ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
छत्तीसगढ़ के महासमुंद के बेलसोंढा के स्कूल में पढ़ने वाली प्रतिभाशाली छात्रा श्रीजल चंद्राकर को चंद्रयान-2 की लाइव लैंडिंग देखने का मोका मिलेगा। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बंगलूरू स्थित इसरो सेंटर में इस लैंडिंग को सात सितंबर को देखेंगी। इस दौरान इसरो के ऑडिटोरियम में प्रधानमंत्री मोदी के साथ वैज्ञानिकों की टीम और देशभर से चुने गए 50 बच्चे और उनके अभिभावक मौजूद रहेंगे।
श्रीजल ने पूरे छत्तीसगढ़ में इस क्विज में टॉप किया है। इसी कारण उन्हें प्रधानमंत्री के साथ लाइव लैंडिंग देखने के लिए चुना गया है। बुधवार को इसरो के दिल्ली कार्यालय से श्रीजल को यह खुशखबरी दी गई। उनके पिता योगेश चंद्राकर महासमुंद में एलआईसी में काम करते हैं जबकि मां ममता चंद्राकर गृहिणी हैं। वह शुरू से ही पढ़ाई में आगे रही हैं। इसके अलावा वह स्केटिंग में नेशनल गेम्स खेल चुकी हैं।
केवीए के प्रधानाचार्य एके चंद्राकर और फिजिक्स के अध्यापक हिमांशु त्रिपाठी ने बताया की केवीए से 217 बच्चों और 25 शिक्षकों ने इस क्विज में भाग लिया था। जिसमें श्रीजल ने पूरे राद्य में टॉप करके महासमुंद का नाम रोशन किया है। क्विज में इसरो की स्थापना कब हुई, चंद्रयान-2 कब लांच हुआ, पीएसएलवी और जीएसएलवी क्या है? जैसे सवाल पूछे गए थे। श्रीजल का कहना है कि वह पीएम से मिलकर पूछेंगी कि वह देश के लिए और क्या-क्या सोचते हैं।
शिवसेना ने परिजनों के साथ मिलकर मचाया काफी हंगामा
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ राज्य प्राइवेट लिमिटेड मड़वा में कार्यरत मजदूर सतीश कुमार खंडेलकर उम्र 32 वर्ष निवासी अमरताल। उसकी ड्यूटी के दौरान संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। ऐसे में शिवसेना जिला प्रमुख के नेतृत्व में मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने काफी मशक्कत की।
आपकों बता दें कि सतीश कुमार खंडेलकर 30 अगस्त को अचानक बेहोश हो गया। तब उसे कंपनी के एंबुलेंस से जिला अस्पताल जांजगीर में भर्ती कराया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले शाम 6 बजे मजदूर की मौत हो गई। प्रबंधन से आए लोग मजदूर की मृत शरीर को हॉस्पिटल में ही छोड़कर चले गए। वहीं मृतक के परिजनों को मामले की सूचना दी गई। इधर, मृत मजदूर के परिजनों ने पूरे मामले की जानकारी शिवसेना प्रमुख ठा ओंकार सिंह गहलौत को दी। शिवसेना जिलाध्यक्ष ठा.ओंकार सिंह गहलौत अन्य पदाधिकारियों के साथ हॉस्पिटल पहुंचे और उन्होंने डॉक्टरों से मामले की जानकारी ली। श्री गहलौत ने प्रबंधन के जिम्मेदार सेफ्टी अधिकारी से बात कर परिजनों को उचित मुआवजा व परिवार के एक व्यक्ति को नौकरी देने की मांग की। काफी गहम गहमी के बाद प्लांट प्रबंधन व परिजनों के बीच 5 लाख का मुआवजा व परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की बात पर सहमति बनी। इस दौरान शिवसेना के पदाधिकारी ठा.ओंकार सिंह गहलौत (जिलाध्यक्ष), दिलेश्वर विश्वकर्मा (जिला सचिव), शुभम सिंह राजपूत (जि़ला कार्यकारणी), दिलीप रात्रे, हुसैन नर्मदा भोसले, मनोज, अन्य शिवसैनिक व मजदूर के परिजन तथा पूर्व विधायक मदन डहरिया सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण महिला व पुरुष उपस्थित थे।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय रायपुर का आयोजन
