ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
जन्माष्टमी पर आपत्तिजनक पोस्ट से भड़के लोगों ने घेरा पामगढ़ थाना
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज किया अपराध
जांजगीर-चांपा। पूरा देश जन्माष्टमी पर कृष्ण की भक्ति में डूबा है। लोग विभिन्न तरीके से कृष्ण की जयंती मना रहे हैं। ऐसे में पामगढ़ क्षेत्र के किसी गिरिजा शंकर लहरे ने फेसबुक पर भगवान श्री कृष्ण के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी की है। इसे लेकर बवाल मच गया है। यादव समाज के लोगों ने पामगढ़ थाने का घेराव करते हुए युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की तो वहीं एक अन्य समूह ने एसपी से मिलकर कार्रवाई की मांग की।
आपकों बता दें कि फेसबुक पर गिरिजा शंकर लहरे के नाम से बने एकाउंट से भगवान श्री कृष्ण के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट किया है। श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर यह कृत्य देखकर जनमानस भड़क गए और उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। शुक्रवार की शाम यादव समाज के लोगों ने पामगढ़ थाने का घेराव कर दिया। उन्होंने युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने युवक के खिलाफ धारा 295 क के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले में यादव समाज के द्वारा एक युवक सहित उसके साथी के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत की है। समाज के लोगों का कहना है कि देवी देवताओं पर लगातार आपत्तिजनक टिप्पणी कर सद्भाव को खराब करने का काम किया जा रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। लोगों ने नारेबाजी करते हुए टिप्पणी करने वाले युवक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। थाना प्रभारी राजकुमार लहरे ने मामले में सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग शांत हुए। इसी तरह कुछ अन्य लोगों ने भगवान कृष्ण के खिलाफ फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी करने को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की है।
चंद्रपुर नगर पंचायत का मामला, 26 को तय हुई जांच
जांजगीर-चांपा। नगर पंचायत चंद्रपुर के सीएमओ ने यहां के निलंबित कैशियर हरीश साहू को पत्र लिखकर आरोपों की जांच के लिए उपस्थित होने का अंतिम मौका दिया है। जांच के लिए 26 अगस्त को शाम 4 बजे कार्यालय नगर पंचायत के सभा हाल को तय किया गया है।
नगरपंचायत सीएमओ मुन्नालाल देवांगन ने हरीश साहू को लिखे पत्र में कहा है कि उस पर लगे आरोपों की जांच कार्रवाई के संबंध में विभागीय जांच 14 अगस्त को शाम 4 बजे नियत की गई थी। लेकिन हरीश साहू उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद बगैर सूचना हरीश साहू गायबब रहा। हरीश साहू के निवास में डाक तामिल के लिए वाहक पहुंचा, तब वहां मुख्यालय में नहीं होने की सूचना दी गई। ऐसे में उसके निवास पर सूचना चस्पा किया गया। सीएमओ का कहना है कि हरीश साहू जांच में सहयोग नहीं कर रहा है और वह लगातार गायब रहकर निष्पक्ष जांच को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने पत्र में कहा है कि हरीश साहू को नैसर्गिक न्याय सिद्धांत में अंतिम सूचना अवसर प्रदान करते हुए सर्व साधारण के माध्यम से सूचित किया जाता है कि उक्त तिथि को समय पर स्वयं व बचाव सहायक के साथ उपस्थित होकर अपने बचाव में साक्ष्य प्रस्तुत करें। अन्यथा यह माना जाएगा कि हरीश साहू पर लगे आरोप उसे मौन स्वीकार है और उसकी प्रतिरक्षा नहीं करना चाहते।
