ईश्वर दुबे
संपादक - न्यूज़ क्रिएशन
+91 98278-13148
newscreation2017@gmail.com
Shop No f188 first floor akash ganga press complex
Bhilai
नक्सलियों ने संतोष पुनेमा का मरिमल्ला गांव स्थित घर से अपहरण किया था
संतोष पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में बीजापुर से लड़े थे, वह हार गए थे
9 अप्रैल को बस्तर से एकमात्र भाजपा विधायक भीमा मंडावी की नक्सलियों ने हत्या कर दी थी
बीजापुर. सपा नेता संतोष पुनेमा की नक्सलियों ने घर से अगवाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को सड़क पर फेंक दिया। घटना मंगलवार देर शाम की है। संतोष पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में बीजापुर सीट से लड़े थे और हार गए थे।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्यों के चलते संतोष नक्सलियों के निशाने पर थे।
अभी तक पुलिस शव हासिल नहीं कर पाई
बीजापुर एसपी दिव्यांग पटेल ने बताया कि मंगलवार को संतोष अपने पैतृक गांव मरिमल्ला गए थे। देर शाम हथियारबंद नक्सली उनके घर पहुंचे और उन्हें अगवा कर लिया। बुधवार सुबह संतोष का शव सड़क पर फेंक दिया। हालांकि, अभी तक पुलिस और परिजनों को शव नहीं मिल पाया है, क्योंकि जिस जगह यह शव पड़ा है वह दूर-दराज का नक्सल प्रभावित इलाका है।
लोकसभा चुनाव से पहले की गई थी मंडावी की हत्या
लोकसभा चुनाव से पहले 9 अप्रैल को बस्तर से एकमात्र भाजपा विधायक भीमा मंडावी की नक्सलियों ने हत्या कर दी थी। श्यामागिरी में आईईडी विस्फोट कर मंडावी के काफिले को उड़ाया गया था। हमले में 4 पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे।
बोर्ड के बच्चे पढ़ेंगे योगा और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस
स्किल डेवलपमेंट को सेकंडरी लेवल पर 17 और सीनियर सेकंडरी लेवल पर 42 सब्जेक्ट्स
भिलाई. बच्चों में किताबी ज्ञान के साथ स्किल डेवलप करने के उद्देश्य से सीबीएसई कुछ नए कोर्स ला रहा है। जून के अंतिम सप्ताह में शुरू होने वाले नए सत्र में सीबीएसई स्कूलों में स्टूडेंट्स के लिए कई नई चीजें होंगी। इससे बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ प्रैक्टिकल नॉलेज भी मिल सकेगा। इसमें बच्चों को एक ऑप्शनल सब्जेक्ट चुनना होगा। इसमें योगा, आईटी समेत अन्य विषय होंगे। इससे बच्चों में स्किल डेवलप होने की उम्मीद की जा रही है। सीबीएसई सेकंडरी लेवल पर 17 और सीनियर सेकंडरी लेवल पर 42 स्किल सब्जेक्ट्स हैं।
पांच कंपल्सरी सब्जेक्ट और एक ऑप्शनल होगा
नए विषयों के रूप में सीबीएसई, स्टूडेंट्स आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई), योगा और अरली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन व अन्य विषय शामिल हैं। पांच कंपल्सरी सब्जेक्ट के अलावा छठे ऑप्शनल सब्जेक्ट के रूप में स्टूडेंट इसे चुन सकेंगे। एआई, देश की इकानॉमिक ग्रोथ और सोशल डेवलपमेंट का महत्वपूर्ण पहलू है इसलिए इसे कॅरिकुलम में शामिल किया जा रहा है। इसका उद्देश्य छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को निखारना है। जिसका फायदा कॅरियर और बिजनेस में मिलेगा।
इससे बोर्ड के छात्र अपनी स्किल बेहतर कर सकेंगे
सीबीएसई ने सेकंडरी और सीनियर सेकंडरी लेबल के लिए अलग-अलग कोर्स रखा है। सेकंडरी लेवल पर 17 और सीनियर सेकंडरी लेवल पर 42 नए कोर्स का चयन किया गया है। इसकी शुरुआत नए शिक्षा सत्र 2019-20 में किया जाएगा। इनमें से कोई एक सब्जेक्ट बच्चे लेकर अपना स्किल डेवलप कर सकेंगे।
9वीं और 10वीं के छात्रों के लिए है यह विषय
कक्षा 9वीं और 10वीं के छात्र आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के साथ रिटेल, आईटी, सिक्योरिटी, ऑटोमोटिव, ब्यूटी एंड वेलनेस, एग्रीकल्चर, फूड प्रोडक्शन, बैंकिंग एंड इंश्योरेंस, मार्केटिंग एंड सेल्स, हेल्थकेयर, अपैरल और मीडिया जैसे कोर्स हैं। 12वीं के योग और अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन आदि है।
बोर्ड करेगा कैपिसिटी बिल्डिंग में भी मदद
सभी सब्जेक्ट का सक्सेसफुल इंप्लिमेंटेशन के लिए बोर्ड टीचर्स की कैपेसिटी बिल्डिंग के अलावा अन्य चीजों में भी मदद करेगा। उनके स्किल डेवलपमेंट में उनकी सहायता कर सकेंगे। इनकी थ्योरी के साथ प्रैक्टिकल भी होगा, ताकि स्टूडेंट्स ने कितना सीखा इसकी जानकारी आसानी से मिल सकेगी। इससे छात्रों को फायदा होगा।
सीबीएसई ने करिकुलम में शामिल किया है
सीबीएसई सेकंडरी लेवल पर 17 और सीनियर सेकंडरी लेवल पर 42 स्किल सब्जेक्ट्स हैं। स्किल बेस्ड बनाने के लिए सीबीएसई ने नए विषयों को करिकुलम में शामिल किया है। पांच कंपल्सरी सब्जेक्ट के अलावा छठे ऑप्शनल सब्जेक्ट के रूप में स्टूडेंट इसे चुन सकेंगे।
विभा झा, प्राचार्य और ऑब्जर्वर, सीबीएसई
कई संस्थाओं के साथ मिलकर आर्ट ऑफ लिविंग की टीम करवा है कार्यक्रम
राज्य स्तर पर योग दिवस को लेकर इनडोर स्टेडियम में किया जा रहा अभ्यास
रायपुर. विश्व योग दिवस को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। एक ओर जहां इनडोर स्टेडियम में योग को लेकर अभ्यास शुरू कर दिया गया है, वहीं दूसरी ओर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की एक नई कोशिश शुरू हो गई है। इसके लिए एक साथ 5 हजार लोग 3 मिनट वीर भद्र आसन करेंगे। कई संस्थाओं के साथ मिलकर आर्ट ऑफ लीविंग की टीम इसकी तैयारी करा रही है। इस कार्यक्रम को भी पूरे देश में एक साथ 22 जगहों पर किया जाएगा।
देश में एक साथ 22 जगहों पर होगा कार्यक्रम, निशुल्क ले सकते हैं हिस्सा
आर्ट ऑफ लिविंग संस्था की ओर से कायाकल्प योग सेंटर, प्रयास एक कोशिश, उद्गम जैसी सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। 21 जून को सुबह 6 से 8 बजे तक बीटीआई मैदान शंकर नगर में योग कर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराएंगे। रिकॉर्ड बनाने के लिए 5 हजार लोग एक साथ वीर भद्र आसन की स्थिति में 3 मिनट तक रहेंगे। इसी दिन पूरे भारत में 22 जगहों पर आयोजन किया जाएगा।
इसमें शामिल होने वाले सभी पार्टिसिपेंट्स को सर्टिफिकेट दिया जाएगा। आर्ट ऑफ लीविंग की ओर से दीपेंद्र दीवान ने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश निशुल्क है। इसमें हिस्सा लेने के लिए 13 साल से अधिक उम्र के प्रतिभागी कार्यक्रम स्थल में सुबह 5.30 बजे रिपोर्टिंग कर सकते हैं। ऑनस्पॉट रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। वहीं मुख्य कार्यक्रम के लिए बच्चों ने भी योग का अभ्यास शुरू कर दिया है। इसके लिए वो लगातार इनडोर स्टेडियम में तैयारी कर रहे हैं।
आरोपियों के पास से 3 मोबाइल और साढ़े 9 हजार कैश भी बरामद हुआ है
वेस्टइंडीज वर्सेज बांग्लादेश क्रिकेट मैच में खेल रहे थे सट्टेबाजी का खेल
रायपुर. वर्ल्ड कप क्रिकेट मैच में वेस्टइंडीज वर्सेज बांग्लादेश मैच के लिए मोबइल एप के जरिए सट्टा खिलाने की सूचना मुखबिर के जरिए पुलिस को मिली। पुलिस ने दबिश देकर मौके से दो आरोपी और तीन मोबाइल समेत 50 लाख का सट्टा-पट्टी पकड़ा गया है।
पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि खमतराई थाना इलाके के शिनानंद नगर में विश्व कप क्रिकेट मैच के दौरान वेस्टइंडीज वर्सेस बांग्लादेश के मैच में क्रिकेट सट्टा खिलाया जा रहा है। पुलिस ने टीम बनाकर सोमवार देर शाम तक दबिश दी। मौके से रामा राव और दिलीव अंदानी पकड़े गए। दोनों के पास से तीन मोबाइल समेत साढ़े 9 हजार कैश और 50 लाख का सट्टा-पट्टी बरामद हुआ। आरोपी मोबइल एप के जरिए सट्टा लगवा रहे थे। पुलिस का अनुमान है कि आरोपियों से बातचीत के बाद और भी सट्टेबाजों का पता चल सकता है।
धमतरी-कांकेर सीमा पर कट्टी गांव के जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी पर पहुंचे थे जवान
मारी गई कमांडर सीमा मंडावी पर राज्य सरकार ने रखा था 8 लाख का इनाम, हथियार बरामद
धमतरी. कांकेर-धमतरी सीमा पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच सुबह से चल रही मुठभेड़ खत्म हो गई है। जवान बार्डर से लगते कट्टी गांव में सूचना पर मंगलवार तड़के पहुंचे थे। मुठभेड़ में एक महिला नक्सली मारी गई है। उसके शव के पास से जवानों ने हथियार व अन्य सामान बरामद किया है। मारी गई महिला नक्सली की पहचान सीतानदी दलम कमांडर सीमा मंडावी के रूप में हुई है। उसके ऊपर 8 लाख रुपए का इनाम राज्य सरकार ने घोषित कर रखा था।
पुलिस बल के साथ ई-30 टीम के जवान भी मुठभेड़ में शामिल
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार तड़के करीब 4 बजे छत्तीसगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि धमतरी-कांकेर सीमा से लगते कट्टी गांव में बड़ी संख्या में नक्सली एकत्र हैं। इस पर जिला पुलिस के साथ ई-30 टीम के जवानों को मौके पर भेजा गया। गांव के करीब पहुंचते ही नक्सलियों ने जवानों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। जवाब में जवानों ने भी फायरिंग की। करीब 4 घंटे दोनों ओर से चली फायरिंग में जवानों ने महिला नक्सली कमांडर को मार गिराया।
मारी गई महिला नक्सली सीतानदी दलम कमांडर सीमा मंडावी महाराष्ट्र के गढ़चिरौली निवासी थी। उसके ऊपर कई मामले दर्ज हैं।बताया जा रहा है कि मौके पर 15 से 18 की संख्या में नक्सली मौजूद थे। फायरिंग करते हुए वह जंगल की ओर भागे। इस दौरान जवानों ने उनका पीछा किया। बताया जा रहा है कि मुठभड़े खत्म हो गई है। हालांकि मौके पर गए जवान अभी तक लौटे नहीं हैं। हालांकि गांव से जवानों ने बड़ी मात्रा में हथियार और नक्सलियों के सामान बरामद किए हैं। धमतरी एएसपी केपी चंदेल ने मुठभेड़ की पुष्टि की है।
दिग्विजय ने ट्वीट में किसी का नाम नहीं लिया
समझा जा रहा है कि उन्होंने प्रज्ञा ठाकुर के बारे में ये ट्वीट किया
भोपाल. मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आतंकवाद से लड़ने की प्रतिबद्धता जाहिर करते हैं, दूसरी ओर उनके अपने ही दल में आतंकवाद के आरोपों से घिरे व्यक्ति को सांसद बना दिया जाता है।
दिग्विजय ने बिना किसी का नाम लिए ट्वीट में पूछा- प्रधानमंत्री मोदी को इस बात का अहसास है कि उनके अपने ही दल में आतंकवाद के आरोपी एक सांसद की मौजूदगी उनकी इस प्रतिबद्धता की नैतिकता को कमतर कर रही है।
दिग्विजय सिंह ने सवाल उठाया कि क्या इससे हमारे राष्ट्रीय हितों को नुकसान नहीं पहुंच रहा। दिग्विजय के ट्वीट में के बाद समझा जा रहा है कि उन्होंने भोपाल से भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर के संदर्भ में ये बात कही है। सिंह को लोकसभा चुनाव में प्रज्ञा ठाकुर से करीब साढ़े तीन लाख से भी ज्यादा मतों से हार का सामना करना पड़ा था।
इधर, नेता प्रतिपक्ष ने कहा - सरकार के पास आदेशों पर यू टर्न लेने की उपलब्धि
नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने प्रदेश सरकार के छह महीने पूरे होने पर सरकार पर हमला बोला। कहा- इन छह महीनों में सरकार के पास मनमाने आदेश जारी करने और उन पर यू टर्न लेने की अपार उपलब्धियां हैं। भार्गव ने ट्वीट में कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने 165 दिनों में 450 से अधिक आईएएस, आईपीएस और छोटे-मोटे अधिकारी के लगभग 15 हजार ट्रांसफर करने की उपलब्धि हासिल की है। ये उपलब्धि देश की किसी भी राज्य सरकार ने आज तक हासिल नहीं की है।
आज सरकार 6 माह की झूठी उपलब्धियों पर अपनी पीठ थपथपा रही है। जबकि उसके पास पहले मनमाने आदेश जारी करना और फिर उन आदेश अथवा निर्णयों पर यू टर्न लेने की भी अपार उपलब्धि है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार झूठी उपलब्धियों पर अपनी पीठ थपथपा रही है, जबकि उसके पास पहले मनमाने आदेश जारी करना और फिर उन आदेशों पर यू टर्न लेने की भी अपार उपलब्धि है। नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार का हाल उस इंसान के जैसा है, जिसके शरीर मे उधार के हार्ट, किडनी और लिवर लगे हैं। जिसके दीर्घजीवी होने की गारंटी कोई डॉक्टर या ज्योतिषी नहीं दे सकता। राज्य के मुख्यमंत्री कमलनाथ को पदभार ग्रहण किए कल छह महीने पूरे हुए हैं। इस अवसर पर कल प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर सरकार की ओर से विभिन्न मंत्रियों और कांग्रेस संगठन से जुड़े लोगों ने इस अवधि में किए गए कार्यों का ब्यौरा पेश किया।
रायपुर. डॉक्टरों की हड़ताल के चलते मरीज सोमवार सुबह से ही परेशान होते रहे। सरकारी और निजी अस्पतालों की ओपीडी बंद होने के कारण मरीजों को कहीं भी इलाज नहीं मिल सका। सबसे बुरे हालात प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल मेकाहारा (अंबेडकर अस्पताल) के हैं। जहां सुबह से ही पहुंच रहे मरीजों को डॉक्टरों की हड़ताल की जानकारी मिलने पर भटकना पड़ रहा है। वहीं डॉक्टरों ने भी रैली निकालकर प्रदर्शन किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। डॉक्टरों की यह एक दिवसीय हड़ताल पश्चिम बंगाल के कोलकाता में डॉक्टर से मारपीट के विरोध में हुई है।

दरअसल, आईएमए (इंडियन मेडिकल एसोसिएशन) की ओर से देश भर के डॉक्टर 24 घंटे की हड़ताल पर हैं। इसमें राजधानी रायपुर के डॉक्टर भी शामिल हैं। जिसके चलते मंगलवार सुबह 6 बजे तक ओपीडी की सेवाएं बंद हैं। हालांकि इससे आपातकालीन सेवाओं को बाहर रखा गया है। डॉक्टरों की इस हड़ताल के चलते की वजह से मरीजों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले शुक्रवार को भी डाक्टरों ने हड़ताल की थी। इस हड़ताल के कारण मेकाहारा, एम्स, जिला अस्पताल में पहुंचने वाले मरीजों का इलाज नहीं हो पाया था।
वहीं डॉक्टरों ने मेकाहारा से हाथों में तख्तियां लेकर रैली निकाली। डॉक्टर राजभवन की ओर बढ़ रहे थे कि पुलिस ने उन्हें अंबेडकर चौक के पास रोक लिया। इससे नाराज डॉक्टर वहीं पर विरोध प्रदर्शन करने लगे। डॉक्टरों की मांग है कि दोषियों पर कार्रवाई कर गिरफ्तारी की जाए। साथ ही डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर अधिनियम बनाया जाए। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि मांगे पूरी नहीं होने पर उनका यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
जांजगीर-चांपा. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एक दिवसीय दौरे पर जिले के नवागढ़ विकासखंड के अमोरा गांव पहुंचे। उन्होंने बरगद के छांव तले चौपाल लगाकर ग्रामीणों को नरवा, गुरूवा, घुरवा और बारी से रुबरु कराया । इसके बाद उन्होंने नवनिर्मित आदर्श गोठान का लोकार्पण करने के बाद उसी परिसर में पौधारोपण किया।
मुख्यमंत्री ने यहां 128 लोगों को वन अधिकार पट्टा भी दिया। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि जानवरों को खुला छोड़ देने से फसलों को नुकसान हो रहा है। मवेशियों को इकट्ठा कर तीन एकड़ को घेरकर गोठान बनाया जा सकता है। यहां पानी की व्यवस्था होने के साथ खेतों में छोड़े जा रहे पैरा को इन मवेशियों के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। यहां मवेशियों के गोबर से बने वर्मी खाद और कंपोस्ट किसानों को मिल सकता है। मुख्यमंत्री ने सूरजपुर में गोठान का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां महिलाएं मवेशियों के गोबर से धूप और उबटन बना रही हैं।
रायपुर, । जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष के आरोपों पर मुख्यमंत्री भूपेश ने कहा कि मुख्यमंत्री से तो सब मिलने आते हैं। मुख्यमंत्री ने अमित पर पलटवार करते हुए यह पूछा है कि आपकी माता और विधायक डॉ. रेणु जोगी भी मिलकर गई हैं। उनसे भी बातचीत हुई है। अमित बताएं, उस बातचीत को सार्वजनिक करना है या नहीं। दिल्ली से दो दिनी प्रवास से रविवार शाम रायपुर लौटे मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री किससे मिल रहे हैं, किससे नहीं मिल रहे हैं, यह किसी से छिपा नहीं है। मुख्यमंत्री से तो कोई भी मिल सकता है। मिलकर अपनी बात रख सकता है।
मुख्यमंत्री ने अमित जोगी के आरोपों पर जवाब देते हुए यह भी खुलासा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पत्नी और अमित जोगी की माता डॉ. रेणु जोगी मिली हैं। मुख्यमंत्री ने बातचीत का खुलासा नहीं किया, लेकिन कई तरह की राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं। यह अटकल लगाई जा रही है कि अजीत जोगी और अमित जोगी कानूनी मामलों में फंसे हैं, उसे लेकर डॉ. रेणु जोगी मिली होंगी। यह भी अटकलें लगाई जाती रही हैं कि रेणु जोगी के माध्यम से अजीत जोगी की कांग्रेस में वापसी हो सकती है, इसलिए वे मुख्यमंत्री से मिलने गई होंगी।
