ाने का काम मोदी ने किया है। उनके अलावा विकल्प नहीं है। कांग्रेस ने लोगों को भ्रम में लाकर चुनाव जीता था, लेकिन जनता में 70 दिन में ही निराशा आ गई है।
बीजापुर। जिला मुख्यालय से 23 किमी दूर गंगालूर में बुरजी कैंप के पास शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे एक आईईडी विस्फोट में जवान दिलीप कुमार मिंज को मामूली चोट आई। मौके से एक आईईडी भी बरामद किया गया है। सूत्रों के मुताबिक गंगालूर के पेद्दापारा नदी में पुल बन रहा है और पुसनार सड़क का काम भी चल रहा है। इसे देखते बुरजी में सीएएफ का एक कैम्प भी लगाया गया है।
बताया गया है कि गश्ती दल सुबह सर्चिंग में पुसनार रोड की ओर गया था। शुक्रवार की शाम करीब साढ़े चार बजे जवान जब लौट रहे थे तो पेद्दापारा नदी के पास एक ब्लास्ट हुआ।
रायपुर । राजधानी रायपुर में बीती रात भीषण आग से लगने से दो मासूम बच्चियों और एक युवक की मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आगजनी की घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई। दोनों बच्चियों की उम्र तीन साल और पांच साल है। पुलिस ने बताया कि आग लगने की घटना रात करीब चार बजे हुई। आग लगने के कारणों के बारे में अभी खुलासा नहीं हुआ है। कोतवाली थाना पुलिस घटना की जांच में लगी हुई है।
दीवार गिरने से तीन लोग दबे
वहीं अन्य हादसे में दीवार गिरने से तीन लोग गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि रायपुर के राम नगर इलाके में दीवार गिरने से तीन लोग मलबे में दब गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने सवर्ण आरक्षण लागू करने के लिए समिति का गठन कर दिया है। केंद्र सरकार ने संविधान के 103 वें संशोधन के जरिये शैक्षणिक संस्थाओं में प्रवेश तथा सरकारी नौकरियों में आर्थिक रूप से कमजोर सवर्ण वर्ग के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया है। इस मामले में विपक्ष लंबे समय से प्रदेश में सवर्ण आरक्षण लागू करने की मांग कर रहा है।
राज्य सरकार ने सवर्णों को दस फीसद आरक्षण देने समेत वर्ष 2011 की जनसंख्या के आधार पर राज्य में प्रचलित आरक्षण प्रतिशत को संशोधित करने और अन्य पिछड़ा वर्ग को 27 फीसद आरक्षण का प्रावधान और परीक्षण करने के लिए समिति बनाई है। जीएडी के प्रमुख सचिव इस समिति के सदस्य सचिव हैं। उनके साथ ही सचिव विधि, राजस्व, आदिम जाति तथा सचिव समाज कल्याण को सदस्य नियुक्त किया गया है।
रायपुर। लोकसभा चुनाव से ऐन पहले छत्तीसगढ़ सरकार ने शराबबंदी के अध्ययन के लिए तीन कमेटियों का गठन किया है। रायपुर ग्रामीण के वरिष्ठ कांग्रेस विधायक सत्यनारायण शर्मा की अध्यक्षता में राजनीतिक समिति का गठन किया गया है। इस समिति में भाजपा के दो, बसपा के एक, जकांछ के एक और कांग्रेस के आठ विधायक सदस्य होंगे।
इसके अलावा सचिव वाणिज्यकर (आबकारी) के संयोजन में सामाजिक संगठनों और विशेषज्ञों की दो और कमेटियां बनाई गई हैं। शराबबंदी वाले राज्यों में शराबबंदी के बाद आए आर्थिक, सामाजिक, व्यावहारिक परिवर्तनों के अध्ययन के लिए गठित विशेषज्ञों के अध्ययन दल में देश के कई जाने माने विशेषज्ञों, सामाजिक और नशामुक्ति कार्यकर्ताओं, डॉक्टरों आदि को शामिल किया गया है।
