ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
Google Analytics —— Meta Pixel
सीएम भूपेश बघेल ने नियुक्ति के लिए उच्च शिक्षा विभाग को जारी किया निर्देश
सीजीपीएससी के माध्यम से होगी भर्ती, क्रीडा अधिकारियों के 61 पद हैं रिक्त
रायपुर. प्रदेश के विभिन्न शासकीय महाविद्यालयों में लंबे समय से खाली पड़े 1384 पदों को भरा जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार को उच्च शिक्षा विभाग को निर्देश जारी कर दिए हैं। जिसमें जल्द से जल्द रिक्त पदों पर नियुक्ति की बात कही गई है। यह सारी भर्तियां छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के माध्यम से होंगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री बघेल को बताया गया कि विभिन्न महाविद्यालयों में क्रीड़ा अधिकारियों के भी 61 पद रिक्त हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने इन पदों को भी आयोग के माध्यम से सहायक प्राध्यापकों के साथ ही भरने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों में सहायक प्राध्यापकों के पद लंबे समय से रिक्त हैं। इन पदों पर भर्ती हो जाने से एक तरफ युवाओं को रोजगार मिलेगा, साथ ही छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय में संकायवार सहायक प्राध्यापक उपलब्ध होंगे।
रायपुर. प्रदेश के नए डीजीपी दुर्गेश माधव अवस्थी के निर्देश पर सबसे पहले आईजी दीपांशु काबरा ने पांच जिलों में क्राइम ब्रांच और विशेष अपराध अनुसंधन सेल को भंग कर दिया है। प्रदेश के बाकी जिलों में भी क्राइम ब्रांच और विशेष अपराध अनुसंधन सेल को भंग करने की कार्रवाई जल्द होगी।
क्राइम ब्रांच में भ्रष्टाचार बढ़ने पर डीजीपी ने दिया निर्देश
आईजी दीपांशु काबरा ने शनिवार को रायपुर, बालौदाबाजार, महासमुंद, गरियाबंद और धमतरी में क्राइम ब्रांच को भंग कर दिया है। दीपांशु काबरा के अंडर में ये पांच जिले ही आते हैं।
क्राइम ब्रांच के पुलिसकर्मियों को भेजा जाएगा पुलिस लाइन
अब क्राइम ब्रांच में काम करने वाले पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन भेज दिया जाएगा। इसके बाद इन्हें थानों में पदस्थ किया जाएगा। क्राइम ब्रांच और विशेष अपराध अनुसंधन सेल को भंग करने के पीछे डीजीपी का तर्क है कि यहां भ्रष्टाचार बढ़ गया था। अपराध के अलावा जमीन के मामले में भी ये देखते थे। छोटे-छोटे मामलों में भी आम आदमी को परेशान किया जाता था।
प्रदेश में सीआईडी को करेंगे मजबूत
डीजीपी प्रदेश में सीआईडी को मजबूत करने पर जोर दे रहे हैं। अब इसमें तेज-तर्रार लोग काम करेंगे जो बड़े से बड़े अपराधों का खुलासा जल्द से जल्द करेंगे।
भोपाल/ होशंगाबाद/इंदौर. उत्तर भारत में जारी रिकॉर्ड तोड़ बर्फबारी का असर राजधानी भोपाल समेत पूरे मध्यप्रदेश में दिखाई दे रहा है। तापमान में लगातार दूसरे भी गिरावट जारी रही। बैतूल प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, यहां बीती रात न्यूनतम तापमान 2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि खजुराहो में 3 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में लगातार दूसरे दिन तापमान में गिरावट आई और ये 4.9 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल में 10 साल का रिकॉर्ड टूट