जांजगीर-चांपा। छग प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्र्रांतीय आह्वान पर 22 अगस्त को दोपहर भोजनावकाश में जिले के कर्मचारियों ने कलेक्टोरेट में जंगी प्रदर्शन किया। उन्होंने डीए व लंबित मांगों का ज्ञापन मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव के नाम एडीएम को सौंपा।
संघ के जिलाध्यक्ष रामकिशोर शुक्ला ने बताया कि 1 जनवरी 2019 से 3 प्रतिशत व 1 जुलाई 2019 से 5 प्रतिशत डीए का अविलंब भुगतान किया जाए। सातवें वेतनमान के ऐरियर्स का बकाया किश्त भुगतान किया जाए। सभी संवर्गों के कर्मचारियों को चार स्तरीय पदोन्नत समयमान वेतन दिया जाए। लिपिक एवं अन्य संवर्गों की वेतन विसंगति तत्काल दूर किया जाए। अनियमित कर्मचारियों को नियमित किया जाए। राज्य प्रशासनिक सुधार आयोग की रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाए एवं पुनरीक्षित वेतनमान के अनुरूप सभी प्रकार के प्रासंगिक भत्तों को पुनरीक्षित किया जाए। इस दौरान रामकिशोर शुक्ला, केके थवाईत, मनहरण थवाईत, महेश प्रसाद राठौर सहित अन्य कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद थे।
बम्हनीडीह क्षेत्र के गौठानों का किया निरीक्षण
जंाजगीर-चांपा। कलेक्टर जेपी पाठक एवं जिला पंचायत सीईओ तीर्थराज अग्रवाल ने आज बम्हनीडीह क्षेत्र के ग्राम पंचायत लखाली, सोठी और खपरीडीह के गौठानों का निरीक्षण किया। कलेक्टर व सीईओ ने सोंठी व लखाली के गौठान परिसर में पीपल के पौधे लगाए। रोपे गए पौधों की सुरक्षा के संबंध में निर्देश दिए।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान उपस्थित गौठान समिति के सदस्य और पंचायत प्रतिनिधियों से चर्चा कर गौठान संचालन के संबंध में जानकारी दी। कलेक्टर ने कहा कि मनरेगा मद से गौठान व चारागाह में वृक्षारोपण किया जाएगा। पौधों की सुरक्षा के लिए फेंसिंग और सिंचाई के लिए पानी की व्यवस्था की जायेगी। क्रेडा द्वारा सोलर पम्प लगाया जायेगा। गौठान परिसर में गोबर गैस प्लांट की स्थापना भी की जायेगी। इस प्लांट के माध्यम से जैविक खाद व इंधन के रूप में गोबर गैस भी प्राप्त होगा। पशुधन विकास विभाग द्वारा मवेशियों का टीकाकरण व नस्ल सुधार की कार्यवाही भी गौठान परिसर में ही होगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक गौठान समिति को दस हजार रूपये प्रति माह चरवाहा व्यवस्था के लिए दी जायेगी। चरवाहा की नियुक्ति गौठान समिति के द्वारा होगी। किसानों को फल, सब्जी, मसाला उत्पादन के लिए उद्यानिकी विभाग द्वारा योजनाओं के तहत सहयोग किया जायेगा।
विभाग स्रतीय स्पर्धा में सरस्वती शिशु मंदिर का उत्कृष्ट प्रदर्शन