शुक्रवार को मंत्रालय में दिनभर इसकी कवायद चलती रही। आबकारी मंत्री कवासी लखमा पहले पहुंचे, बाद में मुख्यमंत्री भी मंत्रालय गए। इससे पहले लखमा ने वाणिज्यकर सचिव कमलप्रीत सिंह और अन्य अफसरों से चर्चा की। लखमा खुद फोन पर समाज प्रमुखों से बात कर नाम तय करते रहे। शराबबंदी छत्तीसगढ़ मंे एक बड़ा मुद्दा है। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में शराबबंदी का वादा किया था।
राजनांदगांव । छत्तीसगढ़ में पुलिस ने राजनांदगांव जिले में बड़ी तादाद में नक्सलियों का डंप सामान बरामद किया है। मिली जानकारी के मुताबिक आत्मसमर्पित नक्सली कुमारसाय और पहाड़ सिंह की निशानदेही पर भावे जंगल से 500-500 लीटर के सिंटेक्स टैंक में छुपाकर रखे गए 10 किलो के 7 कूकर, पांच किलो के आठ कूकर, 15 किलो का स्टील डिब्बा, वॉकी टॉकी, रिकॉर्डर, रिमोट बनाने का किट, बैटरी, इलेक्ट्रिक वायर, नक्सली वर्दी, सिविल कपडा़, राशन के समान सहित बडी़ संख्या में सामान बरामद किया है।
डीआईजी रतनलाल डांगी ने सर्चिंग पर निकले जवानों को बधाई देते हुए इसे नक्सली मोर्चे पर बड़ी कामयाबी बताया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों को देखते हुए आगे भी गहन सर्चिंग अभियान चलाया जाएगा।
रायपुर. जिला खनिज मद (डीएफएम) की राशि सही कार्यों पर खर्च नही हुई. डीएमएफ का पैसा आम लोगो के हित में होना चाहिए. लोगों के जीवन में सुधार नहीं ला पाएंगे तो सब बेकार है. यह बात मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने डीएमएफ के प्रभावी क्रियान्वयन विषय पर आयोजित परिचर्चा में कहते हुए प्रमुख सचिव गौरव द्विवेदी को डीएमएफ के पैसे के इस्तेमाल को लेकर अध्ययन कराने कहा.
डीएफएम के बेजा इस्तेमाल को लेकर लगातार आ रही खबरों के बीच सर्किट हाउस में माइनिंग लीज होल्डर. एनजीओ और खनिज विभाग के आला अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित परिचर्चा में सीएम ने कहा कि डीएमएफ के बारे के बहुत चर्चा होती रही है. विभिन्न वर्गों द्वारा लगातार इसकी आलोचना भी की गई, सदन में भी इसकी चर्चा हुई. हमें ये ही नहीं पता कि किसके लिए क्या करना है. अलग-अलग जिलों में सारे राशि खर्च कर दी गई. आपने गाइडलाइन तो बना दी और गाइडलाइन को साइड कर दिया, एजेंड़ों पर काम नहीं किया.

सीएम ने कहा कि आदिवासी इलाकों में बड़ी बिल्डिंग, स्विमिंग पूल आपने बना दी, इसके बजाय यदि वहां के बच्चों को नौकायन सीखा देते, इसके लिए ट्रेनर ले आते. अगर ऐसा होता तो बच्चे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करते. यहां के लोगों से ज्यादा निशानेबाज कोई नहीं हो सकता, लेकिन आप उन लोगों को मौका तो दो. बिल्डिंग बना देने से आपको संतुष्टि मिल सकती है. आपके लिए यह उपलब्धि हो सकती है, लेकिन लोगों के जीवन स्तर को उठाने का थोड़ा भी काम करेंगे, तो लोग आपका नाम लेंगे. लेकिन यह काम नहीं हुआ.