गया, इतनी कम तापमान कभी नहीं रहा। वहीं इंदौर में न्यूनतम पारा 2.2 गिरकर 7.2 डिग्री पर पहुंच गया। शुक्रवार सुबह से शीतलहर ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि नए साल के शुरुआती दिनों में शाम से सुबह तक शीतलहर और कड़ाके की ठंड पड़ेगी। इसकी खास वजह यह है कि ठंड के लिए जरूरी माने जाने वाले वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर यहां पर भी पड़ सकता है। इसका असर दो दिन पहले से दिखने लगा है। बीती रात को भोपाल में 10 साल का सबसे कम पारा 4.9 डिग्री दर्ज किया गया। ये सामान्य से 5 डिग्री कम है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री लुढ़ककर 8.4 रिकॉर्ड किया गया। जबकि मंगलवार को तापमान 12.3 तक पहुंच गया था। जबकि भोपाल में दिन का तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है। यहां शाम को ठंड और सुबह से धूप खिली हुई है।
31 दिसंबर तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना : मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरी भारत में बर्फबारी के कारण मालवा सहित प्रदेश में ठंड बढ़ी है। 31 दिसंबर तक मौसम ऐसा ही रहेगा। रात का तापमान 6 से 7 डिग्री तक जा सकता है। बैतूल में 2 डिग्री पहुंच गया, यहां पर खेतों में ओस की बूंदे भी जम गईं। ये सामान्य से 5.4 डिग्री कम है। वहीं, शहर का अधिकतम तापमान 22.0 रिकॉर्ड किया गया।
भोपाल. मुख्यमंत्री कमलनाथ ने रायसेन और शिवपुरी के करैरा में खाद लेने आए किसानों पर लाठियां चलाने के मामले में जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने डीजीपी को इस मामले की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। असल में, किसान यूरिया लेने के लिए कतार में खड़े थे, वहां पर भीड़ बढ़ने से अव्यवस्था की स्थिति बन रही थी, तभी पुलिस ने उन पर लाठियां भांजनी शुरू कर दीं। इससे कुछ किसानों को गंभीर चोंटे भी आई थीं, जिससे उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। रायसेन और करैरा में पुलिस की लाठीचार्ज की खबरें मुख्यमंत्री कमलनाथ तक पहुंचीं। इस पर कमलनाथ ने नाराज़गी जताई और डीजीपी को निर्देश दिया है कि वो तत्काल इस मामले की जांच कराएं। उन्होंने डीजीपी कहा है कि जांच करें कि किसानों पर बलप्रयोग की स्थिति क्यों बनी।क़ानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बलप्रयोग किया गया या अनावश्यक कारण से लाठियां चलाई गईं। अगर अनावश्यक बलप्रयोग किया गया है तो दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। बता दें कि मुख्यमंत्री कमलनाथ पहले ही कह चुके हैं कि ये किसान हितैषी सरकार है। प्रशासन से उन्होंने कहा है कि सरकार किसानों का दमन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ये बीजेपी सरकार नहीं है, जिसमें किसानो के सीने पर गोलियां दाग़ी गयी थीं।
केंद्र सरकार ने बढ़ाया मध्य प्रदेश का कोटा
मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ के प्रयासों के बाद से केंद्र सरकार ने मध्यप्रदेश के यूरिया कोटा का आवंटन बढ़ा दिया है। प्रदेश को जनवरी महीने में अब 2.52 लाख मीट्रिक यूरिया मिलेगा।
करेरा में किसान का आरोप : पुलिस ने हमें पीटा