चांपा। अखिल भारतीय विद्या भारती शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में खेल प्रमुख अशोक शर्मा के नेतृत्व में विभाग स्तरीय कैरम और शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन खेल परिसर कोनी किया गया। इसमें सरस्वती शिशु मंदिर चांपा की कैरम औऱ शतरंज के सभी वर्गों में बहनों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और भैया वर्ग ने भी दो वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया है। ये सभी भैया- बहिन प्रांत स्तरीय कैरम और शतरंज प्रतियोगिता पत्थलगांव में 25 अगस्त को शामिल होंगे। भैया- बहिनों के इस प्रदर्शन से प्राचार्य राजेन्द्र सिंह ठाकुर, रामचन्द्र थावाणी व्यवस्थापक, नंदकुमार देवांगन, कमल देवांगन, अश्विनी कश्यप लेखापाल सहित विद्यालय के आचार्य संजय यादव खेल सहायक, रोशन देवांगन, ललित सिंह सेंगर, बजरंग कंसारी, पुरुषोत्तम देवांगन, ओमप्रकाश राठौर, इन्द्रसेन बनाफर, कु- कविता सोनी, श्रीमती पूनम राठौर, आराधना सोनी सहित सभी आचार्य एवं दीदी सहित शिशु मंदिर परिवार ने उनकी उज्जवल भविष्य की कामना की है ।
जांजगीर-चांपा। ब्र्रिलिएंट पब्लिक स्कूल जांजगीर में आज प्री-प्रायमरी के नन्हें-मुन्हें बच्चों को भारतीय संस्कृति से अवगत कराने के लिए जांजगीर शहर के राधा-कृष्ण मंदिर तथा गौशाला का दर्शन कराया गया। साथ ही बच्चों को जन्माष्टमी त्योहार के बारे में जानकारी दी गई तथा कृष्ण भगवान की बाललीला का वर्णन किया गया।
बच्चों ने पूजा अर्चना की तथा प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर के पुजारियों ने बच्चों को चॉकलेट प्रदान किया। विद्यालय के डायरेक्टर आलोक अग्रवालएवं प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह की प्रेरणा एवं आयोजन से यह कार्यक्रम हुआ। इस मौके पर ं को-ऑर्डिनेटर श्रीमती अंजू चर्तुवेदी, श्रीमती मैरी कुलदीप, सुश्री नम्रता बरेठ, श्रीमती विजयलक्ष्मी, श्रीमती सरिता प्रधान, श्रीमती प्राची पाठक, सुश्री संध्या साहू, विकास साहू, सनत सूर्यवंशी, पुरूषोत्तम सोनी सहित अन्य लोग मौजूद थे।
बगैर अनुमति लिए सड़क में विद्युल पोल और डिवाइडर बनवाने का मामला
जांजगीर-चांपा। नगर पंचायत शिवरीनारायण द्वारा लोक निर्माण विभाग से बिना अनुमति लिए सड़क के मध्य मंे डिवाइडर और बिजली पोल लगाने का कार्य किया जा रहा है। ऐसे में लोक निर्माण के एसडीओ ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को बिजली पोल लगवाने के कार्य को रोकने नोटिस जारी किया है।
नगर पंचायत द्वारा लोक निर्माण विभाग की अधीनस्थ शिवरीनारायण सड़क मार्ग नटराज चौक से बिलासपुर मार्ग की ओर सड़क के मध्य में रोड डिवाइडर और बिजली पोल लगवाने का कार्य प्रांरंभ किया गया है। इस कार्य के लिए अभी सड़क के मध्य मे जगह जगह गड्डा खोद कर छड़ सीमेंट से छोटा-छोटा कालम बनाया जा रहा है। नगर के कई नागरिक इस मार्ग में रोड डिवाइडर के कार्य को अनुचित मान रहें हैं। उन लोगों का कहना है कि रोड डिवाइडर के लिए सड़क पर्याप्त चौड़ी नहीं है। नटराज चौक से शबरी चौंक तक सड़क की एक ओर सड़क पर ही बड़ा- बड़ा वृक्ष है। इससे आवागमन बाधित होगी और दुर्घटना की संभावना बनी रहेगी। इसी तरह शबरी चौक से बिलासपुर मार्ग की ओर महंत लाल दास कालेज से गौरव पथ तक सड़क का चौड़ीकरण नहीं हुआ है। ऐसे मे लोगों को सड़क की कच्ची पटरी पर चलना होगा जो आवागमन की दृष्टिकोण से सुरक्षित नहीं है। नगर के कुछ लोगों ने इन सभी समस्या से लोक निर्माण के अफसरों को अवगत कराया। तब मामले को गंभीरता से लेते हुए पामगढ़ एसडीओ ने शिवरीनारायण के सीएमओ को बिना अनुमति सड़क के बीच में बिजली पोल लगवाए जाने को अनुचित बताते हुए 21 अगस्त को नोटिस जारी किया है।