जांजगीर-चांपा। सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय रायपुर द्वारा आज जांजगीर में ग्रामीण पत्रकारिता पर आधारित कार्यशाला ‘वार्तालाप’ का आयोजन किया गया। कार्यशाला में वरिष्ठ पत्रकार उपेन्द्र तिवारी, पंकज नायक, डॉ. कोमल शुक्ला, राजेश सिंह क्षत्रीय, सीताराम नायक, पत्र सूचना कार्यालय के अपर महानिदेशक सुदर्शन पनतोडे़, दूरदर्शन समाचार के सहायक निदेशक सुनील तिवारी मंचस्थ थे।
इस दौरान जिले सक्ती, मालखरौदा, जैजैपुर, डभरा, नवागढ़, पामगढ़, अकलतरा, बलौदा, बम्हनीडीह ब्लॉक के पत्रकार, रिपोर्टर और संवाददाता उपस्थित थे। कार्यशाला की शुरूआत पूजा-अर्चना कर की गई और इसके बाद पत्रकार राजकुमार साहू, प्रकाश शर्मा, कुंजबिहारी साहू समेत अन्य पत्रकारों ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यशाला के दौरान ग्रामीण क्षेत्र के आए पत्रकारों, रिपोर्टरों और संवाददाताओं ने अपने अनुभव साझा किये। कार्यशाला में वरिष्ठ पत्रकार उपेंद्र तिवारी ने ग्रामीण पत्रकारों से आव्हान किया कि वे जनकल्याणकारी योजनाओं तथा फ्लैगशिप कार्यक्रमों के संबंध में सकारात्मक समाचारों की जानकारी दें, ताकि हितग्राहियों, आम लोगों तक योजनाओं की सही जानकारी पहुंच सके और वे इसका लाभ उठा सकें। वरिष्ठ पत्रकार पंकज नायक ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की आज आवश्यकता है तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी तथा इससे संबंधित सकारात्मक समाचार एवं सफलता की कहानियों को समाचार पत्रों में प्रमुखता से स्थान देने पर जोर दिया। वरिष्ठ पत्रकार डॉ. कोमल शुक्ला ने कहा कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं एवं कार्यक्रम को लोगों तक सकारात्मक रूप से पहुंचाने काम हम सब को करना चाहिए और पत्रकार का दायित्व है कि जागरूकता संबंधी योजनाओं से अवगत कराकर लोगों को जागरूक करे। कार्यशाला में वरिष्ठ पत्रकार राजेश सिंह क्षत्रीय, वरिष्ठ पत्रकार सीताराम नायक ने भी अपने विचार रखे। पत्र सूचना कार्यालय के अपर महानिदेशक सुदर्शन पनतोड़े ने कहा कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं तथा फ्लैगशिप कार्यक्रमों के संबंध में अधिक से अधिक जानकारी ग्रामीण लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रयास करें। साथ ही, इन योजनाओं से संबंधित सफलता की कहानियों को अधिक स्थान दें, ताकि इससे समाज के विभिन्न वर्गों के लोग अपनी प्रगति करने हेतु प्रेरित हो सकें। पत्र सूचना कार्यालय के सहायक निदेशक सुनील कुमार तिवारी ने वार्तालाप के आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। कार्यशाला के अंतिम सत्र में खुले मंच का आयोजन किया गया जिसमे ग्रामीण क्षेत्रों से आए पत्रकारों ने अपने विचार और सुझाव साझा किए। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय लोकसंपर्क अधिकारी के.वी. गिरी ने किया। कार्यशाला में जिला मुख्यालय जांजगीर और सभी ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्र के पत्रकार पहुंचे, जिसमें डायमंड शुक्ला, संजय राठौर, रोहित शुक्ला, निलोत्पल गौरहा, मदन तिवारी, गोपाल दुबे, प्रकाश शर्मा, हरि अग्रवाल, गोपाल शर्मा, सुकदेव पटेल, हेमंत पटेल, दुर्गेश यादव, बिट्टू शर्मा, लखेश्वर यादव, आशीष तिवारी, तपेश शर्मा, मोहन देवांगन, रिषी वैष्णव, राजू साहू, परदेशी खूंटे, धनेश्वर साहू, मुश्ताक कुरैशी, अमृत सेवक, दिलहरण चंद्रा, शहजाद खान, देवेन्द्र निराला, नेतराम बघेल आदि मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने जिले के लोगों को दी 64 करोड़ की सौगात
