छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ (21107)

 प्रदेश के आबकारी जिले के प्रभारी मंत्री श्री कवासी लखमा ने आज नगरी विकासखण्ड के ग्राम सेमरा से बोकराबेड़ा मार्ग पर महानदी पर 3 करोड़ 30 लाख रूपए की लागत से निर्मित 185 मीटर लम्बे वृहत् पुल का लोकार्पण किया। उन्होंने ग्राम पंचायत सेमरा में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत ग्रामीणों को चेक, कृषि यंत्र भी वितरित किए। कार्यक्रम में सिहावा विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव, जनपद पंचायत नगरी के अध्यक्ष श्री अशोक सोम सहित क्षेत्र के वरिष्ठ जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

        प्रभारी मंत्री श्री लखमा ने सेमरा-बोकराबेड़ा सम्पर्क मार्ग में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (सेतु निगम) के द्वारा तैयार किए गए वृहत् पुल का लोकार्पण कर ग्रामीणों को बधाई दी। साथ ही नवनिर्मित पुल का निरीक्षण व अवलोकन भी किया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने कृषि विभाग की ओर से श्रमिक दक्षता उन्नयन योजना के तहत क्षेत्र के समूह के नौ किसानों को पॉवर स्प्रेयर, नैपसेक स्प्रेयर, क्रोनोफीडर, हंसिया, सीड ट्रीटिंग ड्रम, सीड ड्रिल तथा मेज सेलर वितरित किए गए। इसी तरह आत्मा योजनांतर्गत सुगंधित धान प्रदर्शन हेतु किसान को धान बीज प्रदाय किया गया। विभिन्न स्वसहायता समूहों की महिलाओं को चेक भी बांटे और अशोक का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। 

        सिहावा विधायक डॉ. ध्रुव और जनपद पंचायत नगरी के अध्यक्ष श्री सोम ने भी संबोधित किया। प्रभारी मंत्री ने ग्राम भीतररास स्थित शीतला माता के स्वयंभू मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की तथा प्रदेशवासियों की प्रगति व खुशहाली के लिए आशीर्वाद मांगा। इस अवसर पर कलेक्टर श्री रजत बंसल, एस.पी. श्री बालाजी राव, एसडीएम नगरी श्री सुनील शर्मा सहित जिले व क्षेत्र के वरिष्ठ जनप्रतिनिधिगण के अलावा काफी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

स्व.श्री बी.आर.यादव प्रतिमा अनावरण समारोह में आज मुख्यमंत्री ने वाई-फाई सेवा लांच कर शहरवासियों को समर्पित किया। इसके साथ ही उन्हांेने नगर-निगम बिलासपुर एवं स्मार्ट सिटी द्वारा तैयार किया गया बिलासपुर का अपना स्वच्छता गीत भी लांच किया। शहरवासियों को फ्री वाई-फाई सेवा नेहरू चौक, स्वामी विवेकानंद उद्यान, रीव्हर व्यू रोड, मैग्नेटो मॉल के पास श्रीकांत वर्मा मार्ग, स्मृति वन, गोल बाजार, राजीव प्लाजा, टैगोर चौक से गांधी चौक, पंडित दीनदयाल उद्यान और पुलिस ग्राउण्ड में मिलेगी।