जिला अस्पताल में भर्ती किसान मुकेश (30) पुत्र धनीराम कुशवाह निवासी चिलौद ने दैनिक भास्कर को बताया कि वह सुबह 8 बजे से लाइन में लगा था। दोपहर 12 बजे जैसे ही ट्रक आया तो सभी लोगों ने खाद की मांग की। वहां पुलिस खड़ी थी। पुलिस ने हमें ही डंडों से पीटा जिससे मेरी अंगुली और पैरों के पास चोट आई है।
थाना प्रभारी की सफाई : भीड़ में दबने से आई किसान को चोट थाना प्रभारी राकेश शर्मा का कहना है कि वे मौके पर पहुंचे तो भीड़ बहुत थी। वहां लाइन तोड़कर किसान आगे पीछे हो रहे थे। हम जब वहां पहुंचे, तब एक किसान भीड़ में दबा था। इसी कारण उसे चोट आई। पुलिस ने कोई लाठीचार्ज नहीं किया। घायल किसान को इलाज के लिए हमने अस्पताल भिजवाया गया है।
मेलबर्न. भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे तीसरे टेस्ट में शुक्रवार को गेंदबाज हावी रहे। मैच के तीसरे दिन कुल 15 विकेट गिरे, जबकि बल्लेबाज 197 रन ही बना पाए। सबसे ज्यादा आठ विकेट तीसरे सत्र में गिरे, जबकि इस दौरान महज 60 रन बने। पहले सत्र में चार विकेट गिरे थे और 81 रन बने थे। वहीं दूसरे सत्र में 56 रन बने, तीन विकेट गिरे। तीसरे दिन का खेल खत्म होने के समय भारत के दूसरी पारी में पांच विकेट गिर चुके थे, जबकि उसके खाते में 54 रन ही जुड़े थे। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 151 रन पर ऑलआउट हुई। वह फॉलोऑन नहीं बचा पाया। हालांकि, भारत ने उसे फॉलोऑन देने की बजाय बल्लेबाजी का फैसला किया।
भारत 346 रन आगे, पांच विकेट शेष
पहली पारी के आधार पर भारत इस मैच में 346 रन की लीड ले चुका है। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 33 रन देकर छह विकेट लिए। यह उनके करियर का बेस्ट प्रदर्शन है। वहीं, रविंद्र जडेजा ने दो और इशांत शर्मा और मोहम्मद शमी ने एक-एक खिलाड़ी को पवेलियन भेजा। ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान टिम पेन और मार्क्स हैरिस ने सबसे ज्यादा 22-22 रन बनाए। उनके अलावा उस्मान ख्वाजा ने 21, शॉन मार्श ने 19, ट्रैविस हेड ने 20 और पैट कमिंस ने 17 बनाए। उसके पांच खिलाड़ी दहाई के अंक तक नहीं पहुंच पाए। दो खिलाड़ी शून्य पर पवेलियन लौटे।
बुमराह ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, द. अफ्रीका में पांच विकेट लेने वाले पहले एशियाई
जसप्रीत बुमराह एक कैलेंडर ईयर में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका में पांच या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले पहले एशियाई गेंदबाज हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान जोहानेसबर्ग टेस्ट में 54, इंग्लैंड सीरीज के ट्रेंट ब्रिज टेस्ट में 85 देकर पांच-पांच विकेट लिए थे। बुमराह का अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट में यह पहला साल है। उन्होंने इस साल जनवरी में केपटाउन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच खेलकर अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी।
बुमराह ने दिलीप दोषी का रिकॉर्ड तोड़ा