144 पुलिस आवास का लोकार्पण कर पुलिस कर्मियों को दी चाबी
जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जाज्वल्यदेव की नगरी जांजगीर के शासकीय टीसीएल कालेज के समीप खोखराभांठा में आयोजित अभिनंदन समारोह में जिले को 80 करोड़ 66 लाख से अधिक रुपए के विकास और निर्माण कार्यो की सौगात दी। इनमें 64 करोड़ 66 लाख रुपए की सड़क, भवन, पुल-पुलिया और 16 करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्मित सर्वसुविधायुक्त 144 पुलिस आवास शामिल हैं।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कार्यक्रम में 16 करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्मित सर्वसुविधायुक्त पुलिस आवास का लोकार्पण किया। पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए 144 आवास बनाए गए हैं। इसी तरह उन्होंने 62 करोड़ 11 लाख रुपए से अधिक की लागत से 14 विकास कार्यो का लोकार्पण किया। इनमें लोक निर्माण सेतु विभाग द्वारा 44 करोड़ 85 लाख रुपए की राशि से कंजीनाला पर तेंदुआ के पास ब्रिज, धौराभांठा-ठूठी-सरवानी मार्ग पर सोननदी पर पुल, बावनगुढ़ी-कपिस्दा मार्ग पर सोननदी में पुल, मोहंदीखुर्द-हरदी मार्ग पर बोराई नदी पर उच्च स्तरीय पुल, कोटमीसोनार के समीप लीलागर नदी पर पुल और शिवरीनारायण-केरा मार्ग में कंजीनाला पर पुल निर्माण कार्य शामिल हैं। इसी तरह उन्होंने लोक निर्माण विभाग द्वारा 7 करोड़ 79 लाख रुपए की लागत से निर्मित बलौदा-हरदीबाजार के मध्य सरईताल-कर्रानाला मार्ग तीन किलोमीटर, कण्ड्रा-बेलटुकरी मार्ग, साढे़ तीन किलोमीटर और जर्वे च में हाईस्कूल भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री बघेल ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा 2 करोड़ 53 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित ड्रग वेयर हाउस और आदिवासी विकास विभाग द्वारा एक करोड़ 62 लाख रुपए की लागत से गुचकुलिया-जैजैपुर में अनुसूचित जनजाति आश्रम और 4 करोड़ 42 लाख रुपए की राशि से निर्मित अड़भार, पोरथा-सक्ती, रायपुरा-जैजैपुर और सिंघरा-जैजैपुर सड़क मार्ग का भी लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कार्यक्रम में अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं के अंतर्गत 2 करोड़ 55 लाख रुपए की राशि से निर्मित होने वाले फायर स्टेशन व गैरेज निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, पंचायत एवं ग्रामीण मंत्री टीएस सिंहदेव, चन्द्रपुर विधायक रामकुमार यादव, पूर्व विधायक मोतीलाल देवांगन, चुन्नीलाल साहू, चैनिंसंह सामले, गोरेलाल बर्मन, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदकिशोर हरबंश, श्रीमती, रश्मि गबेल, श्रीमती मंजू सिंह, श्रीमती शशिकांता राठौर, दिनेश शर्मा, रविशेखर भारद्वाज, विवेक सिसोदिया, बिलासपुर राजस्व संभाग के कमिश्नर बीएल बंजारे, पुलिस महानिदेशक प्रदीप गुप्ता, कलेक्टर जनक प्रसाद पाठक, पुलिस अधीक्षक श्रीमती पारूल माथुर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तीर्थराज अग्रवाल उपस्थित थे।
कवर्धा - जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे सुप्रीमो अजित जोगी के ऊपर दुर्भावना पूर्वक जो एफआईआर की गई है उसमें सरकार की मंशा साफ दिखाई दे रही है , साथ ही साथ जोगी जी के ऊपर हुई एफआईआर के विरोध में जनता कॉग्रेस छ.ग.जे ने जिला मुख्यालय कवर्धा के सिग्नल चौक मे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पुतला दहन किया गया ।