नियम से काम
रोड डिवाइडर एवं बिजली पोल लगवाने परिषद से प्रस्ताव पारित है और शासन से राशि भी प्राप्त हो गई है। हम नियम से कार्य कर रहे हैं।
-सत्यनारायण गुप्ता, सीएमओ नपं शिवरीनारायण
नोटिस भेजा है
नगर पंचायत शिवरीनारायण को लोक निर्माण विभाग के अधीनस्थ सड़क में रोड डिवाइडर एवं बिजली पोल लगाने की अनुमति नहीं दी गई है। उन्हे विभाग से नोटिस दिया गया है।
-वायके गोपाल, ईई पीडब्ल्यूडी
बम्हनीडीह क्षेत्र के ग्राम रोहदा का मामला
जांजगीर-चांपा। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक किशोरी बुरी तरह झुलस गई। उसे 112 की मदद से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनीडीह में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
बम्हनीडीह क्षेत्र के ग्राम रोहदा निवासी राधेलाल बरेठ की पुत्री रानी बरेठ (17) शुक्रवार की दोपहर 3.30 बजे स्कूल से आने के बाद अपनी मा को बुलाने खेत जा रही थी। इसी बीच रास्ते में हल्की बूंदा बांदी के बीच बारिश तेज हो गई। जब तक वह पानी से बचने का प्रयास करतीं तब तक तेज गरज चमक के साथ बिजली गिरी और रानी उसकी चपेट में आ गई। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। उसकी आवाज पर जब तक परिवार या आस पास के लोग आते तब तक वह अचेत हो गई थी। गांव के ही एक युवक ने रानी को अचेत पड़े देखा तो उसके परिवार वालो को इसकी सूचना दी। परिवार के लोगों ने 112 की मदद से उसे सीएचसी ले गए। जहां डाक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताया। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उसकी प्राथमिक उपचार चल रहा है ।
जांजगीर-चांपा। लिटिल लेजेंड्स किड्स स्कूल मे आज नन्हें-मुन्नें बच्चों ने स्कूल कैम्पस मे राधा-कृष्णा के ड्रेस मे ग्रुप डांस करके मटका-हांडी फोड़ा। उन्होंने बड़े ही हर्षोउल्लास से जन्माष्टमी पर्व सेलिब्रेट किया। इस आयोजन का ध्येय नन्हें-मुन्हें बच्चो को लॉर्ड राधा-कृष्णा के माध्यम से त्योहारों के मनोरंजन को बताना रहा। इस अवसर पर किड्स स्कूल के कोऑर्डिनेटर रिया झाझडि़या ने नन्हे-मुन्हे बच्चो को गीत के माध्यम से बताया कि जन्माष्टमी को भगवान श्री कृष्णा के जन्मदिवस के रूप मे हम सभी मटके में माखन भरकर और मटका फोड़कर सेलिब्रेट करते है। इसलिए उन्हें सभी माखनचोर भी कहते है। इस अवसर पर किड्स स्कूल के नन्हें-मुन्नें बच्चे एवं शिक्षिकाओ में पप्पी मैम, सुमन मैम, आरती मैम एवं नन्हे-मुन्ने बच्चो में खुशबू अग्रवाल, वेदांश यादव, राशिका अग्रवाल, तान्या अग्रवाल, आदया कश्यप, शौर्य सुल्तानिया, मायरा बंसल, सौमाक्षी राजपूत, शिवम् गोस्वामी, अवनी सिंह, विक्रांत सिंह, शामिल हुए। यह आयोजन किड्स स्कूल के डॉयरेक्टर सुनील सिंघानिया एवं संजय सिंघानिया की देखरेख मे सफलतापूर्लक हुआ।
हसौद। अखिल भारतीय ओपन नेशनल कराते चैम्पियनशिप 24 और 25 अगस्त 2019 को अग्रवाल भवन बसंत बिहार कालोनी रायपुर में आयोजित है। इसके लिए कस्तूरबा गांधी विद्यालय चिस्दा के खिलाडि़यों का चयन किया गया।