अपने सही काम नहीं किया तो आने वाली पीढ़ी आपको माफ नहीं करेगी. पानी की व्यवस्था हो, इलाज की व्यवस्था हो, अगर ऐसा नहीं हुआ तो आने वाला समय काफी गंभीर होगा. लोगों को कैसे रोजगार दिलाएं इसका प्रयास नहीं हो रहा है. इस सब चीजों को अधिकारी सोचते क्यो नहीं. अगर आपको काम नहीं करना है तो जो प्रभावित लोग हैं उसे पैसा नगद बांट दें. वो अपनी व्यवस्था कर लेंगे. बेसिक जानकारी हमारे पास होनी चाहिए. जानकारी नहीं होगी तो कुछ नहीं कर पाएंगे.
परिचर्चा में मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि फंड को 15 साल में अनदेखा किया गया, इसको सुधारने का काम हमारी सरकार कर रही है. पिछली सरकार ने डीएमएफ के पैसे का जमकर बंदरबांट किया. स्कूलों के लिए, अस्पतालों के लिए इस मद का उपयोग हो. सबको मिलकर काम करना होगा तभी जनता को फायदा होगा. इस अवसर पर मुख्यमंत्री बघेल ने विजन डाक्यूमेंट का विमोचन किया. कार्यक्रम में मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम, मुख्य सचिव सुनील कुजूर, माइनिंग लीज होल्डर्स, एनजीओ और विभाग से जुड़े आला अधिकारी मौजूद रहे.
रायपुर. छत्तीसगढ़ पंचायत ननि शिक्षक संघ ने सीएम भूपेश बघेल द्वारा 4 % मंहगाई भत्ता बढ़ाने पर आभार जताते हुए कहा कि साथ ही 3 % मंहगाई भत्ता भी जारी किया जाना चाहिए, जिससे केंद्र के समान मंहगाई भत्ता मिल सके.
छत्तीसगढ़ पंचायत ननि शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि कल ही 8 मार्च को सभी 27 जिलों में प्रांतीय निर्णय अनुसार विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा गया था, जिस पर आज 4 % मंहगाई भत्ता बढ़ाने का आदेश निश्चित रूप से सरकार की ओर से सकारात्मक पहल है. साथ ही राजपत्र का प्रकाशन भी किया गया. जिसमें मुख्यमंत्री और शिक्षा सचिव व CM के प्रमुख सचिव गौरव द्विवेदी जी के विशेष प्रयास से जारी राजपत्र में एल बी शब्द को पदनाम के आगे से हटाने का निर्णय लिया गया. उन्होंने कहा कि अब सरकार जनघोषणा पत्र में उल्लेखित संविलियन, क्रमोन्नति, वेतन विसंगति, पेंशन, अनुकम्पा नियुक्ति जैसे मांगों पर जल्द निर्णय लें.
बता दें कि छग की कांग्रेस सरकार ने पुलिस जवानों और कर्मचारियों को अब तक की सबसे बड़ी सौगात देते हुए पुलिस जवानों को हफ्ते में एक छुट्टी देने की घोषणा की है, वहीं सरकारी कर्मचारियों का डीए भी 5 प्रतिशत से बढ़ाकर 9 प्रतिशत कर दिया है. कर्मचारियों का डीए पहले 5 प्रतिशत था, जो अब 9 परसेंट किया गया है. ये आदेश एक मार्च से लागू कर दिया गया है. इसका लाभ एक अप्रैल के वेतन में शामिल होगा.
रायपुर- पुलिस जवानों और कर्मचारियों को बड़ी सौगात देने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि घोषणापत्र में जो वादे किए थे, उसे पूरा कर दिया. हमने जो कहा, सो किया. बघेल ने ट्वीट कर बताया कि छत्तीसगढ़ के पुलिस जवानों को अब साप्ताहिक अवकाश मिलेगा. साथ ही साथ सरकारी कर्मचारियों एवं पेंशनरों का डीए भी 5 प्रतिशत से बढ़ाकर 9 प्रतिशत कर दिया गया है. इसका लाभ एक अप्रैल के वेतन में शामिल होगा.