यूनिवर्सिटी की वेबसाइट में गड़बड़ी, पीजी कॉलेज में मनमाना विषय चुनने के 150 से ज्यादा मामले
फर्स्ट ईयर में विज्ञान और गणित समूह के छात्रों के लिए विषय के विकल्प के साथ ग्रुप ही नहीं दिए गए हैं इस बार
जगदलपुर.  बस्तर यूनिवर्सिटी के तहत आने वाले कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया से लेकर फर्स्ट ईयर में सब्जेक्ट चुनने की पूरी प्रक्रिया के बाद पीजी कॉलेज प्रशासन सकते में है। पहले बीयू ने दाखिले के लिए 30 जून तक समय निर्धारित किया। जिसके बाद पीजी कॉलेज ने 26 जून को ही फाइनल लिस्ट जारी कर दी। इस बीच एक नया खुलासा यह हुआ है कि बीयू की वेबसाइट ही गलतियों से भरी पड़ी है। इस गलतियों का असर कॉलेज और छात्रों के दाखिले की प्रक्रिया पर पड़ रहा है।
दाखिले के लिए 30 जून तक समय निर्धारित किया विवि ने, सेकेंड व फाइनल ईयर के लिए ऑफलाइन दाखिले की तैयारी
यूनिवर्सिटी के अंतर्गत आने वाले कॉलेजों में फर्स्ट ईयर का दाखिला लेने वाले छात्रों ने बताया कि उनसे दाखिले के लिए बीयू के वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने कहा गया था। इस प्रक्रिया के दौरान छात्रों को विषय का चयन करने को कहा गया और ऑप्शन में क्रमवार करीब 20 से ज्यादा सब्जेक्ट की लिस्ट उपलब्ध करवाई गई। जबकि सब्जेक्ट की लिस्ट क्रमवार न होकर समूह में होनी चाहिए थी। हर संकाय के छात्रों के लिए अलग-अलग विषय समूह के अनुसार उपलब्ध होने थे।
वेबसाइट में ऐसी कोई व्यवस्था भी नहीं है कि छात्रों को यह पता चल सके कि वे जिस संकाय में प्रवेश ले रहे है उनमें सब्जेक्ट के कौन-कौन से ग्रुप हैं और कैसे सब्जेक्ट चुनने हैं। इस व्यवस्था के न होने से गणित संकाय के कई छात्रों ने अपनी सुविधानुसार मनोविज्ञान और इतिहास विषय भी जोड़ लिया हैं। इसी तरह कई छात्रों ने भू विज्ञान के साथ फारेस्ट्री जैसे विषय ले लिए हैं, जबकि इनका कोई समूह ही नहीं है। वेबसाइट और छात्रों की गलती के चलते अब प्रवेश के लिए फिर से मैनुअल स्क्रूटनी करनी पड़ रही है।
जिम्मेदार बोले- छात्रों को घर से ढूंढ़कर ठीक करवाएंगे
वेबसाइट में सब्जेक्ट के ग्रुपिंग की व्यवस्था नहीं होने से अकेले पीजी कॉलेज में दाखिला लेने वाले 150 से ज्यादा छात्रों ने गलती की है। वेबसाइट के चलते हुए गलती की जानकारी जब यूनिवर्सिटी तक कॉलेज प्रबंधन ने पहुंचाई और दिशा निर्देश मांगा तो वहां से कह दिया गया कि गलतियों को ऑफलाइन प्रक्रिया के तहत सुधारा जाए और इसके लिए तत्काल छात्रों को उनके फोन नंबर या पते के आधार पर ढूंढ़कर कॉलेज बुलाकर सुधार करते हुए प्रवेश प्रदान किया जाए।
गड़बड़ी चेक करवाता हूं
सब्जेक्ट के ग्रुपिंग की व्यवस्था वेबसाइट में करवाई गई है लेकिन यदि यह ऑप्शन छात्रों को वेबसाइट में कैसे नहीं मिला इसे चेक करवा लेता हूं। छात्रों के दाखिले पर सब्जेक्ट की गलती का असर नहीं पड़ने दिया जाएगा उनके लिए जो सही और बेहतर व्यवस्था होगी वह करवा दी जाएगी।
प्रो. शैलेंद्र कुमार, कुलपति बस्तर यूनिवर्सिटी