चयनित खिलाडि़यों में काता में कु. अंशु, कु. रेशमा निराला, कु. रिंकी महिलांगे, कु. रिंकी चंद्रा, कु. सिवानी उरांव, कु. नंदनी कुरे, कु. टिसा निराला, कु. रीनू निराला, कु. तंनु लहरें, कु. श्वेता कश्यप, कुमिते कु. भारती बंजारे, कु. आकांक्षा, कु. कंचन, कु.अंकिता, कु. चंद्रिका, कु अदिति, कु. रेशमा जाटवर, कु. अल्का बंजारे, कु. तान्या तेंदुलकर, कु. सोनी कमलेश बालिकाएं शामिल है। कोच के रुप में महिला कराते संघ के प्रमुख सेंसेई रानू मैडम 2 डॉन ब्लैक बेल्ट करातेएसोसिएशन ऑफ़ इंडिया होंगी। उल्लेखनीय है कि राजधानी मार्शल आर्ट एकेडमी और छत्तीसगढ़ यूनाइटेड शोतोकान कराते एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में होने वाला यह आयोजन वर्ल्ड कराते फेडरेशन एवं भारतीय ओलंपिक संघ के मानक मापदंडों के विभिन्न आयु तथा वजन समूहों में फूलबैक सिस्टम से आयोजित होगा। यह जानकारी विद्यालय की अधीक्षिका श्रीमती रंजना ने दी।
दुर्ग। प्रदेश के मुख्य मंत्री व गृहमंत्री के गृह जिले में लगातार बिगड़ रही कानून व्यवस्था व निरंतर हो रही आपराधिक घटनाओ को गंभीरता से लेते हुए। जिला भारतीय जनता युवा मोर्चा अध्यक्ष दिनेश देवांगन के नेतृत्व में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौपकर तत्काल इस पर अंकुश लगाने व आपराधिक तत्वों पर कड़ी कार्यवाही करने की मांग करते हुए शीघ्र ही इस पर नियंत्रण नही किया गया तो उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई। इससे पूर्व सभी भाजयुमों कार्यकर्ताओं ने बीजेपी कार्यालय में एकत्र होकर राज्य के भूपेश बघेल सरकार व पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एसपी ऑफिस पहुंचे जहां पुलिस अधीक्षक प्रखर पाण्डेय की अनुपस्थिति में एडिशनल एसपी लखन पाटले को ज्ञापन सौपते हुए कहा कि विगत छह में तथा अभी एक सप्ताह में जिले व शहर में लगातार हो रही हत्या लुट, अपहरण, मारपीट, चोरी व नशाखोरी जैसे सघन अपराधों पर सवाल जवाब करते हुए इसे अपराधियों पर निरंकुशता व लचर कानून व्यवस्था का नतीजा बताते हुए कहा गया कि रोज- रोज की घटनाओं से आम जनता में भय व पुलिस के प्रति अविश्वास व्याप्त होता जा रहा है। इस पर तत्काल अंकुश लगाना जरूरी है, इसके लिए लगातार पुलिसिंग कर गश्त बढ़ाने, असमाजिक तत्वों के जमावड़ा वाले क्षेत्रो में कड़ी निगरानी कर उन्हें पकडऩे की मांग के साथ ही नशाखोरी व इनसे जुड़े कारोबारों पर भी रोक लगाने की मांग करते हुए शीघ्र ही इस पर नियंत्रण नही होने की दशा में उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई। इस अवसर पर जिला भाजयुमो अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में जब से कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार आई है, तब से जिले ही नहीं पूरे प्रदेश में अपराधिक घटनाओ में लगातार वृद्धि हुई है, दुर्ग जिला मुख्यमंत्री बघेल व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू का जिला है और तो अपराधी इतने बेखौफ हो गए है कि गृहमंत्री के घर के कुछ कदमो में भी मासूम बच्चे का अपहरण करने से नहीं चुके। लूट खसोट का कारोबार बढ़ता जा रहा है मारपीट चोरी तो आम बात हो गई है और इन सब का मुख्य कारण नशे जैसे प्रवृत्ति का पनपना है प्रदेश में शराब बंदी की घोषणा कर सत्ता में इस सरकार में शराबबंदी तो बल्कि और शराबियों की सुविधा के लिए और अधिक काउंटर व आहाता खोला गया है। जगह.जगज असामाजिक तत्वों का जमावड़ा हो रहा और नशे का व्यापार बढ़ता जा रहा है लेकिन सरकार का पुलिस पर और पुलिस का अपराधियो पर नियंत्रण नही होने के चलते लगातार अपराधिक घटनाओ में वृद्धि हो रही जिससे जनता में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।