बुमराह अपने टेस्ट करियर के पहले ही साल में अब तक 45 विकेट ले चुके हैं। वे टेस्ट करियर के पहले साल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय बन गए हैं। उनसे पहले यह रिकॉर्ड दिलीप दोषी के नाम था। बाएं हाथ के स्पिनर दिलीप दोषी ने 1979 में टेस्ट करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने उस साल 40 विकेट लिए थे। इस सूची में वेंकटेश प्रसाद तीसरे स्थान पर हैं। 1996 में अपना टेस्ट करियर शुरू करने वाले वेंकटेश ने उस साल 37 विकेट लिए थे।
भारत ने 4 रन पर 4 विकेट गंवाए
दूसरी पारी में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम के खाते में 28 रन ही जुड़े थे कि हनुमा विहारी आउट हो गए। उनके खाते में 13 रन ही जुड़े थे। उनकी जगह चेतेश्वर पुजारा ने ली। हालांकि, पहली पारी में शतक लगाने वाले पुजारा इस बार खाता भी नहीं खोल पाए। भारत आठ गेंद के अंतराल में दो विकेट गंवा चुका था, जबकि उसके खाते में एक भी रन नहीं जुड़ा था। इसके बाद क्रीज पर आए कोहली भी बिना खाता खोले आउट हुए। तीनों विकेट पैट कमिंस ने लिए। विराट की जगह अजिंक्य रहाणे भी कुछ खास नहीं कर पाए। उन्होंने एक रन बनाकर पवेलियन की राह पकड़ी। उन्हें भी कमिंस ने आउट किया। भारत का पहला विकेट 13वें ओवर की आखिरी गेंद और चौथा विकेट 17वें ओवर की पहली गेंद पर गिरा। इस दौरान उसके खाते में सिर्फ चार रन जुड़े।
ऑस्ट्रेलिया की खराब शुरुआत
भारत ने अपनी पहली पारी 443/7 के स्कोर पर घोषित की थी। ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में शुरुआत अच्छी नहीं रही। तीसरे दिन इशांत शर्मा ने अपने तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर एरॉन फिंच को आउट कर मेजबान टीम को पहला झटका दिया। फिंच अपने कल के स्कोर में पांच रन ही और जोड़ पाए और आठ के निजी स्कोर पर पवेलियन लौटे। उस समय टीम का स्कोर 24 रन ही था। टीम के खाते में 12 रन और जुड़े थे कि मार्क्स हैरिस भी जसप्रीत बुमराह का शिकार बन गए। उन्होंने 22 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने लंच से पहले उस्मान ख्वाजा और शान मार्श के रूप में दो विकेट और गंवाए। चायकाल तक उसका स्कोर 63 ओवर में सात विकेट पर 145 रन था। इसके बाद उसके तीन विकेट सिर्फ 3.5 ओवर में गिर गए। उसके खाते में सिर्फ छह रन जुड़े।
पहला विकेट : इशांत शर्मा की इस गेंद को एरॉन फिंच ने लेग साइड में खेलना चाहते थे, लेकिन गेंद उनके बल्ले से लगकर ऊंची उठ जाती है और मयंक अग्रवाल ने अपनी बाईं ओर छलांग लगाते हुए शानदार कैच पकड़ लिया।
दूसरा विकेट : बुमराह ने पारी का 14वां ओवर फेंका। हैरिस ने दूसरी गेंद पर चौका जड़ा। अगली गेंद पर हुक करने की कोशिश की, लेकिन लॉन्ग लेग बाउंड्री पर इशांत शर्मा ने उनका कैच पकड़ लिया।
तीसरा विकेट : मेजबान टीम ने तीसरा विकेट इनफॉर्म बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा के रूप में खोया। वे रविंद्र जडेजा की गेंद पर शॉर्ट लेग पर खड़े मयंक अग्रवाल के हाथ में कैच दे बैठे।
चौथा विकेट : ख्वाजा के आउट होने के बाद शॉन मार्श और ट्रैविस हेड ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन बुमराह ने इस साझेदारी को 36 रन से आगे नहीं जाने दिया। लंच से पहले की आखिरी गेंद पर बुमराह ने मार्श को एलबीडब्ल्यू कर दिया।
पांचवां विकेट : लंच के बाद ऑस्ट्रेलिया के खाते में तीन रन ही और जुड़े थे कि बुमराह ने हेड को पवेलियन की राह दिखा दी। 142 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से फेंकी गई यह गेंद क्रीज से काफी बाहर जाती हुई लग रही थी, लेकिन बाद में स्विंग हुई और स्टम्प्स उखाड़ गई।