फरसगांव क्षेत्र के एक गांव की किशोरी पड़ोस के गांव में गई थी शामी में शामिल होने
गांव का ही परिचित युवक घर छोड़ने के बहाने स्कूटी में बिठकर ले गया जंगल में
जशपुरनगर.  शादी समारोह में शामिल होने आई 13 वर्षीया एक किशोरी को घर छोड़ने के बहाने एक परिचित ने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर गैंगरेप किया। इसके बाद किशोरी को स्कूटी में बिठाकर शादी वाले घर में छोड़ गया। यहां पर सहमी और रोती हुई किशोरी को देख एक अन्य युवक ने सहानुभूति दिखाई और फिर घर छोड़ने के बहाने साथ ले जाकर दुष्कर्म किया। परिजनों की शिकायत के बाद फरसगांव थाना पुलिस ने शनिवार को पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
चार दोस्तों संग मिलकर किया दुष्कर्म, रोती लड़की को सहानुभूति जता फिर एक लड़के ने किया रेप
जानकारी के मुताबिक, फरसाबहार थानाक्षेत्र के एक गांव की 13 वर्षीय लड़की पड़ोस के गांव में विवाह समारोह में शामिल होने के लिए गुरूवार रात को गई थी। रात बहुत होने पर परिचित अतुल केरकेट्‌टा (22) ने उसे स्कूटी से घर छोड़ने की बात कही। स्कूटी पर किशोरी को बिठाकर आरोपी अतुल सोनाजोरी नाले के पास जाकर रुक गया। वहां लड़की को नाले के नीचे ले गया। इसी दौरान अतुल के दोस्त उदित टोप्पो (26), आशीष तिर्की (26), आशित तिर्की (19)  भी पहुंच गए। चारों लड़कों ने लड़की से दुष्कर्म किया।
इसके बाद आरोपी अतुल लड़की को स्कूटी में बिठाकर वापस फिर विवाह समारोह में छोड़ आया। शादी वाले घर पर डरी सहमी लड़की को बैठे देख गांव के ही सौरभ केरकेट्‌टा (19) ने बातचीत की तो उसने पूरी घटना बता दी। इस पर सौरभ ने किशोरी के साथ हमदर्दी जताई और उसे घर छोड़ आने की बात कही। सौरभ लड़की को अपनी बाइक पर घर छोड़ने के बहाने बरगद के एक पेड़ के पास ले गया। यहां सौरभ ने भी लड़की के साथ अनाचार किया। सुबह घर जाकर लड़की ने पूरी घटना अपने मां-बाप को बताई।
मामला बेहद संवेदनशील था। हमने सूचना मिलने के बाद तत्काल धर पकड़ की कार्रवाई शुरू कर दी। आरोपियों के घरों में दबिश दी गई। तीन आरोपी अपने घर पर मिल गए और दो फरार हो गए। साइबर सेल की मदद से उनके मोबाइल का लोकेशन ट्रेस कर उन्हें भी पकड़ लिया गया।
जोगेन्द्र साहृू थाना प्रभारी, फरसाबहार

कोंडगांव जाने वाले नेशनल हाईवे 30 पर देर रात फरसगांव के पास हुआ हादसा
आमने-सामने से टकराए दोनों वाहन, दो घायलों की हालत गंभीर, रायपुर रेफर
कांकेर. छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में शनिवार देर रात हुए हादसे में स्कार्पियो सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल हुए हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर है। उन्हें रायपुर रेफर किया गया है, जबकि एक घायल का उपचार फरसगांव में ही चल रहा है। तीनों युवक जगदलपुर के रहने वाले थे। हादसा कोंडागांव जाने वाले नेशनल हाईवे पर फरसगांव के पास हुआ। तेज रफ्तार स्कार्पियो सामने से आ रही यात्री बस से जा भिड़ी।
शादी समारोह में शामिल होने के लिए कोरबा जा रहे थे स्कार्पियो सवार
जानकारी के मुताबिक,  जगदलपुर निवासी तीन युवक सतीश साव, पिंकू चौहान, मनोज कुमार, टीनू टेकान और कुलमन एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए स्कार्पियो से कोरबा जा रहे थे। देर रात करीब 2 बजे अभी यह लोग नेशनल हाईवे 30 पर फरसगांव में चिचारीनाला के पास पहुंचे ही थे कि सामने से यात्रियों को रायपुर से लेकर बीजापुर जा रही महिंद्र बस से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में सतीश साव, पिंकू चौहान और मनोज कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि टीनू टेकाम और कुलमन गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं एक अन्य युवक रितेश पटेल भी घायल हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शवों को मोर्चरी में रखवाया है। वहीं टीनू और कुलमन की हालत गंभीर देख उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर कर दिया गया। जबकि रितेश पटेल का उपचार फरसगांव के अस्पताल में चल रहा है।

मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत राज्य में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में वर्ष 2019-20 में कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिए वर्गवार मेरिट सूची से चयनित विद्यार्थियों की द्वितीय काऊंसिलिंग के लिए 6 और 7 जुलाई की तिथि निर्धारित की गई है। चयनित विद्यार्थियों की वर्गवार मेरिट सूची विभागीय वेबसाइट ट्राइबल डाट सीजी डाट जीओवी डाट इन ( www.tribal.cg.gov.in ) पर प्रदर्शित कर दी गई है। चयन सूची संबंधित जिले के सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय से भी प्राप्त की जा सकती है। काऊंसिलिंग की जारी वर्गवार मेरिट सूची में यदि किसी अभ्यर्थी को आपत्ति हो तो वे अपना अभ्यावेदन संवर्ग की काऊंसिलिंग तिथि में संबंधित दस्तावेज सहित प्रस्तुत कर सकते है। काऊंसिलिंग के लिए गठित समिति द्वारा इस पर निर्णय लिया जाएगा। नक्सल हिंसा से सीधे प्रभावित परिवारों के बच्चों को इसमें सीधे प्रवेश दिया जाएगा। प्रभावित परिवार के बच्चों को इस संबंध में पुलिस अधीक्षक का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होगा।

    प्रथम काऊंसिलिंग के बाद प्रदेश में संचालित 6 प्रयास आवासीय विद्यालयों में रिक्त कुल 200 सीटों में प्रवेश के लिए द्वितीय काऊंसिलिंग की जानी है। इसमें बालक वर्ग की 128 और कन्या वर्ग की 72 सीटें रिक्त हैं। अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए रिक्त 93 सीटों में बालक वर्ग के लिए 60 और कन्या वर्ग के लिए 33 सीटें हैं। अनुसूचित जाति वर्ग के लिए रिक्त 50 सीटों में से बालक वर्ग के लिए 34 और कन्या वर्ग के लिए 16 सीटें हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए रिक्त 40 सीटों में से बालक वर्ग के लिए 24 और छात्राओं के लिए 16 सीटें हैं। सामान्य वर्ग के लिए रिक्त 17 सीटों में से बालकों के लिए 10 और छात्राओं के लिए 7 रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए काऊंसिलिंग की जाएंगी।

प्रयास आवासीय विद्यालय सड्डू रायपुर में अनुसूचित जाति बालक वर्ग के लिए एक सीट के अतिरिक्त वाणिज्य संकाय में अनुसूचित जाति के लिए एक सीट, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 2 और सामान्य वर्ग के लिए एक सीट रिक्त है। इसी प्रकार बिलासपुर आवासीय विद्यालय में अनुसूचित जनजाति बालक वर्ग के लिए 16, कन्या वर्ग के लिए 5, अनुसूचित जाति में बालक वर्ग के लिए 4, अन्य पिछड़ा वर्ग में बालक वर्ग के लिए एक, सामान्य बालक वर्ग के लिए 4 सीटों के अतिरिक्त विधि संकाय के लिए कन्या वर्ग के लिए अनुसूचित जनजाति की 14 सीट, अनुसूचित जाति की 6, अन्य पिछड़ा वर्ग की 5 और सामान्य वर्ग की 3 सीट रिक्त है।

दुर्ग प्रयास आवासीय विद्यालय में अनुसूचित जनजाति वर्ग के बालक और बालिका के लिए एक-एक सीट रिक्त है। अंबिकापुर के प्रयास आवासीय विद्यालय में अनुसूचित जनजाति बालक वर्ग के लिए 21, कन्या वर्ग के लिए 17, अनुसूचित जाति में बालक वर्ग के लिए 11 और कन्या वर्ग के लिए 10, अन्य पिछड़ा वर्ग में बालकों के लिए 14 और कन्याओं के लिए 7 तथा सामान्य कन्या वर्ग के लिए 2 सीटें रिक्त हैं। जगदलपुर के प्रयास आवासीय विद्यालय में अनुसूचित जनजाति बालक वर्ग के लिए 17 और कन्या वर्ग के लिए 7, अनुसूचित जाति बालक वर्ग के लिए 12 और कन्या वर्ग के लिए 6, अन्य पिछड़ा वर्ग में बालक वर्ग के लिए 7 और कन्या वर्ग के लिए 9, सामान्य बालक वर्ग के लिए 4 और कन्या वर्ग के लिए 5 तथा कांकेर के प्रयास आवासीय विद्यालय में अनुसूचित जनजाति बालक वर्ग के लिए 5 और कन्या वर्ग के लिए 3, अनुसूचित जाति बालक वर्ग के लिए 6, अन्य पिछड़ा वर्ग में बालक वर्ग के लिए 2 सामान्य बालक वर्ग के लिए 2 रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए है।
    
    आयुक्त आदिमजाति तथा अनुसूचित जाति विकास कार्यालय से प्राप्त जानकारी के तहत् वर्गवार चयनित विद्यार्थियों की काऊंसिलिंग कार्यक्रम के अनुसार-अनुसूचित जनजाति बालक की चयन सूची के सरल क्रमांक 221 से 306 तक और अनुसूचित जनजाति कन्या की चयन सूची के सरल क्रमांक 178 से 238 तक की काऊंसिलिंग 6 जुलाई को सुबह 10.30 बजे से 5 बजे तक होगी। अनुसूचित जाति बालक की चयन सूची के सरल क्रमांक 84 से 131 तक और अनुसूचित जाति कन्या की चयन सूची के सरल क्रमांक 67 से 102 तक की काऊंसिलिंग 7 जुलाई को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक होगी।     इसी प्रकार अन्य पिछड़ा वर्ग बालक की चयन सूची के सरल क्रमांक 91 से 140 तक एवं अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या की चयन सूची के सरल क्रमांक 74 से 99 तक की काऊंसिलिंग 7 जुलाई को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक और सामान्य वर्ग में बालक की चयन सूची के सरल क्रमांक 45 से 56 तक तथा सामान्य वर्ग कन्या की चयन सूची के सरल क्रमांक 37 से 48 तक की काऊंसिलिंग 7 जुलाई को दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक निर्धारित की गई है। सभी वर्गाें के विद्यार्थियों की काऊंसिलिंग रायपुर रेल्वे स्टेशन के पीछे गुढ़ियारी जनता कॉलोनी पहाड़ी चौक स्थित प्रयास कन्या आवासीय विद्यालय परिसर में आयोजित की गई है।
    
    चयनित अभ्यर्थियों को काऊंसिलिंग के समय अनिवार्य दस्तावेजों की मूलप्रतियों में कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने की अंकसूची, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) द्वारा जारी जाति प्रमाण पत्र, जिला चिकित्सा बोर्ड जारी चिकित्सा प्रमाण पत्र के साथ इन सभी की स्वसत्यापित प्रति और पासपोर्ट साईज के दो नग कलर फोटो अनिवार्य रूप से लाना होगा। काऊंसिलिंग के समय स्थानांतरण प्रमाण पत्र लाने की आवश्यकता नहीं है। प्रथम काऊंसिलिंग में अनुपस्थित छात्र-छात्राएं निर्धाति तिथि एवं समय पर द्वितीय काऊंसिलिंग में उपस्थित होते है तो उन्हें अवसर दिया जाएगा।

छत्तीसगढ़ शासन के कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी, जल संसाधन मंत्री और रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री रविन्द्र चौबे ने कहा है कि किसानों को नकली खाद, बीज और दवा बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। यह सबसे बड़ा जुर्म है। किसानों को सहकारी समितियों से खाद-बीज और ऋण लेने में कोई परेशानी न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। प्रभारी मंत्री श्री चौबे आज यहां रायपुर जिला कलेक्टोरेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में पहली बैठक लेकर जिले के अधिकारियों को शासन की मंशानुरूप और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ विकास कार्यो को अमलीजामा पहनाने को कहा ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का समुचित लाभ जनता को मिल सके।
       प्रभारी मंत्री श्री चौबे ने कहा कि रायपुर राजधानी का जिला है और उसके अनुरूप अधिकारियों को यहां पदस्थ किया गया है। इस जिले को हर क्षेत्र में एक मिशाल पेश करनी चाहिए ताकि प्रदेश के अन्य जिले इसका अनुसरण कर सके। प्रभारी मंत्री ने बैठक में बारिश पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में शहर में जल भराव की स्थिति निर्मित नही होनी चाहिए, इसके लिए नाले और नालियों की नियमित रूप से सफाई के साथ ही पानी निकासी ने लिए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाए। उन्होंने कहा कि स्कूलों के पास शराब दुकानें नही होनी चाहिए यदि कहीं है तो उसे तत्काल अन्यत्र शिफ्ट किया जाए। श्री चौबे ने राज्य सरकार की महात्वांकाक्षी सुराजी गांव योजना के तहत नरवा, गरवा, घुरूवा और बाड़ी के किए जा रहे कार्याे की समीक्षा करते हुए कहा कि गौठानों में पशुओं के लिए पर्याप्त चारे और पानी के इंतजाम हो, रायपुर शहर में घूमने वाले मवेशियों के लिए स्थलों का चयन कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चत किया जाए। बारिश के जल संग्रहण के लिए वॉटर हार्वेस्टिंग के कार्य प्राथमिकता से हो। लोग प्लास्टिक का उपयोग न करे इसके लिए समूहों के माध्यम से वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। लोगों को समय पर पेंशन और स्कूली बच्चों को पाठ्य पुस्तक व गणवेश वितरित हो।
      प्रभारी मंत्री श्री चौबे ने कहा कि सभी अधिकारी अपने निर्धारित दिवसों और समय पर कार्यालयों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहे ताकि लोगों को काम के लिए भटकना न पड़े। राजस्व कार्यालयों में लंबित बटवारा, सीमांकन और नामांकन के प्रकरणों का समय पर निराकरण सुनिश्चित हो। प्रभारी मंत्री ने कहा कि आगामी दिनों में वे स्वयं कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर लंबित आवेदनों की समीक्षा करेंगे। कलेक्टर डॉ. एस. भारतीदासन ने जिले में संचालित विकास कार्यो की जानकारी दी और उन्होंने कहा कि प्रभारी मंत्री महोदय द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप जिले में विकास कार्यो को गति प्रदान की जाएगी।
        बैठक में रायपुर दक्षिण के विधायक श्री बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर ग्रामीण के विधायक श्री सत्यनारायण शर्मा, अभनपुर के विधायक श्री धनेन्द्र साहू, रायपुर नगर निगम के महापौर श्री प्रमोद दुबे, रायपुर उत्तर के विधायक श्री कुलदीप जुनेजा, रायपुर पश्चिम के विधायक श्री विकास उपाध्याय, धरसींवा की विधायक श्रीमती अनिता योगेन्द्र शर्मा, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती शारदा देवी वर्मा, नगर निगम के आयुक्त श्री शिव अनंत तायल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. गौरव कुमार सिंह सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।  

 



रायपुर : मुख्यमंत्री और गृह मंत्री ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

 

रायपुर, 29 जून 2019

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल और गृृहमंत्री श्री ताम्रध्वज साहू ने आज सुबह  रायपुर के माना बटालियन परिसर पहुंचकर शहीदों को पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक श्री डी.एम. अवस्थी सहित सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। उल्लेखनीय है कि बीजापुर जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत केशकुतूल में कल हुए नक्सली हिंसा में सीआरपीएफ के तीन जवान शहीद हो गए थे।

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ राज्य हेतु केरोसिन आबंटन में की गई कटौती को वापस लेते हुए प्रतिवर्ष 1.53 लाख किलोलीटर केरोसिन का आबंटन देने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि इससे छत्तीसगढ़ राज्य के सभी गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से आवश्यकता अनुसार केरोसिन सुगमता से प्रदान किया जा सकेगा।
    मुख्यमंत्री ने लिखा है कि पूर्व में भी मेरे द्वारा 26 मार्च 2019 को पत्र लिखकर आपसे आग्रह किया था कि छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के क्रियान्वयन के उपरांत पीडीएस केरोसिन के आबंटन में कटौती की गई। एलपीजी सिलेण्डर की अधिक दर होने एवं राज्य में एलपीजी की द्वारा प्रदाय की सुविधा सीमित होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में इसकी वार्षिक रिफिलिंग दर नगण्य है। इस कारण राज्य के वार्षिक केरोसिन आबंटन को 1.1 लाख किलोलीटर से बढ़ाकर 1.58 किलोलीटर करने का अनुरोध किया गया था।
    मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के पीडीएस केरोसिन के आबंटन में वृद्धि के बजाए वर्तमान वित्तीय वर्ष 2019-20 के द्वितीय तिमाही हेतु भारत सरकार द्वारा जारी आबंटन में प्रदेश के केरोसिन कोटा में 10 हजार 884 किलोलीटर अर्थात 38 प्रतिशत की कमी की गई है।
    राज्य के 146 विकासखण्डों में से 85 अर्थात 58 प्रतिशत अनुसूचित विकासखण्ड हैं। यहां के परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रतिमाह एलपीजी सिलेण्डर के रिफिल हेतु एकमुश्त राशि जमा कराए जाने योग्य नहीं है। इसी तरह गैर अनुसूचित क्षेत्रों में भी निवासरत अन्त्योदय एवं प्राथमिकता वाले परिवारों के लिए रिफिल हेतु एकमुश्त राशि की व्यवस्था सदैव संभव नहीं हो पाती है। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अंतर्गत शामिल लाभार्थी को पीडीएस केरोसिन हेतु अपात्र मानकर राज्य के केरोसिन कोटा में बड़ी कमी किया जाना उचित नहीं है।
    मुख्यमंत्री ने बताया कि एलपीजी कव्हरेज को आधार मानकर वर्तमान वित्तीय वर्ष के द्वितीय त्रैमास में राज्यवार जारी केरोसिन के आबंटन में भी विसंगतियाँ हैं। द्वितीय त्रैमास हेतु राज्यों में पीडीएस के केरोसिन में 27 प्रतिशत की कटौती की गई है जबकि राष्ट्रीय औसत से 11 प्रतिशत अधिक अर्थात 38 प्रतिशत कटौती छत्तीगसढ़ में की गई।
    पश्चिम बंगाल एवं तमिलनाडु राज्य में एलपीजी का कव्हरेज क्रमशः 94 प्रतिशत एवं 99 प्रतिशत होने के बावजूद यहां शून्य एवं 33 प्रतिशत कटौती की गई है। गुजरात, बिहार एवं उड़ीसा में ही एलपीली का कव्हरेज छत्तीसगढ़ के समकक्ष होने के बावजूद इनकी तुलना में छत्तीसगढ़ के केरोसिन आबंटन में कटौती काफी अधिक की गई है।
    मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की स्थिति और यहां केरोसिन की अधिक कटौती को देखते हुए प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि सिंगल सिलेण्डर कनेक्शन वाले राशन कार्डधारी को पीडीएस केरोसिन हेतु अपात्र नहीं माना जावे। इसी तरह छत्तीसगढ़ राज्य जहां एलपीजी की कव्हरेज राष्ट्रीय औसत तथा अन्य राज्यों की तुलना में कम है, वहां राज्य सरकार के प्रस्ताव के अनुसार केरोसिन का आबंटन निर्धारित किया जावे।

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल आज बेमेतरा जिले के ग्राम गाड़ामोर (ब्लाक बेरला) पहुंचकर अपनी बुआ श्रीमति वेदवती परगनिहा से मिलकर उनके स्वास्थ्य का हाल-चाल जाना। उनकी बुआ की उम्र 102 वर्ष है। मुख्यमंत्री ने उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना की। मुख्यमंत्री श्री बघेल अपने बचपन से जुड़ी स्मृतियों को ताजा किया। वे अक्सर गर्मी की छुट्टियांे में अपनी बुआ के घर आया करते थे। परिवार के सदस्यों ने परंपरागत रूप से पीढ़ा में खड़े कराकर मुख्यमंत्री की आरती उतारी एवं टीका लगाकर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक बेमेतरा श्री आशीष कुमार छाबड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमति कविता साहू, कलेक्टर श्री महादेव कावरे, पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत ठाकुर उपस्थित थे।

 

Ads

R.O.NO. 1399/63 Advertisement Carousel

MP info RSS Feed

फेसबुक