000000000000000000000000000
जेसीआई दुर्ग-भिलाई द्वारा शिवनाथ ऑन मैराथन दौड़ का आयोजन
दुर्ग। व्यक्तित्व विकास एवं सामाजिक उत्थान की दिशा में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्यरत जेसीआई दुर्ग-भिलाई के जेसी वीक डायरेक्टर रजनीश जायसवाल ने बताया कि जेसी दुर्ग- भिलाई द्वारा एक दिवसीय मैराथन दौड़ का आयोजन 8 सितम्बर दिन रविवार को प्रात: 6 बजे किया जाएगा। जिसका नाम शिवनाथ ऑन रन फ ॉर शिवनाथ रिवर रखा गया है। इस दौड़ की सेक्टर. 7 हाई स्कुल ग्राउंड ,सेंट्रल एवेन्यू, भिलाई से होगी। इस प्रकार की दौड़ ट्विनसिटी में पहली बार की जा रही है, जो कि प्रोफेसनली ओर्गेनाइज्ड होगी। दौड़ में भाग लेने वालो में से विजेता प्रतिभागियों के लिए मेडल और ई.सर्टिफि केट दी जाएगी। उचित इनाम प्रदान किये जायेंगे। दौड़ में सभी प्रतिभागियों को एक टाइमिंग चिप्स दी जाएगी, जिससे दौड़ को मापा जा सकेगा और इस क्लिप से दौड़ खत्म होते ही एक एसएमएस प्रतिभागी के मोबाइल पर प्राप्त होगा। साथ ही एक टी.10 इवेंट टी.शर्ट भी दिया जायेगा। सभी प्रतिभागी को शॉपिंग कुपन्स भी प्रदान किया जायेगा। यह दौड़ 3 किमी, 5 किमी, 10 किमी की होगी। रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन एवं ऑफ लाइन दोनों तरीके से किया जा सकता हैं। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन वेबसाइट पर होगी तथा ऑफ लाइन रजिस्ट्रेशन आंध्र खादी भंडार, इंदिरा मार्किट में एवं फस्र्ट क्राई, अग्रसेन चौक, नेहरु नगर में और अशोक वाच कंपनी, सिविक सेंटर आदि जगहों से किया जाता सकता है। रजिस्ट्रेशन के लिए आई.डी प्रुफ की आयश्यकता होगी। दुर्ग- भिलाई से कोई भी व्यक्ति जो दौडऩे में सक्षम और इस दौड़ में हिस्सा लेना चाहते हो वो रजिस्ट्रेशन करवा कर दौड़ में हिस्सा ले सकते है।
इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए जेसीआई दुर्ग- भिलाई के सदस्य जेसी अनिल बल्लेवार, जेसी पंकज अग्रवाल, जेसी वीक डायरेक्टर रजनीश जायसवाल, प्रेसिडेंट जेसी नितिन अग्रवाल, सेक्रेटरी सुनील अग्रवाल, जेसी आनंद जैन, जेसी क्षितिज अग्रवाल, जेसी जयदीप सावंत, जेसी राजेश सांखला, पीपी जेसी प्रणय माहेश्वरी आदि ने मिलकर शिवनाथ नदी के किनारे पौधारोपण किया और पौधों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध भी किए।
जेसी अनिल बल्लेवार ने कहा कि इस दौड़ का नाम शिवनाथ नदी के नाम पर रखा गया है जो की दुर्ग शहर की प्रसिद्ध नदी है। इस दौड़ का उद्देश्य शिवनाथ नदी द्वारा किये गए उपकारो को चुकाना होगा। शिवनाथ नदी के जल से शहरवासियो के लिए जल की आपूर्ति होती है तथा नदी के पानी से ही खेतो में सिंचाई होती है, जिससे खाद्य पदार्थो की आपूर्ति होती है। इस मैराथन के दौरान शिवनाथ नदी की उपयोगिता का भी उल्लेख किया जायेगा। उपरोक्त जानकारी जेसीआई दुर्ग-भिलाई के पीआरओ जेसी रामदेव टावरी ने दी।
दुर्ग। आनंद पुष्कर दरबार की धर्म सभा को संबोधित करते हुए साध्वी रतन ज्योति ने कहां कहना, सहना और रहना की शुभ भावना ही मोक्ष का द्वार खोलती है, मानव जीवन में घर से ही धर्म प्रारंभ होता है, जब तक घर में सुख समृद्धि और शांति नहीं होगी, तब तक सच्चा धर्म नहीं हो सकता। गृहस्थ आश्रम भी एक बहुत बड़ा कब्र है, गृहस्थ में रहते हुए भी संतुलित जीवन जीते हुए भी संयमी जीवन का पालन किया जा सकता है साध्वी श्री ने मां के संबंध में धर्म सभा में कहा कि मां दुनिया की सबसे बड़ी धरोहर है मां का सानिध्य पाना ही अपने आप में सबसे बड़ा जीवन का सुख है, भेदभाव की नीति से परिवार में कलह प्रारंभ होता है और ऐसे समय में धर्म की आराधना का प्रारंभ स्थल घर ही है ,आनंद मधुकर रतन भवन की धर्म सभा को साध्वी डॉ अर्पिता श्री ने संबोधित करते हुए कहा अध्यात्म जगत में पहले दोष का निदान करना चाहिए जीवन में साधना करनी है तो दोषमुक्त बनना जरूरी है, आत्म निरीक्षण के बिना शोधक नहीं बन सकते समर्पण भाव के बिना सेवक नहीं बन सकते, सत्व के बिना साधक नहीं बन सकते, जानवरों के पास शरीर बल अधिक होता है और मनुष्यों के पास बुद्धि बल अधिक होता है, बुद्धि बल से मनुष्य हित और अहित का चिंतन कर सकता है, बुरा भला सोच सकता है, बुराइयों को त्याग कर भलाई के कार्य कर सकता है, अधर्म को त्याग कर धर्म के मार्ग पर आगे बढऩे की ताकत मनुष्य में होती है, मनुष्य का स्वभाव मुलायम एवं विनम्र होना चाहिए, आज धर्म सभा में 41 उपवास का पंचक खान संकल्प श्रीमती किरण संचेती ने लिया, इसी तरह सुराना परिवार के अमन सुराना, वेदिका सुराना ने भी अठाई तप का संकल्प पूर्ण किया।
संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
जांजगीर चांपा। जिले के सभी शासकीय विभाग जिनका वेतन आहरण ट्रेजरी के माध्यम से होता है उन सबका सर्विस कार्मिक संपदा फॉर्म ऑनलाइन कर अपडेट किया जा रहा है। जिसमें अनेक दिक्कत आ रही है। इसमें मुख्य रूप से कई लोगों के पदनाम का उल्लेख नहीं होना।
प्रथम नियुक्ति विवरण का स्पष्ट नहीं होना। नगरीय निकाय में नियुक्त शिक्षकों के लिए प्रथम नियुक्ति दर्शाने के लिए कालम नहीं होना। शिक्षक पंचायत संवर्ग का शिक्षा विभाग में संविलियन को दर्शाने के लिए विकल्प स्पष्ट नहीं होना। ऑनलाईन करने की प्रक्रिया बहुत धीमी गति से हो पाना। इन अनेक समस्याओं को लेकर शालेय शिक्षा कर्मी संघ और संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौपा। साथ ही जिला कोषालय अधिकारी जेएन सिंह से मिलकर विस्तार पूर्वक चर्चा की जिस पर होने वाली समस्याओं को बिन्दुवार गिनाया। जिसे उन्होंने स्वीकार किया कि बार बार साफ्टवेयर अपडेशन के कारण समस्या आ रही है। कुछ लोगो का पदनाम स्प्ष्ट नहीं होने के कारण और कुछ बिंदु छूट जाने के कारण ऐसी समस्या आ रही है। उन्होंने इन सब बिन्दुओं का उल्लेख कर साफ्टवेयर में सुधार के लिए राज्य के कोष एवं लेखा विभाग को भेजकर सुधार करने की बात कही। प्रतिनिधि मंडल में शालेय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष संतोष शुक्ला, सयुक्त शिक्षाकर्मी संघ के जिलाध्यक्ष विकास सिंह, नवीन शिक्षाकर्मी संघ के जिलाध्यक्ष अनुभव तिवारी, कार्यकारी जिलाध्यक्ष शरद राठौर, जयंत सिह, रामस्वरूप साहू, सम्मी सागर सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे।