ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
नयी दिल्ली। अगस्त वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर घोटाले के आरोपी क्रिश्चियन मिशेल को भारत प्रत्यर्पित किए जाने की पृष्ठभूमि में सरकार के हमलों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस ने बुधवार को आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार अपने ‘भ्रष्टाचार’ की सच्चाई बताने की बजाय अगस्ता मामले में ‘फर्जी’ साक्ष्य गढ़ने में लगी हुई है। पार्टी ने यह भी दावा किया कि अगस्ता वेस्टलैंड एवं उसकी मातृ कंपनी फिनमेकानिका का नाम प्रतिबंधित सूची में होने के बावजूद इनको मोदी सरकार में विदेशी निवेश संवर्धन बोर्ड (एफआईपीबी) की मंजूरी मिली ताकि वह भारतीय कारपोरेट समूहों की साझेदार बन सके।
जयपुर। राजस्थान में लगभग दो महीने के चुनावी कोलाहल पर बुधवार शाम को विराम लग गया। प्रचार की समय सीमा समाप्त होने के साथ ही चुनावी रैलियों, रोड शो और जन सभाओं का क्रम शाम पांच बजे थम गया। मतदान सात दिसम्बर को होगा जिसमें राज्य के चार करोड़ से ज्यादा मतदाता 2274 उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करेंगे। राजस्थान में 200 विधानसभा सीटों में से 199 विधानसभा सीटों के लिये 189 महिला उम्मीदवारों सहित 2274 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमाने के लिये चुनावी मैदान में उतरे हैं। अलवर जिले के रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में बसपा उम्मीदवार के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, भाजपा के हिन्दूवादी नेता और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गृहमंत्री राजनाथ सिंह सहित कई केन्द्रीय मंत्री, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, बसपा प्रमुख मायावती सहित अन्य स्थानीय नेताओं ने लगातार चुनाव प्रचार किया। पूर्व केन्द्रीय मंत्री और कांग्रेस के नाथद्वारा सीट से उम्मीदवार सी पी जोशी ने पहले प्रधानमंत्री के खिलाफ जातिवादी टिप्पणी कर विवाद पैदा किया था, उसके बाद सत्ताधारी पार्टी के नेताओं और प्रधानमंत्री ने अपनी रैलियों में लोगों से पूछा कि था कि ..क्या आप जाति के आधार पर वोट करेंगे और कांग्रेस को विकास की जगह जातिवाद की बात करने का आरोप लगाया था।
नयी दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सशस्त्र बलों के एक लाख से अधिक जवानों को ज्यादा सैन्य सेवा वेतन (एमएसपी) दिए जाने की मांग को सरकार द्वारा खारिज करने को लेकर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि उन्हें सर्जिकल स्ट्राइक करने वाले जवानों की नहीं, बल्कि ‘सूटबूट वालों की दुकानों’ की फिक्र है। गांधी ने एक खबर शेयर करते हुए फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘मोदी जी, जिन्होंने देश के लिए सर्जिकल स्ट्राइक किया, उनके लिए आपका ये बर्ताव है?’’
सुमेरपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेशनल हेराल्ड मामले में उच्चतम न्यायालय के फैसले को लेकर बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को घेरा और कहा कि एक 'चायवाले' की हिम्मत से इस मामले में सरकार की उच्चतम न्यायालय में जीत हुई है। मोदी ने इसे ईमानदारी की जीत बताया। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार को शिष्टाचार बनाने का आरोप लगाया।
नयी दिल्ली। दिल्ली की एक अदालत ने एक कोयला ब्लॉक आवंटन घोटाला मामले में पूर्व कोयला सचिव एचसी गुप्ता को तीन साल की सजा सुनाई है। यह घोटाला केन्द्र में पूर्ववर्ती सप्रंग सरकार के शासन काल के दौरान हुआ था। अदालत ने दो अन्य नौकरशाह ए क्रोफा और के सी समारिया को भी तीन-तीन साल की सजा सुनाई।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश कुरियन जोसेफ के एक बयान को लेकर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि ‘चौकीदार’ ने देश की सबसे बड़ी अदालत के एक न्यायमूर्ति को ‘कोर्ट-पुतली’ बना लिया था।
गांधी ने न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) जोसेफ के बयान से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए ट्वीट किया, ‘चौकीदार ने उच्चतम न्यायालय के एक न्यायमूर्ति को कोर्ट-पुतली बना लिया था।’ उन्होंने कहा, ‘चौकीदार का दुर्भाग्य है कि देश में ईमानदार जजों की कमी नहीं है जिनके लिए सत्य हमेशा सत्ता से बड़ा होता है। वे सत्ता के दंभ को सत्य पर हावी होने नहीं देते। देश को ऐसे जजों पर गर्व है।’
कांग्रेस अध्यक्ष के इस आरोप पर फिलहाल सरकार या भाजपा की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। गौरतलब है कि न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) जोसेफ ने हाल ही में एक मीडिया साक्षात्कार में कहा कि उन्हें एवं तीन अन्य वरिष्ठ न्यायाधीशों को इस साल जनवरी में संवाददाता सम्मेलन करना पड़ा क्योंकि उन्हें ऐसा लगा कि तत्कालीन प्रधान न्यायाधीश दीपक मिश्रा को कोई बाहरी व्यक्ति नियंत्रित कर रहा था।
भगवान हनुमान के विवाद में कूदते हुए बहराइच से भारतीय जनता पार्टी की सांसद ने मंगलवार को कहा कि हनुमान जी दलित और मनुवादियों के गुलाम थे।
बहराइच से भाजपा सांसद सावित्री बाई फूले ने फोन पर बातचीत में कहा, ‘हनुमान दलित थे और मनुवादियों के गुलाम थे। अगर लोग कहते हैं कि भगवान राम हैं और उनका बेड़ा पार कराने का काम हनुमान जी ने किया था। उनमें अगर शक्ति थी तो जिन लोगों ने उनका बेड़ा पार कराने का काम किया, उन्हें बंदर क्यों बना दिया? उनको तो इंसान बनाना चाहिए था लेकिन इंसान ना बनाकर उन्हें बंदर बना दिया गया। उनको पूंछ लगा दी गई, उनके मुंह पर कालिख पोत दी गयी। चूंकि वह दलित थे इसलिये उस समय भी उनका अपमान किया गया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम तो यह देखते हैं कि अब देश तो ना भगवान के नाम पर चलेगा और ना ही मंदिर के नाम पर। अब देश चलेगा तो भारतीय संविधान के नाम पर। हमारे देश का संविधान धर्मनिरपेक्ष है। उसमें सभी धर्मो की सुरक्षा की गारंटी है। सबको बराबर सम्मान व अधिकार है।
किसी को ठेस पहुंचाने का अधिकार भी किसी को नहीं है। इसीलिये जो भी जिम्मेदार लोग बात करें भारत के संविधान के तहत करें।'
नयी दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को अपने पहले के आदेश में बदलाव करते हुये 1984 के सिख विरोधी दंगों के 186 मामलों की आगे जांच की निगरानी के लिये गठित विशेष जांच दल के सदस्यों की संख्या दो कर दी। न्यायालय ने पहले तीन सदस्यीय दल गठित किया था परंतु इसके एक सदस्य ने इसका हिस्सा बनने से इंकार कर दिया। न्यायमूर्ति मदन बी लोकूर, न्यायमूर्ति दीपक गुप्ता और न्यायमूर्ति हेमंत गुप्ता की पीठ ने यह आदेश पारित किया। इससे पहले, केन्द्र ने पीठ को सूचित किया कि विशेष जांच दल के सदस्य सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी राजदीप सिंह ने निजी कारणों से इस दल का सदस्य होने से इंकार कर दिया है।
नयी दिल्ली। दिल्ली की एक अदालत ने अन्नाद्रमुक के पूर्व नेता टी टी वी दिनाकरण को दो पत्ती वाला चुनाव चिह्न हासिल करने के वास्ते चुनाव आयोग के अधिकारियों को कथित रिश्वत देने के मामले में मंगलवार को आपराधिक षड़यंत्र के आरोप तय किये। दिनाकरण विशेष न्यायाधीश अरुण भारद्धाज की अदालत में पेश हुए और खुद को बेकसूर बताया। अदालत ने उनके खिलाफ मामला चलाने को मंजूरी दी।
बुलंदशहर (उप्र)। बुलंदशहर के स्याना गांव में सोमवार को गौहत्या की अफवाह के बाद फैली हिंसा और एक पुलिस अधिकारी के मारे जाने के मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बुलंदशहर में स्थिति भी धीरे धीरे सामान्य हो रही है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) आनंद कुमार ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया कि सोमवार को हुई हिंसा के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है तथा कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि हालात धीरे धीरे सामान्य हो रहे हैं और इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
मालाखेड़ा-अलवर। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और किसानों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए मंगलवार को कहा कि मोदी अपने हर भाषण में भारत माता की जय बोलते हैं लेकिन काम करते हैं अनिल अंबानी के लिए। राहुल ने यह भी कहा कि देश के कुछ प्रमुख उद्योगपतियों ने ही मोदी को प्रधानमंत्री बनाया। यहां चुनावी रैली में अपने भाषण के शुरू से ही आक्रामक दिख रहे राहुल ने सबसे पहले रोजगार के मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को घेरा। उन्होंने अलवर के चार बेरोजगार युवाओं द्वारा एक साथ आत्महत्या किए जाने की घटना का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘अगर आपने रोजगार दिया तो हिन्दुस्तान के इतिहास में पहली बार अलवर में चार युवाओं ने एक साथ आत्महत्या क्यों की ?’’
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से कहा ‘‘आप अनिल अंबानी को रोज फोन करते हैं लेकिन क्या कभी आपने इन चारों युवाओं के परिवार को भी फोन किया?’’ इसके साथ ही राजस्थान में सत्ता में आने पर किसानों का कर्ज माफ करने तथा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए काम करने का वादा भी राहुल ने अपनी इस सभा में किया। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि एक तरफ युवा आत्महत्या कर रहे हैं और दूसरी ओर किसान आत्महत्या कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हर भाषण में मोदी कहते हैं - भारत माता की जय, और काम करते हैं अनिल अंबानी के लिये.. उन्हें अपने भाषण की शुरूआत करनी चाहिए अनिल अंबानी की जय...मेहुल चौकसी की जय.. नीरव मोदी की जय....ललित मोदी की जय से।’’
नयी दिल्ली। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने थलसेना के जूनियर कमीशंड अधिकारियों (जेसीओ) सहित सशस्त्र बलों के करीब 1.12 लाख जवानों को ज्यादा सैन्य सेवा वेतन (एमएसपी) दिए जाने की बहुप्रतीक्षित मांग खारिज कर दी है। सैन्य सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वित्त मंत्रालय के इस फैसले से थलसेना मुख्यालय में ‘‘बहुत रोष’’ है और वह इसकी समीक्षा की मांग करेगा।