पुलिस पर लग रहा निष्क्र्रियता का आरोप
शाम ढलते ही महिला व स्कूली बच्चों का घर से निकलना हुआ बाहर
जांजगीर-चांपा। क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री जोरों पर है। इसके बावजूद बिर्रा पुलिस मौन है। बताया जाता है इन दिनों बिर्रा थाना क्षेत्र के तालदेवरी, सेमरिया, बसुंला, करनौद, बसंतपुर, किकिरदा, करही में अवैध शराब की बिक्री जोरों पर है। इसकी लगातार शिकायत पुलिस तक पहुंच रही है। फिर भी पुलिस का मौन रहना किसी के गले से नहीं उतर रहा है।
अवैध शराब के कारण युवा पीढ़ी नशे की चपेट में है। नशे में चूर होकर युवा पीढ़ी अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। अवैध शराब की बिक्री से सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं व विद्यार्थियों को हो रही है। शाम होते ही शराबियों का जमावड़ा लग जाता है जिससे महिलाओं का शाम को घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। शराब के नशे में चूर होकर शराबी गाली गलौज करते हुए जमकर उत्पात मचाते हैं। नशे में धूत होने के कारण शराबियों ने विद्या के मंदिर को भी नहीं बख्शा है। शराब पीकर शराबी बोतल को विद्यालय में ही फोड़ देते हैं जिससे विधार्थियों को परेशानी होती है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत पुलिस, आबकारी विभाग से की है लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि ऐसा नहीं है कि इसकी जानकारी बिर्रा पुलिस, आबकारी विभाग को नहीं हैं इसकी सूचना दी जाती है लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस व आबकारी विभाग की अनदेखी से अवैध शराब विक्रेताओं के हौसले बुलंद है। बिर्रा क्षेत्र के आसपास के क्षेत्रों से सुबह, शाम, रात को बोरी, कार्टून व थैला से भारी मात्रा में शराब की खेप पंहुचती है। शराब बकायदा पन्नी में भर कर पहुंचाया जाता हैं। घर तो घर अब दुकानों में भी शराब बिक रही है। इस बात की जानकारी आबकारी अधिकारियों के साथ पुलिस को भी है फिर भी शराब धड़ल्ले बिक रही है। वही एक व्यक्ति ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि बिर्रा थाना में टीआई, एसआई द्वारा एक बाहरी व्यक्ति को रखा गया है जो दिन-रात थाना में ही रहता है, साथ ही एसआई के साथ ही घुमता है। इससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि अवैध शराब विक्रेताओं से यही व्यक्ति सांठगांठ कर वसूली करता है। साथ ही पुलिस की गोपनीय जानकारी भी भंग करता है। अब देखना होगा कि मीडिया में खबर आने के बाद अधिकारियों द्वारा इसे कितना गंभीरता से लिया जाता है और कार्यवाही की जाती है या हमेशा कि तरह मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।
कार्रवाई की जाएगी
बिर्रा क्षेत्र में शराब की अवैध बिक्री होने संबंधी शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। यदि इस तरह की शिकायत मिलती है तो निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी।
-मधुलिका सिंह, एएसपी जांजगीर
जैजैपुर विधायक ने सीएम व विस अध्यक्ष से की शिकायत
जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आगमन 31 अगस्त को टीसीएल कालेज मैदान जांजगीर में होगा। वे जिला मुख्यालय मे पुलिस आवास का लोकार्पण, शिलान्यास व अभिनंदन समारोह में शामिल होंगे।