मुख्यमंत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि जब से मैंने रमन से पूछा है कि वे अडानी के एमओडी के पक्ष में हैं या विरोध में, तब से कभी नाश्ता करते दिखते हैं, तो कभी आराम करते। इस मामले में वे कुछ नहीं बोल रहे हैं। रमन ने छत्तीसगढ़ को बंगाल कहा है, इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रमन को केंद्र से हिड़की मिली है कि छत्तीसगढ़ में बंगाल जैसे हालात वो क्यों पैदा नहीं कर पा रहे हैं? मुख्यमंत्री बोलेछत्तीसगढ़, छत्तीसगढ़ रहेगा, बंगाल नहीं बन सकता है। बंगाल, बंगाल है, छत्तीसगढ़ नहीं बन सकता।
किरंदुल संघर्ष समिति के लोग सीएम से मिले
किरंदुल संघर्ष समिति के लोग मुख्यमंत्री से मिले। समिति के राजूराम भास्कर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कहा है, बैलाडीला के नंदराज पर्वत पर खनन के ठेके की जांच चल रही है। पेड़ कटाई पर सरकार ने रोक लगा दी है। फर्जी ग्राम सभा कराने वाला पंचायत सचिव फरार है, हमें मुख्यमंत्री पर भरोसा है। एमएनडीसी और अडानी को पहाड़ खोदने नहीं देंगे।
नई दिल्ली- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और उनसे छत्तीसगढ़ के 70 लाख आदिवासियों और 58 लाख गरीब परिवारों से जुड़े लंबित विषयों के शीघ्र निराकरण का आग्रह किया है. मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को कहा कि छत्तीसगढ़ में किसानों के हितों को ध्यान रखते हुए छत्तीसगढ़ शासन ने किसानों से 2500 रू प्रति क्विटंल समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की हैं. इससे राज्य में अतिरिक्त धान का उपार्जन हुआ हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि किसानों के हित को देखते हुए सार्वजनिक प्रणाली की आवश्यकता के अतिरिक्त चावल को केन्द्रीय पूल में लेने की स्वीकृति प्रदान करे. राज्य के हर घर में नल कनेक्शन के माध्यम से पेयजल प्रदाय करने की योजना के संबंध में मुख्यमंत्री ने आग्रह किया कि इसके लिए केन्द्र सरकार को शत्प्रतिशत अनुदान प्रदान करना चाहिए. उन्होंने कहा कि जिस प्रकार शत-प्रतिशत विद्युतीकरण को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर प्रयास हुए हैं उसी प्रकार हर घर में पेयजल की व्यवस्था के लिए भी प्रयासों की जरूरत है.
मुलाकात के दौरान वन अधिकारों की मान्यता का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से कहा कि भारतीय वन अधिनियम, 1927 में प्रस्तावित संशोधनों में अनेक खामियां हैं, जिससे वन क्षेत्रों में निवासरत आदिवासियों के हितों का संरक्षण नहीं किया गया है, उन्होंने इसमें संशोधन पर जोर दिया हैं. भूपेश बघेल ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा देश के लघु एवं सीमांत कृषकों को लाभांवित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना आरंभ की गई है. इस योजना के हितग्राहियों में अनुसूचित जनजाति और अन्य परंपरागत वन निवासी (वन अधिकारों की मान्यता) अधिनियम, 2006 के तहत् वन अधिकार प्राप्त किसानों को शामिल नहीं किया गया है, उन्होंने इस योजना अंतर्गत उक्त वन अधिकार प्राप्त किसानों को सम्मिलित करते हुए रू. 12,000 प्रतिवर्ष सम्मान निधि देने की मांग की.
बैठक में उज्जवला योजना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि योजना के तहत रिफिल कराये गये सिलेंडर की संख्या कम हैं. ऐसे में गरीब परिवारों के लिए एक मुश्त इतनी राशि देना संभव नहीं होने तथा दूरस्थ अंचलों में एल.पी.जी वितरकों की संख्या में अपेक्षित वृद्धि न होना कम रिफिल का मुख्य कारण है. उन्होंने कहा कि गरीबी की रेखा से नीचे आने वाले परिवारों को खाना पकाने हेतु ईधन के रूप में केरोसिन की आवश्यकता होती है. अतः राज्य हित में केरोसिन का कोटा 1.15 लाख किलो लीटर से बढ़ाकर 1.58 लाख किलो लीटर किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि राज्य में उज्जवला योजना के अंतर्गत जारी गैस कनेक्शन का वार्षिक रिफिल प्रतिशत औसतन 1.7 है, जो कि अत्यंत कम है. इसलिए 5 किलो वाले गैस सिलेण्डर की आपूर्ति आयल कंपनियों द्वारा प्रदेश के सभी जिलों में आपूर्ति की जानी चाहिए ताकि बीपीएल परिवार की क्रय क्षमता के अंतर्गत एलपीजी का उपयोग सुनिश्चित हो सके.
भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया है कि शासकीय उपक्रमों हेतु आबंटित खदानों में 100 रूपये प्रति टन के स्थान पर 500 रूपये प्रति टन प्रिमियम दिया जाये तथा छत्तीसगढ राज्य को उत्पादित विद्युत का हिस्सा भी दिया जाये. उन्होंने राज्य की अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग के छात्रों के साथ-साथ समाज के वंचित एवं निसहाय वर्ग की एक प्रमुख समस्या की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार के वर्तमान में निर्देश के अनुसार राज्य सरकार द्वारा संचालित एवं केन्द्र अथवा राज्य सरकार के स्वामित्व वाले छात्रावास/कल्याणकारी संस्थाओं को छोड़कर सभी छात्रावास/कल्याणकारी संस्थाओं को इस योजना के अंतर्गत खाद्यान आबंटन हेतु मान्य नहीं किया गया है, जिसके कारण राज्य सरकार से अनुदान एवं मान्यता प्राप्त 471 संस्थाओं के 43,640 अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग के छात्रों के साथ-साथ समाज के वंचित एवं निःसहाय वर्ग के लोगों के लिए माह अप्रैल, 2019 से रियायती दर पर 655 टन चावल का प्रदाय बंद हो गया है. उन्होंने वंचित संस्थाओं को भी खाद्यान का आबंटन हेतु मान्य किये जाने का आग्रह किया. मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी से फसल बीमा योजना में सुधार लाने, फूड सब्सिडी, महात्मा गांधी नरेगा में आवटंन की समस्या, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) ,गोबर-धन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), स्टैंड-अप इंडिया योजना पर भी अपनी बात कही. बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव गौरव द्विवेदी भी उपस्थित थे
भिलाई. घर से ट्यूशन के लिए निकली बीएसपी कर्मी अवधेश यादव की बेटी श्रृंखला यादव (17) पर जानलेवा हमला करके युवक फरार हो गया। गुरुवार शाम मिट्टी परीक्षण केंद्र के पास हुई वारदात में आरोपी ने किशोरी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर गंभीर अवस्था में छोड़कर फरार हो गया। हालांकि अभी तक घटना का कोई चश्मदीद सामने नहीं आया है, लेकिन आसपास के लोगों के मुताबिक, घटना के बाद क्षेत्रीय महिलाओं ने एक युवक को मौके से भागते देखा था। फिलहाल पुलिस ने धारा धारा 307,201 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि छात्रा के सिर में गंभीर चोट की वजह से उसका भेजा बाहर आ गया है। इसलिए स्थिति नाजुक बनी हुई है।
जहां वारदात हुई, वहां सीसीटीवी नहीं
नेवई टीआई गौरव तिवारी ने बताया, पहले पुलिस भी मामले को एक्सीडेंट ही समझ रही थी। लेकिन स्कूटी पर एक्सीडेंट के डेंट नहीं होने और किशोरी के सिर के जिस हिस्से में गंभीर चोट आई है। उससे किसी अज्ञात द्वारा वारदात को अंजाम देना दिखाई दे रहा है। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा मामले को रंजिश से भी जोड़कर जांच कर रही है। हालांकि जहां वारदात हुई है वहां कोई सीसीटीवी नहीं है।
अपराधी ने इसलिए चुनी ये जगह
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही श्रृंखला यादव रोजाना 3 बजे घर से सिविक सेंटर स्थित ट्यूशन क्लासेज के लिए जाती थी। गुरुवार को भी ठीक 3 बजे घर से कोचिंग के लिए निकली थी। प्रगति नगर से होकर जाने वाले रास्ते में नाली निर्माण की वजह रास्ता ब्लाक पड़ा हुआ है। इसके चलते कृषि विभाग के मिट्टी परीक्षण केंद्र से होकर गुजरने वाले मार्ग से जाना शुरू कर दिया। दोपहर की गर्मी की वजह उस समय रास्ता सुनसान रहता है। ऐसे में किसी परिचित आरोपी ने रास्ता रोका और थोड़ी देर बातचीत के बाद वारदात को अंजाम दिया।
जिस छात्र को स्कूल से निकलवाया उसी पर शक
छात्रा के साथ ही वारदात के बाद से चर्चाओं का बाजार गरम बना हुआ है। जांच में जुटी पुलिस के पास भी एक चर्चा पहुंची कि स्कूल में पढ़ने के दौरान किशोरी को उसके साथ पढ़ने वाला छात्र अक्सर परेशान करता था। स्कूल प्रबंधन से शिकायत हुई। उस दौरान छात्र की काउंसलिंग की गई, लेकिन उसकी हरकतों में कोई परिवर्तन नहीं आया। इसके चलते उसे स्कूल से निकाल दिया गया था।
कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं
डॉक्टर वेंटिलेटर पर रखकर रायपुर में श्रृंखला का इलाज कर रहे हैं। फिलहाल उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ है। प्रकरण में कॉल डिटेल और सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है। नेवई थाने में हत्या के प्रयास के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। -रोहित झा, एडिशनल एसपी सिटी
रायपुर. बिजली कटौती की अफवाह फैलाने वाले व्यापारी के खिलाफ राजद्रोह का केस दर्ज किए जाने का मामला छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को दिन भर गरमाया रहा। प्रदेश के सियासत में उबाल लाने वाली इस घटना में जहां भाजपा और जोगी कांग्रेस के नेता कूदे वहीं सीएम बघेल ने अफसरों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए राजद्रोह की धारा खत्म करने के निर्देश दिए। बघेल के इस फैसले को भाजपा ने जहां अपनी जीत बताया है तो वहीं कांग्रेस ने इसका स्वागत करते हुए भाजपा को अफवाह फैलाने वाली पार्टी करार दिया है।
दरअसल एक दिन पहले ही राजनांदगांव के व्यापारी मांगेलाल अग्रवाल द्वारा बिजली कटौती को लेकर सोशल मीडिया में एक वीडिया पोस्ट की गई थी। इसका वीडियो वायरल होते ही बिजली विभाग में हड़कंप मच गया। जैसे ही मामला सीएम बघेल के संज्ञान में आया उन्होंने तत्काल डीजी डीएम अवस्थी से बात कर अपनी नाराजगी जताई आैर धारा हटाने के निर्देश दिए।
मैने भी वीडियो शेयर किया, मुझे भी गिरफ्तार करें: जोगी
देशद्रोह का मामला दर्ज होने के बाद जोगी कांग्रेस नेता अमित जोगी ने मांगेलाल का वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया कि भूपेश जी मैने भी वीडियो शेयर कर दिया है। अपने घर रायपुर में हूँ। आइये भूपेश जी, मुझे भी राजद्रोह करने के लिए गिरफ़्तार कर लीजिए। अमित ने सीएम बघेल को संबोधित करते हुए लिखा है कि अगर आपने ने कन्हैया कुमार मामले में सुप्रीम कोर्ट का आदेश नहीं पढ़ा है तो कम से कम अपने नेता राहुल गांधी के एआईसीसी के घोषणा पत्र में देशद्रोह का क़ानून समाप्त करने की बात तो मान लेनी थी?
सीएम को पार्टी के घोषणा पत्र में विश्वास नहीं
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अजय चंद्राकर ने ट्वीट कर पूछा है कि माननीय मुख्यमंत्री जी आप कांग्रेसी हैं या नहीं? क्योंकि 124 ए को हटाने का वादा किया था आपके राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने, आपको अपने घोषणापत्र पर विश्वास है या नहीं? आपके राज में पहला राजद्रोह मुकदमा दर्ज हुआ। इसके लिए आपको बधाई।
राजद्रोह संबंधी धारा हटना भाजपा की जीत: उसेंडी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी ने राजनांदगांव निवासी मांगेलाल अग्रवाल और महासमुंद निवासी दिलीप शर्मा की गिरफ्तारी को प्रदेश सरकार का बौखलाहट भरा घोर अलोकतांत्रिक कदम बताया है। पार्टी ने इन गिरफ्तारियों पर कड़ा एतराज जताया है। दोपहर बाद प्रदेश सरकार द्वारा राजद्रोह संबंधी धारा हटाए जाने को पार्टी ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा की प्रतिबध्दता की जीत बताया है। उसेंडी ने सरकार पर आरोप लगाया कि बिजली कटौती को लेकर पूरा प्रदेश हाहाकार कर रहा है।
सरकार बजाए इस अव्यवस्था को दूर करने के इस मुद्दे पर टिप्पणी करने और समाचार लिखने पर पाबंदी लगाने के लिए नितांत अलोकतांत्रिक कदम उठाने पर आमादा हो गई है। यह प्रदेश सरकार अपनी कमियां बताने पर विचलित और असहिष्णु नजर आ रही है। प्रदेश में आतंक राज स्थापित करने की दिशा में बढ़ रही है।
अफवाह फैलाने वालों से इतनी हमदर्दी क्यों: त्रिवेदी
कांग्रेस महामंत्री एवं संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा अफवाह फैलाने वाले पर पुलिस प्रशासन के द्वारा लगाई गई 124 ए को हटाने के निर्णय का कांग्रेस स्वागत करती है। धारा 124ए के द्वारा लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का कांग्रेस ने हमेशा विरोध है। राजद्रोह की धारा 124 ए लगाकर सरकार के खिलाफ उठ रही आवाज को दबाने के कांग्रेस विरोध में है।
त्रिवेदी ने संघ और भाजपा पर अफवाह फैलाकर उन्माद फैलाकर गुमराह कर राजनीति करने का आरोप लगाते हुये कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने का विरोध करने का और मांग करने का अधिकार है लेकिन जनता को गुमराह करने फैलाया गया अफवाह का कोई स्थान नहीं है अफवाह फैलाने वालों पर कार्यवाही तो होनी ही चाहिए। उन्होंने संघ भाजपा से पूछा है कि उक्त अफवाह फैलाने वालों के प्रति इतनी हमदर्दी क्यों? क्या संघ और भाजपा की मंशा सोशल मीडिया के जरिये अफवाह का जहर फैलाकर ही छत्तीसगढ़ की शांत धरा को अशान्त करना है?
रायपुर. एपीएल यानी मिडिल क्लास को चावल देने के ऐलान के बाद अब राजधानी में कार्ड जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नए राशन कार्ड के लिए शहर के एपीएल क्लास को आवेदन करना होगा। आवेदन पत्रों की छपाई शुरू की गई है। अफसरों के अनुसार अगले महीने से निगम के सभी आठ जोन दफ्तरों और खाद्य विभाग से आवेदन निशुल्क मिलने लगेंगे। लोगों को आवेदन भरकर उसी जोन में जमा करना होगा, जहां वे रहते हैं। आवेदन में आधार नंबर का उल्लेख करना अनिवार्य होगा और यह परिवार की महिला मुखिया के नाम से जारी होगा।
अफसरों ने बताया कि यह आवेदन करीब एक पेज (आगे-पीछे) का होगा। आयकर करदाता और गैर आयकर करदाता दोनों के लिए आवेदन एक ही प्रकार का होगा, लेकिन आवेदन के ऊपर टिक करना होगा कि इसे कौन सी श्रेणी के लोग भर रहे हैं। राजधानी में 50 हजार एपीएल परिवार हैं, जिनके कार्ड बनेंगे। पूरी प्रक्रिया की मानीटरिंग खाद्य विभाग करेगा। आवेदनों की जांच में अफसर देखेंगे कि एक ही परिवार से कई आवेदन तो नहीं किए जा रहे हैं या फिर एक ही नाम से अलग-अलग राशन कार्ड तो नहीं बन रहे हैं। इस तरह की सभी जांच अफसर करेंगे। इसके लिए उन्हें विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
आवेदन जमा होने के साथ ही उसकी जांच और स्कूटर्नी का काम शुरू कर दिया जाएगा। नए आवेदन पत्रों को पहले दिन से ही ऑनलाइन किया जाएगा। यानी राशन कार्ड जारी होने से पहले उनका नाम ऑनलाइन लिस्ट में दर्ज हो जाएगा ताकि एक ही नाम के दो राशन कार्ड न बन सकें।
बायोमीट्रिक में अंगूठा निशान
एपीएल परिवारों को भी राशन लेने के लिए बायोमीट्रिक मशीन में अंगूठा लगाना होगा। परिवार के मुखिया या सदस्य के अंगूठे के निशान के बाद ही राशन दुकानदार उन्हें चावल दे सकेंगे। हालांकि अभी तक एपीएल चावल की हेराफेरी के लिए कोई ठोस योजना सामने नहीं आई है। पिछली सरकार का दावा था कि एपीएल परिवार चावल नहीं लेते हैं और उनके राशन की खुले बाजार में बेचा जाता है। इसके बाद ही सरकार ने एपीएल परिवारों को धीरे-धीरे चावल देना बंद कर दिया था।
रायपुर. अब राज्य में बनने वाली सड़क, पुल-पुलिया, पीएचई और निर्माण के अन्य कामों पर सरकार की सीधी नजर रहेगी। किसी भी ठेकेदार या एजेंसी के काम को पास करने से पहले इंजीनियरों को उसकी गुणवत्ता को परखना होगा। सरकार ने हर विभाग और निर्माण के हर काम की गुणवत्ता के परीक्षण के लिए 100 बिंदुअाें का चेक लिस्ट तैयार किया है।
इन बिंदुओं पर परखने के लिए सरकार ने हर काम के पैरामीटर को भी चेक लिस्ट में शामिल किया है। संबंधित इंजीनियर को इन कामों के पूरा होने के दौरान नजर रखनी होगी और प्रोजेक्ट पूरा करने से पहले मुख्य तकनीकी परीक्षक (विजिलेंस) कार्यालय द्वारा तैयार किए गए चेक लिस्ट के अनुसार हां या नहीं में जवाब देना अनिवार्य कर दिया गया है।
मानक के अनुसार तय किए गए बिंदु
सभी विभागों के लिए अब तक बनाए गए मापदंड के आधार पर सौ बिंदुअाें का यह चेक लिस्ट तैयार किया गया है। इससे हर विभाग में निर्माण कार्यों की हर चरण में मॉनिटरिंग के साथ ही, निर्माण सामग्रियों के रखरखाव में की जा रही लापरवाही और भ्रष्टाचार का भी पता चलेगा। गलत रिपोर्ट देने पर संबंधित इंजीनियर की जवाबदेही भी तय हो सकेगी। चेक लिस्ट को तकनीकी स्पेशिफिकेशन के आधार पर तैयार किया गया है। सड़क बनाने के लिए रोड कांग्रेस के प्रावधान के साथ ही बिल्डिंग आदि बनाने के लिए विस्तार से जानकारी दी गई है।
इनका रखना होगा ध्यान
गुणवत्ता बढ़ाने में उपयोगी
सरकार के इस कदम को जवाबदेही तय करने और भ्रष्टाचार रोकने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। मुख्य सचिव सुनील कुजूर ने स्पष्ट किया है कि इंजीनियरों द्वारा चेक लिस्ट के दस्तावेजों को नियमित भरने से सामग्रियों की खपत में निगरानी रखी जा सकेगी। इससे काम की गुणवत्ता तो बढ़ेगी ही, साथ ही इससे स्नातक और डिप्लोमा इंजीनियर को रोजगार भी सुलभ होगा। उनका कहना है कि दूरस्थ इलाकों में चल रहे निर्माण कार्यों के लिए यह चेक लिस्ट ज्यादा उपयोगी साबित होगा।