छठा विकेट : हेड के आउट होने के बाद टिम पेन क्रीज पर आए। हालांकि, वे मिशेल मार्श के साथ मिलकर 10 रन ही जोड़ पाए थे कि जडेजा ने इस साझेदारी को तोड़ दिया। जडेजा की अंदर आती गेंद को खेलने के चक्कर में मिशेल पहली स्लिप पर खड़े अंजिक्य रहाणे को कैच थमा बैठे।
सातवां विकेट : ऑस्ट्रेलिया का छठा विकेट 102 के स्कोर पर गिरा था। इसके बाद पैट कमिंस और कप्तान टिम पेन ने 7वें विकेट के लिए 36 रन जोड़ लिए थे। लग रहा था कि दोनों टीम का स्कोर 200 के आसपास पहुंचा देंगे, तभी मोहम्मद शमी की एक गुड लेंथ गेंद बाहर की ओर टप्पा पड़ने के बाद विकेट में घुस गई और कमिंस बोल्ड हो गए।
आठवां विकेट : चायकाल के बाद दूसरा ओवर बुमराह ने फेंका। उन्होंने ओवर की तीसरी गेंद पर पेन का विकेट लिया। बुमराह की यह गेंद पेन के बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए विकेट के पीछे ऋषभ पंत के ग्लब्स में पहुंच गई।
नौवां विकेट : बुमराह ने अपने अगले ओवर की दूसरी गेंद पर नाथन लियोन को पवेलियन भेजा। उन्होंने लियोन को एलबीडब्ल्यू किया। लियोन खाता भी नहीं खोल पाए।
दसवां विकेट : इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर बुमराह ने जोश हेजलवुड का विकेट चटकाया। बुमराह की यह गेंद फुल इनस्विंगर थी। हेजलवुड ने इसे पीछे से खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनका विकेट उखाड़ गई। वे खाता भी नहीं खोल पाए।
2022 तक भेजा जाएगा गगनयान मिशन, 7 दिन स्पेस में रह सकेंगे भारतीय एस्ट्रोनॉट
भारत इस मिशन में सफल हुआ तो ऐसा करने वाला चौथा देश होगा
राकेश शर्मा 1984 में अंतरिक्ष यात्रा करने वाले पहले भारतीय थे, लेकिन मिशन रूस का था
नई दिल्ली। पहले भारतीय गगनयान मानव मिशन के लिए मंत्रिमंडल ने 10 हजार करोड़ रुपए के बजट को मंजूरी दी है। केंद्रीय विधि मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि इस अभियान के तहत 3 एस्ट्रोनॉट को 7 दिनों के लिए अंतरिक्ष में भेजा जाएगा। इससे पहले 1984 में राकेश शर्मा अंतरिक्ष यात्रा करने वाले पहले भारतीय थे, लेकिन यह रूस का मिशन था।
मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर किया था ऐलान
गगनयान कार्यक्रम के तहत 3 क्रू मेंबर्स को 7 दिनों के लिए अंतरिक्ष में भेजा जाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर इस अभियान का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था- 2022 में आजादी के 75 साल पूरे होने से पहले भारत अंतरिक्ष में मानव मिशन के साथ गगनयान भेजेगा।
इसरो चेयरमैन के. सिवन ने भास्कर के साथ बातचीत में कहा था- गगनयान के लिए डिजाइन तैयार हो चुका है। अभी हम अपनी क्षमताओं के आकलन में लगे हैं। समूचे सिस्टम को अधिक से अधिक स्वदेशी बनाएंगे।
इसरो गगनयान के लिए आंध्रप्रदेश के श्रीहरिकोटा स्पेस पोर्ट पर अपना सबसे बड़ा रॉकेट जीएसएलवी मार्क 3 स्थापित करना चाहता है। इसके जरिए 3 अंतरिक्ष यात्रियों को स्पेस में भेजा जाएगा।
स्पेस एजेंसी अपनी इस योजना को अगले 40 महीनों के भीतर खत्म करना चाहती है। शुरुआती चरणों के दौरान एजेंसी पहले दो मानव रहित अंतरिक्ष यान भेजना चाहती है। इसके बाद मानवयुक्त अंतरिक्ष यान भेजने की योजना है, जो 5-7 दिनों तक पृथ्वी की निचली कक्षा में रहेंगे।