इस कार्यक्रम के लिए जिला प्रशासन ने जो आमंत्रण पत्र छपवाया है, उसमें से तीन विधायकों का नाम गायब है। जिसे लेकर जैजैपुर विधायक ने आपत्ति जताते हुए मामले की शिकायत मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष से की है। जैजैपुर विधायक केशव चंद्रा ने अपनी शिकायत में कहा है कि जिला प्रशासन द्वारा छपवाए निमत्रंण कार्ड में जिले के अकलतरा, पामगढ़ व जैजैपुर विधानसभा के विधायको का नाम नहीं है। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए जैजैपुर विधायक ने मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने प्रोटोकाल का उल्लंघन किया है।ं जिस प्रकार जिला प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों की घोर उपेक्षा की है उसका सभी ने आपत्ति जताई है।
नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में प्रेशर बम की चपेट में आने से सुरक्षा बल का एक जवान घायल हो गया। बीजापुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को पीटीआई को दूरभाष पर बताया कि जिले के बीजापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोरना गांव के नजदीक प्रेशर बम की चपेट में आने से डीआरजी का जवान नीला उद्दे घायल हो गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बीजापुर थाना क्षेत्र में डीआरजी के जवानों को गश्त पर रवाना किया गया था। दल के जवान गोरना गांव के पास पहुंचे। तभी नीला उद्दे का पैर प्रेशर बम के ऊपर रखा गया और उसमें विस्फोट होने से जवान घायल हो गया और जवान के पैर में चोट आई।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद घायल जवान को वहां से निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।
भिलाई। प्रत्येक वर्षानुसार इस वर्ष भी नव युवा मित्र मंडल, न्यूखुर्सीपार द्वारा सार्वजनिक श्री गणेश उत्सव का आयेजन सोमवार दो सितंबर से मंगल भवन के पास, जीई रोड,भिलाई में किया जा रहा है। आयोजक समिति के संस्थापक सदस्य भूषण अग्रवाल ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्री गणेश जी का विशाल मंदिर व शिव महिमा चलित झांकी मुख्य आकर्षण का केंद्र होगा। सोमवार दो सितंबर को संध्या चार बजे श्री गणपति की स्थापना की जाएगी। प्रतिदिन प्रातः साढ़े आठ बजे तथा संध्या साढ़े छः बजे आरती किया जाएगा। शुक्रवार तेरह सितम्बर को झांकी का विसर्जन संध्या छः बजे शिवनाथ नदी में किया जाएगा। इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल सहित राज्यसभा सांसद सरोज पाण्डेय, दुर्ग लोकसभा संसद विजय बघेल, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, भिलाई विधायक व महापौर देवेंद्र यादव, पूर्व केबिनेट मंत्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय, दुर्ग विधायक अरुण वोरा, वैशाली नगर विधायक विद्यारतन भसीन, दुर्ग महापौर चंद्रिका चंद्राकर, भिलाई चरोदा महापौर चंद्रकांता मांडले, पूर्व मंत्री बीड़ी कुरैशी, पूर्व मंत्री लीलाराम भोजवानी, समाजसेवी व लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष सत्यनारायण अग्रवाल, समाजसेवी राकेश पाण्डेय, संजसेवी विजय अग्रवाल, शाकुन्तल ग्रुप के डायरेक्टर संजय ओझा, समाजसेवी अनित अग्रवाल, समाजसेवी मनोरमा सिंह तथा आईजी दीपांशु काबरा उपस्थित होंगे। समिति द्वारा पंडाल व साज सज्जा का कार्य करवाया जा रहा है साथ ही आने वाले भक्तों के लिए हर प्रकार की सुविधा के लिए भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
30 को महोत्सव का आयोजन, पूर्व सीएम रमन व भाजपा नेताओं का लगेगा जमावड़ा, बैल दौड़ व छत्तीसगढ़ी कार्यक्रम होगें आकर्षण का केन्द्र
दुर्ग। छत्तीसगढ़ की पारंपरिक त्यौहार पोला को राष्ट्रीय पहचान देने वाली ग्राम मडिय़ापार में 30 अगस्त को पोला महोत्सव की खुशियां बिखरेगी। शास्त्री नवयुवक मंडल द्वारा आयोजित महोत्सव का यह 56वां वर्ष है। महोत्सव में इस वर्ष कुपोषण से बचाव व जल शुद्धिकरण पर संदेश दिया जाएगा।
वहीं सौ से अधिक बैलों की दौड़ व अन्य प्रतियोगिताओं के अलावा अर्जुन्दा लोकरंग के कलाकार पुरानिक साहू द्वारा निर्देशित छत्तीसगढ़ी कार्यक्रम लहर गंगा की प्रस्तुति आकर्षण का केन्द्र रहेगी। पोला महोत्सव में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह मुख्य अतिथि के रुप में शामिल होंगे। इसके अलावा पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, सांसद विजय बघेल, विक्रमादित्य सिंह जुदेव, जया सिंह जुदेव जशपुर राजपरिवार, समाजसेवी पद्मश्री शमशाद बेगम,हिंदवी सेना संघ प्रमुख राजेश यादव, प्रदेश कांग्रेस कमेटी संयुक्त सचिव राजेन्द्र साहूए मीडिया प्रभारी जितेन्द्र साहूए पूर्व आईएएस ओपी चौधरी, आरएसएस विभाग कार्यवाहक पुनेन्द्र सिन्हा, रामनाथ कश्यप, लता राठौर, समाजसेवी केएस चौहान बतौर अतिथि महोत्सव में शिरकत करेंगे। यह पोला महोत्सव दोपहर 12 बजे से शुरु होकर देर रात्रि तक चलेगा। महोत्सव में प्रदेश व देश से हजारों की संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है। जिसके चलते आयोजन समिति द्वारा जोरदार तैयारियां की गई है। यह बातें शास्त्री नवयुवक मंडल मडिय़ापार के संयोजक डॉ सुनील साहू ने बुधवार को पत्रकारों से चर्चा में कही। इस दौरान संस्था के अध्यक्ष मनीष साहूए सचिव सुदामा निषाद, सरपंच देवेन्द्र सिवारे एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। आयोजन समिति के संयोजक डॉ सुनील साहू ने चर्चा में बताया कि यह पोला महोत्सव प्रदेश के अलावा देश में अपनी विशेष पहचान बनाई हुई है। जिसकी वजह से महोत्सव में हर वर्ष देश के अलग.अलग राज्यों से प्रतिनिधि मंडल शामिल होकर संस्कृति का आदान.प्रदान करता है। महोत्सव के माध्यम से हर वर्ष विशेष संदेश दिया जाता है। इस वर्ष कुपोषण से बचाव व जल शुद्धिकरण का संदेश होगा। जिसे लेकर लोगों को जागरुक करने कुपोषण के कारणों, बचाव के उपाय और जल शुद्धिकरण के तरीके बताए जाएंगे। श्री साहू ने एक सवाल के जवाब में कहा कि यह पोला महोत्सव गैर राजनीतिक कार्यक्रम है। कांग्रेस-भाजपा के सभी बड़े नेताओं को आमंत्रित किया गया है, लेकिन महोत्सव के दिन कांग्रेस नेता अन्य कार्यक्रमों में व्यस्त है। इसलिए भाजपा नेताओं के कार्यक्रम में शामिल होने की ज्यादा स्वीकृति मिली है। महोत्सव के लिए संस्कृति व पर्यटन विभाग से सहयोग मांगा गया थाए लेकिन अब तक सहयोग प्राप्त नहीं हुआ। इसका पोला महोत्सव के आयोजन की भव्यता पर कही असर नहीं पड़ेगा।
चाम्पा। शिवसेना जांजगीर चाम्पा द्वारा शिवसेना जिलाध्यक्ष ठा.ओंकार सिंह गहलौत के मार्गदर्शन में शहर के सडकों से मवेशी को हटाने हेतु मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका चाम्पा को ज्ञापन सौंपा गया। ठा.ओंकार सिंह गहलौत ने ज्ञापन में लिखा है कि नगर पालिका के सभी सडकों व कालोनियों के सडकों पर मवेशी बीच रोड पर बैठ जाते हैं, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होते रहती है। जबकि नगर पालिका के द्वारा पशुओं को उठाने का काम किया जा रहा था वो भी बंद है। जिसके कारण रोड पर बैठे हुए मवेशी भारी वाहनों के चपेट में आकर अपनी जान गवां बैठते हैं। जिससे आम जनता को परेशानियों का सामना करना पडता है। गहलौत ने आगे लिखा है कि आए-दिन शहर में इसी प्रकार की घटनाएं होती रहती है। मवेशी को बचाने के चक्कर में आम इंसान भी दुर्घटना का शिकार होता है। शिवसेना की मांग है कि इस विषय में तुरंत संज्ञान लेते हुए सडकों पर बैठे मवेशियों को अपनी गाडी में भरकर कांजी हाऊस या गौशाला पहुंचाए, और उसके मालिकों पर अपने मापदण्ड के अनुसार जुर्माना लगाया जाए तथा दण्डित किया जावे। ज्ञापन में आगे लिखा है शहर के हर गली में कुत्तों का आतंक है। स्कूली बच्चे, महिलाएं, माता, बहनें, बुजुर्ग इसके शिकार हो चुके हैं। इसकी जनसंख्या दिनों-दिन बढती जा रही है, जिसके कारण आवारा कुत्तों का आतंक शहर में बढ गया है। पालिका द्वारा अभियान चलाकर इन कुत्तों को शहर से बाहर किये जाने व नसबंदी अभियान पुन: चालू किये जाने की मांग की गई है। तथा कार्यवाही नहीं होने पर शिवसेना द्वारा सडक पर बैठे मवेशियों को उठाकर नगर पालिका में गौठान बनाकर मवेशियों को वहीं पर रखने की चेतावनी दी गई है। ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से शुभम राजपूत (जिला कार्यकारिणी) निकेश बरेठ नामिस कश्यप, वीरेंद्र यादव, आकाश यादव, मनोज कैवर्त, शिवेंद्र कर्ष, राजेश कश्यप,त्रिलोचन कशयप अन्य शिवसैनिक उपस्थित थे।
पखवाड़े के माध्यम से विद्यार्थियों ने जाना नेत्रदान का महत्त्व
बिलासपुर। राष्ट्रीय दृष्टिहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत बिलासपुर जि़ले में नेत्रदान पखवाड़ा का आयोजन स्कूलों में जन जागरूकता बढाने के लियें किया जा रहा हैं । इस नेत्रदान पखवाड़े का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेत्रदान के महत्व पर जन जागरूकता पैदा करना है और लोगों को मृत्यु के बाद अपनी आँखें दान करने के लिए प्रेरित करना है।
नेत्रदान पखवाड़े में चल रही गतिविधियों की जानकारी देते हुए जि़ला नोडल अधिकारी डॉ ए के सिन्हा ने बताया जिले के समस्त विकासखंडों में कार्यक्रम के तहत स्कूलों में नियमित रूप से विशेष अभियान चलाकर विद्यार्थियों के साथ-साथ लोगों में भी नेत्रदान करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं साथ ही नेत्रदान के विषय में फैली भ्रांतियों को भी दूर किया जा रहा है । विद्यार्थियों को जनजागरुकता कार्यक्रम में बताया जाता है किस प्रकार नेत्रदान करके दुसरे के जीवन में उजाला ला सकते है। नेत्रदान मृत्यु के 6 घंटे के अंदर किया जाता है । नेत्रदान की सुविधा घर पर भी निशुल्क दी जाती है । यदि किसी व्यक्ति के द्वारा जीवन में नेत्रदान की घोषणा न की गई है, फिर भी रिश्तेदार मृत व्यक्ति का नेत्रदान कर सकते है। डॉ एके सिन्हा ने बताया नेत्रदाता को मृत्यु पूर्व एड्स, पीलिया, कर्करोग ( कैंसर) रेबीज सेप्टीसीमिया टिटनेस, हेपेटाइटिस तथा सर्पदंश जैसी बीमारी हो तो उस ेनेत्रदान के लिए योग्य नहीं माना जाता है। नेत्र ऑपरेशन पश्चात तथा चश्मा पहनने वाले व्यक्ति भी नेत्रदान कर सकते हैं। मधुमेह (डायबिटीज) के मरीज भी नेत्रदान कर सकते हैं ।
नेत्रदान हेतु नजदीक के नेत्र बैंक, मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जिला चिकित्सालय मे संपर्क कर सकते हैं । बिलासपुर जि़ले में नेत्रदान के इच्छुक लोग सिम्स मेडिकल कॉलेज बिलासपुर फोन नं.07752-222301 पर भी सम्पर्क कर नेत्रदान कर सकते हैं ।