चेयरमैन के सिवन ने कहा- 2022 तक गगनयान की डेडलाइन है। यह बेहद कसा हुआ कार्यक्रम है, लेकिन इसरो इसे हर हाल में तय सीमा के भीतर अंजाम देगा। इस मिशन के दौरान अंतरिक्ष में भेजे जाने वाले अंतरिक्षयात्रियों को व्योमनॉट्स कहा जाएगा। यह शब्द संस्कृत के व्योमÓ से लिया गया है, जिसका अर्थ अंतरिक्ष है
शहर के बीच कॉलोनी में हाथियों के घुसने के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग और पुलिस की टीम
एसईसीएल मानिकपुर कॉलोनी की नर्सरी में पहुंची मादा हाथी अपने बच्चों के साथ
वन विभाग की टीम पहुंची, हाथियों के दल को बाहर निकालने की मशक्कत जारी
काेरबा. जंगल से भटक कर पहली बार शहर में हाथियों का दल अंदर घुस आया है। एसईसीएल की मानिकपुरी कॉलोनी की नर्सरी में मादा हाथी अपने तीन बच्चों के साथ मंगलवार रात आ धमकी है। इसके चलते लोगों में दहशत है। सूचना मिलने पर बुधवार सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची है। वहां अभी भी हाथियों को बाहर जंगल की ओर निकालने की मशक्कत जारी है।
ट्रैफिक कंट्रोल को पुलिस से मांगी गई सहायता
जानकारी के मुताबिक, शहर में पहली बार जंगली हाथियों का दल घुसा है। नाटीखार जंगल होते हुए सोमवार त दादर खुर्द बस्ती पहुंचा, वहां से मंगलवार त एसईसीएल की मानिकपुर कॉलोनी ,पुरानी पोखरी के पास घूमता रहा। इसके बाद सुबह बीच शहर गर्ल्स कॉलेज के पीछे, हेलीपैड के पास झाड़ियों में हाथी डेरा डाले हुए हैं।
दरअसल एक मादा हाथी और एक शावक रात 9 बजे कॉलोनी के भीतर देखे गए थे। पुरानी देसी शराब भट्टी के आगे बाजार के पास से कॉलोनी जाने वाले मार्ग पर हाथियों को देखे जाने से स्थानीय लोगों में दहशत है। रात को ही लोग घरों से बाहर निकल आए और वन विभाग को सूचना दी।
हाथियों के कॉलोनी में घुसने के बाद लोगों में दहशत का माहौल, सड़क पर निकले।
इसके बाद से ही वन विभाग की टीम, पुलिस और एसईसीएल का सुरक्षा अमला रात से ही चौकसी बरत रहे हैं। साथ ही लोगों को सतर्क रहने की भी हिदायत दी गई है। सुबह हेलीपैड से घंटाघर तक लोगो का मजमा लगा रहा। बताया जा रहा कि हाथी जशपुर की ओर से झुंड से बिछड़ के पहुंचे हैं। मौके पर कोरबा डीएफओ एस वेंकटाचलम भी पहुंच गए हैं।
चार जंगली हाथियों के शहर के बीचों-बीच होने से वन विभाग के साथ-साथ जिला प्रशासन की भी नींद उड़ गई है। हाथियों के इस दल को शहर से वापस जंगल में खदेड़ने के लिए वन विभाग की ओर से पुलिस की भी सहायता ली जा रही है। वहीं शहर की ट्रैफिक को कंट्रोल करने के लिए भी सहायता मांगी है, ताकि सुरक्षित तरीके से बगैर जनहानि के हाथियों को जंगल में खदेड़ा जा सके।
अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष बोले-उद्योगपतियों के गुलाम, किसानों के लिए पैसे नहीं
किसानों की कर्जमाफी, टाटा से अधिगृहित जमीन लौटाने पर प्रदेश सरकार की तारीफ की
रायपुर. अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष प्रवीण भाई तोगड़िया ने केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार माल्या और नीरव मोदी जैसे उद्योगपतियों की है। मुठ्ठीभर उद्योगपतियों के गुलाम बन गए हैं। किसानों के लिए उनके पास पैसे नहीं हैं। वहीं तोगड़िया ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार की तारीफ की।
बनाएंगे राजनीतिक दल, लोकसभा में सभी सीटों पर लड़ेगी चुनाव
दो दिवसीय प्रदेश दौरे पर रायपुर आए परिषद के अध्यक्ष तोगड़िया ने बुधवार को किसानों के कर्ज माफी और समर्थन मूल्य 2500 रुपए दिए जाने पर प्रदेश सरकार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय किसान परिषद के नेतृत्व में भाजपा सरकार के समय जगदलपुर से रायपुर तक 300 किमी की पदयात्रा का नतीजा है कि छत्तीसगढ़ सरकार ने टाटा को लोहंडीगुडा में किसानों की अधिग्रहित जमीन वापस देने का फैसला लिया।
उन्होंने कहा कि टाटा के 18 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट में किसान को सिर्फ 40 करोड़ दिए गए थे। भाजपा के शासन में किसानों से लूट थी। गुजरात में टाटा को नैनो कार का प्लांट लगाने जमीन और 20 हजार करोड़ आधे प्रतिशत में ब्याज पर भाजपा सरकार ने कर्ज दिया था। छत्तीसगढ़ कि तरह गुजरात में भी नैनो के लिए अधिग्रहित जमीन वापस किसान को दी जानी चाहिए।
तोगड़िया ने कहा कि किसानों की जमीन उद्योगों के लिए अधिग्रहण के विरोध में 28 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। किसानों की गेंहू और धान का देश भर में 2500 रुपए समर्थन मूल्य लागू होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने कुछ उद्योगपतियों का 2.41 हजार करोड़ रुपए कर्ज माफ किया गया।
बैंक को 4 लाख रुपए करोड़ दिए गए, लेकिन किसान के लिए पैसा नहीं है। मुट्ठी भर उद्योगपति के गुलाम बन गए हैं। वालमार्ट को अनुमति देकर छोटे व्यापारी को नुकसान कर रहे हैं। जनवरी के आखिरी और फरवरी के पहले सप्ताह राजनीतिक पार्टी का ऐलान करूंगा जो सभी लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी।
इंदौर. मंगलवार को टीम कमलनाथ में 28 विधायकों के मंत्री पद की शपथ ग्रहण लेने के बाद कुछ विधायकों में नाराजगी देखी जा रही है। बुधवार को जयस (जय आदिवासी युवा शक्ति संगठन) प्रमुख और मनावर से कांग्रेस के विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने मुख्यमंत्री कमलनाथ पर वादा-खिलाफी का आरोप लगाया है। अलावा ने कहा- भाजपा सरकार को सत्ता से दूर करने के लिए हमने कड़ी मेहनत की है। हमें सरकार में भागीदारी दी जाना चाहिए।
इसके बारे में राहुल गांधी से बात करूंगा, इसके बाद आगे क्या करना है इस पर फैसला लिया जाएगा। अलावा ने कहा - चुनाव से पहले कमलनाथ ने उनसे सरकार बनने पर मंत्रिमंडल में शामिल करने का वादा किया था। उन्हें ये नहीं भूलना चाहिए की प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने में आदिवासियों ने कितना योगदान दिया है।
चुनाव से पहले राहुल गांधी से बात हुई थी, जिसके बाद जयस ने कांग्रेस का साथ दिया और मैं कांग्रेस की ओर से मैदान में उतरा। हम तो 80 विधानसभा सीट पर अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी में थे, लेकिन कांग्रेस के आश्वासन के बाद हमने ऐसा नहीं किया। अलावा ने कहा - शिवराज सरकार को चौथी बार सत्ता में आने देने का सवाल ही नहीं उठता, क्योंकि हमने शिवराजजी के समक्ष अपनी कुछ मांगें रखी थीं, जिसे उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया था। जो सरकार आदिवासियों के हित के लिए काम नहीं कर रही थी, उसे तो हमें खारिज करना ही था। कांग्रेस ने हमारी बात मानी और हमें सरकार में शामिल करने का आश्वासन भी दिया था।
मंत्री को हराया था : धार जिले की मनावर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीते हीरालाल अलावा ने पहले जयस के टिकट पर चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। उन्होंने प्रदेश के आदिवासी बाहुल्य जिलों में प्रत्याशी उतारने की बात कही थी। हीरालाल की इस घोषणा के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने उनसे मुलाकात कर उन्हें मनावर से कांग्रेस का उम्मीदवार बनाया था। हीरालाल ने भाजपा की बड़ी नेता और प्रदेश सरकार में मंत्री रंजना बघेल को शिकस्त दी है।
अलावा ने ट्वीट के जरिए भी जताई थी नाराजगी : जयस प्रमुख और मनावर से कांग्रेस के विधायक डॉ. हीरा अलावा ने मंत्रिमंडल गठन से पहले एक ट्वीट कर सरकार में शामिल नहीं करने को लेकर नाराजगी जताई थी। उन्होंने लिखा था- जयस ने मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने में बड़ी भूमिका निभाई है। वादे के मुताबिक जयस की भागीदारी सरकार में होनी चाहिए, जयस को अनदेखा करना कांग्रेस की बड़ी भूल होगी।
भोपाल. मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कैबिनेट की पहली ही बैठक में साफ कर दिया है कि वचन पत्र के सभी बिंदुओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। उन्होंने मंत्रियों को साफ कर दिया है कि वह अधिकारियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर काम करेंगे। सरकार में लापरवाही और सुस्ती के प्रति जीरो टॉलरेंस रहेगा। जनसेवा सरकार का प्राथमिक दायित्व है।
वल्लभ भवन मंत्रालय में मंत्री परिषद और अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा- सभी विभाग समयबद्ध कार्ययोजना बना लें। मुझे किसी तरह की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। अगर शिकायत मिली तो अफसर को हटाने के अलावा कोई विकल्प नहीं होगा। नए नजरिए के साथ व्यवस्था को देखें, जहां भी परिवर्तन और नवाचार जरूरी हैं, उन पर अमल करें। इसके साथ ही हर कैबिनेट में एक विभाग को प्रेजेंटेशन देना होगा। गुरुवार को होने वाली कैबिनेट की बैठक में कृषि विभाग का प्रेजेंटेशन देखा जाएगा।
विभाग के संचालन की जिम्मेदारी विभाग के मंत्री की : मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि जनहित के कार्य बिना किसी हीला-हवाली के त्वरित हों। नियमानुसार होने वाले कार्य नियमित कार्यप्रणाली से ही हों, ये सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री के समक्ष केवल ऐसे विषय लाए जाएं, जो नियमित व्यवस्था में नहीं हो सकते। विभाग के संचालन का दायित्व विभागीय मंत्री का होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा- जनसेवा सरकार का प्राथमिक दायित्व है। हालांकि ये बैठक अनौपचारिक थी। इसका कोई एजेंडा नहीं रखा गया था। गुरुवार को फिर से कैबिनेट की मीटिंग रखी गई है, जिसमें एजेंडे के साथ ही विभागवार प्रेजेंटेशन भी दिए जाएंगे। बैठक से पहले मुख्यमंत्री कमलनाथ और मंत्री मिंटो हॉल गए, जहां पर वह महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई।